कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबर
ऊना/सुशील पंडित: सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को लेकर हलवाई यूनियन ने कुछ सोशल मीडिया चैनलों व निजी आईडी संचालकों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह को शिकायत पत्र सौंपा है, और भ्रामक खबर प्रसारित करने वाले पर कार्यवाही की मांग उठाई है।
यूनियन अध्यक्ष अश्विनी जैतिक सहित अन्यों ने शिकायत में कहा कि दिवाली त्यौहार के मद्देनजर पिछले कुछ दिनों से ऊना और नंगल के कुछ सोशल मीडिया चैनलों व ऊना के कुछ लोगों द्वारा निजी आईडी पर ऐसे भ्रामक वीडियो और स्टेटस शेयर किए जा रहे हैं, जिसमें कहा जा रहा है कि ऊना में मिठाइयों और खोये में सूअर की चर्बी और अन्य मिलावट पाई गई है जबकि यह पूरी तरह से झूठ है।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के भ्रामक प्रचार के कारण हलवाइयों को आर्थिक नुक्सान तो झेलना पड़ ही रहा है जबकि ग्राहकों को भी भ्रम के चलते शुद्ध मिठाइयों से वंचित रहना पड़ रहा है। ऐसे में इस तरह के चैनलों व निजी आईडी संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को अमल में लाया जाए।
एसपी राकेश सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत को जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है। भ्रामक प्रचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा। वहीं फूड सेफ्टी ऑफिसर का कहना है कि खोये का एक सैम्पल सब स्टैंडर्ड निकला था लेकिन चर्बी किसी सैंपल में नहीं पाई गई है।