Home Haryana Lift मांग कर लोगों को लूटने वाली महिला साथी सहित गिरफ्तार, इस आदत ने बनाया अपराधी

Lift मांग कर लोगों को लूटने वाली महिला साथी सहित गिरफ्तार, इस आदत ने बनाया अपराधी

0
Lift मांग कर लोगों को लूटने वाली महिला साथी सहित गिरफ्तार, इस आदत ने बनाया अपराधी

हिसारः लिफ्ट मांगकर लोगों को जाल में फंसाने और छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर डराने के बाद स्नैचिंग करने वाली महिला और उसके साथी को सीआईए-1 और पीएलए चौकी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने शहर में लगातार दो वारदातों को अंजाम दिया था और तीसरी वारदात की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजली निवासी धोला कुआं, चारकुटुंब गेट हांसी (हाल किरायेदार) और नितेश निवासी आजाद नगर हिसार के रूप में हुई है।

जानकारी मुताबिक, सबसे पहले आरोपियों ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कैंप चौक के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति को निशाना बनाया जो अपनी स्कूटी पर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। रास्ते में महिला ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर उससे लिफ्ट मांगी। बुजुर्ग ने मानवता के नाते उसे स्कूटी पर बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद महिला ने स्कूटी रुकवाई और अचानक बुजुर्ग पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाने लगी। उसने पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी और मौका पाकर बुजुर्ग का बैग छीनकर फरार हो गई। बैग में नकदी और जरूरी दस्तावेज थे।

इसी तरह दूसरी वारदात अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में हुई। यहां भी उसी महिला ने इसी तरीके से एक व्यक्ति को निशाना बनाकर स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया। लगातार दो घटनाओं की सूचना मिलते ही सीआईए-1 और पीएलए चौकी की टीम सक्रिय हो गई।

पुलिस ने दोनों घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध महिला की पहचान की। गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि महिला अपने साथी के साथ बरवाला चुंगी के पास न्यू पुलिस लाइन क्षेत्र में तीसरी वारदात की फिराक में घूम रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में गश्त बढ़ाई और संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दोनों को काबू कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला राह चलते लोगों से लिफ्ट मांगती थी और थोड़ी दूरी पर जाकर वाहन रुकवाकर चालक को छेड़छाड़ के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी देती थी। इसी दौरान वह उनका सामान और नकदी छीन लेती थी। वारदात के समय उसका साथी कुछ दूरी पर खड़ा रहता था और घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो जाते थे।

आरोपियों ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि क्या उन्होंने पहले भी ऐसी घटनाएं की हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here