Blog

  • भरवाई में शुरू हुआ तीन दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम

    भरवाई में शुरू हुआ तीन दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम

    ऊना/सुशील पंडित:  नेहरू युवा केंद्र ऊना द्वारा ब्लॉक स्तरीय तीन दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का शुभारम्भ हिमाचल प्रदेश टूरिज्म डेवलपमेंट होटल भरवाई में हुआ। इस उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का शुभारम्भ हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के निदेशक सुभाष जरियाल तथा समाजसेवी कैप्टन संजय पराशर ने दीप प्रज्वलित व वन्दे मातरम गायन के साथ किया। 

    इस अवसर पर सुभाष जरियाल ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों को लर्निंग से अर्निंग की ओर बढ़ने तथा लोगों को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करने को कहा। कैप्टन संजय पराशर ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए उन्हें जागरूक बन कर फ्रॉड से बचने व अपने धन का सार्थक निवेश करने के लिए प्रेरित किया। 

    नेहरू युवा केंद्र ऊना के जिला उपनिदेशक डॉ लाल सिंह ने बताया कि इस  प्रशिक्षण में निवेश संबंधी योजनाएं, फ्रॉड से बचने के तरीके व वित प्रबंधन विषय पर जागरूकता हेतु विभिन्न सत्र लगाए जाएंगे जिनमें अलग-अलग विषय के विशेषज्ञ प्रतिभागियों से वित्तीय प्रबंधन  पर चर्चा करेंगे और प्रतिभागियों की शंकाओं का निवारण करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिन 80 प्रतिभागी ने भाग लिया। 

    इस अवसर प्रधान अलका संधू, जिला वेलफेयर विभाग से सीमा शर्मा, नीना शर्मा, संदीप शमार्, सुमित भारद्वाज, पंजाब नेशनल बैंक से आकाश भारद्वाज, सुरिंदर कौंडल, डॉ. रमेश चंदेल, पंढरी सुरपवार, अश्विनी धीमान सहित अन्य उपस्थित रहे।

  • ऊना में आयोजित किया गया विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस जागरूकता शिविर

    ऊना में आयोजित किया गया विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस जागरूकता शिविर

    महिला एवं बाल विकास विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या ऊना में किया आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश के अंतर्गत समेकित बाल विकास परियोजना ऊना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या ऊना में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह दयाल ने की। इस शिविर में नगर परिषद अध्यक्षा पुष्पा देवी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुईं। 

    कार्यक्रम की शुरुआत में लद्दाख में बस दुर्घटना में शहीद हुए जवानों की याद में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। शिविर में आयुर्वेदिक विभाग से डॉ. जागृति दत्ता तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. मृदुल बतौर वक्ता उपास्थित हुए। उन्होंने विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के बारे में जानकारी दी तथा बच्चियों को उनके खाने-पीने तथा माहवारी के दिनों में किस चीज का ध्यान रखना चाहिए. उसके बारे में अवगत करवाया। उन्होंने पोषण पर जोर देते हुए बच्चों को समझाया कि अगर हमारा खान-पान सही रहेगा, तो बच्चों में एनीमिया की कमी दूर होगी। 

    बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप दयाल ने कहा कि सुदृढ़ नींव के लिए उचित पोषण आवश्यक होता है। कुपोषण मुक्त भारत की परिकल्पना साकार करने के लिए सभी तक उचित पोषण पहुंचाना आवश्यक है। इस दिशा में महिला एवं बाल विकास के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका अहम है। पोषण अभियान का मूल उद्देश्य किशोर, किशोरी, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित पोषण के विषय में जागरूक बनाना तथा उन्हें उचित पोषण उपलब्ध करवाना है। कुपोषण से लक्षित वर्गों को बचाने के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महिला एवं बाल विकास द्वारा आंगनवाड़ी स्तर, पर्यवेक्षक वृत्त स्तर तथा परियोजना स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से लक्षित वर्गों को पौष्टिक आहार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

    नगर परिषद ऊना की अध्यक्षा पुष्पा देवी ने अपने संबोधन में कहा कि इन कार्यक्रमों की सफलता के लिए जहां जन-जन का सहयोग आवश्यक है, वहीं जनप्रतिनिधियों, स्कूल प्रबंधन समितियों, सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों तथा समस्त सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की समावेशी भागीदारी अपेक्षित है। 

    जागरूकता शिविर में बच्चों के लिए क्विज क्म्पीटीशन, स्लोगन राइटिंग तथा रोल प्ले का भी आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान टीम (सपना और सुमन), दूसरा स्थान टीम (दीपिका और रेशम) तथा तीसरा स्थान टीम (वंशिका और बबीता) ने प्राप्त किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त खुशी शर्मा, दूसरा स्थान निधि तथा तीसरा स्थान शीतल ने प्राप्त किया। रोल प्ले में रीटा एंड टीम ने प्रतिभागियों को जागरूक किया।

    इस अवसर पर पार्षद उर्मिला देवी, स्कूल के प्रधानाचार्य सोम लाल धीमान, पर्यवेक्षक सुलिंदर पाल कौर, मीनू वाला, संतोष कुमारी, कुलबीर कौर, सुमन लता, नानकी देवी, आशा देवी, कंचन देवी, बीना रानी, नरेश देवी, निर्मला देवी, सांख्यिकीय सहायक संजय कुमार, पोषण ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गुरमुख सिंह व सहायक साक्षी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व अन्य उपस्थित रहीं।

  • पर्यावरण के प्रति छात्रों को जागरूक करने के लिए सरकारी व निजी विद्यालयों को गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश

    पर्यावरण के प्रति छात्रों को जागरूक करने के लिए सरकारी व निजी विद्यालयों को गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश

    ऊना (सुशील पंडित)। डीएवी सेनटेनरी पब्लिक स्कूल ,ऊना में ‘ विश्व पर्यावरण दिवस’ सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विदित हो कि सीबीएसई व सरकार के द्वारा पर्यावरण के प्रति छात्रों को जागरूक करने के लिए सरकारी व निजी विद्यालयों को गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय में गतिविधियों के अंतर्गत कक्षा एलकेजी ,यूकेजी के लिए हरा व संतरी रंग की पहचान हेतु प्रतियोगिता प्रथम ,द्वितीय के लिए मनपसंद पेशे के परिधान से संबंधित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, कक्षा तृतीय, चतुर्थ के लिए एकल नृत्य प्रतिस्पर्धा आयोजित की गयी।    

           समन्वयक प्रेरणा महाजन, संगीता व रीना लट्ठ के रचनात्मक प्रयासों से छात्रों ने  पर्यावरण संबंधी चित्र बनाकर  व नारों के माध्यम से पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया|वरिष्ठ वर्ग के छात्रों ने ‘ केवल एक पृथ्वी’  थीम पर आधारित अपने विचार प्रकट किए। दिनांक 28.5.22 को गतिविधियों का अवलोकन करने के लिए उच्च शिक्षा उपनिदेशक  जनक सिंह,प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र चंदेल ने व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर विशेष उपस्थिति देकर छात्रों का उत्साह वर्धन किया |

        जनक सिंह ने छात्रों के आत्मविश्वास को देखकर कहा कि विद्यालय प्रबंधन छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तन्मयता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बच्चों का इस समस्या के प्रति जागरूक होना भविष्य के लिए अच्छा संकेत है। देवेंद्र चंदेल ने अपने वक्तव्य में कहा कि छात्रों का पर्यावरण संरक्षण के लिए उत्साह देखकर अचंभित हूं। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ छात्रों को रचनात्मक बनाने के लिए गतिविधियां आयोजित करता रहता है। इस अवसर पर स्थानीय प्रबंधक समिति के उपप्रधान बलविंदर सिंह व अभिभावक शिक्षक संघ की प्रधान पूजा रघुवंशी ने भी आगंतुकों के साथ मुख्य भूमिका निभाई।

        प्राचार्य अतुल महाजन ने आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उच्च व प्राथमिक  शिक्षा उप निदेशक द्वारा उठाए प्रभावी सुधारात्मक कदम सराहनीय हैं। महाजन ने कहा कि रचनात्मक गतिविधियां छात्रों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने में सहायक होती हैं| हमारे सकारात्मक कदम निकट भविष्य में पर्यावरण से संबंधित मुद्दों को सुलझाने में मददगार साबित होंगे। हमें स्वस्थ पर्यावरण, स्वस्थ भविष्य की सोच को अपनाना होगा।

       कार्यक्रम प्रभारी दिशि, समन्वयक सुदेश, कुशल  शिक्षक वर्ग में रेनू परमार, मीनाक्षी विशिष्ट निर्णायक मंडल की भूमिका में विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्टूडेंट कौंसिल के प्रयास भी सराहनीय रहे।

  • दो पूर्व सैनिकों की विधवाओं को दी गई आर्थिक सहायता

    दो पूर्व सैनिकों की विधवाओं को दी गई आर्थिक सहायता

    ऊना/सुशील पंडित: जिला सैनिक कल्याण ऊना के उपनिदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल एसके कालिया ने दो पूर्व सैनिकों की विधवाओं को आर्थिक सहायता राशि के दो चैक प्रदान किए, जिसमें एक विधवा महिला को 3 हज़ार रूपये तथा द्वितीय विश्व युद्ध की एक विधवा को 5 हज़ार रूपये की आर्थिक सहायता राशि दी गई। उन्होंने बताया कि इन विधवाओं को सेना की तरफ से किसी प्रकार की सहायता नहीं मिलती है। उपनिदेशक ने बताया कि यह सहायता राशि उनको हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा हर माह उपलब्ध करवाई जाएगी।

  • डीएईएसआई योजना के प्रतिभागियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित

    डीएईएसआई योजना के प्रतिभागियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित: कृषि भवन में डीएईएसआई कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तीर्ण हुए प्रतिभागियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निदेशक समिति मशोबरा डॉ. राजेश सूद ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम आत्मा परियोजना शिमला समिति के अनुदान से बीज एवं रसायन खाद बेचने वाले व्यापरियों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को आत्मा परियोजना कृषि विभाग की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

    इस दौरान परियोजना निदेशक आत्मा ऊना डॉ. रविन्द्र जसरोटिया, प्रशिक्षण अधिकारी पुनीत डोगरा, डॉ संतोष शर्मा, जवाहर लाल शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

  • पंजाबः इस रेलवे स्टेशन को मिली बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस…

    पंजाबः इस रेलवे स्टेशन को मिली बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस…

    लुधियानाः रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिला है। जिसमें लिखा गया है कि लुधियाना रेलवे स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और यात्रियों के बैगों की भी चैकिंग की जा रही है। इसके अलावा पत्र में धार्मिक स्थलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। 

    आपको बता दें कि इससे पहले भी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ-साथ जालंधर रेलवे स्टेशन, सुल्तानपुर लोधी रेलवे स्टेशन और पंजाब के अन्य प्रसिद्ध स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह धमकी एक पत्र में मिली थी। 

  • महिला के साथ डॉक्टर ने किया गलत काम, थाने में दी गई शिकायत

    महिला के साथ डॉक्टर ने किया गलत काम, थाने में दी गई शिकायत

    गोड्डा। एक निजी क्लीनक के डॉक्टर पर एक महिला के पति ने गंभीर आरोप लगाया है। इलाज कराने गई महिला के पति की शिकायत के मुताबिक, डॉक्टर ने जबरदस्ती उसकी पत्नी से संबंध बनाने का प्रयास किया। पीड़ित महिला के पति ने बताया कि 26 मई को हुए पारिवारिक विवाद के बाद गुस्से में महिला ने कीटनाशक खा लिया था। उसे इलाज के लिए गोड्डा के मेहरमा के डॉक्टर अमरनाथ कुशवाहा के पास ले जाया गया था। 26 से ही महिला का इलाज चल रहा था। 27 की रात इलाज के दौरान महिला को इंजेक्शन लगाकर पर्दे के पीछे ले जाया गया और उसके साथ गलत हरकत की गई।

    पीड़ित महिला के पति के मुताबिक, वारदात वाली रात वे बाहर गए थे। जिस अटेंडेंट को वहां छोड़ा गया था, वह भी रात होने की वजह से सो रहे थे। इतने में पति जब अंदर आए तो उन्होंने अपनी पत्नी को बेड पर नहीं देखा। उन्होंने सोचा कि शायद उनकी पत्नी शौच के लिए गई होगी। पर जैसे ही उन्होंने बगल में लगे बेड का पर्दा हटाया तो वहां उन्होंने डॉक्टर कुशवाहा को आपत्तिजनक स्थिति में पाया। यह देखकर वे आग बबूला हो गए और अपनी पत्नी को लेकर तुरंत सदर अस्पताल मेहरमा पहुंचे। वहां से उन्हें एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

    इधर मामले पर पीड़ित ने मेहरमा थाने में आवेदन दिया है। मेहरमा थाना प्रभारी पल्लवी कुजूर ने बताया कि यह मामला थाने तक आया है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस छानबीन करेगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

  • दिनदिहाड़े 3 लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग

    दिनदिहाड़े 3 लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग

    प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के थाना फाफामऊ थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े तीन लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान मुबाशिर नाम के व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की हालत चिंतजनक बनी हुई है। वहीं वारदात के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। उधर, पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

    घटना फाफामऊ थाना क्षेत्र के गद्दोपुरका है। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने तीन लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके घायल कर दिया। इस हादसे में मुबाशिर नाम के एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। जबकि आकिब समेत कुछ अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

    पीड़ित परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हमला करने आए बदमाशों की सूचना लगातार घर पुलिस वाले दे रहे थे। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। फिलहाल मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। मौके पर पुलिस के आला अधिकारी जांच पड़ताल में जुटे हुए है।

  • लकड़ी से लदे 2 ट्रक, वन विभाग ने पकड़े, परमिट से ज्यादा

    लकड़ी से लदे 2 ट्रक, वन विभाग ने पकड़े, परमिट से ज्यादा

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल से पंजाब की तरफ लकड़ी ले जा रहे दो ट्रक वन विभाग ने पकड़े हैं। उपमंडल हरोली के अंतर्गत आते गांव पंडोगा में वन विभाग की टीम ने  लकड़ी से लदे 2 ट्रकों को पकड़ा है।  चालकों के पास परमिट तो था परंतु दोनों ही वाहनों में परमिट से ज्यादा व अन्य किस्म की लकड़ियां ट्रक में लोड पाई गई जिसके आधार पर टीम द्वारा दोनों ट्रकों को कब्जे में ले लिया गया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम ने ऊना-होशियारपुर मुख्य मार्ग के गांव पंडोगा में नाका लगाया हुआ था। वन विभाग ऊना के रेंज अधिकारी संजीव ठाकुर की अगुवाई में की गई इस कार्यवाही के तहत दो ट्रकों को जाँच के लिए रुकवाया गया जोकि ऊना की ओर से आ रहे थे।

    जब टीम द्वारा दोनों ट्रकों की जांच की गई तो ट्रक चालकों को लकड़ी से सम्बंधित दस्तावेज दिखाने को कहा तो ट्रक में परमिट से ज्यादा व अन्य अलग किस्म की लकड़ी पाई गई, जिसके चलते रेंज अधिकारी ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लिया।

  • पंजाब में फिर सताएगी गर्मी, अगले 5 दिन तक नहीं मिलेगी राहत…

    पंजाब में फिर सताएगी गर्मी, अगले 5 दिन तक नहीं मिलेगी राहत…

    लुधियाना। कुछ दिन पहले बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली वहीं, अब एक बार फिर सूर्य देव ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार को कई जिलाें में तापमान एकाएक बढ़ गया। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार राज्य में 31 मई तक तेज धूप की वजह से भीषण गर्मी रहेगी।

    कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार जा सकता है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। कृषि माहिरों का कहना है कि अभी धान की सीधी बिजाई चल रही है, तो धूप जरूरी है। बारिश हुई तो धान की सीधी बिजाई प्रभावित होगी। दूसरी तरफ पंजाब के अधिकतर शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘संतोषजनक से मध्यम’ श्रेणी में है।

    लुधियाना में गर्मी का प्रकोप जारी है। शनिवार सुबह भी तेज धूप से दिन की शुरुआत हुई। सुबह 8 बजे पारा 25 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि इस दौरान हवा भी चल रही थी। वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स 178 के स्तर पर रहा। तेज धूप फिर से लोगों को चुभने लगी है। धूप की वजह से राहगीरों की दिक्कतें बढ़ रही है। मौसम विभाग की मानें तो आज दिन में भयकंर गर्मी रहेगी, जिससे पारा आज 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।