Blog

  • Punjab News: बिजली के खम्बे की चपेट में आया आवारा पशु, दर्दनाक मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: बिजली के खम्बे की चपेट में आया आवारा पशु, दर्दनाक मौत, देखें वीडियो

    मोहालीः पंजाब में बीते कुछ दिनों से जमकर बारिश हो रही है जिससे गली मोहल्लों में भी पानी भरा पड़ा है। वहीं इसी के चलते कई जगह पर बिजली की नंगी तारें भी हादसों को न्योता दे रही हैं। इन तारों से कभी भी किसी को भयंकर करंट लग सकता है और किसी को अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ सकता है। ऐसा ही मामला मोहाली के डेरा बस्सी से सामने आया है, जहां एक अवारा पशु की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना डेराबस्सी के दादपुरा मोहल्ले की बताई जा रही है। वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि कैसे एक सांड बिजली के खम्बे से लगने के चलते करंट की चपेट में आ जाता है और तड़पते हुए मर जाता है। इस दौरान कुछ लोग अन्य लोगों को भी सावधान कर रहे हैं कि पास में न आए नहीं तो उनको भी करंट लग सकता है। गनीमत यह रही कि समय रहते लोगों ने देख लिया नहीं तो कोई व्यक्ति भी पानी के समपर्क में आकर करंट की चपेट में आ सकता था।
  • प्रशासन ने Work From Home को लेकर जारी की एडवाइजरी

    प्रशासन ने Work From Home को लेकर जारी की एडवाइजरी

    गुरुग्राम: दिल्ली से सटे गुरुग्राम में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने जनजीवन को सुरक्षित रखने और ट्रैफिक जाम और जलभराव से बचाव के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधीश एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार ने बुधवार को एक एडवाइजरी जारी करते हुए सभी निजी व कॉर्पोरेट संस्थानों से अनुरोध किया है कि वे 10 जुलाई 2025 को अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) की अनुमति दें। दरअसल, बीते दिन दिल्ली-एनसीआर में जमकर बारिश हुई।

    लोग भीषण गर्मी में मानसून का इतंजार कर रहे थे, लेकिन कल हुई बारिश ने लोगों की आफत बढ़ा दी। यहां जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे कई किलोमीटर तक लोग जाम में जूझते हुए नजर आए। समस्या तो तब और बढ़ गई जब पानी में वाहन बंद हो गए और धक्का लोगों को लगाना पड़ा। ऐसे में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गुरुग्राम की तरफ से एडवाइजरी जारी कर वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। एडवाइजरी के कहा गया है, पिछले 12 घंटों में (शांय 7 बजे, 09.07.2025 से सुबह 7 बजे, 10.07.2025) गुरुग्राम शहर में 133 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिसमें ‘बेहद तीव्र’ भी शामिल है. 09.07.2025 को शाम 07.30 बजे से 9.00 बजे के बीच 103 मिमी बारिश हुई। आईएमडी, आईटी पूर्वानुमान में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

    अधिकारियों का कहना है कि भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और यातायात बाधित हो सकता है, जिससे कार्यालय आने-जाने में परेशानी और जोखिम दोनों बढ़ सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना आवश्यक कारण के घर से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों में अत्यधिक वर्षा की संभावना बनी हुई है। इससे पहले भी पिछले दिनों हुई बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कें डूब गई थीं और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था। प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम का उद्देश्य जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अनावश्यक जोखिम से बचाना है। आपात स्थिति में जिला कंट्रोल रूम से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

     

  • Punjab आ रही ट्रेन पटरी से उतरी, लैंडस्लाइड के कारण हुआ हादसा, देखें वीडियो

    Punjab आ रही ट्रेन पटरी से उतरी, लैंडस्लाइड के कारण हुआ हादसा, देखें वीडियो

    कठुआः जम्मू में भारी बारिश के कारण जन जीवन पर काफी असर पड़ा रहा। वहीं आज सुबह भारी बारिश और भूस्खलन के बाद जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में पटरी से उतर गई। दरअसल, जम्मू से पंजाब जा रही एक मालगाड़ी लखनपुर में पटरी से उतर गई। वहीं घटना की सूचना रेलवे विभाग को दे दी गई है। मौके पर पहुंचे विभाग के कर्मियों द्वारा राहत कार्य जारी है। रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। रेलवे ट्रैकमैन राम बहादुर ने कहा, “बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे सारा मलबा ट्रैक पर आ गया। इस वजह से ट्रेन पटरी से उतर गई।”

    जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब पांच बजकर 30 मिनट पर कठुआ-लखनपुर के बीच मालगाड़ी ट्रैक से उतर गई। रेलवे टीम यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटी है। मालगाड़ी जम्मू से पठानकोट की ओर जा रही थी। रेलवे ट्रैकमैन राम बहादुर ने बातचीत में बताया कि बारिश के कारण भूस्खलन हुआ था, जिसके वजह से सारा मलबा ट्रैक पर आ गया था। नतीजतन, ट्रेन पटरी से उतर गई। सूचना मिलने पर, रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने और प्रभावित मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही बहाल करने का काम शुरू किया।

  • गड्ढे में पलटी Sunshine School Bus, कई बच्चे घायल, देखें वीडियो

    गड्ढे में पलटी Sunshine School Bus, कई बच्चे घायल, देखें वीडियो

    बिजनौरः कालागढ़ मार्ग पर आज सुबह एक दर्दनाक स्कूल बस गड्ढे में पलट गई। इस घटना में कई बच्चे घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब विजयनगर स्थित शनसाईन स्कूल की बस बच्चों को लेकर आ रही थी। गांव मीरापुर और बनियोंवाला से बच्चों को लेकर स्कूल की ओर बढ़ रही यह बस जब पत्थर वाला गांव के पास पहुंची, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। बस के पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार मच गई। बस में मौजूद एक शिक्षिका सहित लगभग 10 बच्चे घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को तुरंत सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने 5 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य बच्चों को मामूली चोटें आने पर घर भेज दिया गया या निजी चिकित्सकों के पास इलाज कराया गया। हादसे के बाद इलाके में तनाव और डर का माहौल है। अभिभावक मौके पर पहुंचे और स्कूल प्रशासन से जवाब मांगने लगे। फिलहाल पुलिस व प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
  • Punjab News: चोर गिरोह के 2 सदस्य काबू, Bullet मोटरसाइकिलों सहित 25 अन्य वाहन बरामद, देखें वीडियो

    Punjab News: चोर गिरोह के 2 सदस्य काबू, Bullet मोटरसाइकिलों सहित 25 अन्य वाहन बरामद, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः पुलिस ने चोरों के एक गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया जिनसे 25 मोटरसाइकिल और एक्टिवा बरामद की गईं हैं। ये लोग पंजाब के अलग-अलग जिलों से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। ये लोग चोरी की मोटरसाइकिलों को गुरुहरसहाय कस्बे के एक खाली गोदाम में रखते थे। एक चोर की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। चोरों से महंगी बुलेट मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं हैं। बरामद चोरी की मोटरसाइकिलें बठिंडा, मानसा, फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों में पंजीकृत हैं।

    जानकारी देते हुए एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि गुरुहरसहाय की पुलिस ने एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया था। जब उससे कड़ी पूछताछ की गई, तो उसने बड़े खुलासे करते हुए बताया कि वह एक पूरा गिरोह चलाता है और पंजाब के अलग-अलग जिलों से मोटरसाइकिलें और एक्टिवा चुराकर नकली दस्तावेज तैयार करके उन्हें बेच देता है। आरोपियों की पहचान संदीप सिंह और अवतार सिंह उर्फ तारी के रूप में हुई है। आरोपी अवतार सिंह उर्फ तारी पुत्र मलकीत सिंह वासी नूरपुर चट्ठा, जालंधर हाल निवासी कुतुबगढ़ भाटे, गुरुहरसहाय पर पहले भी 19 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों द्वारा बंद गोदाम में छिपाई गई 25 मोटरसाइकिलें, एक्टिवा और बुलेट मोटरसाइकिलें बरामद कीं। उन्होंने बताया कि ये चोरियां उन्होंने फाजिल्का, बठिंडा, मानसा और फिरोजपुर जिलों में की हैं और चोर गिरोह के अन्य सदस्य अलग-अलग जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं और चोरी के वाहनों को इस बंद पड़े खाली गोदाम में लाया जाता है और उसके बाद उनके फर्जी दस्तावेज तैयार करके उन्हें मोडिफाई करके बेच दिए जाते हैं।

    एसएसपी ने बताया कि पुलिस संबंधित जिलों की पुलिस से संपर्क कर रही है और पता लगा रही है कि बरामद मोटरसाइकिल-एक्टिवा के संबंध में विभिन्न जिलों में कितने मामले दर्ज हैं ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके और उनके वाहनों को भी कानूनी तौर पर उनके मालिकों को वापस किया जा सके।

  • Police और युवती के बीच झड़प, थप्पड़ मारने और फोन छीनने के लगे आरोप, देखें वीडियो

    Police और युवती के बीच झड़प, थप्पड़ मारने और फोन छीनने के लगे आरोप, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः सेक्टर 38A में बीती रात अस्पताल से लौट रही 3 युवतियों की एक्टिवा को पुलिस ने इम्पाउंड कर लिया। इसी दौरान युवतियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। युवती श्रिया बट्टी ने आरोप लगाया कि पुलिस नाके पर तैनात एक महिला लेडी कॉन्स्टेबल ने उन्हें थप्पड़ मारा, जबकि मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया।

    हंगामे के बीच युवती ने भी लेडी कॉन्स्टेबल को थप्पड़ मारा। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दौरान पुलिस और लड़की के बीच आरोपी-प्रतिरोप का सिलसिला भी चला और काफी देर तक हंगामा होता रहा।

    वहीं थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों पक्षों ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो को भी सबूत के तौर पर देखा जाएगा।

  • हादसे का शिकार हुई 50 बच्चों से भरी Rainbow International School Bus, मची चीख-पुकार, देखें वीडियो

    हादसे का शिकार हुई 50 बच्चों से भरी Rainbow International School Bus, मची चीख-पुकार, देखें वीडियो

    भिवानीः हरियाणा के भिवानी के गांव बलियाली से बवानीखेड़ा मार्ग पर वीरवार सुबह बच्चों से भरी स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। दरअसल, दूसरी बस को क्रॉस करने के दौरान रेनबो इंटरनेशल स्कूल की बस सड़क के नीचे करीब 7 से 8 फीट गहरे खेतों में उतर गई। गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी 50 बच्चे सुरक्षित बच गए, जबकि कुछ बच्चों को मामूली चोटें भी आई। इस घटना को लेकर बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। बताया जा रहा हैकि गांव बलियाली से करीब 1-2 किलोमीटर आगे चलने पर सामने से एक निजी कंपनी की बस आ रही थी।

    दोनों बसों के सड़क क्रॉस करने के दौरान, निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे से नीचे गहरे खेत में उतर गई। गांव बलियाली के सरपंच सचिन सरदाना ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस घटना को ड्राइवर और पीडब्ल्यूडी विभाग दोनों की लापरवाही का नतीजा बताया। सरपंच सरदाना के अनुसार, सड़क के दोनों ओर से कटाव हो रखा है, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि बस पर लिखा नंबर स्पष्ट नहीं था, जो स्कूल प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।

    सरपंच ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा सुनने में आ रहा है कि जो ड्राइवर था वह साइड सीट पर बैठा था और दूसरा व्यक्ति बस चला रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे के वक्त सोलर कंपनी की एक दूसरी बस वहां से गुजर रही थी, जिसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया। सरपंच सरदाना ने खुलासा किया कि उन्होंने लगभग 15 दिन पहले ही पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ और जेई को व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत दी थी कि इस सड़क से स्कूल बसें गुजरती हैं और सड़क के दोनों तरफ मिट्टी का कटाव बहुत ज्यादा है। हाल की बारिश के कारण मिट्टी का कटाव और बढ़ गया था, जो इस हादसे का एक मुख्य कारण बना।

    बवानीखेड़ा के एसएचओ ओमप्रकाश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली थी कि बलियाली से बवानीखेड़ा रोड पर एक निजी स्कूल बस सड़क से नीचे उतर गई है। उन्होंने बताया कि बस में करीब 50 से 60 बच्चे सवार थे। एसएचओ के मुताबिक सड़क पर बराबर से दूसरी बस निकलते समय स्कूल बस रोड से नीचे उतर गई। कोई भी बच्चा गंभीर नहीं है, सभी सामान्य हैं। कुछ बच्चे स्कूल चले गए और कुछ घर चले गए। एसएचओ ने प्राथमिक तौर पर ड्राइवर की लापरवाही को हादसे का कारण बताया। उन्होंने कहा इसमें ड्राइवर की लापरवाही तो सामने आ ही रही है।

    दूसरा, मौसम की वजह से सड़क के साथ जमीन कच्ची है, वह भी कारण रहा। ड्राइवर से बस नियंत्रित नहीं हुई, इसलिए लापरवाही है। ड्राइवर बदलने के आरोप पर एसएचओ ने कहा कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि स्कूल मालिक और बच्चों से भी इस बारे में पूछताछ की जाएगी। अगर यह बात सामने आती है कि बस कोई और चला रहा था, तो उस व्यक्ति का भी पता लगाया जाएगा। एसएचओ ओमप्रकाश ने आश्वासन दिया कि बच्चों के परिजनों से मिलकर उनकी शिकायतें ली जाएंगी और उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

  • गंगाजल लेकर जा रहे कावड़ियों की गाड़ी पर हुआ हमला, तोड़े शीशे, देखें CCTV

    गंगाजल लेकर जा रहे कावड़ियों की गाड़ी पर हुआ हमला, तोड़े शीशे, देखें CCTV

    यमुनानगरः हरियाणा के यमुनानगर में गंगाजल लेकर जा रहे कावड़ियों की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। घटना वहीं पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हरनौली गांव के नजदीक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर कुछ युवकों ने हरिद्वार से 91 लीटर गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की टाटा सफारी गाड़ी पर डंडों से हमला कर दिया। इस कारण उसके सारे शीशे टूट गए। हमले से डर कर कांवड़ियों ने पंप की दीवार से पानी से भरे खेत में कूदकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि हमलावर पहले पेट्रोल पंप पर कांवड़ के पास बैठकर शराब पी रहे थे। जब कांवड़ियों ने इसका विरोध किया तो आरोपी “तुमको थोड़ी देर में देख लेंगे” की धमकी देकर चले गए और 20 मिनट बाद अपनी स्विफट कार में आए और दो युवकों उतरते ही पंप पर खड़ी कांवड़ियों की गाड़ी के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए।

    यह सारी वारदात पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरा में भी कैद हो गई। सूचना मिलते ही जगाधरी सदर थाना से एसएचओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों से पूरी वारदात के बारे में जानकारी प्राप्त की। कांवड़ियों ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को शिकायत सौंपी है। करण निवासी पत्तन(पिंजौर) ने बताया वह अपने ममेरे भाई यश निवासी पत्तन और दोस्त गगनदीप निवासी खेड़ावाली के साथ 25 जून को हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए अपनी काले रंग की टाटा सफारी गाड़ी में निकला थ। अगले दिन 26 जून को वहां से 91 लीटर की कांवड़ लेकर पैदल यात्रा शुरू की।

    यात्रा के दौरान गाड़ी को बदल बदलकर चलाते आए। 15 दिन का पैदल सफर तय कर वे देर रात करीब साढ़े नौ बजे यमुनानगर के जगाधरी-व्यासपुर रोड स्थित हरनौली गांव के पास पहुंचे। उन्होंने यहां पर इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर रात्रि विश्राम का प्लान बनाया। उन्होंने अपनी गाड़ी को साइड में खड़ा कर कांवड़ को उसके साथ में ही रख दिया और खाना बनाने की तैयारी करने लगे। इतने में एक स्विफट गाड़ी पंप पर आई, जिसमें से चार युवक उतरे और उनके पास आकर बैठ शराब पीने लगे।

    उन्होंने युवकों से कहा कि वे कृपया थोड़ी दूर बैठकर शराब का सेवन करें, लेकिन उन युवकों ने बात को इग्नोर कर दिया। फिर थोड़ी देर बाद उनमें से एक युवक उठा और शराब की बोतल को हमारी गाड़ी के बोनट पर रख दिया। गाड़ी के पास में ही उनकी कांवड़ भी रखी होने के कारण हमने उसका विरोध किया। इस बात को लेकर हमारी बहस हो गई। इतने में युवक तैश में आ गया और धमकी देने लगा कि वह यहां का लोकल है। तुम उसे नहीं जानते। तुम यहीं रुको मैं अभी वापिस आकर बताता हूं तुम्हे। इतनी बात कहकर चारों युवक अपनी गाड़ी लेकर वहां से चले गए।

    सूचना मिलते ही जगाधरी सदर थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों को डायल 112 के कर्मचारी पहले कहकर गए थे कि वे कपाल मोचन में धर्मशाला में विश्राम करें, लेकिन उन्होंने यहीं पर ठहरने का फैसला किया। पता चला कि थोड़ी देर बार कुछ शरारती युवक आए, जिन्होंने इनके साथ बहसबाजी की। उसके बाद गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। कांवड़ियों को किसी प्रकार की कोई चोट नहीं है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

  • Lift में नाबालिग लड़के की पिटाई, पिता के दोस्त ने ही की वारदात, देखें वीडियो

    Lift में नाबालिग लड़के की पिटाई, पिता के दोस्त ने ही की वारदात, देखें वीडियो

    मुंबईः ठाणे के अंबरनाथ में लिफ्ट में एक 12 वर्षीय नाबालिग बच्चे की पिटाई की घटना सामने आई है। अंबरनाथ के पालेगांव परिसर की यह घटना है जहां एक सोसायटी की लिफ्ट में एक व्यक्ति ने 12 साल के मासूम को बुरी तरह पीटा। इस दौरान सारी घटना लिफ्ट के सीसीटीवी में कैद हो गई है। बच्चे ने जब परिजनों को घटना की सूचना दी तो उन्होंने पुलिस को मामले की शिकायत दी। अंबरनाथ के शिवाजीनगर थाने में संबंधित व्यक्ति पर मामला दर्ज किया गया है।

    डीसीपी सचिन गोरे ने बताया कि एक 12 वर्षीय बच्चा अपने स्कूल को जाने के लिए सोसायटी की लिफ्ट से जा रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति भी लिफ्ट में चढ़ने के लिए आ रहा था, तभी गलती से बच्चे द्वारा लिफ्ट का बटन दबा देने से लिफ्ट बंद हो गई। इसी बात से गुस्सा होकर आरोपी ने बच्चे की बुरी तरह पिटाई कर दी। घटना के बाद जब बच्चे ने परिजनों को मामले की सूचना दी तो उन्होंने अंबरनाथ के शिवाजीनगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। बताया जा रहा है कि शख्स बच्चे के पिता का दोस्त है। बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उस शख्स पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • IPL Tickets घोटाले के आरोप में क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित 5 गिरफ्तार

    IPL Tickets घोटाले के आरोप में क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित 5 गिरफ्तार

    तेलगांनाः हैदराबाद में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2025 के दौरान टिकट घोटाला मामले में सीआईडी ने जांच तेज कर दी है। सीआईडी ने हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) के अध्यक्ष जगन मोहन राव समेत 5 पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, आईपीएल 2025 के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा एचसीए के अधिकारियों पर राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मैच टिकट को लेकर ब्लैकमेलिंग रणनीति के आरोप लगाए गए थे। सीआईडी ​​ने जगन मोहन राव और अन्य एचसीए अधिकारियों के खिलाफ अधिकार के कथित दुरुपयोग, टिकटों की कालाबाजारी और शासन संबंधी खामियों के लिए एफआईआर दर्ज की है। अब सीआईडी द्वारा इन सभी से आईपीएल टिकट घोटाले को लेकर पूछताछ की गई।

    मामले में एचसीए के कोषाध्यक्ष सी श्रीनिवास राव, सीईओ सुनील कांटे, महासचिव राजेंद्र यादव और उनकी पत्नी कविता से भी पूछताछ की गई। मामले को लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कांग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कांग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा कि यह परेशान करने वाला है। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन को हस्तक्षेप करना चाहिए और मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। खेल हमेशा उसे खेलने या चलाने वालों से बड़ा होता है। उन्होंने क्रिकेट के लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह समिति अधिकारियों के अनुसार व्यवहार नहीं कर रही थी और अदालत के आदेशों का भी सम्मान नहीं कर रही थी। पिछले साल वे लीग मैच आयोजित किए बिना ही स्थलों का चयन कर रहे थे। यह शर्मनाक है।

    तेलंगाना सतर्कता आयोग ने कथित तौर पर पाया कि राव और अन्य पदाधिकारियों ने व्यक्तिगत बिक्री के टिकटों सहित अतिरिक्त टिकटों के लिए आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) पर दबाव डाला था। एक मैच के दौरान, एचसीए के सदस्यों ने कथित तौर पर एसआरएच को अधिक टिकट देने के लिए मजबूर करने के लिए एक कॉर्पोरेट बॉक्स को बंद कर दिया। एसआरएच ने राव पर मानार्थ टिकटों और कॉर्पोरेट बॉक्स को लेकर डराने, धमकाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। आईपीएल फ्रेंचाइजी ने आरोप लगाया था कि राव ने 27 मार्च के मैच से कुछ घंटे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका को आवंटित एफ3 कॉरपोरेट बॉक्स को बंद कर दिया था और 20 अतिरिक्त टिकटों की मांग की थी।

    एसआरएच ने आरोप लगाया था कि एचसीए अध्यक्ष के कार्यों ने एसआरएच, एचसीए और बीसीसीआई के साथ समझौते का उल्लंघन किया है, जो एचसीए को 3,900 मानार्थ टिकट (स्टेडियम की क्षमता का 10 प्रतिशत) आवंटित करता है। एचसीए अध्यक्ष ने कथित तौर पर व्यक्तिगत उपयोग के लिए 10 प्रतिशत मानार्थ टिकट भी मांगे। एसआरएच ने भी उनकी मांग खारिज कर दी। हैदराबाद से स्थानांतरित होने की एसआरएच की धमकी के बाद, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने महानिदेशक कोथाकोटा श्रीनिवास रेड्डी को जांच के आदेश दिए थे।

    सनराइजर्स हैदराबाद ने एचसीए द्वारा बार-बार की जा रही ‘ब्लैकमेलिंग रणनीति’ को रोकने के लिए क्रिकेट संचालन संस्थाओं के हस्तक्षेप की मांग की गई थी। हालांकि राज्य इकाई ने फ्रेंचाइजी द्वारा लगाए गए ऐसे सभी आरोपों से इनकार किया। सतर्कता आयोग ने कथित तौर पर एसआरएच प्रबंधन द्वारा एचसीए के खिलाफ लगाए गए आरोपों को सही पाया। आयोग ने कथित तौर पर एचसीए अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करते हुए राज्य सरकार को अपने निष्कर्ष सौंपे थे।