Blog

  • किन्नर ने निर्वस्त्र होकर सड़क पर मचाया हुड़दंग, लोगों पर की पत्थरबाजी

    किन्नर ने निर्वस्त्र होकर सड़क पर मचाया हुड़दंग, लोगों पर की पत्थरबाजी

    टीकमगढ़ः जिले में बीती देर रात गांधी चौराहे पर एक किन्नर द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। यह घटना कोतवाली थाने से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुई। इस दौरान किन्नर ने सड़क पर जमकर हंगामा किया और लोग भी इससे परेशान हो गए जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को कंट्रोल किया।

    जानकारी मुताबिक, मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में किन्नर ने सड़क पर कपड़े उतारकर खूब हुड़दंग मचाया। बताया जा रहा है कि किसी से विवाद होने के बाद उसने यह कृत्य किया। किन्नर ने सड़क पर निर्वस्त्र होकर करीब 30 मिनट तक हंगामा किया। जब आसपास के लोग उसे समझाने और कपड़े लेकर उसके पास पहुंचे तो उसने उन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

    घटना के बाद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस अपने साथ साड़ी लेकर आई। पुलिस वाहन में बिना वर्दी के आए एक जवान ने किन्नर को साड़ी पहनने के लिए दी, लेकिन किन्नर ने साड़ी फेंक दी। इसके बाद पुलिस किन्रर के पीछे दौड़ी और मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। कोतवाली थाना प्रभारी उपेंद्र छारी के अनुसार, आरोपी किन्नर सागर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

  • Intelligence Bureau में निकली भर्तियां, 6 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

    Intelligence Bureau में निकली भर्तियां, 6 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

    नई दिल्लीः भारत के खुफिया विभाग ने एक और नई भर्ती की घोषणा की है। इंटेलिजेंस ब्यूरो ने सिक्योरिटी असिस्टेंट मोटर ट्रांसपोर्ट के 450 से ज्यादा पदों पर भर्ती नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। अभी रोजगार समाचार पत्र में विज्ञापन प्रकाशित हुआ है। डिटेल नोटिफिकेशन जल्द ही गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन www.mha.gov.in पर जारी होगा। आईबी सिक्योरिटी असिस्टेंट (मोटर ट्रांसपोर्ट) भर्ती अभियान के लिए ऑनलाइन 6 सितंबर से आवेदन शुरू होंगे। जिसमें इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी आखिरी तारीख 28 सितंबर तक या इससे पहले एप्लीकेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

    इंटेलिजेंस ब्यूरो की यह नई भर्ती ‘ग्रुप सी’ लेवल पर की जा रही है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास (मैट्रिकुलेशन) होना चाहिए। साथ ही वैलिड ड्राइविंग लाइसेंस (LMV) और मोटर मैकेनिजन्म की नॉलेज भी हो। जिस राज्य से आवेदन कर रहे हैं, वहां का डोमिसाइल सर्टिफिकेट भी आवेदन के लिए चाहिए होगा।

    आयुसीमाः अभ्यर्थियों की उम्र न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 27 वर्ष तक होनी चाहिए। आयुसीमा की गणना 28 सितंबर के आधार पर किया जाएगा। वहीं ऊपरी उम्र मे एससी/एसटी अभ्यर्थियों को 5 सेमी और ओबीसी उम्मीदवारों को 3 साल की छूट मिलेगी।

    आवेदन कैसे करें?

    – सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट www.mha.gov.in पर जाना होगा।

    – यहां होमपेज पर IB Security Assistant Motor Transport Recruitment 2025 के लिंक पर क्लिक करें।

    – आपके सामने एप्लिकेशन डैशबोर्ड खुल जाएगा।

    – यहां मांगी गई जानकारी स्टेप बाय स्टेप भर दें।

    – ध्यान रखें कि सभी की स्पेलिंग ठीक हो। शैक्षिक योग्यता, आयुसीमा, कैटेगिरी, पता सबकुछ दिए गए बॉक्सेज में भर दें।

    – अब जरूरी डॉक्यूमेंट्स मांगे गए साइज में भर दें।

    – अपनी श्रेणी के मुताबिक आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म का फाइनल प्रिंट आउट निकाल लें।

  • Jalandhar News: बारिश से गिरी घर की छत, 5 माह की बच्ची और दादी दबी

    Jalandhar News: बारिश से गिरी घर की छत, 5 माह की बच्ची और दादी दबी

    बारिश में बच्ची को उपचार के लिए लेकर दौड़ा परिवार

    जालंधर, ENS: महानगर में लगातार हो रही बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। कई जगह घर की दीवारें और छतें गिरने की घटनाएं सामने आ रही है। वहीं संतोखपुरा में बारिश के दौरान लकड़ी के बालों की छत गिरने से भारी नुकसान हो गया। घर की छत गिरने से हुए जोरदार धमाके से लोग डर गए और घरों से बाहर आ गए। परिवार को बचाने के लिए मोहल्ले के युवक आए। चश्मदीद रजत ने बताया कि छत के मलबे में 5 महीने की बच्ची नूर और उसकी दादी दब गई। जिन्हें तुरंत मलबा हटाकर निकाला गया। हादसे की चपेट में 68 वर्षीय महिला के सिर पर 40 टांके लगे। वहीं 5 माह की नूर को बेसुध देखकर बारिश में बाहों में लेकर पिता हैरी उपचार के लिए पैदल ही निकल गए। अस्पताल में जब उसे ठीक पाया तो सबके चेहरे का नूर जैसे लौट आया। चश्मदीद रजत ने बताया कि जिस घर की छत गिरी, वो नूर के पिता हैरी की ताई का है। उन्होंने जिंदगी में कई दुख देखे। पहले पति और फिर बेटों के निधन का दुख झेला। अब पोते हैरी के घर आई नन्हीं परी सबकी खुशी है। मंगलवार को सिर से छत छिन गई, लेकिन परदादी व नन्हीं बच्ची की जान बच गई। इस दौरान बरसते बादलों से बीच जब जख्मी बुजुर्ग व बच्ची को डॉक्टर के पास लेकर जा रहे थे, तो जिससे जो बन पड़ा, उसने मदद की। बच्ची को जब घर लाया गया तो सबकी सांस में सांस आई।
  • झगड़े के बाद 22 वर्षीय युवक ने की गला घोंटकर मंगेतर की हत्या

    झगड़े के बाद 22 वर्षीय युवक ने की गला घोंटकर मंगेतर की हत्या

    महाराष्ट्रः 17 वर्षीय मंगेतर का गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना पालघर जिले की है। जहां झगड़े के बाद 22 वर्षीय एक व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना जौहर इलाके के बिवलधर गांव में हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जौहर के पुलिस उपाधीक्षक समीर एस माहेर ने बताया कि आरोपी पीड़िता से प्यार करता था और उनकी सगाई भी हो चुकी थी। वह अक्सर उससे मिलने आता था।

    मंगलवार को जब पीड़िता के माता-पिता अपने खेत पर गए थे, तभी आरोपी उसके घर आया और उनकी किसी बात पर बहस हुई जो बाद में झगड़े में बदल गई। आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता की गला घोंटकर हत्या कर दी और घर से भाग गया। बाद में कुछ पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।

  • Punjab News: भारी बारिश के कारण बुताला की ड्रेन ने धारण किया नदी का रूप

    Punjab News: भारी बारिश के कारण बुताला की ड्रेन ने धारण किया नदी का रूप

    अमृतसरः पंजाब में लगातार बारिश होने के कारण बुताला की ड्रेन ने नदी का रूप ले लिया है। इसके बारे में गांव वासियों ने कहा है कि गांव नौरंगपुर, जोधे, गाजीवाला और बलसरा के किसानों की फसल ड्रेन के पानी के नीचे आ गई है और यह बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। जहां किसानों की फसलें खराब हो रही हैं, वहीं लोगों के घर गिर रहे हैं। पंजाब के हालात को देखते हुए पंजाब सरकार ने पूरे राज्य को आपदा प्रभावित घोषित किया है।

    दूसरी ओर बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पंजाब भर के सभी सरकारी/सहायता प्राप्त/मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक 7 सितंबर 2025 तक बंद रहेंगे। आदेशों में कहा गया कि प्रदेश इस समय दशकों की सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। भारी मानसूनी बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण कई जिलों में व्यापक बाढ़ आ गई है। हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, और आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

     

  • Brezza car और Truck में जबरदस्त टक्कर, 2 घंटे की मशक्कत के बाद 3 शव निकाले

    Brezza car और Truck में जबरदस्त टक्कर, 2 घंटे की मशक्कत के बाद 3 शव निकाले

    अमेठीः ब्रेजा कार और ट्रक की टक्कर में दो कारोबारी दोस्तों और ड्राइवर समेत 3 लोगों की मौत हो गई। तीनों आजमगढ़ से लखनऊ लौट रहे थे। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। जानकारी अनुसार तड़के साढ़े तीन बजे कैंटीन पर खाना खाने के लिए कार को मोड़ रहे थे, तभी दूसरी ओर से आ रहा ट्रक सामने आ गया। ड्राइवर कार को संभाल नहीं पाया और कार ट्रक से साइड में जा भिड़ी।

    हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को निकालने की कोशिश की, लेकिन शव नहीं निकले। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से शवों को बाहर निकाला। करीब 2 घंटे तक शव फंसे रहे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पिचक कर आधी रह गई। एयरबैग भी खुल गए थे, लेकिन उससे किसी की जान नहीं बच पाई। मरने वालों में से दो युवक कानपुर और एक लखनऊ का रहने वाला था।

    मृतकों की पहचान कानपुर के बर्रा निवासी अर्पित विश्वकर्मा (32), विनय दुबे (32) और लखनऊ के पराग डेयरी निवासी विमल पांडेय (40) के रूप में हुई है। विनय दुबे एक ठेका कंपनी चलाते थे। विमल पांडेय उनके पुराने दोस्त और बिजनेस पार्टनर थे।। दोनों को आजमगढ़ में एक प्रदर्शनी का ठेका मिला था। मंगलवार को ड्राइवर अर्पित विश्वकर्मा को लेकर ब्रेजा कार से साइट देखने आजमगढ़ गए थे। देर रात लखनऊ लौट रहे थे।

  • Punjab News: हबीब के बांध पर खतरा बरकरार, मजबूत करने के लिए डटी सेना और लोग, देखें वीडियो

    Punjab News: हबीब के बांध पर खतरा बरकरार, मजबूत करने के लिए डटी सेना और लोग, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले में बारिश का कहर जारी है। सतलुज नदी में हरिके हेड से लगभग 3 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। सतलुज में हरिके हेड से हुसैनीवाला तक पहले ही लगभग 150 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है, जिससे सतलुज और उफान पर आ गई है और सतलुज से सटे तटबंध जगह-जगह से कमजोर होते जा रहे हैं।

    इसी के चलते हबीब के बांध पर अभी भी खतरा मंडरा रहा है। बांधों को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर सेना तैनात की गई है, आम लोग भी सैकड़ों की संख्या में बांधों को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। दूर-दूर से लोग बांध को मजबूत करने के लिए आ रहे हैं। कई लोग मिट्टी से भरी ट्रालियां और राशन भी लेकर आ रहे हैं। अबोहर, श्रीगंगानगर, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना और दूर-दूर से कई संस्थाओं के लोग इस बांधों की सेवा में जुटे हुए हैं।

    अगर यह बांध टूटा, तो 15 से 20 गांव इससे प्रभावित होंगे और फिरोजपुर शहर भी पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ जाएगा। इसी के चलते सभी की नजरें इसी बांध पर टिकी हुई हैं। सेना और लोग इस बांध को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

  • Punjab News: फिर बढ़ी स्कूल-कॉलेज में छुट्टियां, शिक्षा मंत्री ने किया ऐलान

    Punjab News: फिर बढ़ी स्कूल-कॉलेज में छुट्टियां, शिक्षा मंत्री ने किया ऐलान

    मोहालीः पंजाब में लगातार हो रही बारिश के कारण हालात बेहद खराब हो गए है। सरकार ने पंजाब के सभी जिलों को बाढ़ से ग्रस्त (आपदा) घोषित कर दिया है। वहीं आज शिक्षा मंत्री ने एक बार फिर से सभी स्कूल-कॉलेज में छुट्टियां बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। जारी आदेशों के मुताबिक 7 सिंतबर तक छुट्टियां बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए गए है।

    बता दें कि बाढ़ का सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर पर पड़ा है। यहां के 324 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। उसके बाद अमृतसर का नंबर आता है, जहां 135 गांव बाढ़ के खतरे हैं। जबकि बरनाला के 134, होशियारपुर के 119 गांव प्रभावित हुए हैं। वहीं हजारों एकड़ की फसलें खराब हो गई हैं। छुट्टियों के आदेश से कुछ समय पहले शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके नंगल इलाके में रहने वाले लोगों के लिए चेतावनी जारी की। उन्होंने कहा कि नंगल इलाके में लगातार बारिश हो रही है, जिससे खड्डों और सतलुज के किनारे गांवों के बांध कमजोर हो गए हैं। उन्होंने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

  • GST काउंसिल की मीटिंग आज से शुरू, नई टैक्स दरें इस दिन से होगी लागू

    GST काउंसिल की मीटिंग आज से शुरू, नई टैक्स दरें इस दिन से होगी लागू

    बिजनेसः केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक आज से शुरू हो रही है। इस 2 दिनों की बैठक में टैक्स स्लैब में बदलाव पर फैसला लिया जा सकता है। 2 दिन की मीटिंग में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में गुड्स एंड सर्विस टैक्स यानी GST दरों के प्रस्तावों और सुधारों पर चर्चा होगी। केंद्र सरकार टैक्स के मौजूदा स्ट्रक्चर को सरल करने के लिए दो स्लैब 5% और 18% लागू करने का प्रस्ताव ला रही है। वहीं, लग्जरी आइटम्स 40% के दायरे में आएंगे। अभी GST के 4 स्लैब- 5%, 12%, 18%, और 28% हैं। 4 सितंबर को यह मीटिंग खत्म होगी। इसके बाद मीटिंग में लिए गए फैसलों का ऐलान किया जा सकता है।

    केंद्र सरकार GST की नई दरें 22 सितंबर से लागू कर सकती है। सरकार का मकसद नवरात्रि और फेस्टिव सीजन में कई सेक्टरों में डिमांड और सेल्स को बढ़ावा देना है। वहीं रिपोर्ट में बताया गया था कि सरकार GST काउंसिल से दरों में बदलावों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी देने की अपील कर रही है। दरअसल, सरकार कई प्रमुख सेक्टरों में बिक्री की रफ्तार धीमी होने की आशंका से चिंतित है। इसके लिए वह राज्यों के रेवेन्यू लॉस से जुड़ी चिंताओं को दूर करने पर भी काम कर रही है।

  • NICU में चूहों ने 2 नवजात बच्चों के हाथ-पैर कुतरे, 1 की मौत, देखें वीडियो

    NICU में चूहों ने 2 नवजात बच्चों के हाथ-पैर कुतरे, 1 की मौत, देखें वीडियो

    इंदौरः जिले के मशहूर एमवाय अस्पताल के एनआईसीयू में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां, चूहों ने 2 नवजात बच्चों के हाथ कुतर दिए। पहले तो अस्पताल वालों ने घटना को लेकर परिजनों को कुछ नहीं बताया, बाद में किसी तरह मामला बाहर आ गया। हालात तब ज्यादा खराब हो गए जब एक मासूम की मौत हो गई। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने चूहे के काटने के कारण मौत होने की बात से इनकार किया है।

    नवजातों को जन्म के तुरंत बाद एनआईसीयू में भर्ती किया गया था। तभी वार्ड में मौजूद चूहों ने बच्चों को काट लिया था। दोनों नवजातों के हाथ-पैर कुतर दिए थे। जैसे ही स्टाफ को इसकी भनक लगी, तत्काल एनआईसीयू को खाली कराया गया और मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नर्सिंग ऑफिसर आकांक्षा बेंजामिन और श्वेता चौहान को निलंबित कर दिया। वहीं सहायक प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर कलावती बलावी और पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रभारी डॉ. मनोज जोशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

    घनघोरिया ने अस्पताल की नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मार्गरेट जोसफ को उनके पद से हटा दिया। उनकी जगह नर्सिंग ऑफिसर सिस्टर दयावती दयाल को नया नर्सिंग सुपरिटेंडेंट नियुक्त किया है। साथ ही पीडियाट्रिक सर्जरी आईसीयू के प्रभारी और असिस्टेंट प्रभारी को भी नोटिस जारी किया गया है। अस्पताल में पेस्ट कंट्रोल का जिम्मा संभाल रही एजाइल कंपनी पर भी बड़ी कार्रवाई की गई है। कंपनी पर 1 लाख का जुर्माना लगाया गया और चेतावनी दी गई कि लापरवाही जारी रही तो उनका अनुबंध रद्द कर दिया जाएगा। डीन ने कहा कि दोषी पाए जाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।