Blog

  • हिमाचल टोल टैक्स हटाने की मांग को लेकर पंजाब के सीमावर्ती लोगों ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाईवे पर लगाया धरना

    हिमाचल टोल टैक्स हटाने की मांग को लेकर पंजाब के सीमावर्ती लोगों ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाईवे पर लगाया धरना

    मांग नहीं माने जाने पर पंजाब सरकार से भी टोल टैक्स लगाए जाने की लगाई गुहार 

    ऊना /सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश के ऊना में राज्य प्रवेश द्वार पर पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया । लोगों ने पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों के वाहनों पर भी हिमाचल एंट्री टोल टैक्स को लेकर आपत्ति जताई और इसी टोल टैक्स को हटाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया । इस दौरान हिमाचल प्रवेश द्वार पर चंडीगढ़ धर्मशाला हाइवे की एक साइड को लगभग एक घंटे के लिए रोक दिया गया और आने जाने वाहनों को एक ही दिशा से आना जाना पड़ा ।

    लोगों का आरोप है कि पंजाब सरकार द्वारा हिमाचल से आने वाले वाहनों के लिए किसी भी प्रकार का कोई टोल टैक्स नहीं लगाया गया है और हिमाचल के वाहन बिना किसी टैक्स के पंजाब आते जाते हैं , जबकि पंजाब के लोगों को हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्रों में चार पहिया वाहनों से आने पर टैक्स देना पड़ता है । गौरतलब है दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों की एक दूसरे राज्यों में नाते रिश्तेदारी हैं , इसी कारण दोनों राज्यों के लोगों का एक दूसरे राज्य में आना जाना रोजाना की आम बात है । ऐसे में पंजाब राज्य द्वारा हिमाचल के लोगों के लिए दरियादिली दिखाने के बावजूद हिमाचल द्वारा पंजाब के लोगों के लिए कड़े मानवीय विरोधी निर्णय तार्किक रूप से ठीक नहीं है । लोग लंबे समय से इस पर आपत्ति व्यक्त कर रहे हैं , जिसका परिणाम था कि लोग अब इसे लेकर सड़कों पर उतर आए हैं ।

    लोगों ने बताया कि पंजाब के सीमावर्ती नगर नंगल की नगर निगम कमेटी द्वारा , हिमाचल के वाहनों के लिए भी पंजाब द्वारा टोल टैक्स लगाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया है । इसलिए यदि हिमाचल सरकार पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र के वाहनों के लिए टोल टैक्स नहीं हटाती है तो पंजाब द्वारा भी हिमाचल के वाहनों पर टोल टैक्स लगाए जाने के लिए मुहिम चलाई जाएगी। इस मौके पर परमजीत पम्मा पंजाब निवासी, कुलदीप कुमार, निशांत गुप्ता सहित भारी जनसमूह एकत्रित था।

  • Jalandhar News: Armaan Hospital में महिला की मौत को लेकर सिविल सर्जन का आया बयान, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Armaan Hospital में महिला की मौत को लेकर सिविल सर्जन का आया बयान, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: फ़ुटबॉल चौक के पास स्थित अरमान अस्पताल में टीचर की मौत के मामले में ह्यूमन राइट्स कमिशन ने जालंधर पुलिस कमिश्नर और सिविल सर्जन को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। ह्यूमन राइट्स कमीशन ने सोनम की मौत के मामले के क़रीब 2 महीने से ज़्यादा का समय बीत जाने पर भी कारवाई ना करने के कारण नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। वहीं इस मामले को लेकर सिविल सर्जन गुरमीत लाल ने बताया कि इस मामले की जांच लगातार चल रही है। इस मामले में डॉक्टरों की पैनल टीम तैयार की गई थी। सभी डॉक्टरों के ओपिनयन लेने के बाद फाइनल रिपोर्ट हमारे पास आती है। जिसके बाद पुलिस को रिपोर्ट सौंप दी जाती है।

    इंसाफ ना मिलने को लेकर कहा कि अभी रिपोर्ट उनके पास नहीं आई है। उन्होंने कहाकि ऐसे मामलो को लेकर एक्सपर्ट से ओपिनियन लेना पड़ता है। कई बार एक्स्पर्ट हमारे लैवल पर मौजूद नहीं होते है। ऐसे में पीजीआई सहित अन्य अस्पतालों में रिपोर्ट को लेकर राय ली जाती है। जारी नोटिस को लेकर कहा कि अभी तक उनके पास कॉपी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर अरमान अस्पताल के डॉक्टर से सारे दस्तावेज मंगवाए गए है। केस को लेकर उनके बयान भी लिए गए है। सिविल सर्जन ने कहा कि अगर जांच में वह दोष सही पाए गए तो उनके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि अरमान अस्पताल में महिला टीचर की मौत को लेकर 2 माह पहले काफी हंगामा हुआ था।

    टीचर सोनम मुलतानी की आपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। इस मामले में पीड़ित परिवार द्वारा अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाए गए थे। हालांकि दूसरी ओर डॉक्टर ने परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया था। लेकिन इस घटना को लेकर परिवार ने हार नहीं मानी और कानूनी लड़ाई लगातार जारी रखी। इस मामले को लेकर डॉक्टरों का पैनल तैयार किया गया था। परिवार सीएम भगवंत मान को लिखित शिकायत दे चुका है। लेकिन इंसाफ ना मिलने के कारण परिवार ने ह्यूमन राइट्स कमिशन का दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद ह्यूमन राइट्स कमिशन ने जालंधर पुलिस कमिश्नर और सिविल सर्जन को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है।

  • प्रदेश की जनता त्रासदी से जूझ रही, मुख्यमंत्री बेफिक्र होकर चले गए बिहार

    प्रदेश की जनता त्रासदी से जूझ रही, मुख्यमंत्री बेफिक्र होकर चले गए बिहार

    ऊना/ सुशील पंडित:  युवा भाजपा नेता अरुण कौशल ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि बीते दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण दर्जनों भूस्खलन हुए हैं जिसमें सैकड़ों लोगों बेघर हुए हैं। वहीं इससे व्यापारियों और बाग़वानी क्षेत्र को भी नुक़सान हुआ है। ऐसे में मुख्यमंत्री को तत्काल प्रभावितों के साथ मिलकर दुख प्रकट करना चाहिये था। बाढ़ पीड़ितों से बात करके उनका दर्द समझना चाहिए था परंतु उन्होंने बिहार चुनाव प्रचार में जाना ज्यादा ज़रूरी समझा है। क्या मुख्यमंत्री के लिए प्रदेश की जनता से ज्यादा चुनाव प्रचार ज्यादा प्रिय हो गया है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बिहार के मोतीहारी की जगह जिला चंबा ,  कुल्लू और मंडी के दौरे पर जाना चाहिए था।

    वहीं कौशल ने कांग्रेस हाईकमान को भी आड़े हाथों लिया और राहुल गांधी से सवाल पूछते हुए कहा कि राहुल गांधी बताए कि उनकी दादी को इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा किस जुर्म में दोषी करार देते हुए प्रधानमंत्री पद से हटने के आदेश दिये गए थे ? भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता भारत रत्न सम्मानित डॉ भीमराव अंबेडकर को किसने चुनाव धांधली करके आम चुनावों में हराया और अपमानित किया था? राहुल गांधी बिहार में मोटरसाइकिल पर बैठकर आनंद तो ले रहे हैं लेकिन हिमाचल प्रदेश की जनता की याद उन्हें सिर्फ़ विधानसभा चुनावों के समय ही आएगी तब उन्हें और उनके बनाए मुख्यमंत्री को जनता मिलकर सबक सिखाएगी। अब प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है कि काग्रेस के बहकावे में आकर उन्होंने बहुत बड़ी गलती कर डाली है।

  • Himachal News: जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक आयोजित

    Himachal News: जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक आयोजित

    नशे की रोकथाम को लेकर लिए ठोस निर्णय

    ऊना/सुशील पंडित: जिले में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के मकसद से जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकॉर्ड) की बैठक गुरुवार को उपायुक्त ऊना जतिन लाल की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित यादव, उपमंडलाधिकारी, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान नशा नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

    नशे की मांग और आपूर्ति नियंत्रण पर जोर
    उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए केवल आपूर्ति को रोकना ही नहीं, बल्कि मांग को भी कम करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए बहुआयामी प्रयास किए जाने होंगे जिसमें जन-जागरूकता और पुनर्वास को एक साथ जोड़ा जाए।

    स्कूल एवं कॉलेजों का नियमित दौरा करने के निर्देश
    उपायुक्त ने सभी उपमंडल अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें आबंटित किए गए स्कूलों और कॉलेजों का हर माह कम से कम दो बार दौरा करें। इन दौरों के दौरान वे छात्रों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों, एनडीपीएस अधिनियम के कानूनी प्रावधानों तथा स्वस्थ जीवन शैली के बारे में जागरूक करेंगे।

    युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने  और नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश
    उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को युवाओं में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इससे नशे की ओर झुकाव को रोका जा सकेगा। साथ ही जिला में संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि इन केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा पुनर्वास सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने हेतु भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

    दवा विक्रेताओं के स्टॉक चैक करने के निर्देश
    उपायुक्त ने जिले में कार्यरत दवा विक्रेताओं की नियमित जांच करने को कहा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी नशीली दवा अवैध रूप से न बेची जा रही हो।उपायुक्त जतिन लाल ने उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों से आह्वान किया कि वे नशे के खिलाफ इस लड़ाई को केवल प्रशासनिक दायरे तक सीमित न रखें, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग विशेष रूप से युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें।

    पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने कहा कि पुलिस विभाग और जिला प्रशासन ऊना जिला को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सभी आवश्यक कदम सख्ती से उठाए जाएंगे और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

  • Punjab News: Cab चालक ने की यात्री से अश्लील हरकतें, लड़की ने दिखाई बहादुरी, आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: Cab चालक ने की यात्री से अश्लील हरकतें, लड़की ने दिखाई बहादुरी, आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मोहालीः सीपी-67 मॉल से पीजी जाने के लिए लड़की ने ऑनलाइन बाइक कैब बुक की, लेकिन कैब चालक कार लेकर पहुंच गया। लड़की ने आरोप लगाए कि कैब चालक ने उसके साथ अश्लील हरकतें की और उसका मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने घटना की शिकायत सोहाना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता के बयानों पर कैब चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान भगवान दास निवासी गांव नूरपुरबेदी (रोपड़) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मोहाली सेक्टर-94 स्थित पीजी हाउस में रहने वाली एक लड़की ने बताया कि देर रात करीब 10:21 बजे उसने सीपी-67 मॉल से पीजी जाने के लिए बाइक बुक की थी।

    कुछ समय बाद उसके पास एक कैब चालक आया, जो कार लेकर आया था। वह बार-बार उसके ऊपर आने की कोशिश कर रहा था, जिस पर उसने चिल्लाना शुरू कर दिया और कैब चालक ने चाबी उसकी गर्दन पर रख दी और कहा कि शोर मचाया तो जान से मार दूंगा। इतने में किसी तरह उसने कैब चालक को पैर से धक्का दिया और फिर कार का दरवाजा खोलकर बाहर की तरफ छलांग लगा दी, लेकिन कैब चालक ने उसके हाथ से उसका आईफोन 15 छीन लिया और तुरंत मौके से फरार हो गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने बड़ी मुश्किल से किसी तरह से अपने आपको छुड़वा कर कार से नीचे छलांग लगाई और बाहर आकर वह जोर-जोर से बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगी।

    जब उसने कार के आगे जाकर कार का नंबर पढ़ने की कोशिश की तो कैब चालक तेजी से उसके ऊपर कार चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह तुरंत साइड पर हो गई। बाद में वह वहां से भागती हुई अपने पोजी की तरफ जाने लगी। इस दौरान वह चिल्ला रही थी तो वहां पर सोसायटी का गार्ड उसके पास आया तो वह वहां पर रुकी और सारी बात उसे बताई। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम जब उसने कहा कि उसने तो बाइक बुक की थी, तो कैब चालक बोला कि वह बाइक और कैब दोनों चलाता है। आपको कार में सेफ तरीके से छोड़ दूंगा। इतने में लड़की कैब में बैठ गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि कैब चालक ने उसके पीजी के पास पहुंचकर कार रोक दी और अचानक से फ्रंट सीट से छलांग लगाकर बैंक सीट पर आ गया और उसके दोनों हाथ पकड़ लिए।

    शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि पहले कैब चालक उसे अलग रूट से ले जा रहा था। वह रास्ता बिलकुल सुनसान था और अंधेरा था। इस पर उसने कैब चालक को कहा कि वह उसे एप में दिखाने वाले रूट से ही लेकर जाए इस पर कैब चालक ने कहा कि यहां से शॉट कट पड़ेगा। लेकिन वह नहीं मानी और मैप से चलने को कहा। उसका पीजी पास आया तो उसने दो गली पहले ही कैब रोक दी और कहा कि आप लंबे रास्ते से लेकर जा हो। इस पर उसने कहा कि यह ही रास्ता सही है अगर आपने नहीं जाना तो वहीं पर उसे छोड़ दो। लेकिन कैब चालक बहस करने लगा और अचानक आगे से पीछे की सीट पर छलांग लगाकर आ गया और उसके हाथ पकड़ लिए।

    शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि यदि वह इस घटना को समय पर न भांपती तो कुछ भी हो सकता था। लेकिन खुद को बचाने के लिए मैंने हिम्मत कर गाड़ी से छलाग लगा दी और तुरंत अपने पीजी की तरफ भाग गई। इस दौरान उसने कार का नंबर नोट करना चाहा तो आरोपी ने उसके ऊपर कार चढ़ाने का प्रयास किया, पर बच गई। डीएसपी हरसिमन बल ने बताया कि शिकायत मिलते ही कैब चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। बाद में आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने लड़की का आईफोन भी बरामद हो गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उसका कोई पुराना भी क्रिमिनल बैकग्राउंड है या नहीं, जिसकी जांच की जा रही है।

  • Himachal News: पुलिस ने काटे 411 वाहनों के चालान

    Himachal News: पुलिस ने काटे 411 वाहनों के चालान

    ऊना /सुशील पंडित:  जिला पुलिस ऊना द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 411 वाहनों के चालान काटे ,जिनमें से 79 चालानों का मौके पर निपटारा करके जुर्माने के रूप में 64500 /- रूपये वसूल किए गए।

    वहीं सार्वजानिक स्थानों पर धुम्रपान करने पर 09 व्यक्तियों के चालान काटे व जुर्माने के रुप में 1000/-रुपये वसूल किए गए।

  • क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरा चिनाई कर रहा मिस्त्री, मौत

    क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरा चिनाई कर रहा मिस्त्री, मौत

    पुलिस ने कृष्ण बिल्डर्स दिल्ली पर मामला दर्ज किया 

    ऊना/सुशील पंडित: क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की निर्माणाधीन दूसरी मंजिल बिल्डिंग में चिनाई कर रहा मिस्त्री नीचे गिर गया, बाद में उपचार के दौरान उस की मौत हो गई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी शिकायत में संतोष सिंह निवासी गांव कपूर पकडी डा0 चरईयां थाना शिकार गंज जिला मोतीहारी बिहार ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में  बन रही निर्माणाधीन बिल्डिंग को कृष्णा बिल्डर दिल्ली द्वारा बनाया जा रहा है। बीते रोज करीब 11.30 बजे निर्माणाधीन बिल्डिंग पर मिस्त्री लखविन्द्र कुमार पुत्र गनौर सहानी निवासी भीमटोला सतेहड जिला सीतामडी बिहार दूसरी मंजिल पर चिनाई का काम कर रहा था जो अचानक दूसरी मंजिल से नीचे जमीन पर जा गिरा ।

    जिस की क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार के दौराने मृत्यु हो गई । संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि अगर कम्पनी द्वारा निर्माणाधीन बिल्डिंग में बाहर की और सेफ्टी की होती तो मिस्त्री लखविन्द्र की मृत्यु न होती।वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने कृष्णा बिल्डर्स दिल्ली के खिलाफ वीएनएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत पुलिस थाना सदर ऊना में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

  • Punjab News: रेलवे स्टेशन के पास सड़क पर पड़ा गहरा गड्ढा, देखें वीडियो

    Punjab News: रेलवे स्टेशन के पास सड़क पर पड़ा गहरा गड्ढा, देखें वीडियो

    लुधियानाः पंजाब में लगातार हो रही बारिश से जहां गांवों में पानी भर गया है। वहीं सड़कों की हालत भी बरसात ने खस्ता कर दी है। यही कारण है कि रेलवे स्टेशन के पास तहसील सड़क पर गहरा गड्ढा आज बन गया। सड़क पर बने गहरे गड्ढे की सूचना मिलने पर सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशन मौके पर पहुंचे।

    जहां उन्होंने कहा कि आज शाम तक सड़क को ठीक करवा दिया जाएंगा। उन्होंने कहा कि सीवरेज की दीवार टूट गई है, जिसके चलते सीवरेज का पानी रोड़ पर आ रहा है। सीवरेज ब्लॉक होने के कारण यह घटना हुई है। उन्होंने कहा कि दीवार को भी दोबारा शाम तक तैयार कर दिया जाएगा। मौके पर मिट्टी की ट्राली बुला ली गई है। उन्होंने कहा कि घटना स्थल पर जेई, एसडीओ सहित सभी अधिकारी मौके पर पहुंच गए है।

    उन्होंने सभी को शाम तक सड़क को ठीक करने के निर्देश दे दिए गए है। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं हो जाता वह खुद यहां से कहीं नहीं जाएंगे। दरअसल, इस सड़क पर काफी आवाजाही होती है, ऐसे में बड़ा हादसे होने की संभावना बनी हुई है। जिसके चलते रास्ते पर बैरिकेडिंग लगाकर अब गड्ढे को भरने का काम शुरू कर दिया गया है।

  • बस स्टैंड से टकराई KSRTC बस, बच्चे सहित 5 की मौत, देखें वीडियो

    बस स्टैंड से टकराई KSRTC बस, बच्चे सहित 5 की मौत, देखें वीडियो

    मंगलुरुः कर्नाटक–केरल सीमा पर मंगलुरु के तलपाडी इलाके में बड़ा सड़क हादसा हो गया। कर्नाटक स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (KSRTC) की एक यात्री बस अचानक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गई और सीधे बस स्टैंड में घुस गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। इस हादसे में 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब बस कर्नाटक से केरल की ओर जा रही थी, जैसे ही बस तलपाडी के पास पहुंची, अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। चालक ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वो काबू नहीं पा सका और बस तेज रफ्तार में बस स्टैंड में घुस गई।

    हादसे के समय बस स्टैंड पर कई लोग मौजूद थे। रिपोर्ट के अनुसार, चार लोग वहीं खड़े थे जो बस की चपेट में आ गए। इनमें एक ही परिवार की तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। चारों की मौंके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा एक बच्चा भी गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ बैठा। पास ही खड़ी एक ऑटो रिक्शा में बैठे कुछ लोग भी बस की टक्कर से घायल हो गए। कुल सात घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को बचने का मौका ही नहीं मिला।

    हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान की जा चुकी है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की है। फिलहाल, बस को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होना मुख्य वजह लग रही है, हालांकि तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

  • Punjab News: कबाड़िया बाजार में लगी भीषण आग, इलाके में दहशत, देखें वीडियो

    Punjab News: कबाड़िया बाजार में लगी भीषण आग, इलाके में दहशत, देखें वीडियो

    मोगाः जिले के कबाड़िया बाजार में पुराने टायरों के ढेर में अचानक भयानक आग लगने का मामला सामने आया है। आग इतनी भयंकर थी कि इसकी ऊंची-ऊंची लपटें आसमान को छूती हुई दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

    जानकारी देते प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि दमकल कर्मियों की लगातार पानी की बौछारों के बावजूद लपटें कम होने का नाम नहीं ले रही थीं। उल्टा पानी पड़ते ही आग और ज्यादा फैलती दिखाई दे रही थी। इस दौरान नगर निगम की ओर से पानी की गाड़ियों को लगातार भरकर मौके पर भेजा जा रहा है, ताकि आग बुझाने में किसी तरह की कमी न रहे।

    आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि टायरों में लगी आग के चलते यह और भी विकराल रूप ले चुकी है। मौके पर भारी भीड़ जुटी हुई है और प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।