Blog

  • 14 घंटे बाद लैंडर से उतरते हुए रोवर प्रज्ञान की पहली फोटो आई सामने

    14 घंटे बाद लैंडर से उतरते हुए रोवर प्रज्ञान की पहली फोटो आई सामने

    नई दिल्ली : भारत तीन कदम में चांद चढ़ा। 23 अगस्त की शाम थी, देश ठहरा था, सांसें थमी थीं, पलकें उठी थीं और दुनिया भारत के कांधे पर सिर रख चांद की ओर टकटकी लगाए थी । धरती पर शाम हो रही थी, चांद पर सूरज उग रहा था। समय 6 बजकर 4 मिनट, भारत का चंद्रयान चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतर गया था। इसके साथ ही चांद के सबसे मुश्किल इलाके में लैंड करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया।

    करीब 14 घंटे बाद वीरवार सुबह खबर आई कि लैंडर से रोवर प्रज्ञान बाहर आ गया है और चांद की सतह पर घूम रहा है। यह जानकारी INSPACE चेयरमैन पवन के गोएनका ने दी। ISRO के यूट्यूब चैनल पर वीरवार सुबह तक करीब 7 करोड़ लोग लैंडिंग का टेलीकास्ट देख चुके हैं।

  • पंजाबः पूर्व मंत्री के घर ED की दबिश, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    पंजाबः पूर्व मंत्री के घर ED की दबिश, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    लुधियाना: कांग्रेस के पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के घर आज सुबह ईडी द्वारा छापेमारी करने की खबर सामने आ रही है। जिसके बाद एक बार फिर से राजनीति गलियारे में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार आशु के साथ ही कांग्रेस नेता मीनू मल्होत्रा के घर पर भी ईडी ने रेड की। ईडी टीम ने दस्तावेजों की जांच कर कुछ कागज अपने कब्जे में लिए हैं। बताया जा रहा है कि उनके घर के बाहर सीआरपी का सख्त पहरा लगा हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भारत भूषण आशू की पत्नी सुबह मंदिर गई थी। जब वह वापस आई तो उसे और पूर्व मेयर बलकार सिंह को पुलिस ने घर के अंदर दाखिल नहीं होने दिया। 

    इसके अलावा उनके मोबाइल्स ले लिए गए। इसके बाद जांच शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि आय से अधिक मामले को लेकर यह जांच हो रही है। बताया जा रहा है कि ED टीम सुबह-सुबह ही आशु के लुधियाना स्थित कोचर मार्केट के पास बने घर में पहुंची। इसके अलावा फूड एवं सप्लाई विभाग के कई अफसरों के घर भी जांच चल रही है। ED टीम द्वारा मामले के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है, जबकि पूर्व मंत्री आशु के घर के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। गौरतलब है कि कांग्रेस सरकार में भारत भूषण अशोक फूड एवं सप्लाई मंत्री थे।

    उस दौरान आशु पर अनाज ढुलाई समेत कई अन्य घोटालों के आरोप लगे थे। गौरतलब है कि भारत भूषण आशु टेंडर ट्रांसपोर्ट घोटाले मामले में जेल जा चुके हैं। उन पर कई तरह की अवैध संपत्ति बनाने का भी आरोप है। इसके अलावा आशु के करीबी मीनू मल्होत्रा का नाम भी टेंडर घोटाले से जुड़ा हुआ है। उनके घर भी ईडी की टीम पहुंची है और परिवार से पूछताछ की जा रही है। दोनों के घर रेड जारी है और पूछताछ व दस्तावेजों को जब्त किया जा रहा है। 

  • भरभराकर गिरी 4 मंजिला इमारत, देखें दिल दहलाने वाला वीडियो

    भरभराकर गिरी 4 मंजिला इमारत, देखें दिल दहलाने वाला वीडियो

    कुल्लूः हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के आनी में तीन से चार बहुमंजिला बिल्डिंग ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इनमें अब तक किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने इन बिल्डिंग को पहले ही खाली करवा दिया था। आनी बस स्टैंड में दो से तीन बिल्डिंग को अभी भी खतरा बना हुआ है। यह हादसा आज सुबह 9 बजकर 40 मिनट का बताया जा रहा है। इनमें से एक बिल्डिंग में पहले कांगड़ा को-ऑपरेटिव बैंक और दूसरी भवन में SBI बैंक भी चल रहा था।

    इन्हें जुलाई महीने के भारी बारिश के बाद प्रशासन ने खतरे को भांपते हुए पहले ही खाली करवा दिया गया था। उस दौरान इनके नीचे की जमीन धंसनी शुरू हो गई थी। बिल्डिंग ढहने के बाद आनी के लोग दहशत में आ गए है। खासकर जिनके मकान साथ इन बिल्डिंग के साथ बने है, वह नुकसान को लेकर ज्यादा चिंतिंत है। बता दें कि पहाड़ों पर इस बार बरसात में भारी तबाही मचाई है। इसी तरह की तस्वीरें प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी सामने आ रही है।

  • पंजाबः अभी नहीं मिलेगी राहत, अगले 4 दिनों तक भारी बारिश की संभावना

    पंजाबः अभी नहीं मिलेगी राहत, अगले 4 दिनों तक भारी बारिश की संभावना

    चंडीगढ़ः पंजाब में अगस्त के महीने में भी बारिश से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। लगातार हो रही बारिश से पंजाब के कुछ जिलों में बाढ़ आ गई है। अगले कुछ दिनों तक पंजाब को बारिश से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में 27 अगस्त तक बारिश होने के आसार जताए गए हैं। प्रदेश के कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मॉनसून के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। हालांकि, इसका प्रभाव बहुत अधिक नहीं होगा। इसके चलते पंजाब में 27 अगस्त तक बादल छाएं रहने, बूंदाबांदी, गरज के साथ छींटे पड़ने व कहीं कहीं सामान्य से मध्यम बारिश के आसार हैं।

    बुधवार को चंडीगढ़ में सर्वाधिक 103.6 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि शहीद भगत सिंह नगर में 37.5, मोहाली में 33.5, फतेहगढ़ साहिब में 35.0, पटियाला में 10.6,और रोपड़ में 17.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। लुधियाना में भी कई इलाकों में बारिश हुई। जिन जिलों में भारी बारिश हुई, वहां दिन का तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से छह डिग्री कम था। दूसरी तरफ मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार मध्यरात्रि से लेकर वीरवार सुबह आठ बजे तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद दो दिन तक 25 अगस्त तक बादल छाए रहने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

  • IGMC के स्पेशल वार्ड के छत से टपक रहा बारिश का पानी, देखें वीडियो

    IGMC के स्पेशल वार्ड के छत से टपक रहा बारिश का पानी, देखें वीडियो

    शिमलाः हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मॉनसून का रौद्र रूप देखने को मिला है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को बारिश जारी रही। बिलासपुर, शिमला, कांगड़ा और मंडी जिलों में जबरदस्त बरसात हुई है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बीते 24 घण्टों के दौरान वर्षा जनित हादसों में 13 लोग मारे गए और छह लापता हैं। इस दौरान राज्य के 24 स्थानों पर भूस्खलन और तीन स्थानों पर बाढ़ की घटनाएं हुईं। वहीं राजधानी शिमला में मुसलाधार वर्षा का जबरदस्त कहर देखने को मिला। शहर में जगह-जगह भूस्खलन और पेड़ों के गिरने से सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं और वाहनों व घरों को नुकसान पहुंचा।

    अंग्रेजों के जमाने का बना शिमला रेलवे स्टेशन को भी बारिश से क्षति हुई। सबसे सुरक्षित माना जाने वाले आईजीएमसी अस्पताल में पानी घुसने से कर्मचारियों व मरीजों में हड़कम्प मच गया। आईजीएमसी के स्पेशल वार्ड के छत से पानी बारिश की तरह बरसा। इससे स्पेशल वार्ड में पानी भर गया। स्पेशल वार्ड वीवीआइपी लोगों के लिए रिजर्व रहता है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला में सुबह साढ़े आठ बजे तक 132 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड हुई है। शिमला में लगातार ही रही बारिश से भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है। मौसम के तेवरों को देखते हुए लोगों की नींद उड़ गई है। लोग घरों से बाहर निकलने पर असुरक्षित महसूस के रहे हैं।

    राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं में छह लोगों की जान गई। जबकि बारिश से जुड़े अन्य हादसों में सात लोगों ने दम तोड़ा। मंडी जिला में पांच, कांगड़ा में तीन, शिमला में दो, सिरमौर, बिलासपुर व चम्बा में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। शिमला के ढली थाना अंतर्गत ब्लदयां में कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रही मजदूर दंपति की मलबे की चपेट में आने से मौत हुई। राज्य के विभिन्न भागों में अधिकतर रास्ते बारिश और भूस्खलन के चलते बंद हैं। शिमला-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे-5 सोलन जिला के चक्की मोड़ में भूस्खलन से अवरुद्ध है। मंडी जिला में कुल्लू-मंडी नेशनल हाइवे-21 पण्डोह के समीप हुए भूस्खलन से बाधित है। मंडी जिले में ही मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे-154 भी अवरुद्ध हो गया है।

  • पंजाबः थाने की कुछ दूरी पर गारमेंट की दुकान में चोरी, देखें CCTV

    पंजाबः थाने की कुछ दूरी पर गारमेंट की दुकान में चोरी, देखें CCTV

    मोगा : कोर्ट रोड पर थाने की कुछ ही दूरी पर एक गारमेंट की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। वही चोरी की घटना सी.सी.टी.वी में कैद हो गई है। वही दुकान के मालिक ने कहा की बीती रात हमारी दुकान पर एक युवक कार पर आया और शर्टर तोड़ कर दुकान से अंदर पड़ा सारा माल उठा कर ले गया।

    चोरी की घटना सी.सी.टी.वी में कैद हो गई और पुलिस को इसकी रिपोर्ट भी दर्ज करवाई है और पुलिस इसकी जाँच कर रही है। वही थाना मुखी जसविंदर सिंह ने बताया कि चोरी का मामला सामने आया है और सी.सी.टी.वी में घटना कैद हो गई है। उन्होंने कहा कि चोर की तलाश की जा रही है। पुलिस सी.सी.टी.वी के आधार पर कार्रवाही कर रही है।

  • पंजाबः इस मामले में BJP नेता पर FIR दर्ज

    पंजाबः इस मामले में BJP नेता पर FIR दर्ज

    लुधियानाः जिले के बद्दोवाल एमिनेंस सरकारी स्कूल में बीते दिन लेंटर गिरने के मामले में ठेकेदार भाजपा नेता अनमोल कत्याल पर कार्रवाई हुई है। अनमोल के खिलाफ थाना मुल्लांपुर दाखा में धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अनमोल अभी फरार चल रहा है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक अनमोल की पंजाब भाजपा के सीनियर नेताओं के साथ अच्छी जान पहचान है। वहीं स्कूल लेंटर गिरने के हादसे में एक टीचर रविंद्र कौर की मौत हो गई है, जबकि नरिंद्रजीत कौर, सुखजीत कौर और इंदू रानी चोटिल हैं। मृतका टीचर रविंद्र कौर के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है।

    हादसे के दौरान 600 से अधिक छात्र थे मौजूद

    रविंद्र कौर के शव का आज पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। दोपहर को टीचर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। रविंद्र कौर के सिर पर गंभीर चोट आई। सांस लेने वाली नली में मिट्‌टी फंस गई। रविंद्र कौर ने मास्टर कैडर के तौर पर 2014 में ज्वाइंन किया था। हादसे के बाद स्कूल के छात्रों में भी शोक की लहर है। हादसे के समय करीब 600 से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक रविंद्रपाल कौर सामाजिक विषय की टीचर थीं। वह 6वीं से 10वीं कक्षा के छात्रों को पढ़ाती थीं। जून महीने में ही वह नूरपुर बेट से बद्दोवाल के सरकारी स्कूल में तबादला करवाकर आई थीं और वह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रही थी।

    डिप्टी कमिश्नर ने मजिस्ट्रेट जांच के दिए आदेश 

    उनके परिवार में एक बेटा और पति मनदीप सिंह है। मामले में डिप्टी कमिश्नर लुधियाना सुरभि मलिक ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं कि शिक्षा विभाग भी अपने स्तर पर जांच करेगा। ठेकेदार अनमोल कत्याल के पिता स्व. काला कत्याल जगराओं में भाजपा के पूर्व पार्षद रहे हैं। शिअद-भाजपा सरकार के समय जगराओं की मुख्य सड़कों के निर्माण कार्य के ठेके इन्हें ही मिलते रहे हैं। रिकॉर्ड से पता चला है कि स्कूल की बिल्डिंग का निर्माण मूल रूप से 1960 में किया गया था। इस समय यह खस्ता हालत में थी। हादसे के समय दूसरी मंजिल पर निर्माण गतिविधियां चल रही थीं। परिणामस्वरूप, सहायक पिलर के ढहने से ग्राउंड फ्लोर पर स्टाफ रूम की छत गिर गई। ये मुरम्मत का कार्य पंचायती राज्य विभाग द्वारा ठेकेदार को दिया गया था।

    छत गिरने दौरान कैंपस में मची अफरा-तफरी

    वहीं स्कूल स्टाफ के मुताबिक, चारों शिक्षक अपनी-अपनी कक्षाएं लेने के बाद स्टाफ रूम में बैठी थीं कि अचानक छत ढह गई और शिक्षकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। शोर मचा और पुलिस कंट्रोल रूम व जिला प्रशासन को सूचित किया गया। SDM हरजिंदर सिंह ने बताया कि मामले में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। जांच की जा रही है कि ठेकेदार को बिल्डिंग की मरम्मत करवाने की मंजूरी किसने दी। यह भी पता किया जा रहा है कि क्या मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले ठेकेदार ने स्कूल से सर्टिफिकेट लिया या नहीं। मजिस्ट्रेट जांच के लिए एसडीएम पश्चमी को कमेटी का चेयरमैन बनाया है।

    स्कूल को किया गया सील 

    दाखा के डीएसपी, PWD और सीनियर सेकेंडरी स्कूल की डीईओ को मेंबर बनाया है। संबंधित विभागों से रिकॉर्ड जुटाकर गहन जांच की जाएगी। बाकी ठेकेदार अनमोल पर जो भी बनती कार्रवाई होगी, जरूर की जाएगी। एसडीएम के अनुसार, बिल्डिंग के ऊपर जो ईंटें रखी गई थीं, वह बिल्कुल गलत रखी गई थीं। यदि वह ईंट वैसे भी किसी के सिर में लग जाती तो व्यक्ति की मौत हो सकती थी। छत पर को मलबा आदि उतारा हुआ था, वह भी भारी मात्रा में था, ऊपर से बारिश होने से लेंटर गिर गया। डिप्टी कमिश्नर सुरभि मलिक ने कहा कि इस हादसे की निष्पक्षता से बिना किसी दबाव के जांच करवाई जा रही है। फिलहाल स्कूल को सील कर दिया गया है। घायल टीचरों की हालत स्थिर है।

  • होशियारपुर: PM Modi के खिलाफ हुई शिकायत दर्ज, लगे ये आरोप

    होशियारपुर: PM Modi के खिलाफ हुई शिकायत दर्ज, लगे ये आरोप

    होशियारपुर/सोनू थापरः पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत जिला होशियारपुर के SSP सरताज सिंह चाहल को दी गई है। साथ ही उनसे प्रधानमंत्री के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग भी की गई है। मामले में शिकायतकर्ता सोशलिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया का 7 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल है। शिकातयकर्ता ओम सिंह सटियाणा और पूर्व प्रधान बलवंत सिंह खेड़ा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने होशियारपुर के SSP को शिकायत दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ धारा-153 (A), 153 (B), 295 (A), 505 (2), 123 (3A) और 125 के भारतीय लोक प्रतिनिधि कानून के तहत केस दर्ज करने की मांग की है।

    शिकायतकर्ता प्रतिनिधिमंडल के नेताओं के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विचारों की आजादी को जाहिर करते हुए नैतिक मूल्यों की उल्लंघना की गई है। प्रधानमंत्री द्वारा धर्म को सियासत के साथ मिलाकर कर्नाटक चुनाव की रैलियों में वोटरों को EVM मशीन का बटन दबाते समय जय बजरंग बली का नारा लगाने की अपील की गई थी। शिकायतकर्ता प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रधानमंत्री की वीडियो रिकॉर्डिंग की क्लिप भी शिकायत के साथ संलग्न की गई है। होशियारपुर पुलिस द्वारा मामला पंजाब पुलिस के उच्च पदस्थ अधिकारियों के संज्ञान में ला दिया गया है। लेकिन कार्रवाई के संबंध में प्रतिनिधिमंडल को फिलहाल कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है।

  • हादसा : डंपर ने 2 लोगों को कुचला,  मौत

    हादसा : डंपर ने 2 लोगों को कुचला, मौत

    करनाल : जिले के घीड गांव के पास बड़ा हादसा हो गया। यहां पीछे से आ रहे एक अज्ञात डंपर ने 2 व्यक्तियों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बुरी तरह घायल है।  हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर को लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति राइस मिल में काम करते थे और देर शाम को दुकान पर खाने पीने का सामान लेने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। राहगीरों ने पुलिस की मदद से घायल को करनाल के अस्पताल में भर्ती करवाया।

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। आज मृतक का पोस्टमार्टम होगा। मृतक की पहचान 58 वर्षीय रुलदा राम के रूप में हुई है, जबकि घायल का नाम फूल सिंह है। दोनों व्यक्ति अंबाला जिले के बिंजलपुर गांव के रहने वाले थे।पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • आज का राशिफल 24, अगस्त 2023

    आज का राशिफल 24, अगस्त 2023

    मेष:रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। यात्रा मनोरंजक रहेगी। समय की अनुकूलता का लाभ लें। मित्रों के साथ अच्छा समय बीतेगा। वाणी पर नियंत्रण रखें। स्वास्‍थ्य का पाया कमजोर रहेगा। विवेक से कार्य करें। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड से लाभ होगा। स्थायी संपत्ति के कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं।
    वृष:रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। मनपसंद भोजन का आनंद मिलेगा। कारोबारी वृद्धि की योजना बनेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। समय की अनुकूलता रहेगी। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी से कोई भी कार्य न करें। विवाद में न पड़ें। पार्टी व पिकनिक का कार्यक्रम बनेगा। मनोरंजन का समय मिलेगा।
    मिथुन:कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। काम में मन नहीं लगेगा। बाहर जाने की योजना बनेगी। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। परिवार के साथ समय मनोरंजन में व्यतीत होगा। आय होगी। व्यापार ठीक चलेगा। बुरी खबर प्राप्त हो सकती है। दौड़धूप अधिक होगी। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें।
    कर्क:उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। किसी प्रभावशाली व्यक्ति का मार्गदर्शन व सहयोग प्राप्त होगा। मान-सम्मान मिलेगा। मित्रों की सहायता करने का मौका मिलेगा। समय अच्छा व्यतीत होगा। प्रसन्नता रहेगी। थकान व कमजोरी रह सकती है। खान-पान पर ध्यान दें। घर-परिवार की चिंता बनी रहेगी।
    सिंह:उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। आत्मसम्मान बनेगा। भूले-बिसरे साथियों से मुलाकात होगी। नए मित्र बनेंगे। कोई बड़ा कार्य करने की इच्छा जागृत होगी। यात्रा मनोरंजक रहेगी। व्यापार ठीक चलेगा। कुसंगति से दूर रहें। हानि संभव है। विवाद को बढ़ावा न दें। हल्की हंसी-मजाक करने से बचें।
    कन्या:नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति पर व्यय होगा। व्यापार लाभदायक रहेगा। कोई बड़ा कार्य होने से प्रसन्नता रहेगी। दूसरों के काम में दखल न दें। मित्रों के साथ समय मनोरंजक व्यतीत होगा। भेंट व उपहार की प्राप्ति होगी। जल्दबाजी न करें। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। यात्रा मनोरंजक रहेगी।
    तुला:व्यापार ठीक चलेगा। यात्रा में विशेष सावधानी रखें। किसी भी व्यक्ति के उकसाने में न आएं। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। किसी मनोरंजक कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते हैं। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। विवाद को बढ़ावा न दें। बनते काम बिगड़ सकते हैं। तनाव रहेगा।
    वृश्चिक:यात्रा मनोरंजक रहेगी। सामाजिक कार्य करने की इच्छा जागृत होगी। व्यापार ठीक चलेगा। परिवार के साथ समय सुखमय व्यतीत होगा। प्रसन्नता बनी रहेगी। दूर से अच्‍छे समाचार प्राप्त होंगे। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है, प्रयास करें।
    धनु:योजना फलीभूत होगी। कार्यस्थल पर परिवर्तन हो सकता है। मित्रों के साथ समय मनोरंजक बीतेगा। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। समय अनुकूल है। कोई आवश्यक वस्तु समय पर नहीं मिलने से खिन्नता रहेगी। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे।
    मकर:लाभ के अवसर हाथ आएंगे। यात्रा मनोरंजक रहेगी। मनोरंजन के साधन प्राप्त होंगे। तीर्थदर्शन की योजना बनेगी। धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। परिवार के साथ रहने का अवसर प्राप्त होगा। लाभ होगा। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। कानूनी अड़चन दूर होगी।
    कुंभ:हल्की हंसी-मजाक न करें। विवाद हो सकता है। किसी व्यक्ति की नाराजी से मन खराब होगा। मित्रों तथा रिश्तेदारों का सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी। मनोरंजन होगा। चोट व दुर्घटना से हानि संभव है। जल्दबाजी व लापरवाही भारी पड़ सकती है। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा।
    मीन:किसी प्रभावशाली व्यक्ति का मार्गदर्शन व सहयोग प्राप्त होगा। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। मित्रों का सहयोग व साथ मिलेगा। भाइयों से मतभेद दूर होंगे। व्यापार ठीक चलेगा। समय सुखमय व्यतीत होगा। बुद्धि का प्रयोग किसी भी समस्या का निवारण कर सकता है, यह याद रखें।