Blog

  • जालंधरः आप सरकार द्वारा मोहल्ला क्लीनिक बनाने का विरोध शुरू, जाने मामला 

    जालंधरः आप सरकार द्वारा मोहल्ला क्लीनिक बनाने का विरोध शुरू, जाने मामला 

    जालंधर/वरुणः महानगर में मोहल्ला क्लीनिक खोले जाने को लेकर लोगों में भारी विरोध होना शुरू हो गया है। ऐसे में आप सरकार द्वारा 26 जनवरी से पहले 48 मोहल्ला क्लीनिक बनाकर उनकी घोषणा करने का लक्ष्य पूरा होता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। दरअसल, सरकार पहले से चल रहे हेल्थ केंद्रों और डिस्पेंसरियों को आम आदमी क्लिनिक बनाने जा रही है। जिसका लोगों ने अभी से विरोध करना शुरू कर दिया है।

    बता दें कि सरकार द्वारा नई जगह खोले गए मोहल्ला क्लीनिक को लेकर लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। सरकार ने गढ़ा, मकसूदां, मैहतपुर समेत अन्य स्थानों पर भी पहले से चल रही डिस्पेंसरियों को मोहल्ला क्लीनिक में बदलने को लेकर लोग डिस्पेंसरियों में आने वाले अधिकारियों की घेराबंदी कर रहे हैं। लोग डिस्पेंसरियों के सामने धरने लगा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक खोलने हैं तो इसके लिए अलग से व्यवस्था करे। जो संस्थान पहले ही चल रहे हैं और अच्छे चल रहे हैं उनका नाम बदल कर सुविधाओं पर कट क्यों लगाया जा रहा है।

    जिला में जहां-जहां पर भी पहले से चल रहे हेल्थ सेंटरों को मोहल्ला क्लीनिकों में बदलने की कवायद हो रही है, वहां पर कांग्रेस-भाजपा वाले लोगों को साथ लेकर इसका विरोध कर रहे हैं, लेकिन किसान संगठनों ने भी सरकार की इस नीति का विरोध शुरू कर दिया है। नकोदर उपमंडल के तहत आते मैहतपुर में सिविल डिस्पेंसरी को मोहल्ला क्लीनिक बनाए जाने की घोषणा का किसान संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है।

  • प्रार्थना नहीं हुई पूरी तो युवक ने मंदिर में की तोड़फोड़

    प्रार्थना नहीं हुई पूरी तो युवक ने मंदिर में की तोड़फोड़

    इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर इलाके में एक व्यक्ति की भगवान से की गई प्रार्थना के बाद जब उसकी इच्छा पूरी नहीं हुई तो वह नाराज हो गया। उसने दो मंदिरों में तोड़फोड़ कर डाली और एक दो मूर्तियों को खंडित कर दिया। मंदिरों में तोड़फोड़ की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में प्रारंभिक जांच पड़ताल के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी मांगी गई मन्नत पूरी नहीं होने वह नाराज था। इसलिए उसने मंदिरों में तोड़फोड़ की। बहरहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।

    इंदौर के एसीपी ने बताया घटना गुरुवार को इंदौर के छतरीपुरा थाना इलाके और चंदन नगर थाना क्षेत्र में हुई थी। वहां एक के बाद एक दो मंदिरों में तोड़फोड़ किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इस पर तत्काल स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर लिया। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी का नाम शुभम कैथवास है। इन घटनाओं के बाद मंदिरों के बाद लोगों का जमावड़ा लग गया और वहां नारेबाजी होने लगी। 

    पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में भी यही बात सामने आ रही है कि आरोपी ने भगवान से ठीक होने की मन्नत मांगी थी। लेकिन जब काफी दिन हो गए तो उसने नाराजगी व्यक्त करते हुए मंदिरों में रखी भगवान की प्रतिमाओं को तोड़कर नाराजगी व्यक्त की है। फिर भी पुलिस पूरे मामले की सभी एंगल से गंभीरता से जांच कर रही है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

  • पंजाबः पुलिस और BSF ने भारी मात्रा में हेरोइन सहित 2 को किया काबू

    पंजाबः पुलिस और BSF ने भारी मात्रा में हेरोइन सहित 2 को किया काबू

    फाजिल्काः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों पर शुरू की गई नशों के विरुद्ध चल रही जंग के बीच पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ एक ज्वाइंट ऑपरेशन में सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुये एक फौजी और उसके सहयोगी को हेरोइन के 29 पैकेट, जिनका वजन 31.02 किलोग्राम बनता है, सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी देते हुये डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पठानकोट में सिपाही के पद पर तैनात सेना के 26 वर्षीय जवान को उसके सहयोगी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा वासी गांव महलम जिला फाजिल्का सहित गिरफ्तार किया गया है। हेरोइन की बरामदगी के अलावा पुलिस ने इनके कब्जे से हुंडई वर्ना कार (यूपी 80 सीडी 0023) और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

    डीजीपी गौरव यादव ने आगे बताया कि केंद्रीय एजेंसियों और बीएसएफ के साथ तालमेल करके फाजिल्का के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में सदर फाजिल्का के क्षेत्र में घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया गया।  तलाशी अभियान के दौरान वेरना कार की तलाशी लेने पर, उसमें सवार लोगों में से एक ने पहचान पत्र दिखाते हुये स्वयं को भारतीय फौज का जवान बताया और जब पुलिस ने कार की तलाशी के लिए जोर डाला तो वे कार चलाकर भाग गये। पुलिस टीमों ने तुरंत कार्यवाही करते हुये सभी जगह नाके लगा दिये और तस्करों को गंगनके-शमसाबाद रोड पर लगाये नाके पर काबू करने में सफलता हासिल की ।

    उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने वाहन की तलाशी लेने पर कार में से 29 पैकेट हेरोइन के बरामद किये। डीजीपी ने दोहराया कि पंजाब पुलिस पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की दूरदर्शी सोच अनुसार राज्य से नशे के खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए वचनबद्ध है। डीआईजी फिरोजपुर रेंज रणजीत सिंह ढिल्लों ने बताया की प्राथमिक जांच दौरान यह बात सामने आई है कि दोनों दोषी पाइप की मदद से सरहदी कँटीली तार के उस पार पाकिस्तान स्थित तस्करों की तरफ से भेजी गई नशों की खेप बरामद करके सरहदी जिले से फरार होने की कोशिश में थे। उन्होंने कहा की आगे जांच जारी है। ज़िक्रयोग्य है कि इस सम्बन्धित एफआईआर नं. 7 तारीख 07. 01. 2023 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21-सी, 23 और 29 के अधीन थाना सदर फाजिल्का में केस दर्ज किया गया है।

  • पंजाबः मान सरकार के इस कैबिनेट मंत्री ने दिया इस्तीफा

    पंजाबः मान सरकार के इस कैबिनेट मंत्री ने दिया इस्तीफा

    चंडीगढ़ : पंजाब में आम आदमी पार्टी के कैबिनेट मंत्री फोजा सिंह सरारी ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। जिसे सीएम भगवंत मान ने मंजूर कर लिया है। शनिवार शाम पांच बजे से पहले राज्यपाल निवास में एक सादे प्रोग्राम में नए मंत्री को शपथ  दिलाई जा सकती है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक डॉ. बलबीर सिंह पंजाब के कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं। डॉ. बलवीर सिंह जिला शहीद भगत सिंह की बंगा तहसील के गांव भौरा के मूल निवासी हैं, जो पटियाला ग्रामीण से विधायक हैं। वहीं माइनिंग और जेल विभाग मंत्रालय मीत हेयर को दिया जा सकता है। हरजोत बैंस को बदला जा सकता है। अनमोल गगन मान के विभाग बदलने की भी चर्चा है।

    दरअसल, पिछले दिनों से सेशन दौरान विरोधियों की मांग की थी कि मंत्री फौजा सिंह सरारी अपने पद से इस्तीफा दें। बता दें कि उन पर एक ऑडियो वायरल हो रही थी जिसे लेकर आरोप भी लगाए गए थे परंतु उन्होंने इन आरोपों खारिज किया है। उन्होंने कहा था कि  जो ऑडियो वायरल हो रही है वह आवाज उनकी नहीं। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। 

  • इन इलाकों मेें पड़ रही कडाके की ठंड, जीना हुआ मुहाल

    इन इलाकों मेें पड़ रही कडाके की ठंड, जीना हुआ मुहाल

    नई दिल्ली:  राजधानी दिल्ली में ठंड और शीतलहर के प्रकोप के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में घने कोहरे के चलते अधिकांश ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं और विमान सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।आपको बता दें कि दिल्ली के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में आज सुबह घना कोहरा भी छाया रहा। खराब मौसम के कारण दिल्ली हवाई अड्डे से लगभग 34 घरेलू प्रस्थान उड़ानें विलंबित हुईं। इसके अलावा कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 32 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

    दिल्ली में सर्दी कितनी पड़ रही है इसका अंदाजा आपको इसी से लग जायेगा कि दिल्ली इस समय डलहौजी, देहरादून और नैनीताल, शिमला से ज्यादा सर्द है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत और देश के मध्य तथा पूर्वी हिस्सों में कोहरे की घनी चादर छाई रहने से कई जगह सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित है। 

  • पंजाब भर में किसानों ने ट्रेनें रोकने का किया ऐलान

    पंजाब भर में किसानों ने ट्रेनें रोकने का किया ऐलान

    अमृतसरः किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब 29 जनवरी को पूरे पंजाब में 3 घंटे ट्रेनें रोकेगी। सूबा जनरल सक्तर सरवण सिंह पंदेर ने यह ऐलान आज पत्रकार वार्ता के दौरान किया है। उन्होंने अगले संघर्षों की जानकारी देते हुए कहा कि 15 जनवरी को 51वें दिन डीसी कार्यालय व टोल प्लाजा पर लगे मोर्चे हटा लिए जाएंगे, लेकिन संघर्ष जारी रहेगा।

    रेल रोको आंदोलन के तहत गुरदासपुर रेलवे ट्रैक अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगा। इसके दो मुख्य कारण हैं। जिसमें एक किसानों को पर्याप्त मुआवजा दिए बिना भारत माला योजना के तहत जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे, अमृतसर-मार्ग पर जबरन सरकारी कब्जे किए जा रहे हैं। वहीं दूसरा, बिना किसी भेदभाव आदि के गन्ना शेष एवं पूर्ण भुगतान पर्ची वितरण कलैण्डर की मांग के संबंध में है। जब तक इन मुश्किलों का हल नहीं निकलता, गुरदासपुर में रेल रोको अंदोलन जारी रहेगा।

    11 जनवरी को दोपहर 12 से 3 बजे तक पूरे पंजाब में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दफ्तरों का घेराव किया जाएगा। 26 जनवरी को दिल्ली विजय दिवस को समर्पित पंजाब के सभी जिला मुख्यालय और डीसी कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। 

  • पंजाबः 13 टोल प्लाजा को लेकर NHAI की चेतावनी, जालंधर सहित इन डीसी को भेजी चिट्ठी, जाने मामला

    पंजाबः 13 टोल प्लाजा को लेकर NHAI की चेतावनी, जालंधर सहित इन डीसी को भेजी चिट्ठी, जाने मामला

    जालंधर/वरुणः पंजाब में किसानों द्वारा बार-बार टोल प्लाजा बंद करवाने को नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) व केंद्र सरकार ने सख्त रवैय्या अपना लिया है। इसी के तहत नेशनल हाइवे के चीफ इंजीनियर रवि चावला ने 6 जिलों के डीसी को किसानों द्वारा 13 टोल प्लाजा बंद किए जाने को लेकर चिट्ठी लिखी है। रवि चावला द्वारा लिखी गई चिट्ठी में तरनतारन, अमृतसर, फिरोजपुर, जालंधर, होशियारपुर और बरनाला के डिप्टी कमिश्नरों शामिल है।

    रवि चावला ने इन सभी डीसी को चिट्‌ठी लिखकर टोल प्लाजा खुलवाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि 6 जिलों में 13 टोल प्लाजा कई दिन से बंद हैं। जिसके कारण केंद्र को हर रोज 1.33 करोड़ रुपए का घाटा हो रहा है। टोल प्लाजा जल्द नहीं खुलवाने पर बड़ी समस्या पैदा हो जाएगी। केंद्र की तरफ से प्रिंसिपल सेक्रेटरी पब्लिक वर्क्स और सेक्रेटरी को डीईओ को 28 दिसंबर को लेटर लिखा गया था। सेक्रेटरी ट्रांसपोर्ट ने कहा कि फिलहाल उन्हें ऐसे किसी पत्र के बारे में जानकारी नहीं है। वहीं, केंद्र की तरफ से पिछले दिनों सरकार को पत्र लिखा है कि किसान आंदोलन के दौरान 440 दिन तक टोल प्लाजा बंद रहने से 1348.77 करोड़ का नुकसान हुआ था।

    अब फिर धरनों का असर पंजाब में शुरू होने वाले नेशनल हाइवे के प्रोजेक्टों पर पड़ेगा क्योंकि रेवेन्यू समय पर नहीं आने से प्रोजेक्टों में विलंब होगा। केंद्र सरकार की मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाइवे की सेक्रेटरी अल्का उपाध्याय ने दिसंबर में लिखे पत्र में स्पष्ट किया है कि 2010 में करार के तहत टोल प्लाजा पर लॉ एंड ऑर्डर कायम रखने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। किसानों के साथ बात कर मामले का जल्द हल निकाला जाए। 

  • WhatsApp में आ रहा एक और बड़ा फीचर, एक क्लिक से होगी चैट ट्रांसफर…

    WhatsApp में आ रहा एक और बड़ा फीचर, एक क्लिक से होगी चैट ट्रांसफर…

    गैजेट न्यूज़: वॉट्सऐप एक नए फीचर पर काम कर रहा है जो एंड्रॉयड फोन पर चैट ट्रांसफर करने को काफी आसान बना देगा। आने वाले नए फीचर के तहत यूज़र्स सिर्फ एक टैप से सभी चैट को नए फोन में ट्रांसफर कर सकेंगे। रिपोर्ट के अनुसार इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप वॉट्सऐप सेटिंग टैब में एक नए ऑप्शन पर काम कर रहा है जो यूज़र्स को क्लाउड का इस्तेमाल किए बिना चैट को पुराने एंड्रॉयड फोन से नए में ट्रांसफर करने देगा।

    वॉट्सऐप मौजूदा समय में चैट को Google ड्राइव पर बैकअप करके या एंड्रॉयड से आईफोन में मूव टू iOS ऐप के ज़रिए ट्रांसफर करने की अनुमति देता है। नए अपडेट वर्जन को सेटिंग सेक्शन में नए चैट ट्रांसफर टू एंड्रॉयड ऑप्शन के साथ देखा गया है। इससे चैट को ट्रांसफर करने का प्रोसेस आसान हो जाएगा, क्योंकि यूज़र्स को अपने नए फोन पर वॉट्सऐप सेट करने के बाद बस उस पर क्लिक करना होगा और अपने पुराने फोन पर एक क्यूआर कोड स्कैन करना होगा।

    रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि ये फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज पर है और इसे कब तक रोलआउट किया जाएगा, फिलहाल इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि, एक बार रोल आउट हो जाने के बाद, नए Android फोन पर स्विच करना बहुत तेज़ हो सकता है क्योंकि यूज़र्स को Google ड्राइव पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

  • पंजाबः परमजीत कत्लकांड में बड़ा खुलासा, इस जेल में रची गई साजिश

    पंजाबः परमजीत कत्लकांड में बड़ा खुलासा, इस जेल में रची गई साजिश

    जगराओंः लुधियाना के कस्बा जगराओं में गांव बारदेके में 3 दिन पहले इलेक्ट्रिशन परमजीत के कत्लकांड की साजिश को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, पुलिस को कपूरथला जेल में रची होने का पुलिस को शक है। इसी के तहत देहात पुलिस जेल से कुख्यात गैंगस्टर मंदीप ध्रुव दौधर को प्रोडक्शन वारंट पर जगराओं लाई है। ध्रुव दौधर को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने गैंगस्टर का 3 दिन का पुलिस को रिमांड दे दिया है। वहीं इस कत्लकांड में पुलिस ने गैंगस्टर दौधर सहित 9 लोगों को नामजद किया है। पुलिस को शक है कि गैंगस्टर ने ही शूटरों को परमजीत के घर भेजा है।

    बता दें दौधर कनाडा में बैठे गैंगस्टर अर्श डाला का करीबी है। इस कारण पुलिस को शक है कि अर्श के कहने पर आरोपी ने इस कत्लकांड की योजना बनाई होगी। आरोपी को कोर्ट में पेश करते वक्त सुरक्षा कड़ी की गई। पुलिस ने मोगा के फोकल पॉइंट से कत्लकांड में इस्तेमाल की गई कार को लावारिस हालत में बरामद कर लिया। कार से पुलिस को कुछ कपड़े भी मिले हैं।

    अंदेशा जताया जा रहा है कि शूटरों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कार में कपड़े बदले होंगे और वह किसी अन्य वाहन की मदद से फरार हुए। पुलिस कड़ी दर कड़ी जोड़ मामले को हल करने में जुटी है। पुलिस ने जिन अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनमें गांव मेनिया के सुखदेव सिंह, उनके बेटे लवप्रीत सिंह, बेटी किरणप्रीत कौर, पत्नी लवजिंदर कौर, गांव चकर के नवजोत सिंह, गांव रामगढ़ भुल्लर के लवप्रीत सिंह और गांव डाला के चरनजीत सिंह शामिल हैं। सुखदेव सिंह दिलप्रीत सिंह का पिता है। दिलप्रीत ने परमजीत के परिवार के सदस्यों के कारण 2022 में आत्महत्या कर ली थी।

  • 6 साल के बच्चे ने स्कूल की टीचर को मारी गोली

    6 साल के बच्चे ने स्कूल की टीचर को मारी गोली

    अमेरिका में गन कल्चर ने एक बार फिर एक मासूम को अपराधी बना दिया है। यहां वर्जीनिया में एक 6 साल के बच्चे ने अपनी स्कूल टीचर को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि बच्चे ने किसी विवाद के बाद अपनी महिला शिक्षक को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गईं। पुलिस ने कहा कि रिचनेक एलीमेंट्री स्कूल में हुई गोलीबारी में कोई छात्र घायल नहीं हुआ है। 30 वर्षीय महिला शिक्षक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।

    न्यूपोर्ट न्यूज के पुलिस प्रमुख स्टीव ड्रू ने मीडिया को बताया कि दोपहर तक उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था। पुलिस ने कहा कि बच्चे के पास क्लास में एक हैंडगन थी और उन्होंने उस छात्र को हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि गोलीबारी कोई दुर्घटना नहीं थी। न्यूपोर्ट न्यूज दक्षिणपूर्वी वर्जीनिया में लगभग 185,000 लोगों का एक शहर है।

    यह अमेरिकी शहर अपने शिपयार्ड के लिए जाना जाता है, जो देश के विमान वाहक और अन्य अमेरिकी नौसेना के जहाजों का निर्माण करता है। वर्जीनिया डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन की वेबसाइट के मुताबिक, पांचवी कक्षा तक के रिचनेक स्कूल में लगभग 550 छात्र हैं। स्कूल के अधिकारी पहले ही कह चुके हैं कि सोमवार को स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि, इस घटना में और कोई भी स्टूडेंट शामिल नहीं है और मामले की जांच की जा रही है।