Blog

  • वशिष्ठ पब्लिक स्कूल का छात्र बना म्यूजिक का सितारा।

    वशिष्ठ पब्लिक स्कूल का छात्र बना म्यूजिक का सितारा।

    ऊना/ सुशील पंडित : उपायुक्त जतिन लाल ने गायन प्रतियोगिता प्रतिभा की खोज सीजन एक में प्रथम रहे 13 वर्षीय आदित्य चौहान के ‘जिंदगी’ शीर्षक से गाए गाने को जारी किया। उन्होंने गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय में यह गाना जारी करते हुए आदित्य को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर आदित्य चौहान के साथ कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा, दिनभर मीडिया नेटवर्क के संचालक रणजीत राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। बता दें, आदित्य चौहान ऊना के वशिष्ठ पब्लिक स्कूल बडाला में 9वीं कक्षा के विद्यार्थी हैं। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिले के सभी बच्चों से कला और संस्कृति के साथ गहरा जुड़ाव बनाने और अपनी ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की खोज जैसे कार्यक्रम न केवल बच्चों को अपनी कला को दिखाने का मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें समाज में अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर भी देते हैं। बता दें, दिनभर मीडिया नेटवर्क द्वारा जून माह में प्रतिभा की खोज सीज़न एक कार्यक्रम ऊना और बंगाणा में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में 10 से 15 वर्ष आयुवर्ग के लगभग 35 बच्चों ने भाग लिया था। ऊना और बंगाणा में आयोजित कार्यक्रम में पहले तीन स्थानों पर रहे प्रतिभागियों के मध्य गायकी मुकाबले करवाए गए, जिसमें आदित्य चौहान अव्वल रहे और उनका गाना “जिंदगी“ यू-टयूब के माध्यम से लॉंच किया गया है। दिनभर मीडिया नेटवर्क के संचालक रणजीत राणा ने बताया कि इस कड़ी में आगे देहरा और हमीरपुर में प्रतिभा की खोज सीज़न दो आयोजित किया जाएगा। इन दोनों जगहों पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों के बीच मुकाबले करवाए जाएंगे तथा पहला स्थान प्राप्त करने वाले बच्चे का गाना यू-टयूब के माध्यम से लॉंच किया जाएगा। आगे समूचे हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा की खोज कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है ताकि बच्चों में गायकी की प्रतिभा को तराशा जा सके और उन्हें अपनी कला के माध्यम से एक पहचान मिल सके।

  • एचआईवी-एड्स पर जन जागरूकता को दौड़ा ऊना

    एचआईवी-एड्स पर जन जागरूकता को दौड़ा ऊना

    ऊना/ सुशील पंडित : ऊना जिले में एचआईवी-एड्स को लेकर छात्रों में जागरूकता वृद्धि के उद्देश्य से 22 अगस्त गुरुवार को 5 किलोमीटर की ‘रेड रन’ मैराथन का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और जिला एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण इकाई के संयुक्त प्रयास से हुए इस आयोजन में उपायुक्त जतिन लाल ने हरी झंडी दिखा कर दौड़ को रवाना किया। मैराथन प्रातः 8 बजे रामपुर से आरंभ होेकर सोमभद्रा पुल से समनाल होते हुए वापस रामपुर में संपन्न हुई।
    मैराथन में ‘रेड रिबन क्लबों’ का संचालन करने वाले जिले के 8 शिक्षण संस्थानों के 17 से 25 आयु वर्ग के 46 विद्यार्थी भाग लिया। इनमें 24 लड़के और 22 लड़कियां शामिल रहीं।उपायुक्त ने बताया कि इस मैराथन का उद्देश्य समाज में एचआईवी के प्रति जागरूकता फैलाना और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इसके अलावा, नशा और अन्य जोखिम भरे व्यवहारों से बचने के प्रति भी जागरूक किया गया। इस प्राकर के व्यसन युवाओं को एचआईवी और अन्य यौन संचारित संक्रमणों (एसटीआई) से संक्रमित होने के खतरे में डाल सकते हैं। युवाओं को उनसे बचने तथा फिटनेस पर ध्यान देने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने बताया स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों में एचआईवी के प्रति जागरूक फैलाने के लिए कैम्पेन चलाया गया है जोकि 12 अक्तूबर तक चलेगा जिसमें रैलियों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
    यह रहे प्रतिभागी संस्थान  
    मैराथन में भाग लेने वाले संस्थानों में राजकीय कॉलेज बंगाणा, राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना, एसबीडीएम राजकीय कॉलेज बीटन, राजकीय डिग्री कॉलेज अंब, डीएवी कॉलेज दौलतपुर चौक, राजकीय डिग्री कॉलेज हरोली, राजकीय डिग्री कॉलेज चौकी मन्यार व राजकीय डिग्री कॉलेज खड्ड शामिल रहे।
    उपायुक्त ने विजेताओं को स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित  
    रेड रन मैराथॉन में प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चौथे व पंाचवे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को उपायुक्त जतिन लाल ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मैराथॉन में पुरुष वर्ग में राजकीय डिग्री कॉलेज अम्ब से अभिषेक ने पहला स्थान, राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना से मोहित कुमार ने दूसरा, अरूण पठानिया ने तीसरा, चंदन सिंह ने चौथा तथा राजकीय डिग्री कॉलेज दौलतपुर चौक से श्याम ठाकुर ने पांचवा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा महिला वर्ग में राजकीय डिग्री कॉलेज से ज्योति वाला ने प्रथम, रवीना ने दूसरा, स्वाति ने तीसरा, राजकीय डिग्री कॉलेज अम्ब से मैहक ने चौथा और एबीवी राजकीय डिग्री कॉलेज बंगाणा से स्वाति ने पांचवा स्थान हासिल किया।
    उपायुक्त ने बताया कि ने पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 2500, 2000, और 1500 रुपये के नकद पुरस्कार तथा 700-700 रुपये के चार सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। यह नकद पुरस्कार विजेताओं को सितंबर के पहले सप्ताह में होने वाली राज्य स्तरीय मैराथन में भाग लेने पर प्रदान किए जाएंगे।
     
    इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा, जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमेश रत्तू, चिकित्सा अधीक्षक डॉ संजय मनकोटिया एमओएच डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू, जिला खेल एवं युवा मामले अधिकारी उत्तम डोड, जिला कार्यक्रम अधिकारी विशाल ठाकुर, जिला स्वास्थ्य शिक्षक गोपाल कृष्ण, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी शारदा साशवत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
  • बद्दी विश्वविद्यालय में नए सत्र के छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

    बद्दी विश्वविद्यालय में नए सत्र के छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

    बद्दी/ सचिन बैंसल : बद्दी विश्वविद्यालय में नए सत्र के छात्रों के स्वागत के लिए एक विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. जे.के. शर्मा ने की। उनके साथ रजिस्ट्रार प्रो. डॉ. खुशमीत कुमार और कुलाधिपति के सलाहकार प्रो. डॉ. टी.आर. भारद्वाज भी उपस्थित थे।
    इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी विभागों के डीन और प्रमुखों ने भी हिस्सा लिया और छात्रों को शिक्षा, शोध और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्हें आगामी सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगन से अध्ययन करने का संदेश दिया।
    कार्यक्रम के दौरान, कुलपति प्रो. डॉ. जे.के. शर्मा ने छात्रों को उच्च शिक्षा के महत्व और समाज में उनके योगदान के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों को विश्वविद्यालय के माहौल से परिचित कराने और उनकी शैक्षणिक यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
    कुलाधिपति के सलाहकार प्रो. डॉ. टी.आर. भारद्वाज ने अपने संबोधन में छात्रों को प्रेरित किया और उन्हें अनुशासन एवं कड़ी मेहनत के माध्यम से अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का संदेश दिया। रजिस्ट्रार प्रो. डॉ. खुशमीत कुमार ने छात्रों को विश्वविद्यालय के नियमों और नीतियों से अवगत कराया और अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के महत्व पर जोर दिया।
    कार्यक्रम का समापन छात्रों के लिए एक इंटरैक्टिव सत्र के साथ हुआ, जिसमें छात्रों ने अपने सवाल पूछे और विश्वविद्यालय के अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर सभी छात्रों ने विश्वविद्यालय में अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
  • Jalandhar : Gandhi Vanita Ashram से भाग रहीं लड़कियों पर लगे मारपीट के आरोप

    Jalandhar : Gandhi Vanita Ashram से भाग रहीं लड़कियों पर लगे मारपीट के आरोप

    जालंधर। महानगर में स्थित गांधी वनिता आश्रम से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जहां, गांधी वनिता आश्रम में बंद 7 लड़कियों ने भागने की कोशिश की। चोरी, ड्रग तस्करी और हत्या के मामले में संलिप्त इन लड़कियों ने भागने के चक्कर में होमगार्ड महिला कर्मचारी का सिर फोड़ दिया। जिसके बाद सूचना मिलने पर तुरंत होमगार्ड की महिला कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गांधी वनिता आश्रम की बाउंडरी दीवार ऊंची होने के कारण ये लड़कियां भागने में नाकाम रहीं।

    कमिश्नरेट पुलिस द्वारा आरोपी लड़कियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पता चला है कि गांधी वनिता आश्रम में रह रही 7 लड़कियों ने भागने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि सातों लड़कियां अपने कमरों से जैसे तैसे बाहर आ गई। जैसे ही लड़कियां बाहर आई तो वहां तैनात होमगार्ड की महिला कर्मचारी अमृत कौर ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन लड़कियों ने महिला कर्मचारी पर हमला कर दिया।

    लड़कियों ने महिला कर्मचारी अमृत कौर का सिर फोड़ दिया। इसके पश्चात लड़कियों ने गांधी वनिता आश्रम की दीवार फांदने की कोशिश की, लेकिन वहां तैनात अन्य स्टाफ के हरकत में आ जाने के कारण लड़कियां भाग नहीं पाई। सूचना मिलते ही थाना नम्बर 2 के एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह पुलिस फोर्स सहित मौके पर पहुंचे जिसके बाद जांच शुरू कर दी है।

    इधर, घटना संबंधी संपर्क करने पर थाना नम्बर 2 के एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 7 लड़कियों ने भागने की कोशिश की। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Jalandhar : 24 घंटे में सुलझी युवक के कत्ल की गुत्थी, 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Jalandhar : 24 घंटे में सुलझी युवक के कत्ल की गुत्थी, 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    घटना में इस्तेमाल की गई कार और हथियार बरामद

    जालंधर। पंजाब के जालंधर ग्रामीण पुलिस ने 24 घंटे में युवक की कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरपाल सिंह, पुत्र मनजीत सिंह, सिधवान डोना, कपूरथला; बलकार सिंह, पुत्र जसपाल सिंह, जो सिधवान दोना, कपूरथला में रहते हैं; और नजीर गुज्जर, निवासी अवादान, जालंधर में रहने वाले के रूप में हुई है। 05 और व्यक्तियों को केस में नामज़द किया गया है।

    इस झड़प में दो व्यक्ति घायल हो गए। कुलविंदर सिंह, जिसे किंडी के नाम से भी जाना जाता है, जो काला संघियान के निवासी चरण दास का पुत्र है, गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति, जतिंदर कुमार, पुत्र शाम लाल, कुलार, कपूरथला को गोली लगी और वर्तमान में उसका इलाज श्री राम अस्पताल, जालंधर में चल रहा है।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरकमल प्रीत सिंह खख ने जालंधर ग्रामीण पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तारियां की गईं। एसएसपी खख ने कहा, “हमारी टीमों ने आगे बढ़ने से रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए तेजी से कार्रवाई की कि जिम्मेदार लोगों को पकड़ा जाए।” जालंधर पुलिस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए वचन बंद हैं

    जांच में दोनों समूहों के बीच लंबे समय से प्रतिद्वंद्विता का पता चला, दोनों पक्षों के खिलाफ पहले भी एफआईआर दर्ज की गई थीं। आईपीसी की धारा 324 और 326 के तहत एफआईआर नंबर 122/22 पर अभी सुनवाई चल रही है, जबकि इस ताजा घटना के संबंध में आईपीसी की धारा 323 और 324 के तहत एक नई एफआईआर नंबर 79/24 दर्ज की गई है।

    जांच के दौरान, पुलिस ने एक स्विफ्ट कार, दो माउजर (.32 बोर) और आठ राउंड गोला-बारूद बरामद किया, जो चल रही जांच में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की जांच को सुविधाजनक बनाने के लिए उनकी रिमांड मांगी जाएगी।

  • Punjab : झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद

    Punjab : झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद

    लुधियाना। शहर में पुलिस को झाड़ियों में सड़ी-गली अवस्था में एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक के हाथ की नस में इंजेक्शन लगा हुआ मिला। एक राहगीर ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा तो उसने तुरंत शोर मचाया। जब आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया।

    जानकारी अनुसार गांव माणकवाल नजदीक झाड़ियों से यह शव मिला है। मृतक की पहचान हर्षित के रूप में हुई है। मृतक करीब 20 दिन पहले ही हिसार से लुधियाना में काम करने आया है था। हर्षित की दाई बाजू की नस में इंजेक्शन लगा मिला। पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचित कर दिया है।

    शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक की मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

  • Punjab : शिवलिंग खंडित करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab : शिवलिंग खंडित करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    लुधियाना। जिले के खन्ना में स्थित शिवपुरी मंदिर में 15 अगस्त को चोरी व शिवलिंग खंडित करने के मामले में पुलिस बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई करते हुए 4 आरोपिय़ों को गिऱफ्तार कर लिया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट कर इसकी पुष्टि भी की। सात दिनों के अंदर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ कर एक अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया जो धार्मिक स्थलों मंदिर और गुरुद्वारों को निशाना बना रहा था। ये पूरे भारत में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाते थे। इस ऑपरेशन में पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड और लखनऊ पुलिस का भी सहयोग रहा। वहीं, गिरोह से जुड़ी एक बड़ी बात सामने आई है कि इन्होंने तमिलनाडु और तेलंगाना में बड़ी वारदात को अंजाम देना था।

    एसएसपी खन्ना अश्विनी गोयल ने बताया कि इस केस को ट्रेस करने में 6 टीमों का गठन किया गया था। इसमें उत्तराखंड पुलिस की मदद से मुख्या आरोपी रेशम सिंह उर्फ रिंकू निवासी सिंधी झाला थाना सितारगंज जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड को दिल्ली से काबू किया गया। चंडीगढ़ पुलिस की मदद से रवि कुमार निवासी मेंहदपुर थाना नंगल जिला रोपड़ को चंडीगढ़ से काबू किया गया। हनी निवासी मेंहदपुर थाना नंगल जिला रोपड़ को रोपड़ से काबू किया गया। गिरोह से चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर राजीव कुमार सोनी निवासी कुमारपुर्म थाना पारा जिला लखनऊ उत्तर प्रदेश को लखनऊ से काबू किया गया। इस गिरोह के एक अन्य साथी मोहित निवासी उटावाल थाना खहर जिला अलीगढ़ की गिरफ्तारी बाकी है। गिरोह से 3 किलो 630 ग्राम चांदी बरामद की गई।

    मुख्य आरोपी रेशम सिंह रिंकू वर्ष 2018 से चोरियां करता आ रहा है। इन्होंने 2018 में मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में चोरी की थी। उसके खिलाफ चंडीगढ़, उत्तराखंड, लखनऊ, रायकोट में 10 केस दर्ज हैं।बाकी राज्यों से भी रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है। रवि के खिलाफ अभी कोई केस सामने नहीं आया। रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है। हनी पेशे से ड्राइवर है, उसके खिलाफ कोई केस नहीं। ज्वेलर राजीव खिलाफ लखनऊ में कई केस दर्ज हैं। फरार आरोपी मोहित के खिलाफ देहरादून, लखनऊ, उत्तराखंड में केस दर्ज हैं।

  • भारत विकास परिषद बद्दी ने भंडारा सेवा शुरू की

    भारत विकास परिषद बद्दी ने भंडारा सेवा शुरू की

    पहले दिन लगभग 500 लोगो ने खाया भंडारा
     
    बद्दी/ सचिन बैंसल : भारतीय विकास परिषद की बद्दी शाखा ने सरकारी अस्पताल परिसर बद्दी में आने वाले मरीजों एवं उनके अभिभावकों के लिए लंगर सेवा शुरु की।लंगर सेवा का शुभारंभ ई.एस.आई. के क्षेत्रीय निदेशक संजीव कुमार ने किया और इस मौके पर उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में लिखा है कि अन्नदान महादान है और उन्होंने मौके पर ही स्वेच्छा से इस लंगर सेवा के लिए अपने आप को स्थाई सदस्य बनाने के लिए कहा। इसी के साथ ई.एस.आई. के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी चन्द्रशेखर, सरवन कुमार व शाखा प्रबन्धक आलोक रंजन ने भी लंगर सेवा की स्थाई सदस्यता के लिए मौके पर ही चंदा दिया।ई.एस.आई. निदेशक ने भारतीय विकास परिषद की बद्दी शाखा के सचिव देव व्रत यादव, अध्यक्ष रमण कौशल व अन्य पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।भारतीय विकास परिषद की बद्दी शाखा के सचिव देव व्रत यादव ने कहा कि वे आभारी हैं कि भारतीय विकास परिषद की बद्दी की छोटी सी पहल पर जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है। शाखा के अध्यक्ष रमण कौशल ने कहा कि वे इस मुहिम को आगे बढाने में कोई कोर कसर नहीं छोडेंगें और इस लंगर सेवा में जो सदस्य स्वेच्छा से आगे आते हैं उनका वे स्वागत करते हैं। आज प्रारंभिक दिन लगभग 500 लोगों ने लंगर ग्रहण किया। अस्पताल के डा. चौहान व अन्य स्टाफ तथा भारतीय विकास परिषद के सदस्यों ने संजीव कुमार का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर सेवा करने वाले सज्जन नीरज गुप्ता, दीप कुमार आर्य, अनुपम शर्मा, एस एस सक्सेना, राधा गोबिंद मंत्री, परमबीर चौहान, सुषमा कुमारी, स्वाति पंवार, प्रेम लता, प्रीत पाल, ज्योत्सना मिश्रा, पवन कुमार गुप्ता व चक्रधर मिश्रा रहे।
  • Punjab : व्यक्ति की मौत होने को लेकर परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, देखें वीडियो

    Punjab : व्यक्ति की मौत होने को लेकर परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, देखें वीडियो

    संगरूर। जिले में एक व्यक्ति की होने को लेकर परिजनों ने सरकारी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। वहीं, मीडिया से बातचीत करते हुए परिजनों ने कहा कि राखी के दिन मृतक शख्स का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। उन्हें संगरूर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा था लेकिन ऑपरेशन होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

    परिजनों ने संगरूर पुलिस प्रशासन और सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनोंने आरोप लगाते हुए कहा कि लापरवाही के कारण व्यक्ति की मौत हुई है। साथ ही उन्होंने संगरूर पुलिस भी बड़ा आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन ने उचित कार्रवाई नहीं की और साथ ही जातिसूचक आरोप भी लगाया। जिसके चलते परिजनों ने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।

  • पार्टी के दिग्गज नेता ने अपने पद से दिया इस्तीफा

    पार्टी के दिग्गज नेता ने अपने पद से दिया इस्तीफा

    पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने आज अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। रजक ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को इस आशय के लिखे पत्र में कहा, “मैं राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय महासचिव एवं दल की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहा हूं।”

    उन्होंने पत्र में शायराना अंदाज में परोक्ष रूप से इस्तीफा देने का कारण और अपनी पीड़ा बयान करते हुए कहा, “मैं शतरंज का शौकीन नहीं था इसलिए धोखा खा गया। आप मोहरे चल रहे थे, मैं रिश्तेदारी निभा रहा था।” रजक के राजद छोड़ने के बाद से राजनीतिक गलियारे में उनके जनता दल यूनाइटेड (JDU) का दामन थामने की अटकलें तेज हो गई है।

    माना जा रहा है कि रजक अगले वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में फुलवारीशरीफ सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। हाल ही में रजक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात भी की है। उल्लेखनीय है कि रजक के उद्योग मंत्री रहते ही अगस्त 2020 में जदयू ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था । उन्हें वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में राजद से टिकट मिलने का भरोसा था लेकिन महागठबंधन में सीटों के तालमेल के तहत फुलवारीशरीफ सीट भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के खाते में जाने से उन्हें निराशा हाथ लगी।

    इस चुनाव में भाकपा-माले ने गोपाल रविदास को प्रत्याशी बनाया और उन्होंने जदयू उम्मीदवार अरुण मांझी को पराजित कर चुनाव जीत गए। इसके बाद वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में रजक समस्तीपुर सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन, महागठबंधन में यह सीट कांग्रेस के हिस्से में चली गई। इस तरह बार-बार निराशा हाथ लगने से रजक की राजद से दूरी बढ़ती चली गई और अंततः आज उन्होंने राजद से इस्तीफा दे दिया।