Blog

  • स्कूल से लौट रही 7 साल की बच्ची को उठाकर झाड़ियों में ले गया युवक, लोगों ने जमकर की धुनाई, देखें वीडियो

    स्कूल से लौट रही 7 साल की बच्ची को उठाकर झाड़ियों में ले गया युवक, लोगों ने जमकर की धुनाई, देखें वीडियो

    प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगापार इलाके में एक 7 वर्षीय स्कूली छात्रा के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। यह घटना फूलपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ीडीह गांव की है। समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता से बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं आरोपी युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

    स्कूल से घर लौटते समय बनाया निशाना
    जानकारी के अनुसार, बच्ची एक निजी स्कूल में पढ़ती है। वह शुक्रवार सुबह रोज की तरह स्कूल गई थी। दोपहर में छुट्टी होने के बाद वह अकेले घर लौट रही थी। रास्ते में एक सुनसान जगह पर पहले से मौजूद युवक ने उसे पकड़ लिया और जबरन पास की झाड़ियों की ओर ले गया।

    बच्ची की चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीण
    जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिवार वालों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास उसकी तलाश शुरू की और गांव के लोगों को भी सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण खेतों, बागों और सुनसान इलाकों में बच्ची को खोजने निकल पड़े।

    तलाशी के दौरान लोगों को झाड़ियों की तरफ से बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनाई दी। जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो देखा कि युवक बच्ची को अपने कब्जे में लिए हुए था। लोगों ने तुरंत बच्ची को उसके चंगुल से छुड़ा लिया।

    आरोपी की लोगों ने की पिटाई
    बच्ची को सुरक्षित निकालने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को लोगों के बीच से निकालकर हिरासत में ले लिया।

    पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच
    पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला अपहरण की कोशिश का लग रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

    बार-बार बदल रहा है अपना नाम और पता
    पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को वाराणसी का रहने वाला बता रहा है, लेकिन पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपना नाम और पता बदल रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह असल में कहां का रहने वाला है और बच्ची को उठाने के पीछे उसकी मंशा क्या थी। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

     

     

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

    ऊना,सुशील पंडित: वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना में विद्यार्थियों के संप्रेषण कौशल, रचनात्मकता, आत्मविश्वास तथा भाषा पर पकड़ को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा पहली एवं दूसरी  के विद्यार्थियों के लिए ‘सेल्फ इंट्रोडक्शन प्रतियोगिता’, कक्षा तीसरी एवं चौथी के लिए ‘इंग्लिश स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिता’ तथा कक्षा पाँचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता’ आयोजित की गई।

    ‘सेल्फ इंट्रोडक्शन प्रतियोगिता’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का विकास करना तथा उन्हें किसी नए व्यक्ति के समक्ष स्वयं का प्रभावशाली परिचय देने के लिए प्रेरित करना था। स्ट्रॉबेरी ग्रुप (कक्षा प्रथम) में शिवांशी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिश्का सिंघल एवं वेदिका शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कृषभ एस. राणा एवं बबनीत कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा द्वितीय में अभिधा रावल एवं लवदीप सिंह प्रथम स्थान पर रहे। मन्नत कुमावत ने द्वितीय तथा वियान चौधरी एवं शानवी शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    ‘इंग्लिश स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिता’ का उद्देश्य विद्यार्थियों के प्रस्तुतीकरण कौशल को निखारना, श्रोताओं के साथ भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना तथा जटिल विचारों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करना था। एप्पल ग्रुप (कक्षा तृतीय) में आदया गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तनिप साहू एवं अमाहिरा वशिष्ट द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि अवनी शर्मा एवं दलराज रहल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा चतुर्थ में सक्षम शर्मा एवं प्रिशा शर्मा प्रथम स्थान पर रहे। रूही रेहल एवं कृषिका खन्ना द्वितीय तथा अक्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    ‘स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता’ के अंतर्गत विद्यार्थियों ने “जल की हर बूँद बचाएँ”, “पेड़ लगाएँ, भविष्य बचाएँ”, “प्लास्टिक प्रदूषण को हराएँ”, “भोजन की बर्बादी रोकें—हर अन्न के दाने का सम्मान करें”, “साइबर सुरक्षा—क्लिक करने से पहले सोचें” तथा “नशे को कहें ‘ना’, जीवन को कहें ‘हाँ’” जैसे समसामयिक एवं सामाजिक महत्व के विषयों पर प्रभावशाली स्लोगन लिखे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को संक्षिप्त, सारगर्भित एवं प्रभावशाली शब्दों में अपने विचार व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना तथा उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।

    ऑरेंज ग्रुप में अकीरा दीप एवं प्राक्षी राणा प्रथम स्थान पर रहीं। मन्नत परमार एवं आरवी शर्मा ने द्वितीय तथा परिधि शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मैंगो ग्रुप में अनाया चब्बा प्रथम स्थान पर रहीं। सानवीं एवं पीहू शर्मा ने द्वितीय तथा ख्वाहिश राणा एवं सानिया चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेलन ग्रुप में अराधना एवं जैस्मिन धीमान प्रथम स्थान पर रहीं। मनराज सिंह, अक्षमा एवं मन्नत शर्मा ने द्वितीय तथा अराध्या ठाकुर, इशिता राठौर, साक्षी शर्मा एवं प्रागुन कौशल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्रों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनकी झिझक दूर कर आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण, अभिव्यक्ति कौशल तथा रचनात्मक सोच को भी नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी।

     

     

  • मुख्यमंत्री ने स्व. गुरनाम सिंह गुर्जर को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा- उनका निधन संगठन व समाज के लिए अपूरणीय क्षति

    मुख्यमंत्री ने स्व. गुरनाम सिंह गुर्जर को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा- उनका निधन संगठन व समाज के लिए अपूरणीय क्षति

    चंडीगढ़: भाजपा जिला अंबाला कार्यकारिणी सदस्य, शहजादपुर के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं ब्लॉक समिति शहजादपुर के पूर्व चेयरमैन गुरनाम सिंह गुर्जर का 17 जुलाई को हृदय गति रुकने से निधन हो गया ।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को जिला अंबाला के गांव धनाना स्थित स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर के निवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर की पार्थिव देह पर शॉल ओढ़ाकर तथा भारतीय जनता पार्टी का ध्वज अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर के परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ, अनुशासित एवं समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा सदैव प्रेरणादायी रहेगी।

    मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।

     

  • हरियाणा में ईवी चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार में डिस्कॉम की उल्लेखनीय उपलब्धि : विक्रम सिंह

    हरियाणा में ईवी चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार में डिस्कॉम की उल्लेखनीय उपलब्धि : विक्रम सिंह

    चंडीगढ़: हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने की दिशा में बिजली वितरण निगमों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) द्वारा प्रदेशभर में ईवी चार्जिंग नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है ।

    यूएचबीवीएन एवं डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के कहा कि 30 जून 2026 तक प्रदेश में 789 ईवी चार्जिंग स्टेशन एवं पॉइंट स्थापित किए जा चुके हैं, जो वर्ष 2026 के लिए निर्धारित 900 के लक्ष्य का लगभग 88 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ई-मोबिलिटी नीति तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता के अनुरूप पूरे प्रदेश में आधुनिक, सुलभ एवं विश्वसनीय ईवी चार्जिंग अवसंरचना विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने में तेजी आएगी, जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम होगी तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी ।

    डिस्कॉम के विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में लक्ष्य के अनुरूप उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। गुरुग्राम में 380 के लक्ष्य के मुकाबले 336, फरीदाबाद में 60 में से 49, मानेसर में 60 में से 54, सोनीपत में 150 में से 126, करनाल में 100 में से 89, पानीपत में 75 में से 64 तथा रोहतक में 75 के लक्ष्य के मुकाबले 71 ईवी चार्जिंग स्टेशन एवं पॉइंट स्थापित किए जा चुके हैं । उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शेष लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी प्रमुख शहरी, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में ईवी चार्जिंग सुविधाओं का व्यापक विस्तार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित, सुविधाजनक, विश्वसनीय एवं निर्बाध चार्जिंग सेवाएं उपलब्ध हो सकें और हरियाणा स्वच्छ एवं सतत परिवहन की दिशा में अग्रणी राज्य के रूप में अपनी पहचान ओर मजबूत कर सके ।

     

  • Punjab News: हत्या का मुख्य आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: हत्या का मुख्य आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मोगा: पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में  कार्रवाई करते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई को थाना बधनी कलां क्षेत्र के गांव दोधर शर्की में निर्मल सिंह नाम के एक व्यक्ति को गांव के रहने वाला गुरप्रीत सिंह ने गोली मार दी थी।

    मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ थाना बधनी कलां में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मोगा पुलिस ने तुरंत अलग-अलग टीमें गठित कर जांच शुरू की।

    तकनीकी साक्ष्यों, खुफिया सूचना और अन्य सुरागों के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए पुलिस ने 17 जुलाई को, वारदात के 24 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

    वहीं, थाना बधनीकलां के प्रभारी इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव दौधर शर्की में हुए मामूली विवाद में गुरप्रीत सिंह ने निर्मल सिंह पर गोलियां चलाई थी, जिसमें 62 वर्षीय निर्मल की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि इस हत्या के आरोपी गुरप्रीत को गिरफ्तार कर लिया गया है, अब पुलिस रिमाण्ड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ की जाएगी।

     

  • स्वच्छता जनभागीदारी का सबसे बड़ा माध्यम, इसे हर व्यक्ति अपने जीवन का हिस्सा बनाए : कृष्ण लाल पंवार

    स्वच्छता जनभागीदारी का सबसे बड़ा माध्यम, इसे हर व्यक्ति अपने जीवन का हिस्सा बनाए : कृष्ण लाल पंवार

    चंडीगढ़: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शनिवार को पानीपत में इसराना विधानसभा क्षेत्र के गांव वैसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लेकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया तथा उपस्थित जनसमूह से अपने गांव, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 171 गरीब एवं पात्र परिवारों को आवंटन पत्र भी वितरित किए।

    मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक और नैतिक दायित्व है। जब तक समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत नहीं बनाएगा, तब तक स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना पूरी तरह साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने पूरे देश में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है और हरियाणा सरकार भी इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

    स्वच्छ वातावरण से न केवल बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आता है। गांवों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होने से पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक विकास को नई गति मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे खुले में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति छोड़ें, कूड़े का उचित प्रबंधन करें तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

    विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पंचायतों को अधिक सशक्त बनाया जा रहा है तथा गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, नालियां, सामुदायिक भवन, खेल सुविधाएं और अन्य मूलभूत विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक गांव को आत्मनिर्भर, स्वच्छ और आधुनिक बनाना है।

    प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रत्येक गरीब परिवार का अपना पक्का घर होना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से आज गांव वैसर में 171 पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटन पत्र सौंपे गए हैं। उन्होंने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपना घर केवल एक भवन नहीं होता, बल्कि यह परिवार के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार होता है।

    सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।

    मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान को नियमित जन आंदोलन के रूप में संचालित किया जाए तथा पंचायतों के सहयोग से गांवों में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।

     

     

  • Hormuz में बढ़ते तनाव के चलते तेल-गैस आयात के लिए बढ़ी मुश्किलें, भारत ने बदला रास्ता

    Hormuz में बढ़ते तनाव के चलते तेल-गैस आयात के लिए बढ़ी मुश्किलें, भारत ने बदला रास्ता

    नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच फिर से जंग छिड़ने से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर तनाव काफी ज्यादा बढ़ गया है। ज्यादातर जहाज होर्मुज की जगह वैकल्पिक रास्ते को अपना रहे हैं। S&P ग्लोबल एनर्जी के नए रिसर्च के अनुसार, जंग फारस की खाड़ी से तेल LNG और निर्यात को तेजी से कम कर रही है। वहीं 17 जून को समझौता होने के बाद से तेल और गैस का निर्यात तेजी से बढ़ा था परंतु अब ये कम हो चुका है।

    वैकल्पिक रास्तों का अपना रहा है

    इस रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि भारत होर्मुज जलडमरुमध्य में बढ़ते रिस्क से बचने के लिए कच्चे तेल और एलएनजी के आयात को संयुक्त अरब अमीरात और ओमान के रास्ते मोड़ रहा है। इसका मतलब है कि भारत अपने तेल-गैस की आपूर्ति को पूरी करने के लिए वैकल्पिक रास्तों को अपना रहा है।

    ईरान की वैकल्पिक रास्तों पर दी हमले की चेतावनी

    दूसरी ओर मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि उसके तेल एक्सपोर्ट को रोका गया तो वह फुजैरा पाइपलाइन और सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन समेत बाकी वैकल्पिक रास्तों का निशाना बना सकता है। एसएंडपी ग्लोबल एनर्जी के पोत ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि होर्मुज जलडमरुमध्य से होकर गुजरने वाले लदे एलएनजी के संयुक्त 10 दिन एवरेज में जून के अंत में लगभग 0.8 कार्गो प्रति दिन से घटकर 15 जुलाई तक सिर्फ 0.2 कार्गो प्रति दिन रह गया है। पिछले हफ्ते फारस की खाड़ी से सिर्फ एक एलएनजी कार्गो के निकलने की जानकारी मिली है। यह कतर एनर्जी एलएनजी के अल रेकाय्यात पर 7 जुलाई को हुए हमले के बाद जहाज मालिकों के बीच बढ़ती सतर्कता के कारण हैं। संघर्ष शुरु होने के बाद से एलएनजी पोत पर यह पहला सीधा हमला था। रिसर्चर मेहरुन एतेबारी ने कहा कि हमारा अनुमान है कि निर्यात को सीमित करने वाला मुख्य कारण गैस की क्षमता में बढ़ोतरी की जगह जहाज रानी संबंधी बाधाएं हैं।

    टैंकरों में एलएनजी का भंडार बढता जा रहा है

    निर्यात में आई मंदी एलएनजी प्लांटों की एक्शन के बिल्कुल अलग है। कतर एनर्जी एलएनजी और यूएसई की एडीएनओसी एलएनजी में एलएनजी उत्पादन और जहाजों पर मॉल की लैंडिंग, बाहरी शिपिंग में रुकावट के बाद ज्यादा मजबूत गति से जारी है। इसके चलते फारस की खाड़ी में इंतजार कर रहे टैंकरों में एलएनजी का भंडार बढ़ता जा रहा है। जुलाई के मध्य तक अकेले कतर के सात लदे हुए एलएनजी वाहक जहाजों में लगभग 0.57 मिलियन मीट्रिक टन एलएनजी होने का अनुमान था वहीं एसएंडपी ग्लोबल का अनुमान है कि फारस की खाड़ी के अंदर में लगभग 1.9 मिलियन मीट्रिक टन एलएनजी टैंकर क्षमता मौजूद है। यदि आने वाले हफ्तों में होर्मुज जलडमरुमध्य की प्रभावी नाकाबंदी में ढील दी जाती है। ये जहाज निर्यात में तेजी आ सकती है। इससे पहले से उत्पादित और लोड की गई एलएनजी आपूर्ति को सामान्य कर सकती है।
  • मजारा में सट्टा लगाते व्यक्ति पर पुलिस की कार्रवाई, नकदी व सट्टा पर्चियां बरामद

    मजारा में सट्टा लगाते व्यक्ति पर पुलिस की कार्रवाई, नकदी व सट्टा पर्चियां बरामद

    ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को काबू किया है। पुलिस थाना सदर ऊना के तहत पुलिस चौकी संतोषगढ़ की टीम ने गश्त के दौरान मजारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से सट्टा पर्चियां और नकदी बरामद की।

    पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की शाम को एचसी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मजारा में गश्त के दौरान मनजीत कुमार निवासी वार्ड नंबर-4, सनोली, तहसील एवं जिला ऊना को सट्टा लगाते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1,040 रुपये की नकदी तथा पर्ची दड़ा सट्टा बरामद किया गया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

     

  • Jalandhar News: जिला प्रधान बनें हिक्की सरीन, भाजपा पार्टी में फेरबदल, देखें लिस्ट

    Jalandhar News: जिला प्रधान बनें हिक्की सरीन, भाजपा पार्टी में फेरबदल, देखें लिस्ट

    जालंधर: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब बीजेपी के ज़िला प्रधान की नियुक्ति इस प्रकार की है। दरअसल, 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा पार्टी को मजबूत बनाना कर जीत हासिल करना चाहती है।

    ऐसे में पार्टी ने जालंधर के युवा नेता पर भरोसा जताया है। पार्टी ने हिक्की सरीन को जिला प्रधान नियुक्त किया है। इसी के साथ अन्य जिलों में भी नियुक्तियां की गई है। जारी सूची के अनुसार, मनमीत सिंह विक्की को जालंधर ग्रामीण (उत्तर), जगबीर सिंह बराड़, जालंधर ग्रामीण (दक्षिण), सलील कपूर को अमृतसर शहरी, योगेश सप्रा को होशियारपुर शहरी और सुखविंदर सिंह काका कंबोज को होशियारपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पंजाब के अन्य जिलों में भी नए जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं।भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को गति मिलेगी।

  • Punjab News: SHO Gurjinder Singh Nagra का पुलिस को मिला इतने दिनों का रिमांड, देखे वीडियो

    Punjab News: SHO Gurjinder Singh Nagra का पुलिस को मिला इतने दिनों का रिमांड, देखे वीडियो

    होशियारपुर: SHO गुरिन्द्रजीत सिंह नागरा को पुलिस द्वारा अरेस्ट कर अदालत में पेश किया गया। माननीय जज ने पुलिस को नागरा का 3 दिन का रिमांड दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 21 जुलाई को होगी।नागरा पर अमेरिका में FBI के ऑपरेशन हार्ड बेल में एक परिवार से 4 करोड़ रुपए मांगने का आरोप है। FBI द्वारा चलाए गए ऑपरेशन हार्ड बॉल में लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया जैसे गैंगस्टरों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में नागरा का नाम भी फिरौती मांगने में आया था।

    DIG नवीन सिंगला ने नागरा को लाइन हाजिर कर SP विनीत अहलावत को जांच सौंपी थी। जांच के बाद शुक्रवार देर रात इंस्पेक्टर नागरा के खिलाफ एक्सटॉर्शन और करप्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं गुरिंदरजीत सिंह नागरा की ओर से पैरवी कर रहे एडवोकेट संदीप ने कहा कि नागरा पर लगाए गए सभी आरोप निराधार और बेबुनियाद हैं। गिरफ्तारी भी अवैध तरीके से की गई है। वकील के अनुसार अब तक पुलिस ने उन्हें मामले से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है और न ही अदालत में सभी साक्ष्य पेश किए गए हैं।

    इस मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस द्वारा पेश किए जाने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल अदालत ने पुलिस को तीन दिन का रिमांड दिया है, जिसके मद्देनजर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।