बस स्टैंड से टकराई KSRTC बस, बच्चे सहित 5 की मौत, देखें वीडियो

Written by

in

मंगलुरुः कर्नाटक–केरल सीमा पर मंगलुरु के तलपाडी इलाके में बड़ा सड़क हादसा हो गया। कर्नाटक स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (KSRTC) की एक यात्री बस अचानक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गई और सीधे बस स्टैंड में घुस गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। इस हादसे में 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब बस कर्नाटक से केरल की ओर जा रही थी, जैसे ही बस तलपाडी के पास पहुंची, अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। चालक ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वो काबू नहीं पा सका और बस तेज रफ्तार में बस स्टैंड में घुस गई।

हादसे के समय बस स्टैंड पर कई लोग मौजूद थे। रिपोर्ट के अनुसार, चार लोग वहीं खड़े थे जो बस की चपेट में आ गए। इनमें एक ही परिवार की तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। चारों की मौंके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा एक बच्चा भी गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ बैठा। पास ही खड़ी एक ऑटो रिक्शा में बैठे कुछ लोग भी बस की टक्कर से घायल हो गए। कुल सात घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को बचने का मौका ही नहीं मिला।

हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान की जा चुकी है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की है। फिलहाल, बस को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होना मुख्य वजह लग रही है, हालांकि तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *