Blog

  • सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पकड़े गए शूटर ने बालीवु़ड स्टार सलमान खान को लेकर किया खुलासा

    सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पकड़े गए शूटर ने बालीवु़ड स्टार सलमान खान को लेकर किया खुलासा

    चंडीगढ़। सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के आरोप में दीपक मुंडी सहित गिरफ्तार किए गए कपिल पंडित ने शुरुआती पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने लॉरेंस बिश्नोई के निर्देश पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को निशाना बनाने के लिए मुंबई में रेकी की थी. रेकी करने वाले लोगों को ठहराने का सारा खर्चा उसके जिम्मे था. सलमान खान को मारने के लिए संपत नेहरा के साथ मिलकर यह योजना बनाई गई थी।

    पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस ने इससे पहले सलमान खान हमले के मामले में गैंगस्टर संपत नेहरा को गिरफ्तार किया था. डीजीपी ने कहा कि पुलिस इस मामले में भी कपिल पंडित से विस्तार में पूछताछ करेगी 
    गौरव यादव के बताया कि मूसेवाला कत्ल केस में अब तक की जांच में पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा 35 लोगों को नामजद किया गया है. दो आरोपी शूटर एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।

    डीजीपी ने कहा कि राजिंदर उर्फ जोकर पहले से नेपाल में रह रहा था, जबकि कपिल और दीपक मुंडी पंजाब से पहले राजस्थान इसके बाद हरियाणा, यूपी और बिहार से होते हुए पश्चिम बंगाल पहुंच गए थे. जहां से वे नेपाल बॉर्डर पर पहुंचे थे. दीपक मुंडी, राजिंदर जोकर और कपिल पंडित नेपाल से फर्जी पासपोर्ट के जरिए दुबई जाना चाहते थे, क्योंकि इन्हें वहां सेटल करने का आश्वासन दिया गया था. तीनों आरोपी नेपाल से बैंकॉक होते हुए दुबई जाने की प्लानिंग कर रहे थे।

    डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि मानसा अदालत में पेश करने के बाद इन्हें 6 दिन का पुलिस रिमांड दिया गया है और अब इनसे पूछताछ करने के बाद बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है. मूसेवाला के पिता के कत्ल में सिंगर इंड्रस्ट्री बड़े लोगों के शामिल होने के आरोपों के बारे में डीजीपी ने कहा कि उनके बयानों को पुलिस ने दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है. गौरव यादव ने दावा किया कि इस मामले में पुलिस मजबूत तरीके से अदालत में रखेगी ताकि सभी आरोपियों को सजा मिल सके. डीजीपी ने यह भी दावा किया है कत्ल के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर पंजाब लेकर आएगी।

  • पंचायत चौकीदारों को पदोन्नति के अवसर प्रदान करने के लिए बनाएंगे नियम : कंवर

    पंचायत चौकीदारों को पदोन्नति के अवसर प्रदान करने के लिए बनाएंगे नियम : कंवर

    समूर कलां में आयोजित किया गया पंचायत चौकीदार प्रदेश स्तरीय आभार सम्मेलन

    ऊना/सुशील पंडित : पंचायत चौकीदारों के लिए 15 अगस्त 2022 को घोषित की गई नीति की अधिसूचना शीघ्र ही जारी होगी, जिसका सीधा लाभ समूचे प्रदेश में हजारों पंचायत चौकीदार को होगा। यह बात ग्रामीण विकास व पंचायती राज, कृषि, पशुपालन तथा मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने समूर कलां में पंचायत चौकीदार प्रदेश स्तरीय आभार सम्मेलन में कही।
    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कवर ने कहा कि पिछले पौने 5 वर्षों में प्रदेश सरकार के कर्मचारी वर्ग के साथ मधुर संबंध रहे हैं तथा कर्मचारियों की सभी मांगों को सौहार्दपूर्ण माहौल में पूरा किया गया है। एक और जहां नियमित कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग की लाभ दिया है, वही मजदूरों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े जनप्रतिनिधियों के मानदेय में भी अभूतपूर्व वृद्धि की है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि आजादी के पश्चात यह पहला मौका है जब किसी सरकार ने पंचायत चौकीदारों के सरकारी सेवा में शामिल करने संबंधी नीति को अमलीजामा पहनाया है। 

    उन्होंने कहा कि वर्तमान में पंचायतों में कार्यरत चौकीदार शिक्षित व कुशल पेशेवर हैं तथा भविष्य में उन्हें पदोन्नति के अवसर प्रदान करने के मकसद से भी नियम निर्धारित किए जाएंगे। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सरकार ने सामाजिक कल्याण तथा जनहित से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश सरकार ने महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत किराए में छूट दी है। इसके अलावा 125 यूनिट तक प्रतिमाह बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल पूरी तरह माफ कर बड़ी राहत प्रदान की है। प्रदेश सरकार 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को बिना आय सीमा के पेंशन सुविधा प्रदान कर रही है।
    इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा व प्रदेश सचिव सुमन बाला, हिमाचल प्रदेश पंचायत चौकीदार संघ के अध्यक्ष तरसेम सिंह, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश व महासचिव रितु राज, बीएमएस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप चंद, भारतीय मजदूर संघ ऊना के अध्यक्ष हकीकत राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।

  • मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हादसे पर व्यक्त किया शोक

    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हादसे पर व्यक्त किया शोक

    ऊना/सुशील पंडित : मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जिला ऊना के कुठार कलां में देर रात हुए एक सड़क हादसे में 5 युवकों की मौत पर दुख व्यक्त किया। जय राम ठाकुर ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंद हृदयविदारक दुर्घटना है तथा ईश्वर पीड़ित परिवारों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने का संबल प्रदान करे।  

  • मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र शर्मा के घर जाकर व्यक्त किया शोक

    मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र शर्मा के घर जाकर व्यक्त किया शोक

    ऊना/ सुशील पंडित : दो दिवसीय प्रवास पर जिला ऊना आए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज ऊना में वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र शर्मा के घर जाकर उनकी माता के देहांत पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अपने पारिवारिक सदस्यों से उनका कुशलक्षेम पूछा व अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की। 
    मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के साथ छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह, हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

  • गालीबाज महिला के बाद एक और महिला आई सामने, स्कियोरिटी गाड को मारे थप्पड़…

    गालीबाज महिला के बाद एक और महिला आई सामने, स्कियोरिटी गाड को मारे थप्पड़…

    नोएडाः बीजेपी के कथित नेता श्रीकांत त्यागी और गालीबाज महिला वकील के बाद अब एक थप्पड़बाज महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो नोएडा के क्लियो काउंटी सोसाइटी का बताया जा रहा है, जिसमें एक महिला गार्ड को थप्पड़ मारती नजर आ रही है। मिल रही जानकारी के मुताबिक महिला पेशे से प्रोफेसर है। इस मामले में गार्ड के द्वारा पुलिस में शिकायत भी की गई लेकिन सिर्फ महिला का 151 में चालान कर मामले में खानापूर्ति कर दी गई। इस घटना के बाद गार्डों में रोष भी देखने को मिल रहा है।

    घटना शनिवार करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक महिला ने गेट खुले में हुई देरी के बाद गार्ड को दनादन कई थप्पड़ जड़ दिए। जिसका वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया। घटना के बाद गार्ड द्वारा पुलिस को सूचना भी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का 151 में चालान कर दिया। हालांकि गार्डों का कहना है कि यह एक्शन नाकाफी है।

    उधर नोएडा फेज 3 पुलिस का कहना है कि घटना क्लेओ काउंटी सोसाइटी की है। एक महिला द्वारा गार्ड को थप्पड़ मारने की शिकायत मिली थी। शनिवार को ही इस मामले में मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले में महिला का चालान किया गया है, बाकी की जांच जारी है।

  • कच्चे तेल के दाम 7 माह के निचले स्तर पर, लेकिन…

    कच्चे तेल के दाम 7 माह के निचले स्तर पर, लेकिन…

    नई दिल्लीः अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत सात महीने के निचले स्तर पर आ गई हैं, लेकिन भारत में पेट्रोल और डीजल के खुदरा बिक्री मूल्य में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसकी वजह यह है कि सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने लागत में बढ़ोतरी के बावजूद करीब पांच माह तक नुकसान झेलते हुए पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की थी।

    मंदी की आशंका के बीच फरवरी की शुरुआत के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड पिछले सप्ताह 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। उसके बाद से यह कुछ तेजी के साथ 92.84 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जो छह महीने का निचला स्तर है।

    रूस द्वारा नॉर्थ स्ट्रीम पाइपलाइन को बंद रखने और कच्चे तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक और उसके सहयोगियों (ओपेक +) के उत्पादन में कटौती जैसे कदमों के बावजूद कीमतों में गिरावट आई है। हालांकि, इससे भारत में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। रिकॉर्ड 158 दिन से पेट्रोल और डीजल कीमतों में बदलाव नहीं हुआ है।

    पेट्रोलियम कीमतों में बदलाव नहीं होने के सवाल पर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में तेजी की वजह से दाम नहीं बढ़ाने के चलते जो नुकसान हुआ था, उसकी वजह से अब ये कंपनियां कीमतें नहीं घटा रही हैं।

    उन्होंने कहा, ‘‘जब अंतरराष्ट्रीय कीमतें ऊंची थीं, हमारी (पेट्रोल और डीजल) कीमतें पहले ही कम थीं। ‘‘क्या हमने अपने सारे नुकसान की भरपाई कर ली है?’’ हालांकि, उन्होंने छह अप्रैल से दरों को स्थिर रखने से हुए नुकसान के बारे में विस्तार से नहीं बताया।

  • मां से पैसे ठगने के लिए बेटी ने रची अपनी किडनैपिंग की साजिश, बाॅयफ्रेंड के परिवार वाले गिरफ्तार…

    मां से पैसे ठगने के लिए बेटी ने रची अपनी किडनैपिंग की साजिश, बाॅयफ्रेंड के परिवार वाले गिरफ्तार…

    नई दिल्लीः इंसान पूरी दुनिया से चाहे जितना झूठ बोल ले मगर अपनी मां से झूठ नहीं बोल पाता। हालांकि, कुछ बच्चे ऐसे भी होते हैं जो अपना स्वार्थ पूरा करने के लिए मां-बाप को भी झूठ के अंधेरे में रखते हैं। हाल ही में स्पेन में भी ऐस ही ममला सामने आया जहां एक महिला ने अपनी ही मां को ठगने की कोशिश की। उसने तो झूठ की हद पार करते हुए किडनैप होने की पूरी साजिश रच डाली मगर उसके झूठ का पर्दा फाश हो गया।

    रिपोर्ट के अनुसार स्पेन के शहर टेनेरिफ में एक महिला को सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ा है जिसने अपनी ही मां को धोखा दे दिया। स्पेन की दो नेशनल लॉ एनफोर्समेंट एजेंसी Guardia Civil ने कुछ दिन पहले एक वीडियो जारी किया जिसमें एक महिला किडनैप की गई है और उसको अगवा करने वाले गले पर चाकू रखे खड़े हैं। महिला वीडियो में अपनी मां से रोते हुए कह रही है कि वो जल्द से जल्द एक अंजान लोकेशन पर 40 लाख रुपए फिरौती की रकम रख दे नहीं तो उसके किडनैपर उसे मार डालेंगे।

    महिला ने वीडियो में बताया कि वो अपने किडनैपर्स को नहीं जानती और वो 40 लाख रुपए की डिमांड कर रहे हैं। उन्होंने घर में भी बग लगा दिया है इसलिए अगर मां ने पुलिस को फोन किया तो किडनैपर्स को पता चल जाएगा और वो बेटी की हत्या कर देंगे। रिपोर्ट के मुताबिक मां रुपए देने के लिए तैयार हो गई मगर उसने पुलिस को भी फोन कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि इससे पहले मेल पर कई बार बेटी को जान से मारने की धमकी वाले मेल उसे आते रहते थे। उनसे डरकर वो अलग-अलग मौकों पर पैसे दे चुकी थी जो कुल 37 लाख रुपये तक रहे होंगे।

    पुलिस को शक हुआ कि महिला को ठगा जा रहा है। इसलिए उन्होंने सबसे पहले बेटी के बॉयफ्रेंड की लोकेशन फोन से पता की। उसकी लोकेशन के साथ उसके परिवार की लोकेशन भी एक गेम रूम में मिली जहां बेटी की लोकेशन भी दिखा दे रही थी। 24 घंटे के अंदर पुलिस वहां पहुंच गई और उन्होंने बेटी समेत बॉयफ्रेंड और उसके पूरे परिवार को गिरफ्तार कर लिया। उन लोगों ने कुबूल किया कि वो महिला को ठग रहे थे।

  • चार नशा तस्करों को अलग-अलग मामलों में किया गिरफ्तार 

    चार नशा तस्करों को अलग-अलग मामलों में किया गिरफ्तार 

    लुधियाना : पंजाब की लुधियाना पुलिस ने चार नशा तस्करों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस को नशीली गोलियां और अफीम बरामद हुई हैं। 37,600 नशीली गोलियां औ 1.50 किलो अफीम मिली है।

    पहले मामले में CIA-2 ने बिहार के किशनगंज के रहने वाले टिब्बा रोड के तोसिफ आलम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से नशीली गोलियां बरामद की हैं। DCP वरिंदर सिंह बराड़, ADCP रूपिंदर कौर सरां व SHO बेअंत जुनेजा ने बताया कि आरोपी तोसिफ को गीता नगर के पास से गिरफ्तार किया गया है।

    DCP बराड़ ने कहा कि पूछताछ के दौरान तोसिफ ने खुलासा किया कि वह गोपाल नगर टिब्बा रोड के कुलदीप सिंह नाम के व्यक्ति और उसके भतीजे प्रिंस से गोलियां खरीदता था। पुलिस ने इस मामले में कुलदीप और प्रिंस दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, यह पाया गया कि कुलदीप को टिब्बा पुलिस ने पहले ही 4 सितंबर को 1320 गोलियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है और वह वर्तमान में लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद है।

    पुलिस उसे पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी, जबकि राजकुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल 2 ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.50 किलो अफीम बरामद की है।

    ADCP रूपिंदर कौर सरां ने कहा कि आरोपियों की पहचान ढोलेवाल के वरिंदर पासवान, अरविंदर कुमार और योगेश कुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं जो पिछले कुछ समय से ढोलेवाल इलाके में रह रहे हैं। ADCP सरां ने कहा कि आरोपियों ने कहा कि वे बेरोजगार हैं और वे आसानी से पैसे के लिए नशीली दवाओं की तस्करी में लिप्त हैं।

  • रेप के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

    रेप के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

    जयपुर : शास्त्री नगर थाना पुलिस ने नाबालिग से रेप के मामले में फरार आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया। 
    जयपुर में नाबालिग से रेप के आरोपी को शास्त्री नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 5 साल पहले आरोपी ने एक नाबालिग से रेप किया था। लम्बे समय से फरार होने के कारण 5 हजार का इनाम भी रखा गया। पुलिस के झोटवाड़ा में दबिश देने पर रेप का आरोपी छिपा मिला।

    SHO दिलीप सिंह शेखावत ने बताया कि नाबालिग से रेप मामले में आरोपी कुलदीप सिंह (30) पुत्र दान सिंह निवासी बैनाड़ रोड मोहन वाटिका झोटवाड़ा को गिरफ्तार किया है। साल 2017 में शास्त्री नगर इलाके में एक नाबलिग से आरोपी कुलदीप ने रेप किया। नाबालिग से रेप की शिकायत शास्त्री नगर थाने में दर्ज करवाई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। नाबालिग से रेप के बाद ही आरोपी कुलदीप सिंह फरार हो गया।

    पुलिस टीमों ने उसे पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दी। लम्बे समय तक पकड़ में नहीं आने पर 5 हजार का इनाम रखा गया। पिछले 5 साल से फरार रेप के आरोपी कुलदीप की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई। पुलिस टीम ने साइबर सेल के कॉन्स्टेबल मनोज कुमार की मदद से आखिरकार कुलदीप को झोटवाड़ा में दबिश देकर पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि पुलिस से बचने के लिए वह बार-बार अपने छिपने का ठिकाने बदल रहा था।

  • मुकेश अंबानी ने खरीदी एक साथ 2 कंपनी, इतने करोड़ में हुई डील…

    मुकेश अंबानी ने खरीदी एक साथ 2 कंपनी, इतने करोड़ में हुई डील…

    नई दिल्लीः एशिया के दूसरे सबसे रईस और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन Mukesh Ambani लगातार अपने कारोबार का विस्तार करते जा रहे हैं। हाल ही में अमेरिकी कंपनी सेंसहॉक और सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड कैंपा कोला की डील के बाद उन्होंने अब एक और कंपनी झटक ली है। अब रिलायंस ने पॉलिएस्टर चिप और धागा बनाने वाली कंपनी शुभलक्ष्मी पॉलिएस्टर्स लिमिटेड का अधिग्रहण किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह डील 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा में में हुई है।

    जानकारी के मुताबिक, शेयर बाजार को भेजी सूचना में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से इस बात की जानकारी दी गई। नियामकीय फाइलिंग में बताया गया कि RIL के पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी रिलायंस पेट्रोलियम रिटेल लिमिटेड ने शुभलक्ष्मी पॉलिएस्टर्स लिमिटेड (SPL) और शुभलक्ष्मी पॉलिटेक्स लिमिटेड (SPTex) के पॉलिएस्टर बिजनेस के अधिग्रहण की डील की है। इसके तहत SPL के लिए 1,522 करोड़ रुपए, जबकि SPTex के लिए 70 करोड़ रुपए में सौदा हुआ है।

    रिपोर्ट में कहा गया कि फिलहाल, इस डील पर भारतीय प्रतिस्पर्द्धा आयोग और दोनों कंपनियों के संबंधित लेनदारों की मंजूरी लेना अभी बाकी है। रिलायंस की यह बड़ी डील कंपनी के टेक्सटाइल मैन्यूफैक्चरिंग बिजनेस को आगे बढ़ाने की दिशा में उठाया गया कदम है। रिलायंस लगातार अपने कारोबार को विस्तार कर रही है और अपने पोर्टफोलियो में एक के बाद एक कंपनी को जोड़ती जा रही है।

    शुभलक्ष्मी पॉलीटेक्स लिमिटेड डायरेक्ट पॉलीमराइजेशन के जरिए पॉलिएस्टर फाइबर, यार्न और टेक्सटाइल-ग्रेड चिप्स का उत्पादन करती है। इसकी पॉलीमराइजेशन क्षमता 2,52,000 टन प्रति वर्ष है। गौरतलब है कि फर्म की दो उत्पादन इकाइयां हैं, जिनमें से एक गुजरात के दहेज में मौजूद है, जबकि दूसरी सिलवासा, दादरा- नागर हवेली में है।

    टर्नओवर की बात करें तो SPL ने साल 2019 में 2,702.50 करोड़ रुपए, साल 2020 में 2,249.08 करोड़ रुपए और साल 2021 में 1,768.39 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। इसके अलावा SPTex के टर्नओवर को देखें तो इसने साल 2019 में 337.02 करोड़ रुपए, साल 2020 में 338.00 करोड़ रुपए और साल 2021 में 267.40 करोड़ रुपए का कारोबार किया था।

    हाल ही में रिलायंस ने कोला बाजार में जोरदार एंट्री लेने की अपनी योजना के तहत 70 के दशक में इस सेक्टर में टॉप पर रहने वाले कैंपा कोला ब्रांड का अधिग्रहण किया है। रिलायंस ने दिल्ली स्थित प्योर ड्रिंक ग्रुप के साथ करीब 22 करोड़ रुपए के सौदे में इस कैम्पा कोला ब्रांड को अपना बनाया है। रिपोर्ट की मानें तो रिलायंस इंडस्ट्रीज दिवाली तक इसके तीन फ्लेवर को मार्केट में उतार सकती है। जिनमें कोला वैरिएंट के साथ लेमन और ऑरेंज फ्लेवर भी शामिल होगा।

    इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कैलिफोर्निया स्थित सौर ऊर्जा सॉफ्टवेयर विनिर्माता सेंसहॉक में 3.2 करोड़ डॉलर यानि करीब 256 करोड़ रुपए में 79.4 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने की घोषणा की है। सेंसहॉक की स्थापना वर्ष 2018 में की गई थी। कैलिफोर्निया स्थित यह कंपनी सौर ऊर्जा उत्पादन से जुड़े सॉफ्टवेयर आधारित मैनेजमेंट टूल्स तैयार करती है। इसके अलावा सौर ऊर्जा कंपनियों के प्रोसेस को आसान बनाकर प्लानिंग से लेकर सौर ऊर्जा के उत्पादन को गति देने का काम में सक्रिय है।