Blog

  • लोगों ने मौके पर ही 12 हजार रूपए का चालान भुगता

    ऊना/सुशील पंडित : ऊना पुलिस ने शनिवार को यातायात के नियम तोड़ने वाले 44 वाहनों के चालान काटे। कई वाहन चालकों ने मौके पर ही चालान का भुगतान कर दिया। पुलिस को उनसे जुर्माने के रूप में 12500 रूपए वसूल हुए हैं। पुलिस ने साथ ही अवैध खनन में लिप्त दो वाहनों के भी चालान किए हैं।
  • अरनियाला में सट्टेबाज पकड़ा

    ऊना/सुशील पंडित : अरनियाला गांव में शनिवार को पुलिस की कार्रवाई में एक दड़ा सट्टा कारोबारी पकड़ा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहतपुर थाने की एक टीम को सूचना मिली थी कि पुल वाला बाजार का रहने वाला अजूवर्धन पुत्र ओम प्रकाश दड़ा सट्टा पर्ची का काम करता है। पुलिस ने जब उसकी शक के आधार पर अरनियाला में तालाशी ली तो उससे दड़ा सट्टा पर्चियां और 1510 रूपए बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
  • दमन-दीव के व्यक्ति ने ऊना निवासी को ठगा

    ऊना/सुशील पंडित : अरब सागर में बसे दमन और दीव प्रदेश के एक व्यक्ति ने ऊना के भटोली निवासी को 98 हजार रूपए का चूना लगा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भटोली के मोरवड़ गांव के रहने वाले अशोक कुमार पुत्र राम स्वरूप ने मैहतपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके साथ दमन दीव के दभेल गांव में रहने वाले दीपक कुमार ने धोखाधड़ी की है। उसका दावा है कि दीपक ने उससे धोखे से 98025 रूपए ठग लिए हैं। पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। 
  • रोटरी क्लब ने आयुर्वेदिक अस्पताल ऊना में बच्चों को पोलियो ड्राप्स पिलाई

    ऊना/सुशील पंडित : रोटरी क्लब ऊना द्वारा आयुर्वेदिक अस्पताल ऊना में बूथ लगाकर शून्य से लेकर पांच वर्ष के बच्चों को पोलियो ड्राप्स पिलाई। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त ऊना वीरेंद्र शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर शिशुओं को पोलियों दवाई पिलाई गई। रोटरी क्लब ऊना के अध्यक्ष जगदीश राव ने कहा कि विश्व में पोलियों की रोकथाम में रोटरी क्लब ऊना का विशेष रोल रहा है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ने विश्व भर में पोलियों अभियान चलाकर पोलियों की रोकथाम में अहम भूमिका अदा की है। वहीं विश्व भर में इस अभियान के लिए आर्थिक सहायता भी दी है। उन्होंने कहा कि अब रोटरी क्लब की मुहिम सार्थक होती दिख रही है। उन्होंने सभी लोगों से आहवान किया किया है अपने बच्चों को पोलियों ड्राप जरुर पिलाएं। इस अवसर परा रोटरी क्लब ऊना के सचिव संजीव पुरी, पूर्व प्रधान बलदेव चंद, नरेंद्र कपिला, सहायक गर्वनर वरजिंद्रजीत सिंह गोल्डी, डा. अनुराग शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से डा. निधि शर्मा, सहित आशा वर्कर व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। 
  • तेज हवाओं से कुटलैहड़ में नुकसान

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ में तेज हवाओं से कई घरों और किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। मंदली पंचायत में तेज हवाओं से टूटा आम का एक वृक्ष घर पर जाकर गिरा। जिससे उसकी छत को भारी नुकसान हुआ है। वहीं एक घर की टीन की छत उड़ गई। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात भारी बारिश के साथ भारी तूफान से राज कुमार पुत्र गोपी चंद के रिहायशी मकान की टीन ध्वस्त हो गई वहीं रमेश चंद पुत्र काकू राम के मकान पर आम का वृक्ष गिर गया। जिससे घर में दरारें आ गई हैं। मकान असुरक्षित हो गया है। जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा ने बताया कि पटवारी ने नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार कर ली है। उन्होंने बताया कि तेज हवाओं से गेहूं की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों के खेतों में खड़ी कनक की फसल ढह चुकी है। इसलिए सरकार को तुरंत किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए अधिकारियों को खेतों में उतारना चाहिए। नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के बाद किसानों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए।

  • हम समाज सेवा करते हैं राजनीति नहीं: भुट्टो

    कुटलैहड़ के कांग्रेसी नेता टिकट के जुगाड़ में
    ऊना/सुशील पंडित : कांग्रेस के बागी विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा है कि वे समाज सेवा करते हैं राजनीति नहीं। भुट्टो उन छह विधायकों में शामिल हैं जिन्हें पार्टी ने विधानसभा से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। उनकी विधायकी को अयोग्य घोषित करवा दिया था। ऐसा होने के बाद से ही भुट्टो समर्थक आलोचकों से भिड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर खुलकर देवेंद्र भुट्टो का साथ दे रहे हैं। इनमें कुछ कांग्रेसी भी हैं और भाजपा के लोगों की लाइन भी लंबी होती जा रही है जिन्होंने भुट्टो को समर्थन दे दिया है। भुट्टो भाजपा का साथ देने जा रहे हैं यह बात कुटलैहड़ भाजपा के नेताओं को एक डेढ़ महीने पहले से पता था। जिस समय राज्यसभा के चुनाव भी नहीं हुए थे तब भी भाजपा के कुटलैहड़ के नेता पुरजोर लगा रहे थे कि भुट्टो भाजपा में न आएं।

    अब भाजपा नेता भी असमंजस में हैं कि भुट्टो पार्टी में आ गए तो उनका भविष्य क्या होगा। भाजपा के कई नेता अब हाईकमान से अपने राजनीतिक करियर को बचाने की दुहाई दे रहे हैं। भुट्टो प्रकरण के बाद कुटलैहड़ कांग्रेस के कई नेता विधानसभा टिकट की लड़ाई में शामिल हो गए हैं। टिकट का जुगाड़ लगाया जा रहा है ताकि विधानसभा में भुट्टो की जगह मिल जाए। उसी तरह भुट्टो समर्थक यह बताने में लगे हैं कि पिछले 14 महीनों में कुटलैहड़ में जो भी समाज सेवा के कार्य हुए वह भुट्टो ने अपनी जेब से किए। भुट्टो को सुक्खू सरकार से कोई मदद नहीं मिल रही थी। वह अपने बूते पर ही कुटलैहड़ के विकास कार्य करवा रहे थे। 

    प्रदेश की तरह ही कुटलैहड़ में भी पिछले एक हफ्ते से राजनीति की चर्चा हर गली नुक्कड़ और दुकान में जारी है। लोग पूछ रहे हैं कि भाजपा के नेताओं का अब कुटलैहड़ में क्या स्थान रहेगा। भुट्टो के पक्ष में जो पोस्ट सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं उनमें भुट्टो को भगवाधारी और भाजपा का पुराना कार्यकर्ता दिखाया जा रहा है। मानो एक रात में भुट्टो सीधे सेकुलर से हिंदुत्ववादी हो गए हों। जय श्री राम के नारों वाले क्रिएटिव भी वायरल किए जा रहे हैं। अर्थात भुट्टो की अब भगवा पार्टी में दाखिले की तैयारी चल रही है।
  • सुक्खू का चहेतों को लाभ पहुंचाना महंगा पड़ा: भाजपा

    ऊना/सुशील पंडित : राज्य में जारी राजनीतिक संकट के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सुक्खू सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की टीम ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस सरकार को अपनी ही गारंटियों में दबा हुआ बताया। टीम का कहना था कि कि सरकार ने भारी भरकम गारंटियां बताकर जनता को झांसे में लिया था। सत्ता मिलने के बाद जब वो गारंटियां पूरी करना भारी पड़ने लगा तो सरकार टूटने लगी। गारंटियों का बोझ कांग्रेस विधायकों को अधीर कर रहा था। कांग्रेस विधायक नाराज होते गए और धीरे धीरे उन्होंने अपनी ही सरकार से किनारा करना सही समझा।

    पिछले 14 महीनों की बात करें तो सरकार तानाशाही रवैये के साथ आगे खिसक रही थी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू अपने चहेतों को लाभ पहुंचाते जा रहे थे और कांग्रेस के बाकी विधायक पिछड़ा और उपेक्षित महसूस करने लगे। यही लाभ उनके लिए हानि लेकर आया। चहेतों को लाभ पहुंचाना बहुत महंगा पड़ गया। अपनी ही सरकार की उपेक्षा बागी विधायकों को राज्य के हित में खड़े होने को मजबूर कर गई। उन कांग्रेसी विधायकों ने अपनी अंतरात्मा की सुनी और हिमाचल पर थोपे जा रहे बाहरी नेतृत्व को नकार दिया।

    उन 6 विधायकों को इसी बात का दर्द था कि उनकी पार्टी राज्यसभा के लिए एक हिमाचली चेहरा भी ढूंढने में नाकाम रही। एक नेता को राज्यसभा भेजना भी जिस पार्टी के लिए मुश्किल हो रहा हो उसके साथ कब तक निभने वाली थी। यही कारण था कि उन 6 विधायकों ने हिमाचली के हित के लिए अपने हित दांव पर लगा दिए। इसलिए अब यह सरकार थोड़े दिनों की मेहमान है। प्रेस विज्ञप्ति में युवा मोर्चा के जिला प्रवक्ता विकास पुरी, उपाध्यक्ष जयबीर सिंह ठाकुर, ऊना मंडल प्रधान रुपिंद्र सिंह देहल, अनीश ठाकुर, हरप्रीत सिंह, संदीप टिकड़ा, बलराम भारद्वाज व अन्य मौजूद रहे।
  • महिला को टक्कर मारने के बाद बाइक सवार घायल

    ऊना/सुशील पंडित : घनारी तहसील के लोअर भंजाल गांव में शनिवार को हुए सड़क हादसे में दो लोग घायल हो गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार अपने बेटे को रोटी देने जा रही एक मां को पीछे से आ रहे मोटरसाइिकल से टक्कर लग गई। इस टक्कर के बाद महिला और बाइक चालक घायल हो गए। महिला के बेटे अमित सोनी ने बताया कि वह भंजाल में मीट की एक दुकान चलाता है। शनिवार दोपहर बाद उसकी माता सरला देवी उसके लिए खाना लेकर सड़क के किनारे कच्चे रास्ते पर चल रही थी। तभी पीछे से एक तेज रफ्तार बाइक उनसे टकरा गई। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। बाइक चालक का नाम फूल कुमार पुत्र विन्दीपा साहनी गांव टटेहडा बताया जा रहा है। सरला की एक टांग में गंभीर चोट आई है और फूल कुमार भी घायल है। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर बाइक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
  • अनुराग की स्वास्थ्य योजना का जनता को मिल रहा लाभ : लक्खी

    जनता से जुड़े मुद्दों को सुलझाकर बने परिश्रमी नेता 
    ऊना/सुशील पंडित : भाजपा प्रवक्ता लखबीर सिंह लक्खी ने जारी व्यान में कहा है कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की दूरदर्शी सोच के चलते जनता के हितों में जन कल्याणकारी नीतियों को आगे बढ़ा रहे है । उन्होंने बताया कि सांसद स्वास्थ्य मोबाइल वैन के माध्यम से रोजाना हजारों लोगों का स्वास्थ्य उनके घर द्वार पर ही जांचा जा रहा है व उनको निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जा रही है । उन्होंने कहा कि यह प्रयास केंद्रीय मंत्री की जनता के प्रति सोच को दर्शाता है कि केंद्रीय मंत्री किस तरह से आम जन मानस के स्वास्थ्य के प्रति चिंता ही नही करते बल्कि उनके लिए काम भी करते है । उन्होंने कहा कि आम जनता को घर द्वार पर मिल रहा यह लाभ बहुत बड़ा है जिसमे डॉक्टरों की निगरानी में उनके टेस्ट किये जाते है व रोपोर्ट के अनुसार उनका उपचार भी घर द्वार पर ही किया जाता है । पूरे संसदीय क्षेत्र के साथ साथ हरोली विधानसभा में भी रोजाना सांसद स्वास्थ्य सेवा के गाड़ी घूमकर केम्प लगाती है व उपचार भी करती है जिसका लाभ क्षेत्र की जनता को हो रहा है ।

    उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर की इसी सोच के चलते जनता भी उनके साथ है व आगामी लोकसभा चुनावों में जनता फिरसे अनुराग ठाकुर को संसद पहुँचाएगी जिससे वह पहले से भी ज्यादा बड़े स्तर पर लोगो की सेवा करेंगे । उन्होने कहा कि अनुराग ठाकुर ने हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए है व बहुत बड़े प्रोजेक्टों को अपने क्षेत्र में स्थापित करवाया है तथा आने वाले समय मे युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा हो इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार से बल्क ड्रग पार्क जैसा प्रोजेक्ट हिमाचल के हरोली को दिलवाया है जिससे पीर ऊना जिला की बेरोजगारी खत्म होगी । उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर एक परिश्रमी नेता है जो हर समय अपने क्षेत्र को आगे ले जाने व जनता के जुड़े हितों को निरन्तर आगे बढ़ा रहे है जिसका लाभ क्षेत्र की जनता को हो रहा है ।
  • फगवाड़ा: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौ’त

    फगवाड़ा/राजेश: नकोदर रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने का मामला सामने आया है। शव मिलने से दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सतनामपुरा की पुलिस ने मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल के शव गृह में 72 घंटे के लिए रखवा दिया गया है।