Punjab News: Golden Temple परिसर में बेअदबी की कोशिश, SGPC अध्यक्ष ने लिया संज्ञान

Written by

in

अमृतसरः गोल्डन टेंपल परिसर के गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में एक युवक ने बेअदबी का प्रयास किया। युवक ने बुधवार देर शाम पावन स्वरूप के सामने की तलवार निकाल ली। हालांकि सेवादारों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने इस घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए साजिशकर्ताओं को बेनकाब करने की मांग की है।

धामी ने बताया कि सेवादारों की मुस्तैदी के कारण बेअदबी होने से बच गई। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताया और कहा कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है। धामी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बेअदबी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सरकारों की नाकामी के कारण किसी भी दोषी को अब तक सजा नहीं मिल पाई है।

धामी ने याद दिलाया कि कुछ वर्ष पहले सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में भी एक व्यक्ति ने जंगला फांदकर बेअदबी की कोशिश की थी, जिसकी साजिश का पर्दाफाश करने में सरकार विफल रही हैं। धामी के अनुसार, यह ताजा घटना शिरोमणि कमेटी के प्रबंधन को बदनाम करने और संगत की धार्मिक भावनाओं को भड़काने की साजिश है। एडवोकेट धामी ने कहा कि आरोपी पुलिस हिरासत में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस घटना के साजिशकर्ताओं को सामने नहीं लाया जाता, तो यह स्पष्ट होगा कि सरकार सिख भावनाओं से जुड़े मामलों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधकों और संगत से भी अपील की कि ऐसे तत्वों को सफल होने से रोकने के लिए सभी को सतर्क रहकर अपनी सेवा निभानी चाहिए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *