फगवाड़ाः जिले से दुखःद ख़बर सामने आई है। जहां अमृतसर से चंडीगढ़ को जा रही ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान राहुल पुत्र अरविंद निवासी हदियाबाद फगवाड़ा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी देते हुए जीआरपी चौकी प्रभारी गुरभेज सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चेहड़ू फाटक से अमृतसर से चंडीगढ़ को जा रही ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी कार में वहां पर आया था। पुलिस ने कार को बरामद कर मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
Blog
-

फगवाड़ाः ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, देखें वीडियो
-

पंजाबः लाइसेंसी हथियारों को लेकर डीजीपी गौरव यादव ने जारी किए ये आदेश
चंडीगढ़ः पंजाब के सीएम मान ने कुछ दिन पहले ही गन कल्चर को लेकर आदेश जारी किए थे। इस दौरान उन्होंने जांच के लिए सभी मौजूदा हथियार लाइसेंसों की समीक्षा करने के निर्देश जारी किए गए थे। इस को लेकर आज पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सभी दुकानों, परिसरों और स्टॉक का अनिवार्य निरीक्षण करने का आदेश दिया।
डीजीपी ने सभी रेंज के आईजी, डीआईजी और राज्य के सभी सीपी, एसएसपी को निर्देश देते हुए कहा कि डीएसपी, एसीपी अपने सब डिवीजन में पड़ने वाले सभी गन हाउस की दुकानों, परिसर और स्टॉक की हर तिमाही में अनिवार्य रूप से जांच करें। उल्लेखनीय है कि पंजाब में लगभग 4 लाख हथियारी लाइसेंस हैं। यूपी, बिहार और एमपी जैसे राज्यों से अंतरराष्ट्रीय सीमा और अंतर-राज्यीय सीमाओं से अवैध हथियारों का भारी तांता लगा हुआ है। यद्यपि हथियार अवैध रूप से असामाजिक तत्वों द्वारा खरीदे जाते हैं, गोला बारूद ज्यादातर पंजाब के स्थानीय गन हाउसों से चुराया जाता है। इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश में चल रहे सभी हथियारी लाइसेंसों की समीक्षा के निर्देश देने के अलावा यह भी आदेश दिया था कि यदि पूर्व में किसी असामाजिक तत्व को कोई लाइसेंस जारी किया गया है तो उसे तत्काल रद्द किया जाए।
इसी तरह, यह भी आदेश दिया गया था कि आने वाले तीन महीनों में आम तौर पर कोई नया लाइसेंस जारी नहीं किया जाना चाहिए, यह कहते हुए कि लाइसेंस केवल वहीं जारी किया जाना चाहिए जहां यह अत्यंत और वास्तविक रूप से आवश्यक हो। पंजाब सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित हथियारों और गोला-बारूद के सार्वजनिक प्रदर्शन पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। इस बीच सीपी, एसएसपी को प्रोविजनिंग विंग की आयुध शाखा को जिलेवार त्रैमासिक रिपोर्ट भेजने के लिए भी कहा गया है, जबकि सभी रेंज के आईजीपीएस, डीआईजी को अनुपालन की निगरानी करने के लिए कहा गया है।
-

गबन- विजिलेंस ने नंगल सलांगड़ी सहकारी सभा के 5 सदस्यों पर दर्ज किया मामला
ऊना/सुशील पंडित: देर से ही सही लेकिन अब नंगल सलांगड़ी और धमांदरी इलाके के लोगों को उनका लूटा गया पैसा मिलने की आस बंधी है। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में बहुचर्चित नंगलसलांगडी कृषि सेवा सहकारी सभा समिति में हुए करोड़ों रुपए के गबन की जांच विजिलेंस विभाग ने शुरू कर दी है। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक सभा से जुड़़े पांच लोगों को मामले में आरोपी बनाया गया है ।इन आरोपियों में सभा के सचिव धीरज कुमार, प्रबंधक कमेटी के प्रधान रघुवीर सिंह, उपप्रधान इकबाल सिंह, कोषाध्यक्ष योगराज व शशिपाल शामिल हैं। आरोपियों को किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है। इस मामले में सहकारी सभाओं पर निगरानी रखने वाली संस्था सहायक पंजीयक के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज करवाई लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते आरोपियों पर कभी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।खाताधारकों को एक संघर्ष कमेटी बनानी पड़ी और संघर्ष कमेटी ने मिलकर ग्रामीणों को न्याय दिलाने का काम अपने हाथ में लिया। संघर्ष कमेटी ने सहायक पंजीयक विभाग के पास शिकायत दर्ज करवाई तब जाकर धीरज कुमार और सभा के पदाधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो पाई। । जांच के परिणामस्वरूप सभा के सचिव धीरज कुमार को बर्खास्त किया जा सका। हालांकि यह गबन बहुत बड़ा है लेकिन फिलहाल 74 लाख रुपए के गबन के दस्तावेजों के आधार पर जांच चल रही है।ज्ञात रहे कि सहकारी सभाओं में ग्रामीणों की छोटी छोटी जमापूंजी से लेकर एनआरआई, कारोबारियों और सेवानिवृत हुए सरकारी कर्मचारियों की भारी रकम जमा होती है। सहकारी सभाओं में आमतौर पर आस पास के गांवों का पैसा ही जमा होता है। यह सभाएं बैंक की भांति ही लोगों को ऋण और अन्य वित्तिय सेवाएं उपलब्ध करवातीं हैं। भोले भाले लोग सभा के पदाधिकारियों पर विश्वास करके अपनी जमापूंजी उनके हवाले कर देते हैं।सभाओं में लोग एक दूसरे पर विश्वास करके अपना पैसा जमा करवाते हैं लेकिन नंगल सलांगड़ी के केस में उस विश्वास को तोड़ा गया और लोगों का पैसा चंद लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर इस्तेमाल कर लिया। जब लोग अपना पैसा निकलवाने के लिेए सचिव के पास जाने लगे तो सचिव ने आनाकानी करनी शुरू कर दी। जब एक से अधिक लोग अपना पैसा नहीं निकलवा पाए तब सभा के बाहर भीड़ जुटने लगी। तब जाकर पता चला कि उनका पैसा तो सभा के सदस्य निकलवा चुके हैं।आरोपों की शुरूआती जांच में पता चला कि सभा के सचिव धीरज कुमार ने सभा की प्रबंधक कमेटी के प्रधान रघुवीर सिंह, उप प्रधान इकबाल सिंह, कोषाध्यक्ष योगराज और शशि पाल की मिलीभगत से जाली दस्तावेज तैयार किए और सदस्यों के नाम पर फर्जी ऋण दिखा कर जमा पूंजी का गबन कर दिया। ऑडिट में इस बात का खुलासा हुआ था कि मामले में कई व्यक्तियों के ऋणों को नियमानुसार नहीं दिया गया है। कई खाताधारकों ने तो अपना ऋण भी जमा करवा दिया था लेकिन खातों में कर्ज जस का तस पाया गया। कुछ के फिक्सड डिपोजिट (एफडी) भी सभा के सदस्यों ने निकलवा लिए जबकि एफडी के असली कागजात अभी भी खाताधारकों के पास हैं।यह सारा गबन सहायक पंजीयक दफ्तर के अधिकारियों की नाक तले होता गया। जब दबाव बढ़ा तब जाकर अधिकारियों ने ऑडिट में माना कि घपला हुआ है।इस मामले में यह भी सामने आया है कि आंकड़ों में छेड़छाड़ करके 5 आरोपियों ने मिलकर सीधे सीधे लगभग 74 लाख रुपए से अधिक के गबन को अंजाम दिया है। सभा का कुल गबन करोड़ों रुपए में है जिसकी पर्तें आने वाले दिनों में खुल सकती हैं। मगर बड़ा सवाल यह है कि सहायीक पंजीयक के होते हुए ऊना की अलग अलग सभाओं में करोड़ों रुपए के गबन कैसे हो गए। मामले की जानकारी देते हुए एएसपी विजिलेंस धर्मचंद वर्मा ने बताया कि नंगल सलांगड़ी कृषि सहकारी सभा के पांचों सदस्यों के खिलाफ विजिलेंस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड ,संहिता की धारा 406, 409, 467, 468, 471, 120बी और एचपीपीएससीपी एक्ट 1983 की धारा 28 के अधीन केस दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। -

पंजाबः स्कूल में तालाशी दौरान नौंवी कक्षा के बच्चे के बैग से मिला ये सामान, मचा हड़कंप
डेराबसीः जिले में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधक की ओर से नियमित स्टूडेंट्स के बैग की तालाशी ली जाती है। इसी दौरान छुट्टी से पहले नौंवी के एक स्टूडेंट का बैग चेक करने पर उसमें से एक नकली पिस्तौल बरामद की गई। जिससे स्कूल में सनसनी फैल गई है। हालांकि स्कूल प्रबंधकों ने यह नकली पिस्तौल डेराबस्सी पुलिस के हवाले कर स्कूली बच्चे की शिकायत की है।
प्रिंसीपल अलका मोंगा के अनुसार स्टूडेंट इसे किस उद्देश्य से स्कूल लाया था, यह अब पुलिस की जांच की विषय है। इसके अलावा स्कूल के गेट के बाहर स्कूल लगने और छुट्टी के समय पुलिस कर्मी तैनात करने की स्कूल प्रबंधकों ने मांग की गई है। बाहरी स्टूडेंट्स से स्कूल के अंदर व बाहर माहौल खराब होने से बचाने का तर्क दिया है। हालांकि स्कूल गेट के बाहर आउटसाइडर्स के कारण न केवल लड़ाई झगड़े का खतरा बताया गया है परंतु इन आउटसाइडर्स से स्कूली छात्राओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्कूल गेट के सामने सुबह शाम बाइक पर आउटसाइडर्स का जमघट लगने लगा है जिससे स्टूडेंट्स को स्कूल आने और घर जाने में भी दिक्कत पेश आ रही हैं। थाना प्रभारी जसकंवल सिंह सेखों ने कहा कि नकली पिस्तौल दरअसल एक एयरगन है। इसे बलैंक या क्लोज रेंज से चलाने पर जख्मी करने के साथ इसका शॉट जानलेवा भी बन सकता है। स्टूडेंट माहिवाला गांव का है जिसके पेरेंट्स को बुलाकर यह एयरगन रखने की मंशा का पता लगाया जा रहा है। वहीं स्कूल गेट के बाहर सुबह व शाम दो पुलिस कर्मियों को तैनात करने की मांग की है।
-

एनसीसी कैडेटस् ने ऊना में निकाली स्वच्छ भारत अभियान व बैन प्लास्टिक बैग पर रैली
ऊना/सुशील पंडित: छठी हि.प्र. (आज़ाद) कंपनी एनसीसी यूनिट ऊना के अंतर्गत पड़ते राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऊना में स्वच्छ भारत अभियान पर रैली निकाली गई। जिस में कैडेटस् ने विभिन्न नारों की मदद से कैंप्स में पढ़ने वाले तमाम विद्यार्थियों को स्वच्छ भारत – सुंदर भारत का संदेश दिया तथा प्लास्टिक बैग पर बैन पर भी संदेश दिया। इस मौक़े पर कार्यवाहक प्रोफ़ेसर शिव कुमार , सार्जेंट दविंदर , सीपीएल अनुराग पाठक , काजल तथा अरूण कौशल समेत अन्य कैडेट मौजूद रहे। -

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मिला धमकी भरा पत्र, देखें वीडियो
नई दिल्लीः भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी को इंदौर पहुंचने पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में मिठाई की दुकान पर धमकी भरा पत्र मिला है। जूनी इंदौर पुलिस और क्राइम ब्रांच पत्र छोड़ने वाले की तलाश में जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस बारीकी से खंगाल रही है। बता दें कि 24 नवंबर के आसपास राहुल गांधी इंदौर के खालसा स्टेडियम में रात्रि विश्राम करेंगे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह घटना शरारती तत्व की कारस्तानी हो सकती है। इस पूरे मामले की पुलिस जांच में जुट गई है।
देश में कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक राहुल गांधी द्वारा पैदल ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ पैदल चलने के लिए कांग्रेस नेता अपने आप को तैयार कर रहे हैं। वहीं, इंदौर के सांवेर विधानसभा की कांग्रेस नेता रीना बोरासी भी पैदल मार्च निकाल कर कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों में जुट गई हैं।
कांग्रेस नेता और शहर अध्यक्ष रवि भदौरिया ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के प्रति लोगों में काफी उत्साह है। सभी वर्ग के लोग भारत जोड़ो यात्रा से सीधे जुड़ रहे हैं। मालवा अंचल में यात्रा पूरे शबाब पर रहेगी। हजारों की संख्या में युवा भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की आमसभा में भी लाखों लोगों के जुटने की संभावना है। शहर के प्रमुख होटल बुक कर लिए गए हैं।
-

9 सोने की लौंग खा गई चोरनियां, देखें वीडियो
मेरठ: मेरठ की एक ज्वेलर्स शॉप से चोरी का हैरान कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। जहां दो महिलाओं ने बेहद ही शातिराना तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया। सुनार की दुकान पर खरीददारी करने के बहाने से दो महिलाएं पहुंची और उन्होंने 9 सोने की लौंग को अपने मुंह में दबा लिया और रफूचक्कर हो गईं। चोरी की यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। भूमिया का पुल निवासी वीरेंद्र रस्तोगी की थाना भावनपुर क्षेत्र में मेरठ देहात में गढ़ रोड पर छोटा हसनपुर में उज्जवल ज्वेलर्स की नाम से दुकान है। दोपहर लगभग ढाई बजे उनकी दुकान पर लौंग खरीदने दो महिलाएं आईं।
उन्होंने एक ट्रे में बहुत सारी लौंग अलग-अलग डिजाइन की उनके सामने रख दी. दोनों ट्रे में रखी लौंग को देखने लगी। लौंग का वजन कराने के बहाने से दुकानदार का ध्यान भटकाती और एक-एक लौंग अपने मुंह में डाल लेती। ऐसा कर दोनों ने धीर-धीरे 9 लौंग अपने मुंह में डाल ली। फिर पसंद ना आने का बहाना बनाकर चली गईं।
-

पंजाबः बेटे की शादी करके आ रहे अकाली नेता की सड़क पर पलटी गाड़ी
मोगा: सर्दी का मौसम शुरू होते हुए सड़क हादसों की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी होनी शुरू हो गई है। वहीं देर रात मोगा-लुधियाना मुख्य मार्ग पर अकाली नेता की गाड़ी पलटने का मामला सामने आया है। इस भीष्ण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर जा चढ़ गई।
हादसे में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणविंदर सिंह पप्पू रामूवाला चंडीगढ़ से अपने साथियों के साथ बेटे की शादी समारोह में शामिल होकर मोगा लौट रहे थे, लेकिन जब वे बुग्घीपुरा चौक के पास पहुंचे तो अचानक गाड़ी पलट गई। इस हादसे में गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। अकाली नेता रणविंदर सिंह पप्पू रामूवाला ने कहा कि उन्हें मामूली चोटें आई हैं और गाड़ी में सवार सभी लोग ठीक हैं।
-

पंजाबः किसानों ने भाजपा नेता के घर के सामने लगाया धरना, हाईवे जाम कर दी ये चेतावनी
गुरदासपुरः बटाला के नजदीक कस्ब कादियां में क्रांतिकारी किसान यूनियन के बैनर तले किसान एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ रोष मार्च निकालते हुए उन्होंने भाजपा नेता फतेह जंग बाजवा के घर के सामने सड़क जाम कर धरना लगा दिया है। इस मौके पर दिल्ली किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों के परिवारों को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर क्रांतिकारी किसान यूनियन के नेता राजगुरविंदर सिंह और बच्चन सिंह ने कहा कि दिल्ली किसान आंदोलन समय केंद्र सरकार ने जो मांगे मानने का वायदा किया था वह मांगे अभी तक पूरी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों से किया वादा तोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि उस समय केंद्र सरकार को एमएसपी लागू करना था, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करनी थी, बिजली संशोधन विधेयक 2020 को रद्द करना था, किसानों का कर्ज माफ करना था, मंत्री अजय मिश्रा और उनके किसानों के बेटे को हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार करने जैसी कई मांगें थीं जिन्हें केंद्र सरकार ने सहमति देने के बाद भी पूरा नहीं किया।
इसके विरोध में संगठन द्वारा पूरे पंजाब में भाजपा नेताओं के घरों के सामने धरने का कार्यक्रम तैयार किया गया, जिसके बाद कादियां स्थित भाजपा नेता फतेह जंग बाजवा के घर के सामने धरना दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगली रणनीति के तहत 26 नवंबर को राज्यपालों को केंद्र सरकार के लिए मांग पत्र भेजे जाएंगे और संयुक्त किसान मोर्चा की आगामी बैठक में अगली रणनीति तय की जाएगी, अन्यथा उन्हें फिर से दिल्ली की ओर कूच किया जा सकता है।
-

पंजाबः अधिकारियों और गांव के लोगों में हुई बहस, माहौल तनावपूर्ण
गुरदासपुरः गांव हरदोछनी में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब गांव में अवैध कब्जा छुड़ाने आए प्रशासनिक अधिकारियों का गांव के लोगों से बहस हो गई। दरअसल, अधिकारी गांव में बन रहे आंगनबाडी केंद्र के लिए पंचायत की जमीन का कब्जा छुड़वाने के लिए आए थे, लेकिन जमीन पर कब्जा करने वाले गांव के लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया।
इस मौके पर गांव वालों ने कहा कि इस जगह पर हमारा काफी पुराना कब्जा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा हमें धमकाया जा रहा है और अधिकारी हमें बिना नोटिस दिए यहां से कब्जा हटा रहे हैं। गांव वालों ने मांग की है कि पुराने कब्जादारी होने के चलते उन्हें इस जगह से ना हटाया जाए। वहीं, बीडीओ गुरदासपुर कुलदीप सिंह ने कहा कि यहां आंगनबाड़ी केंद्र बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस जगह पर गांव के कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, जिसे आज पुलिस प्रशासन की मदद से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि कब्जा हटाने में हमें कुछ दिक्कतें आईं, लेकिन पुलिस की मदद से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। दूसरी ओर इस संबंध में मिली ताजा जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस ने गांव के 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ गांव की पंचायती जमीन पर बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य में बाधा डालने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।