Home Haryana Haryana News: बीमारी से परेशान Polytechnic छात्र ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

Haryana News: बीमारी से परेशान Polytechnic छात्र ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

0
Haryana News: बीमारी से परेशान Polytechnic छात्र ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

कुरुक्षेत्रः हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पॉलिटेक्निक में पढ़ने वाले एक छात्र की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र लंबे समय से शुगर की गंभीर बीमारी से परेशान था और इसी कारण मानसिक तनाव में चल रहा था। मृतक की पहचान 20 वर्षीय तनुज पाल के रूप में हुई है, जो करनाल जिले के निगदु का रहने वाला था। तनुज नीलोखेड़ी पॉलिटेक्निक कॉलेज में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

घर से बाहर जाकर निगला जहरीला पदार्थ
परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तनुज अपने घर पर था। कुछ समय बाद वह घर से बाहर अपने बाड़े में चला गया। करीब दो घंटे बाद जब वह वापस घर लौटा तो उसने पानी पिया। इसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। परिवार को जब उसकी हालत गंभीर लगी तो वे तुरंत उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) निगदु लेकर पहुंचे।

सरकारी अस्पताल से प्राइवेट अस्पताल किया रेफर
CHC में डॉक्टरों ने तनुज की हालत गंभीर देख प्राथमिक इलाज दिया, लेकिन तबीयत में सुधार न होने पर परिजन उसे तुरंत कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान तनुज ने दम तोड़ दिया।

5 साल से शुगर की बीमारी से जूझ रहा था तनुज
परिवार ने बताया कि तनुज पिछले करीब पांच साल से शुगर की बीमारी से पीड़ित था। उसकी शुगर अक्सर काफी ज्यादा बढ़ जाती थी, जिसके चलते उसका कई अस्पतालों में इलाज भी चल रहा था। उसे बार-बार इंसुलिन के इंजेक्शन लेने पड़ते थे। लगातार बीमारी और इलाज की वजह से तनुज शारीरिक रूप से कमजोर हो गया था और मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगा था।

पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना निगदु के जांच अधिकारी एसआई पवन कुमार ने बताया कि परिवार ने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बीमारी से परेशान होकर तनुज ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। पुलिस ने परिवार के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here