Blog

  • आंगनवाड़ी केन्द्रों के जरिए लोगों को मताधिकार को लेकर किया जागरूक

    जिले के 355 आंगनवाड़ी केन्द्रों में हुए जागरूकता कार्यक्रम

    ऊना/ सुशील पंडित: लोकसभा चुनाव में जन भागीदारी बढ़ाने तथा मत प्रतिशत में बढ़ोतरी के मकसद से ऊना जिला प्रशासन लोगों को मताधिकार के प्रयोग को लेकर जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने में जुटा है। इसमें सभी विभागों का सहयोग भी लिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बाल-विकास परियोजना ऊना के अधीन कार्यरत 355 आंगनवाड़ी केन्द्रों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम किए गए।


    इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लोगों को मताधिकार के महत्व तथा प्रयोग को लेकर जागरूक किया।
    इस अवसर पर उन्होंने लोगों को यह भी जानकारी दी कि चुनाव आयोग ने दिव्यांगजनों और 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा का विकल्प दिया है। इसके लिए उन्हें फॉर्म-12डी भरना होगा। यह फॉर्म बीएलओ घर घर उपलब्ध कराएंगे।

    डीसी बोले…मताधिकार के प्रयोग से मजबूत होता है लोकतंत्र

    वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी जतिन लाल ने कहा कि ऊना जिला प्रशासन शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने इसमें सभी से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मताधिकार के प्रयोग से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। सभी मतदाता निर्भीकता से चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
  • रक्कड़ कॉलोनीः महिला को छेड़ा, मामला दर्ज

    ऊना/ सुशील पंडित: ऊना के रक्कड़ कॉलोनी में कैरियर होप इंस्टिट्यूट की एक महिला कर्मचारी ने अपने ही सहकर्मी पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कांगड़ा के गरली गांव की 18 वर्षीय महिला कर्मी ने महिला थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि कैरियर होप इंस्टिट्यूट में काम करने वाले विक्रम ने मंगलवार को जबरदस्ती उसे चूम लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354-ए और 506 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 
  • रास्ता रोककर युवक से मारपीट

    ऊना/ सुशील पंडित: बाबा डेरा के रहने वाले एक युवक के साथ मारपीट का एक मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नारी गांव के रहने वाले साहिल चौधरी पुत्र अशोक कुमार ने सदर थाने में दी शिकायत में दावा किया है कि मंगलवार को जिस समय वह बाबा डेरा से अपने घर वापस जा रहा था तब बसाल के तीन युवकों ने उसके ऊपर हमला कर दिया।

    साहिल ने आरोप लगाया है कि विशाल, करण और अभि ने पहले उसका रास्ता रोका फिर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 323, 504, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज करते हुए आगामी जांच शुरू कर दी है। 
  • बाइक की टक्कर से साइकिल सवार घायल

    ऊना/ सुशील पंडित: मैहतपुर में मंगलवार को बाइक की टक्कर से एक साइकिल सवार घायल हो गया। मैहतपुर थाने में दर्ज शिकायत में भटोली गांव के वार्ड नंबर चार निवासी स्तनजीव पुत्र हंसराज ने बसदेहड़ा गांव के रिशु पुत्र सुरिंदर पर आरोप लगाया है कि मंगलवार को जिस समय वह साइकिल पर मैहतपुर से अपने घर वापस जा रहा था। तब रिशु ने अपनी मोटरसाइकिल से उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से स्तनजीव घायल हो गया। मैहतपुर पुलिस ने रिशु के विरुद्ध लापरवाही से गाड़ी चलाने पर मामला दर्ज कर लिया है।
  • मैड़ीः मेले में खोखा लगा रही महिला से मारपीट

    ऊना/ सुशील पंडित: मैड़ी मेले में अस्थायी दुकान (खोखा) लगा रही एक महिला पर मंगलवार को चार लोगों द्वारा हमला कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता बेबी पत्नी अजय कुमार वासी मैड़ी ने आरोप लगाया है कि मंगलवार को वह मेले में अस्थायी दुकान लगा रही थी। तभी मैड़ी के ही रहने वाले अभिषेक सिंह, रिमी सिंह, महावीर सिंह और सनम कौर ने उसके साथ मारपीट की। अम्ब पुलिस ने महिला की मेडिकल रिपोर्ट आने के उपरांत मारपीट करने वाले लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। 
  • मैहतपुरः चिट्टे के साथ एक युवक पकड़ा

    ऊना/ सुशील पंडित: मैहतपुर पुलिस ने मंगलवार को रूपनगर पंजाब के रहने वाले एक युवक को चिट्टे के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोपड़ के कलसेहड़ा गांव के रहने वाले शुभम बाली पुत्र पवन कुमार की जब शक की बिनाह पर तालाशी ली गई तो उसके पास 2.50 ग्राम चिट्टा (हैरोईन) पाया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
  • ऊनाः मंगलवार को जिला में 188 वाहनों के चालान कटे

    ऊना/ सुशील पंडित: ऊना पुलिस ने जिला के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को यातायात के नियम तोड़ने वाले 188 वाहनों के चालान किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन 188 वाहनों के चालकों में से कुछ ने मौके पर ही चालान का भुगतान कर दिया। जिसमें पुलिस को जुर्माने के रूप में 36100 रूपए प्राप्त हुए हैं। पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में सात ऐसे लोगों के भी चालान किए हैं जो खुले में धुम्रपान करते हुए पाए गए थे।
  • पंजोआ में सड़क हादसा, चार लोग घायल

    ऊना/ सुशील पंडित: अम्ब तहसील के पंजोआ गांव में एक अनियंत्रित कार पलट गई जिससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक परिवार पालमपुर से चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। कार चालक रजत कुमार ने पंजोआ के पास वाहन का नियंत्रण खो दिया और कार पलट गई। हादसे में ड्राइवर रजत कुमार पुत्र धर्मपाल निवासी कालका, सुनील गुप्ता पुत्र राजिंद्र प्रसाद गुप्ता, ऊषा देवी पत्नी सुनील गुप्ता निवासी पंचकूला घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाना शुरू कर दिया है।
  • ‘डीआईएसई’ सॉफ्टवेयर में डाटा एंट्री को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला 21 को

    ऊना/ सुशील पंडित:  लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन आयोग के ‘नेक्स्ट जेन डीआईएसई’ सॉफ्टवेयर में चुनावी कर्मियों की डाटा एंट्री को लेकर 21 मार्च को प्रशिक्षण कार्यशाला रखी गई है। यह कार्यशाला डीआरडीए सभागार ऊना में प्रातः 11 बजे आरंभ होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों से कार्यशाला में भाग लेने तथा अपने कार्यालयों के प्राधिकृत आईटी कर्मियों को कार्यशाला में उपस्थित रहने के निर्देश देने को कहा है।

    क्या है नेक्स्ट जेन ‘डीआईएसई’ साफ्टवेयर

    चुनावों में कर्मचारियों की डियूटी लगाने की प्रक्रिया को आसान तथा पारदर्शी बनाने के लिए चुनाव आयोग ने ‘नेक्स्ट जेनरेशन डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर इलेक्शन’ सॉफ्टवेयर तैयार किया है। इसमें कर्मचारियों का डाटा फीड किया जाएगा। मतदान केंद्रों में कर्मचारियों की डियूटी इसी ‘डीआईएसई’ सॉफ्टवेयर के माध्यम से लगाई जाएगी।
  • जालंधर : संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौ+त 

    जालंधर, ENS: भोगपुर में व्यक्ति ने फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली है। मृतक की पहचान प्रदीप सिंह पुत्र गुलजार सिंह के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी जसपाल सिंह ने बताया कि उन्हें गांव वासियों ने घर में व्यक्ति द्वारा खुदकुशी करने की सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने शव को कब्जे में लेकर जालंधर के सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएंगी।