Blog

  • गोबिंद सागर झील में पंजाब के 7 युवक डूबे

    गोबिंद सागर झील में पंजाब के 7 युवक डूबे

    हिमाचल, (सुशील पंडित): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दर्दनाक मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक गोबिंद सागर झील में 7 युवकों के डूबने की सूचना मिली हैं। बताया जा रहा है कि सभी युवक मोहाली पंजाब के रहने वाले हैं। सभी युवक गोबिंद सागर झील में नहाने उतरे थे और अचानक डूब गए।

    बाबा बालक नाथ मंदिर जा रहे थे सभी युवक

    हादसे की सूचना मिलते ही बंगाणा पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस थाना बंगाणा से मिली जानकारी के मुताबिक गांव कोलका बाबा गरीब दास मंदिर के पास गोविंद सागर झील में करीब 3.50 बजे यह हादसा हुआ। पुलिस को 7 युवकों की डूबने की सूचना मिली। बताया गया है कि मोहाली के बनूड़ के 11 लोगा नैना देवी दर्शन करने के बाद बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध जा रहे थे। 

    चार युवक निकले बाहर 

    बाबा गरीब दास मंदिर के पास गोविंदसागर झील में नहाने उतर गए। पानी गहरा होने के कारण सात युवक पानी में डूब गए। चार युवक किसी तरह पानी से बाहर निकले और मदद के लिए चिल्लाने लगे। स्थानीय लोग भी मदद के पहुंचे लेकिन डूबे युवकों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई कर रहे हैं। एसपी अर्जित सेन ने कहा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर है। वे खुद घटनास्थल पर जा रहे हैं।

    हजारों श्रद्धालु पहुंचते माथा टेकने 

    वहीं गोताखोरों की टीम और फायर बिग्रेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। बता दें कि सावन का महिना चल रहा है। ऐसे में हिमाचल के मंदिरों में बाहरी राज्यों से हजारों श्रद्धालु माथा टेकने यहां पहुंच रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ हिमाचल में लगातार हो रही बारिश से यहां की नदियां उफान पर हैं। ऐसे में नदियों के आसपास जाना भी खतरे से खाली नहीं है। लेकिन बाहरी राज्यों के लोग प्रशासन की एडवायजरी को अनदेखा करते हैं और

    डूबने वालों में दो सगे भाई

    डूबने वाले युवकों की पहचान रमन पुत्र लाल चंद, पवन पुत्र सुरजीत राम, अरुण पुत्र रमेश कुमार, लव पुत्र लाल चंद, लखवीर पुत्र रमेश कुमार, विशाल पुत्र राजू, शिवा पुत्र अवतार सिंह के रूप में हुई है। हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी बताया जा रहा है कि डूबने वालों में दो सगे भाई हैं।

  • पंजाबः रिश्वत के आरोप में विजीलेंस ने एएसआई को किया गिरफ्तार

    पंजाबः रिश्वत के आरोप में विजीलेंस ने एएसआई को किया गिरफ्तार

    लुधियाना: पंजाब के सीएम भगवंत मान के भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के आदेश जारी किए हुए है। इस मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने लुधियाना के समराला कोर्ट परिसर में तैनात एएसआई अवतार सिंह को रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि एएसआई अवतार सिंह को 7000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

    एएसआई ने मांगे थे 20 हजार रुपए, 7 हजार में तय हुआ सौदा

    विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के जियानपुरा निवासी संदीप कुमार की शिकायत पर आरोपी एएसआई को गिरफ्तार किया है। पीड़ित अब मच्छीवाड़ा की नागरा कॉलोनी में रहता है। शिकायतकर्ता ने विजीलेंस लुधियाना को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खिलाफ दुर्घटना का मामला अदालत में लंबित है, जिससे पार्टियों के बीच समझौता प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवतार सिंह अदालत में बयान दर्ज करने के लिए 20,000 रुपए की मांग कर रहे हैं, लेकिन सौदा 7000 रुपए में हुआ था।

    रंगे हाथों एएसआई गिरफ्तार

    उन्होंने बताया कि शिकायत में तथ्यों को जांचने के बाद विजीलेंस टीम ने एएसआई अवतार सिंह को 7000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। इस मामले में लुधियाना में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

  • भारत में मंकीपॉक्स से हुई पहली मौत, 22 साल के युवक ने तोड़ा दम

    भारत में मंकीपॉक्स से हुई पहली मौत, 22 साल के युवक ने तोड़ा दम

    नई दिल्लीः कोरोना महामारी के बाद देश में मंकीपॉक्स का खतरा लगातार बढ़ रहा है। केरल में मंकीपॉक्स से संक्रम‍ित 22 साल के युवक की मौत हुई है। इसे मंकीपॉक्‍स से संक्रम‍ित देश में पहली मौत बताया गया है। युवक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से लौटा था। शनिवार सुबह त्रिशूर के एक प्राइवेट अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। दरअसल युवक की रिपोर्ट संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में ही मंकीपॉक्स पॉजिटिव आई थी।

    मृतक ने त्रिशूर ज‍िले में की थी इलाज मांग की 

    उधर, केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया क‍ि युवक की मौत के कारणों की जांच की जाएगी। उसके नमूनों की रिपोर्ट अब तक आई नहीं है। उन्होंने कहा कि मरीज युवा था और उसे कोई और बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी कोई दूसरी दिक्कत नहीं थी। स्वास्थ्य विभाग उसकी मौत के कारणों का पता लगा रहा है। केरल के त्रिशूर ज‍िले के 22 साल के एक लड़के की शनिवार को मौत हो गई थी। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा, ‘मंकीपॉक्स के लक्षण वाले व्यक्ति की मौत की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। उसका विदेश में हुई टेस्ट का रिजल्ट पॉजिटिव निकला। उसने त्रिशूर में इलाज की मांग की थी।’

    इलाज में देरी की होगी जांचः मंत्री

    मंत्री ने आगे कहा, ‘इलाज में देरी क्यों हुई, इसकी जांच कराई जाएगी। युवक की मंकीपॉक्स से मौत को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने पुन्नयूर में बैठक बुलाई है। मृतक युवक की संपर्क सूची और रूट मैप तैयार किया गया।’

    21 जुलाई को आया था भारत, 27 को हुआ अस्पताल में भर्ती

    स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि त्रिशूर के 22 साल के लड़का 21 जुलाई को भारत पहुंचा था। यूएई छोड़ने से एक दिन पहले उसकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 27 जुलाई को वह अस्पताल में भर्ती हुआ था और यहां परिवार के साथ रह रहा था। उसके नमूनों की फिर से जांच कराई जाएगी।

    भारत में मंकीपॉक्स का पहला मरीज हुआ ठीक 

    उधर, केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के एक सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती देश का पहला मंकीपॉक्स का मरीज स्वस्थ हो गया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा कि चूंकि यह देश में मंकीपॉक्स का पहला मामला था, इसलिए राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान के निर्देशानुसार 72 घंटे के अंतराल पर कोल्लम निवासी मरीज का दो बार परीक्षण किया गया। वीणा जॉर्ज ने कहा, ‘सारे नमूने जांच में निगेटिव पाए गए। मरीज शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ है। उसकी सूजन और गांठ पूरी तरह ठीक हो गई है।’

  • पंजाबः ड्रग्स तस्करों को लेकर IG ने किए खुलासे, जानें कितनों पर हुई कार्रवाई

    पंजाबः ड्रग्स तस्करों को लेकर IG ने किए खुलासे, जानें कितनों पर हुई कार्रवाई

    चंडीगढ़ : सीएम भगवंत मान के आदेश के मुताबिक राज्य में चलाई गई “ड्रग्स मिशन फ्री पंजाब” के तहत पिछले एक महीने में 260 बड़े तस्करों सहित 2205 ड्रग तस्करों पर नकेल कसकर गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी आईजी सुखचैन सिंह गिल ने आज चंडीगढ़ में कांफ्रैंस के जरिए दी है।

    उन्होंने बताया कि कुल 1730 प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज है जिनमें से 145 वाणिज्यिक मात्रा से संबंधित हैं। आईजी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने पिछले महीने गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 48.95 लाख रुपए की नशीली दवाओं की राशि बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने पिछले महीने एनडीपीएस मामलों में वांछित 99 घोषित अपराधियों और फरार लोगों को गिरफ्तार किया है।

    भारी मात्रा में नशा किया गया बरामदः आईजी 

    उन्होंने बताया कि पुलिस ने राज्य भर से 30 किलो हेरोइन, 75 किलो अफीम, 69 किलो गांजा, और 185 क्विंटल पोस्त भूसी के अलावा राज्य भर से 12.56 लाख टैबलेट / कैप्सूल / इंजेक्शन / फार्मा ओपिओइड की शीशियों को बरामद किया है। राज्य भर में संवेदनशील मार्गों पर नाके लगाने के अलावा नशीली दवाओं से प्रभावित क्षेत्रों में घेरा और तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह पुलिस ने 329 प्राथमिकी दर्ज कर 453 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 8.4 किलो हेरोइन, 10 किलो अफीम, 2 किलो गांजा और 21 क्विंटल पोस्त की भूसी के अलावा 10.46 लाख रुपये की नशीला पदार्थ बरामद किया है।

    वर्दी में किसी भी काली भेड़ को नहीं किया जाएगा बर्दाश्त 

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर सभी पुलिस जिलों के साप्ताहिक प्रदर्शन की समीक्षा की जा रही है और मादक पदार्थों की बरामदगी और मादक द्रव्यों की बरामदगी, मादक द्रव्यों की गिरफ्तारी के आधार पर तीन शीर्ष जिलों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीर्ष 3 जिलों को मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने पहले ही निर्देश दिए है कि वर्दी में किसी भी काली भेड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

  • पंजाबः मंत्री के आदेश के बावजूद अधिकारी नहीं कर रहे LPU पर कार्रवाई, जाने पंचायती जमीन पर कितना किया कब्जा

    पंजाबः मंत्री के आदेश के बावजूद अधिकारी नहीं कर रहे LPU पर कार्रवाई, जाने पंचायती जमीन पर कितना किया कब्जा

    जालंधर, (वरुण): पंजाब में सीएम मान ने हाल ही में विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ से सटे मुल्लांपुर में 2828 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त करवाया। इस जमीन की कीमत का लगभग 300 करोड़ रुपए का सरकार ने दावा किया है। सीएम मान की ओर से पंचायती जमीन के कब्जे छुड़वाने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया गया था। उन्होंने कब्जाधारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर कब्जे ने छोड़े तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन दूसरी ओर आप सरकार के अपने नेताओं पर पंचायती जमीन के कब्जे को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।

    इसका ताजा मामला लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का सामने आया है। एलपीयू के मालिक अशोक मित्तल है जो आप पार्टी के राज्य सभा के मेंबर भी है। एलपीयू  पर भी 6 कनाल 20 मरले की पंचायत की जमीन पर कब्जे का आरोप है। लेकिन सरकार इस यूनिवर्सिटी पर मेहरबान हो रही है। एक तरफ तो पूरे पंजाब में पंचायती जमीनों को छुड़ाया जा रहा था तो लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने जो पंचायत से जमीन ले रखी है उसकी तरफ किसी ने ध्यान नहीं दिया या क्या जानबूझ कर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही?

    मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के आदेश के बावजूद नहीं रो रही कार्रवाई

    बता दें कि एलपीयू का मुद्दा पिछले महीन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के साथ अधिकारियों की बैठक में भी उठा था। हालांकि इस दौरान मंत्री की ओर से अधिकारियों को आदेश दिए थे कि यूनिवर्सिटी में जो लैंड कब्जे में है उसे भी मुक्त करवाया जाए। लेकिन इन सबके बावजूद किसी भी अधिकारी की हिम्मत नहीं हुई कि वह राज्य सभा मेंबर की एलपीयू यूनिवर्सिटी से कब्जा छुड़ा पाए। मंत्री के आदेश अब भी अधिकारियों ने छींके पर टांगे हुए हैं।

    यूनिवर्सिटी के कब्जे में 6 कनाल 20 मरले जमीन

    इस मामले को लेकर जिला पंचायत अधिकारी हरजिंदर सिंह से जब मीडिया ने बात की गई तो उन्होंने बताया कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कब्जे में 6 कनाल 20 मरले जमीन है। यह जमीन मुआफी की है। 1935 में रियासती काल के दौरान इसे गुरुघर को दिया गया था। लेकिन मौजूदा दौर में दस्तावेजों में यह जमीन नगर पंचायत हरदासपुर के नाम पर दर्ज है। गुरुघर ने यह जमीन आगे यूनिवर्सिटी को किस तरह से दी है इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। लेकिन कागजों में यह जमीन हरदासपुर नगर पंचायत की है।

    उन्होंने कहा कि पंचायत यदि चाहे तो कब्जा छुड़ा सकती है। इसी बीच विशेषज्ञों का कहना है कि जो मुआफी की जमीन है जिसे मुआफी में मिली है उसका प्रयोग सिर्फ वही पर सकता है। उस जमीन को वह आगे पट्टे पर फिर बेच नहीं सकता। क्यों उसे उस जमीन का मालिकाना हक नहीं होता है। लेकिन इन सबके बावजूद अधिकारी कार्रवाई करने के लिए क्यों हिचकिचा रहे है। क्या आप सरकार एलपीयू से पंचायती जमीन का कब्जा छुड़वाएगी या फिर विपक्षों पर ही कार्रवाई करके वाहवाही लूटती रहेंगी। 

    इस जमीन से एलपीयू का नहीं है कोई लेन-देनः पीआरओ हरप्रीत 

    वहीं दूसरी ओर इस संबंध में एलपीयू के पीआरओ हरप्रीत ने पत्र जारी करते हुए जानकारी दी है। उन्होंने पंचायती जमीन को लेकर बताया कि इस जमीन से एलपीयू का कोई लेना देना नहीं है।  हरप्रीत ने बताया कि ग्राम पंचायत गांव हरदासपुर ने अपनी ओर से जारी पत्र में 9 मई 2022 में मानयोग ब्लॉक विकास और पंचायती अफसर फगवाड़ा को स्पष्टीकरण दिया हुआ है। जिसमें उन्होंने कहा कि उक्त भूमि गुरुद्वारा साहिब को वर्ष 1933 में माफ कर दी गई है और 1933 से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी इसकी देखरेख कर रही है।

    ग्राम पंचायत गांव हरदासपुर ने भी अपने उक्त पत्र में स्पष्ट किया है कि उक्त भूमि पर ग्राम पंचायत गांव हरदासपुर का कोई अधिकार नहीं है और ग्राम पंचायत गांव हरदासपुर का उक्त भूमि से कोई लेन-देन या तलक वास्ता नहीं है और न ही कभी होगा। ग्राम पंचायत गांव हरदासपुर के उक्त पत्र दिनांक 09 मई 2022 की एक प्रति भी इसके साथ संलग्न है। यहां यह भी स्पष्ट किया जाता है कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा का इस जमीन से कोई संबंध नहीं है। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति इस जमीन को सालाना ठेके पर खेती के लिए देती है।

    इस वर्ष हमने यह भूमि ग्राम हरदासपुर निवासी सरदार रवींद्र सिंह के पुत्र सरदार बीर सिंह को 26000 रुपये के वार्षिक ठेके पर दी हुई है और गुरुद्वारा सिंह सभा द्वारा सरदार रविन्द्र सिंह को जारी वार्षिक ठेके की रसीद संख्या 4163 दिनांक 23 जून 2022 की एक कॉपी भी साथ संलग्न है।

  • जालंधरः बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, कई बच्चे घायल

    जालंधरः बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, कई बच्चे घायल

    जालंधर, (वरुण/हर्ष) : जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक थाना सदर के अधीन आते गांव धीणा में एक निजी स्कूल बस के खेतों में पलटने का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बस में 12 के करीब बच्चे सवार थे। बताया जा रहा है कि बच्चों को मामूली चोटें लगी हैं। वहीं हादसे में घायल हुए बच्चों को निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई है। बता दें कि पिछले 1 माह में स्कूल बस हादसे के 4 से अधिक मामले सामने आ चुके है। वहीं दसूहा में हुए स्कूल बस में 1 बच्चे और बस कंडकटर की मौत होने का मामला भी सामने आया था। 

  • पंजाबः ​​​​​घर से कॉलेज गई स्टूडेंट को किडनेप कर बनाया बंधक, आरोपी काबू

    पंजाबः ​​​​​घर से कॉलेज गई स्टूडेंट को किडनेप कर बनाया बंधक, आरोपी काबू

    लुधियानाः जिले से बड़ी ख़बर सामने आई है। घर से कॉलेज के लिए गई छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। तलाश दौरान पता चला कि युवक ने उसे अगवा कर बंधक बना रखा है। अब थाना सदर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस मामले को लेकर एएसआई बलवीर सिंह ने बताया कि आराेपी की पहचान खन्ना के गांव खटड़ा की हीरा कालोनी निवासी गुरबख्श सिंह के रूप में हुई है।

    पुलिस ने गांव गिल स्थित जनता कालोनी निवासी बलविंदर सिंह की शिकायत पर उसके खिलाफ उक्त केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 28 जुलाई को उसकी 20 वर्षीय बेटी ज्योति घर से माडल टाउन स्थित गुरु नानक कॉलेज पढ़ने के लिए गई थी। मगर वहां से लौट कर वापस नहीं आई। उसकी तलाश के दौरान पता चला कि आरोपी ने उसे अगवा कर किसी अज्ञात जगह पर बंधक बना रखा है।

  • पंजाबः सरकारी विभागों ने जारी किया अलर्ट, बाढ़ जैसे बने हालात

    पंजाबः सरकारी विभागों ने जारी किया अलर्ट, बाढ़ जैसे बने हालात

    पटियालाः पंजाब के विभिन्न राज्यों में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं, पटियाला के ऊपरी हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से गांवों और कॉलोनियों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। भारी बारिश को देखते हुए सरकारी विभागों ने अलर्ट जारी किया गया और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भोजन, बचाव और चिकित्सा सामग्री की अन्य व्यवस्था करने के लिए कहा गया। 

    बता दें कि बद्दी नदी ने 2019 में गोपाल कॉलोनी को प्रभावित किया था, जिसके बाद निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना करना पड़ा था। बद्दी नदी एक मौसमी ड्रेन है जो फतेहगढ़ साहिब के जलग्रहण क्षेत्र से निकलती है। बद्दी नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि पटियाला शहर को मुख्य रूप से प्रभावित करने वाली छोटी नदी 7.30 फीट और खतरे का निशान 12 फीट है। पटियाला ड्रेनेज डिवीजन के अनुसार, गांव भांखरपुर के पास घग्गर का जल स्तर 1 फीट और खतरे का निशान 10 फीट है।

    अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) गौतम जैन ने कहा कि जिला प्रशासन ने विभिन्न सरकारी विभागों को अलर्ट पर रखा है। “घग्गर के ऊपरी इलाकों में भारी बारिश हुई है। प्रशासन द्वारा सतर्कता बरती जा रही है। अगर पटियाला का कोई इलाका प्रभावित होता है तो किसी भी स्थिति से निपटने के इंतजाम किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा, “अब तक स्थिति नियंत्रण में है। लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। पानी का स्तर बढ़ता हुआ दिखे तो प्रशासन को अलर्ट करें।

  • विधायकों को धमकी देने वाले 6 लोग गिरफ्तार, पाकिस्तान से जुड़े तार

    विधायकों को धमकी देने वाले 6 लोग गिरफ्तार, पाकिस्तान से जुड़े तार

    विधायकों को जान से मारने की धमकी और उनसे रंगदारी मांगने के आरोप में हरियाणा की एसटीएफ पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) सतीश बालन ने यहां भोंडसी में एसटीएफ के मुख्यालय में मीडिया से कहा कि राज्य के चार विधायकों को कई फोन नंबरों से 24 से 28 जून तक ऐसे कॉल आए थे, जो पश्चिमी एशियाई देशों से थे और पाकिस्तान से संचालित थे।

    आईजीपी ने बताया कि पंजाब के कुछ पूर्व विधायकों को भी इन नंबरों से ऐसे ही धमकी भरे कॉल आए। फोन करने वाले ने उनसे मुंबई के लहजे और पंजाबी में बात की। उन्होंने बताया कि गिरोह के दो सदस्यों, बिहार के रहने वाले दुलेश आलम और उत्तर प्रदेश के बदरे आलम को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। चार अन्य अमित यादव, सादिक अनवर, सनोज कुमार, काश आलम को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया गया. ये सभी बिहार के रहने वाले हैं।

    आईजीपी ने बताया कि उनके पास से 55 एटीएम कार्ड, 24 मोबाइल फोन, 56 सिम कार्ड, 22 पासबुक और चेक बुक, 3.97 लाख रुपये, एक एसयूवी, तीन डायरियां और एक रजिस्टर बरामद किया गया है। विधायकों को जान से मारने की धमकी देने के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकियां दर्ज की गयी, जिसके बाद हरियाणा के पुलिस महानिदेशक पी के अग्रवाल ने ये मामले एसटीएफ को सौंप दिए।

    आईजीपी बालन ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने की एसटीएफ की रणनीति के तौर पर उसके कर्मी जानबूझकर गिरोह के निशाने पर आए, जिसके बाद उन्हें भी ऐसे ही धमकी भरे कॉल आने लगे। बालन ने बताया कि फोन करने वाले लोगों द्वारा मांगी गयी रंगदारी देने की आड़ में पुलिस दल ने उनके बैंक खातों की जानकारियां आदि दर्ज की, जिसके बाद मुंबई और मुजफ्फरपुर में छापे मारे गए। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एसटीएफ को 10 पाकिस्तानी निवासियों के बारे में भी पता चला, जिनके जरिए धमकी और वसूली के कॉल आए थे।

    आईजीपी ने कहा, ‘‘ये आरोपी किसी आपराधिक गिरोह या आतंकवादी संगठन के नहीं हैं। ये बहुत शातिर अपराधियों का गिरोह है, जो पेशेवर धोखाधड़ी, धन शोधन में शामिल हैं और पाकिस्तान, पश्चिम एशिया तथा भारत में इनके सदस्य हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इन देशों में बैठै लोग पीड़ितों को ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में प्रवेश की आड़ में लुभाते हैं या कहते हैं कि उनकी लॉटरी निकली है या उनसे वसूली मांगते हैं तथा दुलेश या अमित द्वारा दी गई खाता संख्या में उन्हें पैसा डालने के लिए कहते थे।’’ बालन ने बताया कि इसके बाद दोनों एटीएम के जरिए पैसे निकालते या भारतीय खातों से अपने पाकिस्तानी गिरोह के सदस्यों के खातों में पैसे भेज देते थे।