Blog

  • Haryana News: यात्रियों से भरी Roadways Bus खाई में खिसकी, ड्राइवर की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, देखें वीडियो

    Haryana News: यात्रियों से भरी Roadways Bus खाई में खिसकी, ड्राइवर की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, देखें वीडियो

    पंचकूलाः जिले के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में गांव थाना के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते–होते टल गया। जानकारी के अनुसार, हरियाणा रोडवेज की एक बस मोड़ लेते समय अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई की ओर खिसक गई। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई भी घायल नहीं हुआ।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही मोड़ पर पहुंची, उसका एक्सल टूट गया, जिससे चालक वाहन को संतुलित नहीं रख पाया और बस सड़क से नीचे फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कई घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से बस को खाई से बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बस का एक्सल अचानक कैसे टूटा। वहीं ड्राइवर की सतर्कता की भी लोग तारीफ कर रहे हैं जिसने समय रहते बस को थोड़ा कंट्रोल कर लिया।

    ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग पहाड़ी और संकरा होने के कारण वाहन चालकों को भारी सावधानी बरतनी पड़ती है। हालांकि, समय रहते बस रुक जाने और यात्रियों के सतर्क रहने से एक बड़ी घटना टल गई।

  • रेलवे ने लिया बड़ा फैसला, अब OTP आने पर कंफर्म होगी तत्काल टिकट की बुकिंग

    रेलवे ने लिया बड़ा फैसला, अब OTP आने पर कंफर्म होगी तत्काल टिकट की बुकिंग

    नई दिल्ली: रेलवे ने विंडो तत्काल टिकट बुकिंग को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के अंतर्गत बुकिंग के दौरान यात्री के पास ओटीपी आएगा। इस ओटीपी के आने के बाद टिकट की बुकिंग की जाएगी। अगले कुछ दिनों में पूरे देश में चलने वाली सभी ट्रेनों में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। रेलवे के अनुसार, अगले कुछ दिनों में सभी तत्काल काउंटर टिकटों के लिए ओटीपी आधारित सिस्टम लागू होगा।

    आम यात्रियों की बढ़ेगी सुविधा

    इस कदम का उद्देश्य तत्काल सुविधा का गलत इस्तेमाल और दलालों पर लगाम लगाकर यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध करवाना है। रेलवे ने आम यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए ओटीपी आधारित तत्काल रिजर्वेशन सिस्टम का प्रस्ताव रखा है। सबसे पहले जुलाई 2025 में ऑनलाइन तत्काल टिकटों के लिए आधार आधारित प्रमाणीकरण शुरु किया गया। इसके बाद अक्टूबर 2025 में सभी जनरल रिजर्वेशन की फर्स्ट डे बुकिंग के लिए ओटीपी आधारित ऑनलाइन सिस्टम लागू हुआ है। दोनों सिस्टम यात्रियों के द्वारा सफलतापूर्वक अपनाए गए और इससे रिजर्वेशन की प्रक्रिया में भी आसानी होगी।

    ऐसे काम करेगी यह स्कीम

    रेलवे से 17 नवंबर 2025 को रिजर्वेशन काउंटरों से बुक होने वाली तत्काल टिकटों के लिए ओटीपी आधारित प्रणाली का पायलट प्रोजेक्ट शुरु किया। अभी यह व्यवस्था सिर्फ 52 ट्रेनों में विस्तारित की जा चुकी है। इस सिस्टम के अंतर्गत जब यात्री रिजर्वेशन फॉर्म भरकर तत्काल टिकट बुक करेंगे तो जो उन्होंने मोबाइल नंबर दिया होगा उस पर एक ओटीपी आएगा। इसमें यात्रियों की टिकट तभी सुनिश्चित होगी जब ओटोपी लग जाएगा।

    यात्रियों को मिलेगी अच्छी सुविधा

    आने वाले दिनों में अब यह ओटीपी आधारित तत्काल रिजर्वेशन सिस्टम बाकी ट्रेनों पर भी लागू कर दिया जाएगा। यह कदम रेलवे टिकटिंग में पारदर्शिता, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक जरुरी कदम साबित होगा।  
  • Jalandhar News: नगर निगम में तीसरे दिन कर्मियों का प्रदर्शन, कामकाज किया ठप्प, देखें वीडियो

    Jalandhar News: नगर निगम में तीसरे दिन कर्मियों का प्रदर्शन, कामकाज किया ठप्प, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: नगर निगम मुलाजिमों का विरोध प्रदर्शन तीसरे दिन भी नहीं थमा। मुलाजिमों ने 1132 कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट को लगातार तीसरे दिन भी बंद रखा गया है। इस दौरान सफाई व्यवस्था से जुड़ी मशीनरी और वाहन भी कार्यालय परिसर में खड़े दिखे। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है, तो धरना इसी तरह जारी रहेगा।

    धरने के चलते निगम कार्यालय में कामकाज ठप हो गया है। कार्यालय परिसर में जेसीबी मशीनें, कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां और अन्य बसें खड़ी कर दी गई हैं, जिससे सफाई व्यवस्था काफी प्रभावित हुई है। मुलाजिमों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि मौजूदा नीतियों के कारण युवाओं को बेरोज़गारी की ओर धकेला जा रहा है। नगर निगम के प्रधान मट्टू की अगुआई में मुलाजिमों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

    इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि जब तक कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, धरना समाप्त नहीं होगा। कर्मचारियों के इस विरोध प्रदर्शन के कारण शहर की सफाई और अन्य जरूरी सेवाओं पर असर पड़ने लगा है। वहीं, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपनी हक़ की लड़ाई लड़ रहे हैं और सरकार को कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए।

  • Jalandhar News: Mehr Chand Polytechnic College के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ISTE नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित

    Jalandhar News: Mehr Chand Polytechnic College के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ISTE नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित

    जालंधरः मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह को बेस्ट पॉलिटेक्निक प्रिंसिपल के लिए मशहूर ISTE रंगनाथन इंजीनियरिंग कॉलेज नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह पंजाब और डिपार्टमेंट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन के लिए बहुत गर्व की बात है कि उसके एक पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल को इस नेशनल लेवल के अवॉर्ड के लिए चुना गया है। यह अवॉर्ड हर साल पूरे भारत के सभी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में से सिर्फ एक प्रिंसिपल को दिया जाता है।

    प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह को यह अवॉर्ड 29 नवंबर 2025 को श्री मनकुला विनयगर इंजीनियरिंग कॉलेज, पुडुचेरी में मिला। यह अवॉर्ड उन्हें डॉ. सत्यपाल सिंह, पूर्व यूनियन मिनिस्टर और मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर; प्रताप सिंह देसाई, प्रेसिडेंट, ISTE नई दिल्ली; एम. धनशेखरन, चेयरमैन, मनकुला विनयगर इंजीनियरिंग कॉलेज और तक्षशिला यूनिवर्सिटी के फाउंडर; प्रो. प्रकाश बाबू, वाइस-चांसलर, पांडिचेरी यूनिवर्सिटी; और कई दूसरे खास मेहमानों ने दिया।

    अवॉर्ड लेते हुए प्रिंसिपल डा. जगरूप सिंह।
    अवॉर्ड लेते हुए प्रिंसिपल डा. जगरूप सिंह।

    इस सालाना कन्वेंशन में ISTE नॉर्थ चैप्टर को कई नेशनल लेवल के अवॉर्ड मिले, जो एक बड़ी कामयाबी है। महाराजा रणजीत सिंह टेक्निकल यूनिवर्सिटी, बठिंडा के पूर्व वाइस चांसलर, डॉ. बूटा सिंह भी इस इवेंट में स्पेशल गेस्ट के तौर पर शामिल हुए।

    प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह को इस अवॉर्ड के लिए DAV मैनेजमेंट के डिप्टी प्रेसिडेंट जस्टिस एन.के. सूद; सेक्रेटरी अरविंद घई; सेक्रेटरी अजय गोस्वामी; और टेक्निकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के डायरेक्टर मुनीश कुमार ने बधाई दी। डॉ. जगरूप सिंह ने लोकल मैनेजमेंट—जस्टिस एन.के. सूद, अरविंद घई, और अजय गोस्वामी—का खास शुक्रिया अदा किया और कहा कि यह अवॉर्ड उनके सपोर्ट, आशीर्वाद और गाइडेंस की वजह से मुमकिन हुआ।

    प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने यह भी बताया कि मैकेनिकल डिपार्टमेंट की इंचार्ज रिचा अरोड़ा को भी इसी इवेंट में पंजाब स्टेट बेस्ट टीचर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। उन्होंने उन्हें भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि हालांकि मैडम रिचा कुछ वजहों से सेरेमनी में नहीं आ पाईं, लेकिन कॉलेज के आने वाले एनुअल फंक्शन में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

  • Punjab News: ट्रक और कार की टक्कर में ब्रांच मैनेजर की मौत

    Punjab News: ट्रक और कार की टक्कर में ब्रांच मैनेजर की मौत

    लुधियानाः जिले में खन्ना के जीटी रोड पर प्रिस्टिन मॉल के सामने ट्रक और कार में भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं घटना में कार सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर के पद पर तैनात था। मिली जानकारी के अनुसार ब्रांच मैनेजर चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल से अपने छोटे भाई का हालचाल पूछकर खन्ना लौट रहे था, इस दौरान जीटी रोड पर यह हादसा हो गया।

    लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मनित शर्मा निवासी राधे वाली गली, ललहेड़ी रोड खन्ना के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रिस्टिन मॉल के पास उनकी कार आगे चल रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मनित कार के अंदर ही फंस गए।

    आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत उन्हें कार से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं ट्रक चालक को काबू करने के लिए तालाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से यह हादसा हुआ है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • हाथ में केतली और ग्लास लेकर Red Carpet पर PM Modi ने बेची चाय!, AI Video से मचा बवाल

    हाथ में केतली और ग्लास लेकर Red Carpet पर PM Modi ने बेची चाय!, AI Video से मचा बवाल

    नई दिल्लीः कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया है जो चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में मोदी चाय बेचते हुए नजर आ रहे है। इसमें PM के एक हाथ में चाय की केतली है तो दूसरे हाथ में ग्लास है। इस वीडियो में मोदी‌ को जोर-जोर से ‘चाय बोलो, चाय-चाय चाहिए’ बोलते दिखाया गया है। वीडियो में पीएम रेड कारपेट पर चल रहे हैं और उनके पीछे भारत सहित कई देशों के झंडे लगे हैं। इनमें भाजपा का भी झंडा है। बताया जा रहा है कि इस AI वीडियो को कांग्रेस प्रवक्ता डॉ रागिनी नायक ने पोस्ट किया है। रागिनी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा- ‘अब ई कौन किया बे। वहीं इस वीडियो को लेकर अब तरह-तरह की बाते उठ रही हैं। कई लोग इस वीडियो को शर्मनाक बता रहे हैं। इसको लेकर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी निंदा की और इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने X पर पोस्ट में लिखा, ‘नामदार कांग्रेस ओबीसी समुदाय से आने वाले कामदार प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर सकती। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। ये कोई पहला मामला नहीं है, बिहार चुनाव के दौरान भी पीएम मोदी की मां एक एआई वीडियो को बिहार कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट किया था। इसे लेकर बिहार चुनाव में खूब हंगामा हुआ था। 10 सितंबर को 36 सेकेंड के इस AI वीडियो में PM मोदी को सपने में अपनी मां से मिलते हुए दिखाया गया था। इस वीडियो पर राज्य में बड़ा विवाद हुआ था। ये मामला कोर्ट में गया था।
  • हाईवे पर ट्रक ने बस सहित 5 वाहनों को मारी टक्कर, 4 की मौत, देखें वीडियो

    हाईवे पर ट्रक ने बस सहित 5 वाहनों को मारी टक्कर, 4 की मौत, देखें वीडियो

    कार को काटकर निकाले गए शव

    करनालः हरियाणा के करनाल में घरौंडा के पास बसताड़ा टोल प्लाजा और घरौंडा के बीच हाईवे पर बस, ट्रक सहित 5 वाहनों में भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। वहीं घटना में 4 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह घटना ट्रक चालक की वजह से हुई है। मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक रॉन्ग साइड से अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। जहां ट्रक ने सबसे पहले पंजाब रोडवेज की बस को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बस में सवारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के कंडक्टर साइड पर टक्कर लगी और कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। इस घटना के बाद ट्रक यहीं नहीं रुका। उसने आगे बढ़ते हुए दो बाइकों को टक्कर मारी और फिर एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद ट्रक सर्विस लेन की रेलिंग से टकराकर पलट गया। हादसे का दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। कार में फंसे दो लोगों को निकालने के लिए शीशा तोड़ना पड़ा, जबकि ट्रक चालक को भी बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी हाउस भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मरने वालों में 2 लोगों की पहचान हुई है। इनमें एक का नाम संजीव और दूसरे का नाम विशाल है। एक एडीसी ऑफिस में कंप्यूटर ऑपरेटर था और एक क्रीड डिपार्टमेंट में काम करता था। बाकियों की शिनाख्त होना बाकी है। लोगों का कहना है कि कार को कुचलता हुआ ट्रक सर्विस लेन की रेलिंग के पास जाकर पलट गया। कार पूरी तरह से टूट गई। ट्रक में सवार ड्राइवर को भी शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। इसके अलावा कार में 2 लोग फंसे हुए थे। जिन्हें काटकर बाहर निकाला गया।
  • Punjab News: Russian President Putin के भारत दौरे को लेकर इस Artist ने की खास तैयारी, देखें वीडियो

    Punjab News: Russian President Putin के भारत दौरे को लेकर इस Artist ने की खास तैयारी, देखें वीडियो

    अमृतसरः रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कल भारत आ रहे हैं। उनके इस दौरे को खास बनाने के लिए अमृतसर के पेंटिंग आर्टिस्ट जगजोत सिंह रूबल ने खास तैयारी की है। रूबल ने राष्ट्रपति पुतिन की सुंदर तस्वीर बनाई है। इस मौके पर जगजोत सिंह रूबल ने कहा कि इस तस्वीर को बनाने में उन्हें करीब 14 दिन लगे है। यह तस्वीर उन्होंने दिन-रात मेहनत करके तैयार की है। उन्होंने यह तस्वीर भारत और रशिया के आपसे बढ़िया संबंधों को लेकर भी बनाई है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि वह खुद उन्हें यह तस्वीर भेंट करें, लेकिन सख्त और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण वह यह तस्वीर उन्हें भेंट नहीं कर सकते हैं। वह यह तस्वीर उन्हें मॉस्को में तोहफे के तौर पर भेजेंगे।

    उन्होंने कहा कि यह तस्वीर ऐक्रेलिक रंगों से तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तस्वीर का साइज 5*7 फीट है। रूबल ने कहा कि वह दूसरे बॉलीवुड कलाकारों की भी तस्वीरें बनाकर उन्हें भेंट कर चुके हैं, चाहे वे बॉलीवुड स्टार हों या हॉलीवुड स्टार, उन्होंने तकरीबन सभी की तस्वीरें बनाई हैं।

    इसके बाद उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति और दुनिया के बड़े राजनेताओं की तस्वीरें भी बनाई हैं। आपको बता दें कि डॉ. जगजोत सिंह रूबल ने 2007 से पेंटिंग बनाना शुरू किया था। जगजोत सिंह रूबल ने 1000 से ज्यादा पेंटिंग बनाई हैं। जगजोत सिंह रूबल को कई सर्टिफिकेट और अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

  • Punjab News: Social Media पर भड़काऊ Post के मामले में अर्शदीप सिंह सैनी पर मामला दर्ज, देखें वीडियो

    Punjab News: Social Media पर भड़काऊ Post के मामले में अर्शदीप सिंह सैनी पर मामला दर्ज, देखें वीडियो

    लुधियाना: साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने सोशल मीडिया यूजर के खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली सामग्री पोस्ट करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि यह अकाउंट प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर संचालित किया जा रहा है और अर्शदीप सिंह सैनी नाम का व्यक्ति इसे @the_lama_singh नाम से चला रहा है। जांच में सामने आया है कि अर्शदीप सिंह फरवरी 2019 से इस प्लेटफॉर्म पर सक्रिय है और उसके लगभग 13,000 फॉलोअर्स हैं। साइबर क्राइम विंग द्वारा प्रारंभिक निगरानी से पता चलता है कि इस अकाउंट से अक्सर भड़काऊ, सांप्रदायिक और धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य भड़काने वाली पोस्ट बनाई और साझा की जाती थीं।

    इस अकाउंट की सामग्री, फॉलोअर्स की प्रतिक्रियाओं और साख की प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि राज्य के विभिन्न समूहों और समुदायों के बीच नफरत फैलाने की एक सुनियोजित और समर्पित रणनीति बनाई गई थी। अकाउंट की व्यापक पहुंच और सांप्रदायिक शांति पर इसकी सामग्री के संभावित प्रभाव को देखते हुए, साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दिनांक 28.11.2025 को एफआईआर संख्या 64 के रूप में मामला दर्ज किया गया है।

    पुलिस ने बताया अर्शदीप के खिलाफ चल रही जांच के निष्कर्षों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगीय़ जिसमें सांप्रदायिक सद्भाव की रक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने पर निरंतर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस गलत सूचना, अभद्र भाषा और समाज और राज्य की एकता और अखंडता को खतरा पहुंचाने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऑनलाइन माध्यमों पर नज़र रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • Punjab News: चुनाव आयोग का एक्शन, BDPO  बलजीत सिंह सोही को नोटिस जारी

    Punjab News: चुनाव आयोग का एक्शन, BDPO बलजीत सिंह सोही को नोटिस जारी

    मोहालीः पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए नामांकन दाख़िल करने का दौर चल रहा है, जो 4 दिसंबर तक जारी रहेगा। इस अवधि के दौरान चुनाव आयोग ने डेराबस्सी प्रशासन में एक महत्वपूर्ण लापरवाही पर सख़्ती दिखाई है। चुनाव आयोग ने डेराबस्सी के बीडीपीओ बलजीत सिंह सोही को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

    ਪੰਜਾਬੀ ਵਿੱਚ ਪੜ੍ਹੋ:

    ਡੇਰਾਬੱਸੀ ਦੇ ਬੀਡੀਪੀਓ ਨੂੰ ਚੋਣ ਕਮਿਸ਼ਨ ਵੱਲੋਂ ਕਾਰਨ-ਦੱਸੋ ਨੋਟਿਸ ਜ਼ਾਰੀ

    आरोप है कि नामांकन दाख़िल करने का 1 दिसंबर को पहला और बहुत महत्वपूर्ण दिन था। इस दौरान वह अपने कार्यालय में ही मौजूद नहीं थे। बीडीपीओ की गैरमौजूदगी के कारण उन उम्मीदवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा जो चुनावों के लिए आवश्यक एनओसी लेने आए थे। प्रशासनिक लापरवाही के कारण कई लोगों की फाइलें अटकी रहीं और उनकी प्रक्रिया में देरी हुई।

    मंगलवार को जिला परिषद के लिए 25 उम्मीदवारों और पंचायत समितियों के लिए 110 उम्मीदवारों ने अपने पत्र दाखिल किए। चुनाव आयोग का कहना है कि ऐसे समय में हर अधिकारी का अपनी ड्यूटी पर उपस्थित होना अनिवार्य है। नोटिस मिलने के बाद बीडीपीओ से लिखित जवाब मांगा गया है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जवाब संतोषजनक न होने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।