Blog

  • Jalandhar News: अंडर-19 क्रिकेट टीम में श्रीलंका दौरे के लिए अर्जुन हुए चयनित, परिवार में भारी उत्साह, देखें वीडियो

    Jalandhar News: अंडर-19 क्रिकेट टीम में श्रीलंका दौरे के लिए अर्जुन हुए चयनित, परिवार में भारी उत्साह, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में श्रीलंका दौरे पर जाने वाली बीसीसीआई की टीम में अर्जुन राजपूत का नाम शामिल है। कूच बिहार ट्राफी में केरल के खिलाफ 200 रन बनाकर अर्जुन सिलेक्टर की नजर में आए। इस उपलब्धि से शहर के खेल प्रेमियों और उनके परिवार में खुशी की लहर है। लेफ्ट हेंडर अर्जुन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह को अपना आदर्श मानते हैं।

    मामले की जानकारी देते हुए अर्जुन ने बताया कि 6 साल की आयु में खेलना शुरू कर दिया था। ऐसे में अब श्रीलंका दौरे पर नाम शामिल होने पर गर्व महसूस हो रहा है। श्रीलंका दौरे पर सीरीज जीतकर ट्रॉफी लेकर आने का अब सपना है। जब वह मायूस होता था तो माता-पिता और कोच विक्रम सिद्धू ने काफी सपोर्ट किया। अर्जुना अंडर-14 और अंडर-16 स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुके है। बहन बेडमिंटन खेलती है और उन्होंने भी परिवार का नाम रोशन किया है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए पिता ओहथी राम ने बताया कि वह कुल्चे बनाने का काम करते है।

    6 साल की आयु में बेटा क्रिकेट खेलता था और पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह की अकेडमी में खेलता था। ऐसे में अब बेटे का श्रीलंका दौरे पर नाम आया है। जिसके बाद अब परिवार को गर्व महसूस हो रहा है। आज बेटे का सपना पूरा हो रहा है। माता नंदिनी देवी ने बताया कि बेटे का भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में नाम आने पर परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं बहन ने कहा कि भाई को रात को ही नाम आने के बारे में पता लग गया था। लेकिन माता-पिता को सुबह पता चला, जब लोगों के फोन आने शुरू हुए। बहन ने कहा कि रिश्तेदारों के खिलाफ होकर पिता ने बेटियों को भी काफी सपोर्ट किया है। ऐसे में आज परिवार में खुशी की बात है कि भाई अर्जुन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है।

  • Punjab News: Golden Temple परिसर में बेअदबी की कोशिश, SGPC अध्यक्ष ने लिया संज्ञान

    Punjab News: Golden Temple परिसर में बेअदबी की कोशिश, SGPC अध्यक्ष ने लिया संज्ञान

    अमृतसरः गोल्डन टेंपल परिसर के गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में एक युवक ने बेअदबी का प्रयास किया। युवक ने बुधवार देर शाम पावन स्वरूप के सामने की तलवार निकाल ली। हालांकि सेवादारों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने इस घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए साजिशकर्ताओं को बेनकाब करने की मांग की है।

    धामी ने बताया कि सेवादारों की मुस्तैदी के कारण बेअदबी होने से बच गई। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताया और कहा कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है। धामी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बेअदबी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सरकारों की नाकामी के कारण किसी भी दोषी को अब तक सजा नहीं मिल पाई है।

    धामी ने याद दिलाया कि कुछ वर्ष पहले सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में भी एक व्यक्ति ने जंगला फांदकर बेअदबी की कोशिश की थी, जिसकी साजिश का पर्दाफाश करने में सरकार विफल रही हैं। धामी के अनुसार, यह ताजा घटना शिरोमणि कमेटी के प्रबंधन को बदनाम करने और संगत की धार्मिक भावनाओं को भड़काने की साजिश है। एडवोकेट धामी ने कहा कि आरोपी पुलिस हिरासत में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस घटना के साजिशकर्ताओं को सामने नहीं लाया जाता, तो यह स्पष्ट होगा कि सरकार सिख भावनाओं से जुड़े मामलों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधकों और संगत से भी अपील की कि ऐसे तत्वों को सफल होने से रोकने के लिए सभी को सतर्क रहकर अपनी सेवा निभानी चाहिए।

  • दहेज की मांग से परेशान होकर विवाहिता ने लगाया फंदा, पति और सास-ससुर पर केस; देखें वीडियो

    दहेज की मांग से परेशान होकर विवाहिता ने लगाया फंदा, पति और सास-ससुर पर केस; देखें वीडियो

    सूरजकुंडः फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र के सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसायटी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते सोसायटी परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख सूरजकुंड थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल और क्राइम ब्रांच की टीम को भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

    सीमा (23) की शादी करीब दो वर्ष पहले फरीदाबाद के सेक्टर-21सी निवासी प्रवीण के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों परिवार के साथ रहे, लेकिन पारिवारिक अनबन के कारण पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसायटी में किराए के फ्लैट में अलग रह रहे थे। मृतका मूल रूप से गुरुग्राम के बिलासपुर क्षेत्र की रहने वाली थी। सूचना मिलने पर उसके मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

    परिजनों का आरोप है कि सीमा की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए पंखे से लटकाया गया है। मृतका के भाई लखन और नीर ने बताया कि आरोपी पक्ष ने बिल्डिंग मटेरियल का काम शुरू किया था, जिसके लिए वह उनकी बहन पर रुपए लाने और ट्रक की डिमांड कर रहे थे मांगे पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी।

    उधर, थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जाएगी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से मिली शिकायत पर आरोपी पति सहित सास-ससुर और ससुर के भाई पर हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल शव को ईएसआईसी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

     

  • Punjab News: विवादों में घिरे Singer R Nait, मामला दर्ज करने की मांग, देखें वीडियो

    Punjab News: विवादों में घिरे Singer R Nait, मामला दर्ज करने की मांग, देखें वीडियो

    लुधियानाः पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर आर नैत अपने एक नए गाने ‘रील’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गाने को लेकर हिंदू संगठन ‘शिवसेना पंजाब’ ने कड़ा ऐतराज जताया है। शिव सेना पंजाब के नेताओं ने पुलिस स्टेशन डिवीज़न-3 के इंचार्ज को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने गायक आर नेत पर एक पंजाबी गाने के बोल के जरिय धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है और गायक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    इस दौरान शिव सेना पंजाब के नेताओं ने कहा कि हिंदू समुदाय की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि ऐसे गायक अपनी पब्लिसिटी के लिए पहले भी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते रहे हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान पुलिस स्टेशन इंचार्ज ने कहा कि यह मामला संगठन के नेताओं की शिकायत के बाद ही उनके संज्ञान में आया है और वरिष्ठ अधिकारियों से बात करने के बाद तुरंत उचित कार्रवाई की जाएगी।

    वीडियो की शुरुआत में सिंगर आर नैत खुद एक साधु या तांत्रिक के वेश में नजर आते हैं। उन्होंने गले में बड़ी-बड़ी रुद्राक्ष की मालाएं, सिर पर कपड़ा और कानों में बड़े-बड़े पारंपरिक कुंडल पहने हुए हैं। लेकिन इस धार्मिक पहनावे के साथ उन्होंने आधुनिक चश्मा लगाया हुआ है और हाथ में माला जपते हुए एक्टिंग कर रहे हैं। उनके पीछे भगवा वस्त्र पहने कुछ अन्य लोग भी साधु के रूप में खड़े हैं। नैत के सामने एक महिला सह-कलाकार बैठी है, जो गाकर अपनी समस्या बता रही है कि उसकी सोशल मीडिया रील क्यों नहीं चल रही है। इसके जवाब में साधु बने नैत हाथ में माला लेकर उसे अजीब और मजाकिया तरीके से हिलाते हैं।

    जब महिला अपनी समस्या बताती है, तो वह खुश होकर एक लड्डू का डिब्बा आगे बढ़ाती है, जिसे नैत साधु के रूप में स्वीकार करते हैं। इसी दौरान उनके पीछे खड़ा एक व्यक्ति, जो खुद साधु के कपड़ों में है, वह एप्पल का लैपटॉप चला रहा है। अगले ही पल सीन बदलता है और दिन के दरबार से हटकर रात का सीन आता है। यहां सिंगर आर नैत साधु के चोले से अलग एक चमकीली मॉडर्न जैकेट और आधुनिक चश्मे में रात के समय उन्हीं भगवा वस्त्रधारी साधुओं के साथ नाचते और गाते हुए दिखते हैं।

    वापस दरबार के सीन में नैत महिला का मोबाइल फोन अपने हाथ में लेते हैं और उस फोन के ऊपर पूजा की पवित्र माला को रगड़ते और घुमाते हैं। गाने के बोल आते हैं कि “संत लगाएंगे ऐड (विज्ञापन)” और पीछे खड़ा साधु लैपटॉप पर लगातार टाइपिंग करता दिखता है। फोन पर माला रगड़ने के इस सीन को तंत्र-मंत्र और पूजा पद्धति का मजाक उड़ाने जैसा दिखाया गया है।

  • गोल्ड मेडलिस्ट जसपाल राणा का 49 की उम्र में निधन, ओलंपिक मनु भाकर के थे कोच

    गोल्ड मेडलिस्ट जसपाल राणा का 49 की उम्र में निधन, ओलंपिक मनु भाकर के थे कोच

    नई दिल्लीः मशहूर निशानेबाज जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में निधन हो गया है। वीरवार को उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। जसपाल राणा एक बेहतरीन कोच भी थे। मनु भाकर ने उनकी अगुवाई में ही 2-2 ओलंपिक मेडल जीते थे।

    एक न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के प्रेसिडेंट कलिकेश नारायण सिंह देव ने कन्फर्म किया कि राणा ने दिल्ली के एक हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। जानकारी के अनुसार हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में ISSF वर्ल्ड कप से इंडियन टीम की वापसी फ्लाइट के दौरान बीमार पड़ने के बाद उनका मेडिकल प्रोसीजर हुआ था। राणा, जो इंडियन पिस्टल शूटर्स के हाई-परफॉर्मेंस कोच के तौर पर काम कर रहे थे, पिछले हफ्ते दिल्ली में लैंड करते ही वापसी फ्लाइट के दौरान तबीयत खराब होने लगी और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

    जसपाल भारत के सबसे सफल कॉमनवेल्थ गेम्स एथलीट बने हुए हैं, जिन्होंने कुल 15 मेडल जीते हैं, जिसमें 9 गोल्ड शामिल हैं। अपने करियर की शुरुआत में उनके गोल्डन रन ने उन्हें 18 साल की उम्र में अर्जुन अवॉर्ड भी दिलाया और सिर्फ तीन साल बाद, उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

    जसपाल राणा के कोचिंग कार्यकाल में उन्होंने सौरभ चौधरी, अनीश भानवाला और चिंकी यादव जैसे टीनएज खिलाड़ियों को भी तैयार किया। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने उन्हें फरवरी 2025 में 25m पिस्टल डिसिप्लिन के लिए ऑफिशियली हाई-परफॉर्मेंस कोच अपॉइंट किया था।

  • Punjab News: गैस कर्मी को लुटेरों ने बनाया निशाना, तेजधार हथियार दिखा नगदी लेकर फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: गैस कर्मी को लुटेरों ने बनाया निशाना, तेजधार हथियार दिखा नगदी लेकर फरार, देखें वीडियो

    लुधियानाः महागनर के नूरवाला रोड स्थित बजरंग विहार इलाके लूट की घटना सामने आई है, जहां गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले एक कर्मी से बाइक सवार दो बदमाशों ने तेजधार हथियार के बल पर 14 हजार रुपए लूट लिए। शिकायतकर्ता द्वारका प्रसाद निवासी चोपड़ा का वेहड़ा, गली नंबर-12½, मोहल्ला नानक नगर का रहने वाला है। द्वारका प्रसाद ने पुलिस को बताया कि वह करीब 25 वर्षों से दीवान गैस सर्विस के लिए सप्लाई का काम कर रहा है।

    पीड़ित के अनुसार 11 जून को वह कंपनी के ऑटो रिक्शा नंबर PB10BZ-7453 (लाल और सफेद रंग) में गैस सिलेंडर लोड कर बजरंग विहार, नूरवाला रोड इलाके में सप्लाई देने पहुंचा था। वहां से सप्लाई पूरी करने के बाद वह सन्यास नगर की ओर गैस सिलेंडर पहुंचाने जा रहा था। पीड़ित के मुताबिक जब वह बजरंग विहार की गली नंबर-1 में पहुंचा तो उसके ऑटो का अगला टायर पंचर हो गया। वह सड़क किनारे ऑटो खड़ा कर टायर बदलने लगा। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे।

    आरोप है कि दोनों बदमाशों ने तेजधार हथियार दिखाकर उसे डराया- धमकाया और गैस सिलेंडरों की बिक्री से एकत्र की गई करीब 14 हजार रुपए की नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। थाना जोधेवाल की पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 (2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश जारी है।

  • Punjab News: रेलवे स्टेशन के बाहर रिश्वत के आरोपों पर विवाद, GRP ने आरोपों को नकारा, देखें वीडियो

    Punjab News: रेलवे स्टेशन के बाहर रिश्वत के आरोपों पर विवाद, GRP ने आरोपों को नकारा, देखें वीडियो

    अमृतसरः रेलवे स्टेशन के बाहर कुछ जीआरपी कर्मचारियों पर रिश्वत लेने का आरोप लगाने वाले एक युवक के बाद ये मामला चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं; एक सीसीटीवी फुटेज है, जबकि दूसरा वीडियो खुद आरोप लगाने वाले युवक ने बनाया है। वायरल वीडियो को लेकर जीआरपी पुलिस कर्मियों ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा है।

    जीआरपी पुलिस स्टेशन के हेड कॉन्स्टेबल लव कुमार ने कहा कि जिस वीडियो में उनका नाम लिया जा रहा है, उसमें वे सिर्फ कुर्सी पर बैठे हुए दिख रहे हैं। वीडियो में कहीं भी वे किसी से पैसे लेते या कोई गलत काम करते नहीं दिख रहे हैं। लव कुमार ने कहा कि अगर जांच में वे दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन अगर आरोप झूठे साबित होते हैं, तो वे आरोप लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ मानहानि और कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के कारण उनकी सामाजिक छवि खराब हुई है और रिश्तेदार और परिचित भी उनसे सवाल पूछ रहे हैं।

    वे अपने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार रेलवे स्टेशन क्षेत्र में नियमित जांच करते हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच करना पुलिस की जिम्मेदारी है और वे ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभाते रहेंगे। इस मौके पर जीआरपी के एएसआई अजमेर सिंह ने भी आरोपों से इनकार किया और कहा कि वे और उनके साथी ड्यूटी के दौरान सुरक्षा जांच में व्यस्त थे।

    उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने और न ही उनके किसी साथी ने किसी व्यक्ति से कोई पैसा लिया है। उनके अनुसार सोशल मीडिया पर फैली जानकारी के कारण उनकी और उनके साथियों की छवि खराब हुई है। अजमेर सिंह ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और उन्हें भरोसा है कि जांच में सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने मांग की कि अगर आरोप झूठे साबित होते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

  • Punjab News: फ्लाईओवर पर ट्रक और बुलेट की टक्कर में 2 की मौत

    Punjab News: फ्लाईओवर पर ट्रक और बुलेट की टक्कर में 2 की मौत

    रूपनगरः पंजाब में देर रात जमकर बरसात हुई। वहीं बरसात के दौरान कीरतपुर साहिब-रूपनगर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार अहमदपुर फ्लाईओवर पर खड़े ट्रक में बुलेट की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में बुलेट सवार 2 युवकों की मौत हो गई। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

    वहीं सूचना मिलते ही एसएसएफ टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 11:25 बजे फ्लाईओवर पर तकनीकी खराबी की वजह से खड़े ट्राला (नंबर HP12F8839) खड़ा था। इस दौरान बुलेट (नंबर PB12AK6358) युवक की ट्रक से टक्कर हो गई। बुलेट सवार मनी महादेव पुत्र हरपाल निवासी गांव घनौला तथा हैरी पुत्र करमजीत निवासी घनौला गंभीर घायल हो गए।

    राहगीरों द्वारा हादसे की सूचना एसएसएफ को दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई भूपिंदर सिंह, कॉन्स्टेबल जसवीर सिंह और कॉन्स्टेबल आशीष सिंह मौके पर पहुंचे। घायल युवकों को तत्काल एनएचएआई की एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल, रूपनगर में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत्यु घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा ट्राला चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वीरवार रात ही दोनों युवक सिद्ध पीठ श्री वैष्णो देवी माता से यात्रा करके रूपनगर लौटे थे और रूपनगर से बुलेट मोटरसाइकिल पर अपने गांव लौट रहे थे।

  • मनाली से जयपुर जा रही वॉल्वो बस ट्रक से टकराई, दो पर्यटकों की मौत, कई घायल

    मनाली से जयपुर जा रही वॉल्वो बस ट्रक से टकराई, दो पर्यटकों की मौत, कई घायल

    महेंद्रगढ़ः नेशनल हाईवे-152D पर शुक्रवार अल सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। जिसमें दो लोगों की मौत और कई लोग घायल होने की सूचना है। आपको बता दें ये हादसा खड़े ट्रक की वजह से पेश आय़ा है। हादसे में बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं कई यात्री घायल हो गए, जिनमें से 11 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।

    जयपुर से कुछ लोग बस लेकर छुटि्टयों में मनाली घूमने के लिए गए थे। हादसा इतना गंभीर था कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग सीटों से उछलकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एंबुलेंस और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए।

    घायलों का महेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। कुछ को डाक्टरों ने रेफर भी किया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु रूप से संचालित कराया तथा दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की।

  • Punjab News: बारिश से तापमान में आई गिरावट, आज भी तूफान व गरज-चमक का अलर्ट जारी

    Punjab News: बारिश से तापमान में आई गिरावट, आज भी तूफान व गरज-चमक का अलर्ट जारी

    मोहालीः पंजाब के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान तेज आंधी और बारिश ने तापमान में गिरावट देखने को मिली। मौसम में आए बदलाव से प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वीरवार शाम को जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, पठानकोट, मोहाली समेत अधिकतर जिलों में आंधी के बाद बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के लिए राज्यभर में आंधी, गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 12 जून को पूरे पंजाब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों दिनों में लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ इलाकों में झोंकों की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा और अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।

    12 जून को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर और पटियाला सहित लगभग सभी जिलों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। 13 जून को अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, गुरदासपुर, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, बरनाला, संगरूर, पटियाला और फतेहगढ़ साहिब में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। वहीं बठिंडा, मानसा, मुक्तसर, फाजिल्का, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और पठानकोट में निगरानी श्रेणी की चेतावनी जारी रहेगी।

    14 जून को जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर और पटियाला में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा। जबकि अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा और मानसा में निगरानी श्रेणी की चेतावनी जारी रहेगी। 15 जून को जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, लुधियाना और मोगा में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। वहीं अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर, पटियाला और फतेहगढ़ साहिब में निगरानी श्रेणी की चेतावनी जारी रहेगी।