Blog

  • बटाला के विकास को बड़ा तोहफा, 177 करोड़ की परियोजनाओं की घोषणा: CM Mann

    बटाला के विकास को बड़ा तोहफा, 177 करोड़ की परियोजनाओं की घोषणा: CM Mann

    बटाला: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ऐतिहासिक शहर बटाला के कायाकल्प के लिए 177 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं के तहत नगर निगम द्वारा 95.72 करोड़ रुपये, मंडी बोर्ड द्वारा 16.05 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग द्वारा 65.09 करोड़ रुपये सड़क निर्माण पर खर्च किए जाएंगे।


    इसके अलावा सड़क नवीनीकरण के लिए भी अतिरिक्त बजट निर्धारित किया गया है, जबकि शहर में चार नए पुलों के निर्माण और नई पुलिस लाइन के लिए 14.81 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने वर्षों तक पंजाब के विकास को रोके रखा और जनता के हितों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पारदर्शी और जवाबदेह शासन के साथ जनता की भलाई के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार और माफिया संस्कृति पर सख्त कार्रवाई करते हुए राज्य में विकास की नई दिशा तय की है।

    मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने बताया कि लाखों परिवारों को मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य योजनाओं के तहत कैशलेस इलाज और रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि बटाला सहित पूरे पंजाब में विकास कार्यों को गति दी जाएगी और जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

     

     

  • मशहूर सिंगर Jubin Nautiyal ने गुपचुप रचाई शादी! देखें तस्वीरें

    मशहूर सिंगर Jubin Nautiyal ने गुपचुप रचाई शादी! देखें तस्वीरें

    बॉलीवुड के मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने हाल ही में चुपचाप शादी कर ली है। बताया जा रहा है कि यह शादी उत्तराखंड में उनके पैतृक गांव में बेहद सादगी से हुई। इस समारोह में केवल परिवार के लोग और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। बचपन की दोस्त बनी जीवनसाथी रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबिन ने अपनी बचपन की दोस्त के साथ फेरे लिए हैं। कहा जा रहा है कि दोनों काफी समय से एक-दूसरे को जानते थे और रिलेशनशिप में भी थे। हालांकि, अभी तक उनकी पत्नी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है और न ही इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने आई है। सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें वायरल सोशल मीडिया पर जुबिन की शादी की कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन तस्वीरों में वह शादी की रस्में निभाते हुए और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। लेकिन खास बात यह है कि खुद जुबिन ने अभी तक अपनी शादी को लेकर कोई पोस्ट या घोषणा नहीं की है।  
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Viral Bhayani (@viralbhayani)

    फैंस ने दी ढेर सारी शुभकामनाएं जैसे ही ये तस्वीरें सामने आईं, फैंस ने जुबिन को बधाई देना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। साथ ही, फैंस उनकी पत्नी के बारे में जानने के लिए भी काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं। हालांकि, इन खबरों के बावजूद अभी तक जुबिन की शादी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फैंस अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि आखिर कब जुबिन खुद इस खुशखबरी को सबके साथ साझा करेंगे।    
  • सरकाघाट के गोपालपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के विधायक, घटना स्थल का दौरा कर परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

    सरकाघाट के गोपालपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के विधायक, घटना स्थल का दौरा कर परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

    ऊना/सुशील पंडित: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों और पदाधिकारियों के साथ आज सरकाघाट के गोपालपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का दौरा करके घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। इसके बाद वह बिटिया के माता-पिता और परिजनों से भी मिलकर उन्हें सांत्वना दी और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बिटिया की माता से मुलाकात की, उनका दर्द देखा नहीं जा रहा था। किसी की मां से नज़रें मिलाने की हिम्मत नहीं थी। बेटी जो मां का सहारा होती है, उसके साथ ऐसी अनहोनी का दुःख शब्दों में प्रकट नहीं हो सकता। पूरे गांव में मातम पसरा है। पूरा परिवार सदमे में है। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों को घटना पर यकीन ही नहीं हो रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस घटना ने अपने पीछे बहुत से सवाल छोड़ दिए हैं। पिता और परिजन इसे सामान्य घटना मानने से इनकार कर रहे हैं, क्योंकि राह चलते किसी की अचानक हत्या करने का कोई तुक नहीं बनता। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचने की स्थिति में नहीं है। सरकार से निवेदन है कि परिजनों की सभी शंकाओं का समाधान किया जाए। जांच में किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। आज बिटिया हमारे साथ नहीं है। उसे न्याय दिलाना ही हमारा कर्तव्य है। इस घटना में शामिल सभी अपराधियों को कठोर से कठोर दंड दिलवाना ही बिटिया को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और आक्रोश का माहौल है। इस मौके पर उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के विधायक अनिल शर्मा, विनोद कुमार, राकेश जमवाल, इंद्रजीत लखनपाल, इंद्र सिंह गांधी, त्रिलोक जामवाल, सरकाघाट विधायक दिलीप ठाकुर, मंडी जिला अध्यक्ष निहाल शर्मा, प्रियव्रत शर्मा, रजत ठाकुर समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।
     
  • हरियाणा सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध: श्याम सिंह राणा

    हरियाणा सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध: श्याम सिंह राणा

    चंडीगढ़: प्रदेश सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सीजन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। हरियाणा सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने आज फरीदाबाद जिले की बल्लभगढ़ अनाज मंडी का निरीक्षण किया।

    कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार सभी मंत्री और विधायक फील्ड में रहकर मंडियों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि बारदाना, उठान, परिवहन, साफ-सफाई या किसी अन्य प्रकार की समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि अब तक कई मंडियों का दौरा किया जा चुका है, जहां अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर उठान और परिवहन में देरी जैसी समस्याएं सामने आईं, जिन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

    मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जिन किसानों की फसल अभी मंडियों तक नहीं पहुंची है, उनके लिए भी उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसी भी तकनीकी बाधा, जैसे पोर्टल या सर्वे से जुड़ी समस्या, का समाधान मौके पर ही किया जाए। यदि किसी किसान का नाम पोर्टल पर नहीं आता है तो स्थानीय स्तर पर उसका रिकॉर्ड दर्ज कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि किसान को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नमी से संबंधित समस्याओं पर भी केंद्र सरकार द्वारा दी गई छूट से किसानों को राहत मिली है।

    कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की सराहना करते हुए इसे देश के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना इस बात का प्रमाण है कि सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस परिवार और देश में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां उन्नति और खुशहाली निश्चित है।

    उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी फसल का उचित एवं समयबद्ध प्रबंधन किया जाए। इस अवसर पर बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, डीएफएससी कविता परिहार, मार्केट कमेटी के अधिकारी, खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि, आढ़ती, ट्रांसपोर्टर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

     

  • Punjab News: AAP का अकाली दल पर बड़ा हमला, मोगा मामले को लेकर नेतृत्व की चुप्पी पर उठाए सवाल

    Punjab News: AAP का अकाली दल पर बड़ा हमला, मोगा मामले को लेकर नेतृत्व की चुप्पी पर उठाए सवाल

    चंडीगढ़, 16 अप्रैल 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के राज्य मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) पर तीखा हमला करते हुए पार्टी के इतिहास और हालिया घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अकाली दल का रिकॉर्ड ऐसे मामलों से भरा हुआ है, जो पंजाब के लिए चिंता का विषय रहे हैं।

    वीडियो संदेश जारी करते हुए पन्नू ने कहा कि 2007 से 2017 तक के अकाली-भाजपा शासनकाल के दौरान पंजाब ने कई गंभीर समस्याओं का सामना किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में ड्रग तस्करी, केबल माफिया, बस कारोबार और गैंगस्टर कल्चर जैसे मुद्दों में अकाली नेताओं की भूमिका स्पष्ट रूप से सामने आई थी।

    मोगा घटना पर उठे सवाल, गंभीर आरोप

    बलतेज पन्नू ने मोगा में हाल ही में सामने आए मामले का जिक्र करते हुए कहा कि अकाली दल के नेता और नगर पार्षद जगजीत सिंह जीता को अपने ही होटल में कथित तौर पर सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

    उन्होंने कहा कि पुलिस छापेमारी के दौरान मौके से कई लड़कियां बरामद हुईं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल थी, जो बेहद चिंताजनक और दुखद है। पन्नू ने यह भी कहा कि जिस जगह पर यह कथित अवैध गतिविधियां चल रही थीं, वह संपत्ति खुद आरोपी की है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है।

    उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद खतरनाक हैं और इनसे कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं।

    अकाली नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल

    AAP नेता ने अकाली दल के वरिष्ठ नेतृत्व की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के कई घंटे बीत जाने के बावजूद किसी भी बड़े अकाली नेता ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने सवाल किया कि क्या इस तरह की चुप्पी को आरोपी के प्रति समर्थन के रूप में देखा जाना चाहिए। पन्नू ने कहा कि राजनीतिक दलों को अपने नेताओं की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और ऐसे मामलों में स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

    बलतेज पन्नू ने अकाली दल की चल रही ‘पंजाब बचाओ यात्रा’ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोगा में इस अभियान के दौरान आरोपी नेता की वरिष्ठ अकाली नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ इस तरह के गंभीर आरोप हैं, वे पंजाब को बचाने की बात कैसे कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अभियान सिर्फ एक राजनीतिक दिखावा है। पन्नू ने यह भी कहा कि इससे पहले भी मोगा में सामने आए एक अन्य सेक्स स्कैंडल में कई वरिष्ठ अकाली नेताओं के नाम सामने आए थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पार्टी के अंदर गंभीर समस्याएं मौजूद हैं।

    पन्नू ने पंजाब की जनता से अपील करते हुए कहा कि राज्य को ऐसे लोगों से बचाने की जरूरत है, जो निजी स्वार्थ के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज पंजाब को किसी बाहरी खतरे से नहीं, बल्कि ऐसे तत्वों से खतरा है जो समाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

    अंत में बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में AAP सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, अगर वह कानून तोड़ता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “AAP सरकार हर अपराधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और किसी को भी कानून से ऊपर नहीं समझा जाएगा।”

  • Punjab News: AAP सांसद मलविंदर कंग ने संसद में उठाया महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा, केंद्र से तत्काल लागू करने की मांग

    Punjab News: AAP सांसद मलविंदर कंग ने संसद में उठाया महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा, केंद्र से तत्काल लागू करने की मांग

    नई दिल्ली/चंडीगढ़, 16 अप्रैल 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) के श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग ने संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी का स्पष्ट और मजबूत पक्ष रखा। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द लागू किया जाए।

    संसद में बोलते हुए कंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ-साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान महिलाओं के सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान प्रतिनिधित्व देना केवल एक राजनीतिक कदम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की दिशा में एक आवश्यक पहल है।

    महिला सम्मान की परंपरा और कानून लागू करने की मांग

    मलविंदर कंग ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की भावना भारतीय संस्कृति, विशेष रूप से सिख परंपरा में गहराई से निहित है। उन्होंने याद दिलाया कि जिस समय देश में सती प्रथा जैसी कुप्रथाएं प्रचलित थीं, उस समय गुरु रामदास जी और गुरु अर्जन देव जी ने इसके खिलाफ आवाज उठाई और महिलाओं को सम्मानजनक स्थान दिलाने की दिशा में कार्य किया।

    उन्होंने यह भी कहा कि जब कई विकसित देशों में महिलाओं को मतदान का अधिकार भी प्राप्त नहीं था, तब शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने वर्ष 1920 में ही महिलाओं को मतदान का अधिकार दे दिया था, जो पंजाब की प्रगतिशील सोच को दर्शाता है।

    कंग ने जोर देकर कहा कि महिला आरक्षण कानून को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर लागू किया जाना चाहिए ताकि महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक सशक्तिकरण मिल सके।

    परिसीमन पर केंद्र को घेरा, संघीय ढांचे पर सवाल

    महिला आरक्षण के समर्थन के साथ-साथ कंग ने परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परिसीमन के नाम पर छोटे राज्यों, विशेषकर पंजाब, की राजनीतिक प्रतिनिधित्व को कम करने की साजिश रची जा रही है।

    उन्होंने कहा कि पंजाब, जिसकी आबादी देश की कुल आबादी का केवल लगभग 2 प्रतिशत है, ने स्वतंत्रता संग्राम में सबसे अधिक बलिदान दिए हैं। इसके बावजूद राज्य को बार-बार राजनीतिक रूप से कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब को अपनी राजधानी चंडीगढ़ के मुद्दे पर नुकसान उठाना पड़ा और अब संसाधनों से जुड़े संस्थानों, जैसे भाखड़ा बांध, में भी उसकी हिस्सेदारी कम की जा रही है।

    कंग ने कहा कि यह प्रवृत्ति देश के संघीय ढांचे के लिए खतरा है, जिसमें सभी राज्यों को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।

    जनसंख्या नियंत्रण का उल्टा असर, पंजाब को नुकसान

    मलविंदर कंग ने कहा कि भारत एक संघीय ढांचे वाला देश है, जहां राज्यों का संतुलित प्रतिनिधित्व जरूरी है। उन्होंने बताया कि जब केंद्र सरकार ने जनसंख्या नियंत्रण की अपील की थी, तब पंजाब ने इसे पूरी जिम्मेदारी के साथ लागू किया।

    लेकिन अब वही जनसंख्या नियंत्रण पंजाब के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है, क्योंकि कम जनसंख्या वृद्धि के आधार पर राज्य की लोकसभा और विधानसभा सीटों में कटौती की जा रही है।

    उन्होंने कहा कि यदि परिसीमन केवल जनसंख्या के आधार पर किया जाता है, तो इससे बड़े राज्यों को अनुचित लाभ मिलेगा और छोटे राज्यों की आवाज कमजोर हो जाएगी।

    सत्ता के दुरुपयोग की आशंका

    कंग ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने बहुमत का इस्तेमाल कर परिसीमन प्रक्रिया को अपने राजनीतिक हितों के अनुसार प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के खिलाफ होगा।

    उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के कदम न केवल राज्यों के अधिकारों को कमजोर करेंगे, बल्कि देश के संघीय संतुलन को भी प्रभावित करेंगे।

    अपने संबोधन के अंत में मलविंदर कंग ने कहा कि महिला आरक्षण कानून को लागू करना समय की मांग है और इसे तुरंत लागू किया जाना चाहिए। लेकिन इसके साथ ही केंद्र सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि परिसीमन के नाम पर राज्यों के अधिकारों से समझौता न किया जाए।

    उन्होंने केंद्र से अपील की कि वह संघीय ढांचे का सम्मान करे और छोटे राज्यों के हितों की रक्षा करते हुए संतुलित और पारदर्शी तरीके से निर्णय ले।

    कंग ने कहा कि देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब एक ओर महिलाओं को सशक्त बनाया जाए और दूसरी ओर राज्यों के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की जाए।

  • ₹5000 के साथ हिस्ट्रीशीटर बदमाश अमन गिरफ्तार, अवैध कामों में था एक्टिव, देखें वीडियो

    ₹5000 के साथ हिस्ट्रीशीटर बदमाश अमन गिरफ्तार, अवैध कामों में था एक्टिव, देखें वीडियो

    पंचकूला: पंचकूला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने इंचार्ज प्रवीण कुमार के नेतृत्व में ₹5000 के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश अमन उर्फ पकौडी को डेरा बस्सी बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अमन उर्फ पकौड़ी निवासी इंद्रा कॉलोनी सेक्टर-17 पंचकूला है। इसके खिलाफ पहले से ही करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियारों के खरीद-फरोख्त और अन्य आपराधिक गतिविधियों में एक्टिव था।

    इस मामले में पहले थाना सेक्टर-14 पंचकूला में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत दर्ज एक मुकदमे में कृष पुत्र सुरजीत निवासी राजीव कॉलोनी के कब्जे से एक .315 बोर देसी कट्टा बरामद किया गया था। गहन जांच के दौरान यह साफ हुआ कि उक्त अवैध हथियार की सप्लाई अमन उर्फ पकौड़ी के द्वारा की गई थी। पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है तथा अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

    डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि पंचकूला पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इनामी और हिस्ट्री शीटर अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अवैध हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियारों से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

     

  • खून से लथपथ महंत सरबजीत कौर का शव बरामद, धारदार हथियारों से हत्या की आशंका

    खून से लथपथ महंत सरबजीत कौर का शव बरामद, धारदार हथियारों से हत्या की आशंका

    श्री मुक्तसर साहिब: जिले के गिद्दड़बाहा विधानसभा क्षेत्र के गांव कोटभाई में एक महिला महंत की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय महंत सरबजीत कौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह गांव के तालाब के पास बने एक घर में अकेली रहती थीं। लोग उन्हें धार्मिक महिला के रूप में जानते थे।

    घर के अंदर मिला खून से लथपथ शव
    घटना का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को सूचना मिली कि सरबजीत कौर का शव उनके घर में पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि वह बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थीं और शरीर खून से सना हुआ था।

    गर्दन पर धारदार हथियार के निशान
    डीएसपी अरुण मुंडन के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि उनकी हत्या धारदार हथियार से की गई है। उनके गले पर दो गहरे वार के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि हमलावरों ने बेहद बेरहमी से वार किया।

    फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत
    घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत इकट्ठा करने शुरू कर दिए हैं, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

    गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
    इस हत्या के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। लोग इस घटना से सहमे हुए हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

     

     

  • लोक गायक मोनू रत्न के नया भजन कृष्णा तेरी लीला हुआ रिलीज

    लोक गायक मोनू रत्न के नया भजन कृष्णा तेरी लीला हुआ रिलीज

    बद्दी/सचिन बैंसल: बद्दी उपमंडल के प्राचीन गोगा माड़ी मंदिर हररायेपुर में आज मोनू रत्न का नया भजन कृष्णा तेरी लीला को यूट्यूब पर रिलीज किया गया आज एक सादे समारोह में रिलीज़ किया गया। इस गीत को पाली मलपुर ने लिखा है और म्यूजिक राधे ने दिया है ओर वीडियो प्रिंस मीडिया ने इस गीत को फिल्माया है इससे पहले गायक मोनू रतन ने बाबा इच्छाधारी,जय जयकार बागड़ वाले का भजन गाया था जो बहुत ही अच्छा और सराहनीय रहा है।
    गायक मोनू रत्न ने बताया कि मुझे धार्मिक गीत गाने का बहुत शौक है और मुझे लोगों का बहुत प्यार मिलता है लोग मेरे गाये गीतों को सुनते हैं और बहुत पसंद करतें हैं मैं अभी और धार्मिक गीत गायूँगा इस अवसर पर पवन कुमार,समाजसेवक जय राम चौधरी,गुरमेल चौधरी,जस्सी चौधरी,हरिगोपाल,पी आर प्रजापति, तरसेम लाल,अभी ठाकुर,मोहित कुमार,रमेश कुमार,प्रदीप कुमार,सोनी राम,भगतराम,शिव बैसेंल,शिक्षा देवी,उषा देवी ,नसीब,विनोद ठाकुर, राधाकृष्ण,पूर्व प्रधान योग राज  भाटिया ,गुरदीप सिंह,बबली देवी ,निर्मला देवी ,रेना रानी,ममता देवी ,सरोज देवी भी शामिल हुए इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया।
     
  • Punjab News: पंजाब सरकार का बड़ा कदम, IIT रोपड़ के साथ मिलकर AI आधारित पुलिसिंग से संगठित अपराध पर होगी कड़ी नजर

    Punjab News: पंजाब सरकार का बड़ा कदम, IIT रोपड़ के साथ मिलकर AI आधारित पुलिसिंग से संगठित अपराध पर होगी कड़ी नजर

    मोहाली, 16 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने संगठित अपराध के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करने के लिए एक बड़ा और तकनीकी रूप से उन्नत कदम उठाया है। राज्य सरकार ने Indian Institute of Technology Ropar के साथ साझेदारी कर पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य पंजाब के भीतर और विदेशों से संचालित हो रहे गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ना और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।

    यह पहल राज्य में पहले से चल रहे ‘गैंगस्टरन ते वार’ और ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ जैसे अभियानों को और प्रभावी बनाएगी तथा पुलिस को आधुनिक तकनीकी उपकरणों से लैस करेगी।

    AI के जरिए अपराधियों की पहचान और नेटवर्क ट्रैकिंग

    इस परियोजना के तहत पंजाब सरकार एक संगठित और डिजिटल अपराधी डेटाबेस तैयार करेगी, जिससे पुलिस को अपराधियों और उनके नेटवर्क की बेहतर पहचान करने में मदद मिलेगी। इस सहयोग के तहत IIT रोपड़ और डॉ. बीआर अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIMS), मोहाली के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किया गया है। AIMS मोहाली में स्थापित डेटा इंटेलिजेंस और तकनीकी सहायता इकाई इस प्रोजेक्ट के समन्वय का मुख्य केंद्र होगी।

    IIT रोपड़ द्वारा विकसित किए जाने वाले सॉफ्टवेयर में डेटा एनालिटिक्स, वॉइस रिकग्निशन और डैशबोर्ड आधारित मॉनिटरिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। इसके जरिए पुलिस को रियल-टाइम में अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनके नेटवर्क को खत्म करने में मदद मिलेगी। इस पहल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसमें संरचित (structured) और असंरचित (unstructured) दोनों प्रकार के डेटा को एक साथ जोड़ा जाएगा।

    अधिकारियों के अनुसार, पुलिस रिकॉर्ड का एक बड़ा हिस्सा अभी भी स्कैन किए गए दस्तावेजों, पीडीएफ फाइलों और हस्तलिखित रिपोर्टों के रूप में मौजूद है, जिससे जांच में देरी होती है। नया AI सिस्टम इन सभी डेटा को डिजिटल रूप में बदलकर एकीकृत करेगा और एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा। इससे पुलिस को तुरंत जानकारी मिल सकेगी और निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज और अधिक प्रभावी होगी।

    इंटेलिजेंस आधारित पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा

    पंजाब सरकार का कहना है कि AI और मशीन लर्निंग के इस्तेमाल से पुलिस अब पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर इंटेलिजेंस आधारित पुलिसिंग की ओर बढ़ेगी। AI आधारित विश्लेषण से अपराध के पैटर्न की पहचान, संभावित खतरों का पूर्वानुमान और संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान संभव हो सकेगी।

    एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस सहयोग से पुलिस बल की तकनीकी क्षमता में बड़ा सुधार होगा और अपराधों की पहचान व रोकथाम अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि कई गैंगस्टर विदेशों में बैठकर स्थानीय युवाओं को अपराध के लिए उकसाते हैं, लेकिन AI तकनीक के माध्यम से अब ऐसे नेटवर्क को ट्रैक करना और तोड़ना आसान होगा।

    AI आधारित इस सिस्टम में डैशबोर्ड मॉनिटरिंग की सुविधा होगी, जिससे पुलिस अधिकारियों को अपराध से जुड़ी जानकारी रियल-टाइम में मिल सकेगी। इससे विभिन्न मामलों के बीच संबंधों की पहचान करना, बड़े डेटा का विश्लेषण करना और तेजी से कार्रवाई करना संभव होगा। यह सिस्टम अलग-अलग स्रोतों से आने वाले डेटा को जोड़कर एक एकीकृत प्लेटफॉर्म तैयार करेगा, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक सटीक और तेज होगी।

    पंजाब सरकार ने कहा कि यह पहल आधुनिक तकनीक के उपयोग के जरिए राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। AI आधारित पुलिसिंग से न केवल अपराधों का तेजी से पता लगाया जा सकेगा, बल्कि संगठित अपराध पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि इस प्रोजेक्ट के जरिए पंजाब पुलिस भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए और अधिक सक्षम बनेगी और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी।