Home Haryana कुएं में हाथ-पैर बांध युवक को उल्टा लटकाया, वीडियो वायरल पर पुलिस ने ढूंढा, देखें वीडियो

कुएं में हाथ-पैर बांध युवक को उल्टा लटकाया, वीडियो वायरल पर पुलिस ने ढूंढा, देखें वीडियो

0
कुएं में हाथ-पैर बांध युवक को उल्टा लटकाया, वीडियो वायरल पर पुलिस ने ढूंढा, देखें वीडियो

हांसीः हरियाणा के हांसी में चोरी के शक में हाथ-पांव बांधकर कुएं में उल्टा लटकाए युवक का वीडियो वायरल सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन मोड में आई और युवक को ढूंढ निकाला। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवक का नाम बारूराम है, जो हांसी जिले के सोरखी गांव का रहने वाला है और पुलिस द्वारा उसका मेडिकल परीक्षण कराया। युवक ने बताया कि वह रास्ते में टायलेट करने के लिए रुका था। गांव के कुछ युवकों ने उसे “चोर-चोर” कहकर पकड़ लिया। बाद में मोटर चोरी का आरोप लगाते हुए उसे टॉर्चर किया गया। बारूराम के अनुसार, इसके बाद अन्य युवकों को भी मौके पर बुला लिया गया और उसके साथ जमकर मारपीट की गई। युवकों ने चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसके हाथ-पैर बांधकर उसे कुएं में उल्टा लटका दिया और काफी देर तक प्रताड़ित किया। बाद में उसे डायल-112 पुलिस टीम के हवाले कर दिया गया, जो उसे चौकी ले गई। पूछताछ के बाद शाम को उसे छोड़ दिया गया था।

उधर, सोरखी चौकी इंचार्ज इंस्पेक्टर पवित्र कुमार ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया। घटना की पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली थी। मगर, पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की है। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट और पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बारूराम ने बताया कि वह स्टील की ग्रिल और गेट बनाने का काम करता है। बताया कि यह घटना 1 जून को हुई थी, जब वह अपने एक परिचित के साथ भाटोल गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में टायलेट करने के लिए रुकने पर गांव के कुछ युवकों ने उसे “चोर-चोर” कहकर पकड़ लिया।

घटना का वीडियो अब पुलिस जांच का अहम आधार बन गया है। वीडियो में युवक के साथ की गई मारपीट और अमानवीय व्यवहार साफ दिखाई दे रहा है। सोरखी चौकी इंचार्ज इंस्पेक्टर पवित्र कुमार का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी हुई है और पीड़ित के बयानों के आधार पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वहीं, गांव सोरखी के ग्रामीणों ने बताया कि उनके क्षेत्र में पानी की मोटरें लगातार चोरी हो रही हैं। गांव में एक सप्ताह के अंदर ही 10 से ज्यादा पानी की मोटरें चोरी हो चुकी हैं। इसको लेकर ग्रामीण शुरू से ही नजर रख रहे थे। युवक को पानी की मोटर चुराते हुए रंगें हाथों पकड़ा था, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा उस पर भड़क गया। यह युवक चोरी की गईं मोटरें कबाड़ी को जाकर सस्ते दाम पर बेच देता था। उधर, गांव के सरपंच रामचंद्र का कहना है कि युवक अनुसूचित जाति से संबंध रखता है। वह चोरी और नशा करता है। ग्रामीणों ने इसे मौके पर पकड़ लिया था। मगर, इसे गलत तरीके से मारा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here