Blog

  • शेयर मार्केट में लगातार दूसरे दिन आई गिरावट

    शेयर मार्केट में लगातार दूसरे दिन आई गिरावट

    नई दिल्लीः अमेरिका ने रेसिप्रोकल टैरिफ का ऐलान किया तो आज लगातार दूसरे दिन दुनिया भर के स्टॉक मार्केट पर झटका दिख रहा है। भारत में भी बात करें तो घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स 135.27 और निफ्टी 50 लगातार दूसरे दिन धड़ाम से गिर गए हैं। टैरिफ के ऐलान को अमेरिका में ‘मुक्ति दिवस’ के तौर पर मनाया गया और उसके झटके से भारतीय स्टॉक मार्केट में चौतरफा बिकवाली दिखने लगी। आज की बात करें तो इस झटके से BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2.02 लाख करोड़ रुपये घट गया है यानी निवेशकों की दौलत मार्केट खुलते ही 2.02 लाख करोड़ रुपये डूब गई है। सेक्टरवाइज बात करें तो फार्मा और बैंकिंग को छोड़ हर सेक्टर में बिकवाली का दबाव है।

    आज तो मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली का दबाव है, जबकि एक दिन पहले इनमें जोरदार खरीदारी हो रही थी। अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स फिलहाल 158.34 प्वाइंट्स यानी 0.21 फीसदी की गिरावट के साथ 76137.02 और 50 निफ्टी 66.90 प्वाइंट्स यानी 0.29 फीसदी की फिसलन के साथ 23183.20 पर है। एक कारोबारी दिन पहले दिन के आखिरी में बीएसई सेंसेक्स 322.08 प्वाइंट्स यानी 0.42% फिसलकर 76295.36 तो निफ्टी 50 भी 0.35% यानी 82.25 प्वाइंट्स की गिरावट के साथ 23250.10 पर बंद हुआ था।

    एक कारोबारी दिन पहले यानी 3 अप्रैल 2025 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप 4,13,33,265.92 करोड़ रुपये था। आज यानी 4 अप्रैल 2025 को मार्केट खुलते ही यह 4,11,30,452.67 करोड़ रुपये पर आ गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी 202,813.25 करोड़ रुपये घट गई है। सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें सिर्फ 4 ही ग्रीन जोन में हैं।

    सबसे अधिक तेजी एचडीएफसी बैंक, एमएंडएम और बजाज फाइनेंस में है। वहीं दूसरी तरफ टाटा मोटर्स, इंफोसिस और टाटा स्टील में सबसे तेज गिरावट है। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं। बीएसई पर आज 2289 शेयरों की ट्रेडिंग हो रही है। इसमें 1029 शेयर मजबूत दिख रहे हैं तो 1101 में गिरावट का रुझान है और 159 में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है। इसके अलावा 24 शेयर एक साल के हाई और 23 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 103 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 29 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।

  • Jalandhar News: महिला से पर्स छीनकर 1 लाख रुपए और गहने लेकर लुटेरे फरार

    Jalandhar News: महिला से पर्स छीनकर 1 लाख रुपए और गहने लेकर लुटेरे फरार

    जालंधर, ENS: महागनर में लूटपाट और चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामला फ्रेंड्स कॉलोनी से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े 65 वर्षीय बुजुर्ग से लुटेरे पर्स झपटकर फरार हो गए। फ्रेंड्स कॉलोनी लेन-7 में रहने वाली बलवीर कौर पत्नी हरभजन सिंह ने बताया कि वह बैंक से लौट रही थीं। इस दौरान बाइक सवार 2 लुटेरों ने घटना को अंजाम दे दिया। पीड़िता ने बताया कि पर्स में एक लाख रुपए, ढाई तोले के सोने के 2 कड़े, 2 मोबाइल और कुछ जरूरी दस्तावेज थे। महिला ने कहा कि उसने शोर भी मचाया, लेकिन लुटेरे फरार हो गए।

    इसके बाद महिला का मोबाइल सोढल के पास गिरा मिला, जिसे वहां एक सिक्योरिटी गार्ड ने उठा लिया और वापिस कर दिया। मौके पर एसीपी नॉर्थ और थाना प्रभारी राकेश कुमार पहुंचे और निकट के कैमरों की फुटेज चेक की। घटनास्थल के निकट विपन हांडा ने बताया कि दिनदहाड़े लूट की वारदात पहले भी हो चुकी हैं और पुलिस को इलाके में पैट्रोलिंग करनी चाहिए। थाना-1 के थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि निकट के कैमरे की फुटेज चेक की जा रही है और जल्द ही लुटेरा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • महिला वकील और उसके पति पर किया हमला, देखें CCTV

    महिला वकील और उसके पति पर किया हमला, देखें CCTV

    पानीपतः तहसील कैंप थाना एरिया की रहने वाली महिला अधिवक्ता व उसके पति पर तीन लोगों ने हमला कर दिया। महिला अधिवक्ता ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह देर शाम अपने पति के साथ एक्टिवा पर सवार होकर देवी मंदिर जा रही थी। बाइक सवार युवकों ने उसे छेड़ने का प्रयास किया। उसके पति ने विरोध किया तो उन्होंने देवी मंदिर के छोटे गेट के पास पहुंचते ही उन पर हमला कर दिया। उसके पति के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पर उसके साथ भी मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी उसके पति के गले सोने की चेन छीनकर ले गए। हमले की घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई। जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। वहीं, महिला अधिवक्ता की शिकायत पर थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
  • Jalandhar News: थाने के बाहर नशे में झूमती युवती की वीडियो वायरल

    Jalandhar News: थाने के बाहर नशे में झूमती युवती की वीडियो वायरल

    जालंधर, ENS: पंजाब में एक ओर नशे को लेकर चलाई गई मुहिम के तहत लगातार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। दूसरी ओर नशे में झूमते युवती युवकों की वायरल वीडियो थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं थाना मकसूदां के बाहर की वायरल वीडियो कुछ ओर ही बयान कर रही है। देर रात मकसूदां थाने के बाहर एक युवती नशे की हालत में झूमती मिली। देर रात सड़क पर नशे में धुत इस लड़की की वीडियो देखते ही देखते वायरल भी हो गई।

    फिलहाल पुलिस के पास ऐसा कोई मामला नहीं पहुंचा है लेकिन वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि लड़की शराब नहीं बल्कि ड्रग के नशे में थी। वह रोड से निकल रहे लोगों को हाथ हिला कर रोकने की कोशिश भी कर रही थी लेकिन उसकी हालत को देख कर किसी भी व्यक्ति ने गाड़ी नहीं रोकी।

    कुछ आगे जाकर लड़की गिरी भी लेकिन खुद ही सम्भल कर फिर से खड़ी हुई और आगे चली गई। इससे साफ है कि अभी भी शहर में गुपचुप तरीके से नशा बेचा जा रहा है। पुलिस अपनी तरफ से नशे के खिलाफ पूरी कार्रवाई करने में जुटी हुई है लेकिन यह वीडियो जिस तरह से दिखाई दी, उससे यह कहना गलत नहीं होगा कि जालंधर की जड़ों में नशा पहुंच चुका है।

  • Jalandhar News: 11 के.वी. लाइन की चपेट में आने से झुलसा ठेका कर्मी, काटना पड़ा हाथ

    Jalandhar News: 11 के.वी. लाइन की चपेट में आने से झुलसा ठेका कर्मी, काटना पड़ा हाथ

    जालंधर, ENS: सर्जिकल काम्पलैक्स सब-स्टेशन में ठेका कर्मी को करंट लग गया। हादसे में झुलसने वाले ठेका कर्मी की पहचान सन्नी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार पावरकॉम के पी.एंड.एम. विंग के विभागीय स्टॉफ द्वारा सावधानी न अपनाने से सब-स्टेशन में बड़ा हादसा घटित हुआ है। सन्नी को 11 के.वी. लाइन की चपेट में आने से करंट लग गया। सन्नी को उपचार के लिए डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इस भीषण हादसे में सन्नी का हाथ काटना पड़ा। विभागीय कर्मचारियों की चूक की वजह से कर्मचारी का हाथ कट चुका है, जिसकी भरपाई करना संभव नहीं हो पाएगा।

    वहीं इस घटना को लेकर पावरकॉम पी. एंड.एम. के सर्कल हैंड इंजीनियर योगेश कपूर ने कहा कि सुरक्षा में चूक होने का मामला सामने आया है, जिसके चलते एक्सियन दविन्द्रपाल सिंह को जांच सौंपी गई है। जांच सामने आने के बाद विभागीय कर्मचारियों पर भी बनती कार्रवाई की जाएगी। गत दिनों यह हादसा 66 के.वी. स्पोर्टस एंड सर्जिकल काम्पलैक्स सब-स्टेशन में घटित हुआ, उस समय मौके पर एस.डी.ओ. नीरज पिपलानी और जे.ई. गुरदीप सिंह मौजूद थे। जांच में पता चलेगा कि इस हादसे के कौन जिम्मेदार है?

    विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि स्पोर्टस एंड सर्जिकल काम्पलैक्स सब-स्टेशन में प्राइवेट कंपनी पैसको की मैटेनेंस टीम से काम करवाया जा रहा था। इस दौरान हादसे वाली जगह पर कोई चेतावनी बोर्ड इत्यादि नहीं लगा हुआ था, जिसके चलते सन्नी नामक ठेका कर्मचारी 11 के. वी. के करंट की चपेट में आ गया। बताया PSPCL जा रहा है कि हादसे के बाद सभी घबरा गए और तुरंत प्रभाव से घायल को बत्तरा अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां से जवाब मिलने के बाद जोशो अस्पताल लेकर जाया गया। जोशी से डी.एम.सी. लुधियाना रैफर कर दिया गया और इस समय कर्मचारी लुधियाना में उपचार करवा रहा है।

    पी.एंड.एम. के सर्कल हैड इंजी. योगेश कपूर ने कहा कि इस संबंधी जांच करवाई जा रही है रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक लापरवाही होने की बात सामने आ रही है, क्योंकि घटना वाली जगह पर कोई चेतावनी बोर्ड इत्यादि नहीं लगा था। फिर भी वरिष्ठ एक्सियन से जांच करवाई जा रही है। वहीं, पीड़ित को मुआवजा देने संबंधी भी विभाग कार्रवाई शुरू कर चुका है।

    उक्त कर्मचारी कपूरथला में तैनात था या जालंधर में उसकी ड्यूटी थी, इस बात पर संशय बना हुआ है। सूत्रों का कहना है कि सन्नी की कपूरथला में ड्यूटी थी, लेकिन उससे जालंधर में काम करवाया जा रहा था जोकि गलत था। हालांकि इस संबंधी विभागीय अधिकारियों अधि का कहना था कि मैंटेनेंस टीम से किसी भी जगह पर काम करवाया जा सकता है। लेकिन कपूरथला में ड्यूटी होना और जालंधर में काम करवाया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।

  • बॉलीवुड को 3 दशक में ढेरों सुपरहिट देने वाले दिग्गज अभिनेता का हुआ निधन

    बॉलीवुड को 3 दशक में ढेरों सुपरहिट देने वाले दिग्गज अभिनेता का हुआ निधन

    मुबंईः फिल्मी गलियारों से एक बुरी खबर सामने आ रही है। सिनेमा जगत को तीन दशक में ढेरों सुपरहिट देने वाले दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहे।भारत कुमार कहे जाने वाले मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। इस खबर के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। दोपहर बाद विशाल टॉवर, जुहू में उनके अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे। कल सुबह पवन हंस श्मशान घाट, जुहू में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

    उन्होंने जब तक बड़े पर्दे पर काम किया, तब तक उन्हें जनता के दिलों पर राज किया है। उनका जाना वाकई एक बड़ी क्षति है। उन्होंने भले ही दो दशक पहले आखिरी फिल्म की हो, लेकिन उनकी फिल्मों का असर हमेशा दर्शकों पर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनोज कुमार का निधन शुक्रवार की सुबह हुआ है। उन्हें हार्ट से रिलेटेड कॉम्प्लीकेशंस की वजह से कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

    अस्पताल द्वारा जारी किए गए मेडिकल सर्टिफिकेट के मुताबिक, निधन का दूसरा कारण डीकंपेंसेटेड लिवर सिरोसिस है। मनोज कुमार के निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। फैंस के साथ-साथ सेलिब्रिटीज भी दुख जाहिर कर रहे हैं। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने भी दिग्गज अभिनेता के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, “मनोज कुमार जी, जो दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित थे और हमारी प्रेरणा थे, अब हमारे बीच नहीं रहे। यह फिल्म उद्योग के लिए बहुत बड़ी क्षति है और पूरी इंडस्ट्री उन्हें याद करेगी।”

  • आज का राशिफल, 4 अप्रैल 2025

    आज का राशिफल, 4 अप्रैल 2025

    4 अप्रैल दिन शुक्रवार का राशिफल बता रहा है कि आज का दिन मेष, मिथुन और तुला राशि के जातकों के लिए लाभदायक और शुभ है। आज चंद्रमा का गोचर दिन रात बुध की राशि मिथुन में आर्द्रा नक्षत्र से हो रहा है। चंद्रमा के इस गोचर से आज कई शुभ योग बने हैं। चंद्रमा से दशम भाव में शुक्र और बुध की युति होने से आज लक्ष्मी नारायण योग बन रहा है जबकि आज चंद्राधि योग भी प्रभाव में है। ऐसे में आज का दिन मेष से लेकर मीन तक सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा। जानें आज का राशिफल।

    ​मेष राशिः मेष राशि के लोगों को आज अपने कार्यक्षेत्र में मेहनत से बढ़कर लाभ मिलने वाला है। कुछ नए अवसर मिलने से भी आपको आज खुशी होगी। कारोबार में आज का दिन धन लाभ दिलाने वाला रहेगा। कोई कानूनी मामला चल रहा है तो आज इसमें आपको सफलता मिलेगी। पारिवारिक जीवन भी आपका आज सुखद रहेगा। छोटे भाई बहनों से सहयोग मिल पाएगा। आप अपनी बातों और व्यवहार से भी आज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम प्राप्त करेंगे।

    वृष राशिः आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। कुछ दिनों से चल रही पारिवारिक समस्याएं समाप्त होंगी। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए दिन फेवरेबल रहेगा। महिलाओं के लिए दिन शानदार रहेगा। बिजनेसमैन आज जरूरी मीटिंग अटेंड कर सकते हैं। आज किसी से लिए उधार से छुटकारा मिलेगा। मां कालरात्रि की कृपा से ऑफिस में सबके साथ सामंजस्य बिठाने में आप सफल रहेंगे। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। देवी मां को वस्त्र भेंट करें, सब लोग आपसे प्रसन्न रहेंगे।

    मिथुन राशिः आज का दिन उत्तम रहने वाला है। छात्रों के लिए आज का दिन करियर में नया बदलाव लाएगा। आज नवरात्र के सातवें दिन माँ कालरात्रि आपके परिवार में सुख-शांति बनाये रखेगी। आज बिजनेस में आपको बड़ा धन लाभ होगा। राइटर आज नई स्टोरी लिख सकते हैं, जिसे लोगों द्वारा खूब पसंद किया जाएगा। परिवार में नए सदस्य के जुड़ने से सभी लोग बहुत प्रसन्न होंगे। माँ कालरात्रि के मन्त्रों का जप करें, समस्याओं से मुक्ति मिलेगी।

    कर्क राशिः आज आपका दिन बेहतर रहने वाला है। अगर किसी बिजनेस ट्रिप के लिए आप बाहर जा रहे हैं, तो घर के बड़े-बुजुर्ग का आशीर्वाद लेकर जाएं, आपका काम सफल होगा। आज आपके जीवनसाथी को तरक्की का अच्छा अवसर मिलेगा। ट्रांसपोर्ट का बिज़नस कर रहे कारोबारियों को आज फायदा होगा। आज अपनी सेहत का खास ख्याल रखे। दुर्गा माँ को गुड़ से बनी चीजों का भोग लगायें, रुके हुए कार्यों में सफलता मिलेगी।

    सिंह राशिः आज आपका दिन खास रहने वाला है। आपका ध्यान काम को पूरा करने में लगा रहेगा। ऑफिस में किसी काम को लेकर विचार-विमर्श करना पड़ सकता है। शत्रुपक्ष आपकी योजनाओं से ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। इस राशि के जो लोग अपना बिजनेस करते हैं, उन्हें मुनाफा मिलने की संभावना है। आज आप सोच-विचार में रहेंगे, लेकिन जल्द ही सब ठीक हो जाएगा। माता को लाल चुनरी चढ़ाएं, विवाह में आ रही समस्याएं दूर होंगी।

    कन्या राशिः आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आप परिवार वालों के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करेंगे, साथ ही जीवनसाथी के साथ आपकी लंबी बातचीत हो सकती है, इससे आपके रिश्ते बेहतर होंगे। दोस्तों के साथ घर पर ही मूवी देखने का प्लानिंग कर सकते हैं। आपकी मुलाकात किसी ऐसे व्यक्ति से होगी, जिससे आपको भविष्य में फायदा हो सकता है। किसी खास काम में आपको सफलता मिलेगी साथ ही साथ आपके मन में नए-नए विचार आएंगे। माता को लौंग अर्पित करें, पदोन्नति के अवसर प्राप्त होंगे।

    तुला राशिः आज आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। एकाग्र मन से किया गया काम लाभदायक साबित होगा। लवमेट के लिए आज का दिन बढ़िया है। साथ ही किसी अच्छे रेस्टोरेन्ट में लंच के लिए जाएंगे। किसी जिम्मेदारी को अनदेखा करने से आपको बचना चाहिए। आज आपकी सेहत ठीक-ठाक रहेगी। छात्रों के लिए आज का दिन बढ़िया रहने वाला है। आप कम से कम समय में काम निपटाने की कोशिश करेंगे। दुर्गा मंदिर में फल अर्पित करें, आपको अपनी मेहनत का फल जरूर मिलेगा।

    वृश्चिक राशिः आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आज आप किसी बात को लेकर थोड़ा उलझन में रहेंगे, जिसे आप अपने किसी ख़ास मित्र से शेयर करेंगे। परिवार वालों के साथ बाहर मूवी का प्लान बन सकता है। दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाएंगे जहां बाकी दोस्तों के साथ एंजॉय करने का मौका मिलेगा। आज नई स्किल सीख सकते है, जिसका लाभ आपको भविष्य में जरूर मिलेगा। दोस्तों की मदद से आपकी इच्छा पूरी होगी। मां दुर्गा को मिश्री का भोग लगाएं, घर में शांति का माहौल रहेगा।

    धनु राशिः आज का दिन आपके लिए ठीक रहने वाला है। आपका अच्छा व्यवहार समाज में अलग पहचान बनाने में मदद करेगा। घर पर फ्लोवर डेकोरेशन का काम करवा सकते हैं। कॉन्ट्रेक्टर्स के लिए आज का दिन धनलाभ देने वाला है। आज अपने डेली रूटीन में आप कुछ बदलाव कर सकते हैं। किसी काम को करने का नया तरीका बिजनेस में फायदा करायेगा। राजनीति में आपके अच्छे कार्यों की तारीफ होगी। मां दुर्गा को खोये का भोग लगाएं, जीवन में खुशियां बनी रहेंगी।

    मकर राशिः आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए आपको नए अवसर मिलेंगे। किसी को उधार दिया हुआ पैसा आज आपको अचानक वापस मिल सकता है। व्यापार में किसी व्यक्ति से फायदा मिलने की उम्मीद बढ़ेगी। भाई-बहनों से आपको पूरा-पूरा सहयोग मिलेगा। आज घर में कोई फंक्शन होने से आपके शेड्यूल में बदलाव आ सकता है। आज नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि को हाथ जोड़कर प्रणाम करें, आपके साथ सब अच्छा रहेगा।

    कुंभ राशिः आज आपका दिन आपके अनुकूल रहेगा। इस राशि के स्टूडेंट्स का दिन राहत भरा होगा नया शेड्यूल बनाने का विचार कर सकते हैं। आज ऑफिस में फोन का इस्तेमाल कम से कम करेंगे और अपने काम पर पूरा फोकस करेंगे। पैसों के मामलों में लोगों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने से बचना चाहिए। किसी को उधार पैसा देने में सोच-विचार करना बेहतर रहेगा। आज आपको खुद को साबित करने के कई मौके मिलेंगे। मां दुर्गा को इलायची अर्पित करें, कारोबार में बरकत होगी।

    मीन राशिः आज आपको अचानक नए स्रोतों से धन मिलेगा, जो आपके दिन को खुशनुमा बना देगा। सामाजिक कामों में आपकी रुचि बढ़ सकती है। आपको जीवनसाथी से काम में पूरा-पूरा सहयोग मिलेगा। व्यापार में साझेदारी से आपको लाभ हो सकता है। आप चीज़ों को बेहतर ढंग से समझने की कोशिश करेंगे। परिवार में सदस्यों के साथ रिश्ते में सुधार होगा, जिससे आपके रिश्तों में मधुरता बरकरार रहेगी। स्वास्थ्य आज पहले से काफी अच्छा रहेगा। माता का आशीर्वाद लें, तरक्की के नए रास्ते मिलेंगे।

  • Punjab News: ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही से लोग हुए परेशान, देखें वीडियो

    Punjab News: ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही से लोग हुए परेशान, देखें वीडियो

    मोगा: शहर में ट्रैफिक की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों को भारी दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजार अकालसर रोड और बस स्टैंड जैसी जगहों पर दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। शहरवासियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में 30 मिनट से 1 घंटे तक का समय लग रहा है, जिससे शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई है।

    यह समस्या केवल मुख्य बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि गांधी रोड, अमृतसर रोड, लुधियाना रोड, फिरोजपुर रोड, चौक सेखां और रेलवे रोड जैसी अन्य प्रमुख सड़कों पर भी जाम की स्थिति बनी रहती है। जब इन सड़कों की स्थिति का जायजा लिया गया, तो हर तरफ लगे जाम ने ट्रैफिक पुलिस के दावों की पोल खोल दी।

    हैरानी की बात यह है कि ट्रैफिक पुलिस समस्या के समाधान की बजाय केवल चालान काटने पर जोर दे रही है। आए दिन पुलिस द्वारा जारी बयानों में बताया जाता है कि कितने चालान काटे गए, लेकिन वास्तविकता यह है कि शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई है।

    ट्रैफिक इंचार्ज हरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में जिले का चार्ज संभाला है। बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म लगे वाहनों और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा, तेज आवाज में पटाखे बजाने वाले बुलेट चालकों के भी चालान किए गए हैं। शहर में ई-रिक्शा की संख्या काफी अधिक हो गई है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या गंभीर हो रही है। इस मुद्दे को लेकर उच्च अधिकारियों से बातचीत कर कार्रवाई की जाएगी।

  • Punjab News: महिला के नहर में गिरने से मौत की गुत्थी सुलझी, देखें वीडियो

    Punjab News: महिला के नहर में गिरने से मौत की गुत्थी सुलझी, देखें वीडियो

    बच्चा न होने पर सास और पति ने रची झूठी कहानी

    गुरदासपुर: बब्बेहाली नहर के पुल पर 28 मार्च शुक्रवार को छिना गांव की नहर में डूबी महिला के मौत के मामले में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मृतक महिला के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।

    इस मामले में जानकारी देते हुए DSP मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी महिला द्वारा अपनी बहु के साथ लूट की कहानी बनाई गई थी। महिला रूपिंदर कौर ने अपने बेटे आकाशदीप के साथ मिलकर बहु को नहर में धक्का दे दिया था। जिसका कारण मृतका के बच्चा न होना और मायके परिवार से दहेज की मांग सामने आया है ।

    मृतका की मां अमनप्रीत और गांव के सरपंच गुरप्रीत सिंह ने कहा कि उन्हें पहले ही शक था कि लड़की को नहर में धक्का दिया गया है। जिसमे ससुराल पक्ष का हाथ हो सकता है। ससुराल वाले बेटी को बार-बार बच्चा न होने के ताने मारते रहते थे, जबकि शादी को महज 16 महीने ही हुए थे। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।

  • Punjab News: Sub-Inspector और उसका साथी 20,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार

    Punjab News: Sub-Inspector और उसका साथी 20,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार

    चंडीगढ़: पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने सब-इंस्पेक्टर और उसके साथी प्राइवेट ऑपरेटर को 20,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान केंद्रीय जेल फिरोजपुर में तैनात पुलिस चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर सरवन सिंह और उसके साथी प्रदीप सिंह (प्राइवेट ऑपरेटर) के रूप में हुई है।

    जानकारी देते हुए राज्य विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि इन दोनों आरोपियों के खिलाफ कुलदीप सिंह, निवासी मथेरे गांव, जिला फिरोजपुर की शिकायत के बाद केस दर्ज किया गया है। सब-इंस्पेक्टर ने उसके भाई के खिलाफ दर्ज मामले में शिकायतकर्ता की मदद करने के लिए 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी और अपने प्राइवेट ऑपरेटर प्रदीप सिंह के जरिए मौके पर ही 20,000 रुपये ले लिए थे।

    जब आरोपी ने बाकी रकम की मांग की, तो शिकायतकर्ता ने उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर ली। दोनों आरोपियों के खिलाफ पी.सी. (संशोधन) मुताबिक संधोधित एक्ट 2018 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत फिरोजपुर के वी.बी. रेंज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।