Home Government News>Punjab Govt खुरालगढ़ बनेगा आस्था का केंद्र, पूरे वर्ष चलेंगे श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के कार्यक्रम

खुरालगढ़ बनेगा आस्था का केंद्र, पूरे वर्ष चलेंगे श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के कार्यक्रम

0
खुरालगढ़ बनेगा आस्था का केंद्र, पूरे वर्ष चलेंगे श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के कार्यक्रम

चंडीगढ़: पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व बड़े स्तर पर और पूरे श्रद्धा भाव के साथ मनाएगी। यह वर्षभर चलने वाले आयोजन संतों, महापुरुषों और धार्मिक संप्रदायों की अगुवाई में होंगे। समारोहों की शुरुआत 4 फरवरी 2026 को खुरालगढ़ साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ से होगी और इनका समापन फरवरी 2027 में किया जाएगा। नवंबर 2026 में खुरालगढ़ साहिब में कथा-कीर्तन दरबार एवं बेगमपुरा समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश की प्रमुख धार्मिक और सामाजिक हस्तियां भाग लेंगी।

इस संबंध में कैबिनेट सब-कमेटी के अध्यक्ष एवं वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक, तरुणप्रीत सिंह सोंध, डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रोड़ी, सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली, पर्यटन सचिव कुमार अमित और पर्यटन निदेशक डॉ. संजीव तिवाड़ी सहित कई संत-महापुरुष, विद्वान और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बैठक में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा समिति के समक्ष रखी गई।

बैठक के दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और यात्राओं से जुड़े कार्यक्रम फरवरी 2026 से फरवरी 2027 तक पंजाब के गांव-गांव आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत सेमिनार, कार्यशालाएं, विशेष कीर्तन समागम, तीर्थ यात्राएं, स्कूल स्तरीय प्रतियोगिताएं, डॉक्यूमेंट्री और ड्रोन शो, रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान, मैराथन, शोभा यात्राएं और साइकिल रैलियां आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि चार प्रमुख शोभा यात्राएं विभिन्न शहरों से खुरालगढ़ साहिब तक निकाली जाएंगी, साथ ही एक विशेष लोगो और श्री गुरु रविदास जी की स्मृति में स्मारक सिक्का भी जारी किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here