Blog

  • हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की शिष्टाचार भेंट

    हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की शिष्टाचार भेंट

    चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास में शिष्टाचार भेंट की और प्रदेश के समग्र विकास व सड़क ढांचे के संबंध में उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

    इस दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने हरियाणा में शिक्षा के बुनियादी ढांचे और राजमार्गों की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश भर में सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर का अभूतपूर्व विकास हुआ है। हरियाणा में भी राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के विस्तृत जाल से विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आम जनमानस का आवागमन अत्यंत सुगम और सुरक्षित हुआ है।

    ढांडा ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश के दूर-दराज के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थित स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक विद्यार्थियों की निर्बाध एवं सुरक्षित पहुंच के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क बेहद आवश्यक है। बैठक के दौरान शैक्षणिक संस्थानों के समीप यातायात सुरक्षा प्रबंधों और संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि नितिन गडकरी का अनुभव और दूरगामी दृष्टिकोण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। आज की इस शिष्टाचार भेंट में हरियाणा के युवाओं और विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे के विस्तार पर बेहद सार्थक चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हरियाणा में शिक्षा एवं अवस्थापना विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

  • Punjab News: 24 घंटे में कत्ल केस के 2 आरोपी गिरफ्तार, कैमरे की वापसी को लेकर हुआ विवाद, देखें वीडियो

    Punjab News: 24 घंटे में कत्ल केस के 2 आरोपी गिरफ्तार, कैमरे की वापसी को लेकर हुआ विवाद, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के थाना छेहरटा की पुलिस ने हत्या केस की गुत्थी सिर्फ 24 घंटे में सुलझाते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी लॉ एंड आर्डर आलम विजय सिंह ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को थाना छेहरटा में धारा 103(1), 109 और 35 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता शमशेर सिंह उर्फ प्रिंस ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसका भाई आकाशदीप सिंह हेरिटेज स्ट्रीट पर कैमरा फोटोग्राफी का काम करता था। आकाशदीप सिंह ने हरदीप सिंह उर्फ दीपा का कैमरा लिया हुआ था।

    https://youtu.be/-smUVVgPAHg

    जब हरदीप सिंह ने अपना कैमरा वापस मांगा तो दोनों पक्षों ने कैमरा वापस करने के लिए एक जगह तय की। निर्धारित स्थान पर एक तरफ आकाशदीप सिंह, उसका भाई शमशेर सिंह और हरमनदीप सिंह मौजूद थे, जबकि दूसरी तरफ हरदीप सिंह उर्फ दीपा अपने साथी सुखबीर सिंह उर्फ सुक्ख के साथ वहां पहुंचा। इस दौरान कैमरे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। पुलिस के अनुसार इस दौरान हरदीप सिंह ने आकाशदीप सिंह पर हमला कर दिया और हरमनदीप सिंह को भी घायल कर दिया, जबकि शमशेर सिंह मौके से अपनी जान बचाकर भाग गया। घायल आकाशदीप सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर के मार्गदर्शन में एसएचओ छेहर्टा, एसीपी वेस्ट और एडीशनल डीसीपी-2 के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।

    पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिर्फ 24 घंटे के अंदर ही मुख्य आरोपी हरदीप सिंह उर्फ दीपा और उसके साथी सुखबीर सिंह उर्फ सुक्ख को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि मामले की और गहराई से जांच की जा सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्य आरोपी हरदीप सिंह उर्फ दीपा के खिलाफ साल 2018 में भी थाना डिवीजन में हत्या का एक मामला दर्ज है और वह उस केस में जमानत पर बाहर आया हुआ था। डीसीपी आलम विजय सिंह ने कहा कि अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट शहर में अमन-कानून की स्थिति को बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

  • हरियाणा के राज्यपाल से मिले केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, स्वास्थ्य एवं आयुष क्षेत्र के विस्तार पर हुई चर्चा

    हरियाणा के राज्यपाल से मिले केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, स्वास्थ्य एवं आयुष क्षेत्र के विस्तार पर हुई चर्चा

    रेवाड़ी में निर्माणाधीन एम्स एवं पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति की समीक्षा की

    चंडीगढ़: केंद्रीय आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने आज यहां लोक भवन में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के बीच हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं तथा आयुष क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने रेवाड़ी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि इस परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए ताकि क्षेत्र के लोगों को इसकी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके। बैठक के दौरान उन्होंने पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस पर केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि संस्थान में प्रतिदिन ओपीडी के माध्यम से मरीजों को परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संस्थान का विधिवत उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने राज्यपाल को हरियाणा सहित देशभर में आयुष चिकित्सा पद्धति को सुदृढ़ बनाने तथा स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए भारत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे प्रत्येक नागरिक, विशेषकर दूरदराज एवं वंचित क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं एवं वंचित लोगों सुलभ, किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को समान, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य अवसंरचना तथा चिकित्सा सेवाओं का निरंतर सुदृढ़ीकरण आवश्यक है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना का हो रहा अभूतपूर्व विस्तार – प्रतापराव जाधव

    केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने राज्यपाल को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समग्र एवं समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुष चिकित्सा पद्धति को भी समान रूप से प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में भी स्वास्थ्य अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है तथा समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीब एवं वंचित लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री के साथ एडवोकेट मनोज बख्शी भी उपस्थित थे।
  • मान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जारी किए ₹2,150.73 करोड़ : Dr Baljit Kaur

    मान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जारी किए ₹2,150.73 करोड़ : Dr Baljit Kaur

    जरूरतमंदों के कल्याण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध

    चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हुए चालू वित्तीय वर्ष में जून 2026 तक विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 2,150.73 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह जानकारी सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समय पर वित्तीय सहायता पहुंचे, ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सके। ओर जानकारी साझा करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वर्तमान में पंजाब के 35.90 लाख लाभार्थी विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान इन योजनाओं के तहत सहायता राशि का निर्बाध वितरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने 6,131.91 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक न्याय और समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जून 2026 तक वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 1,423.33 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिससे राज्य के लगभग 23.77 लाख वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त, अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत 727.40 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिनका लाभ विधवाओं, आश्रित बच्चों तथा अन्य जरूरतमंद वर्गों के लगभग 12.13 लाख लाभार्थियों को मिला है। पेंशनों और अन्य वित्तीय सहायता का समय पर वितरण बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ये योजनाएं लाखों परिवारों के लिए मजबूत सहारा बनकर राज्य के सामाजिक सुरक्षा तंत्र को और सुदृढ़ कर रही हैं। डॉ. बलजीत कौर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य का कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने नए प्राप्त आवेदनों की जांच प्रक्रिया को और अधिक तेज, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के पहुंचाया जा सके। सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सामाजिक सुरक्षा के दायरे को और अधिक व्यापक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन का अधिकार मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की यह जनकल्याणकारी पहल ‘रंगला पंजाब’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।  
  • Punjab News: 52 कारतूस और गहनों सहित 2 महिलाएं गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: 52 कारतूस और गहनों सहित 2 महिलाएं गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मोगाः जिले की पुलिस ने कारतूस और गहनों सहित महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दरअसल, थाना कोट-ईसे-खां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिलाओं के कब्जे से 52 कारतूस 32 बोर व सोने के आभूषण बरामद किए। गिरफ्तार की गई दोनों महिलाएं जीरा, जिला फिरोजपुर की रहने वाली हैं।

    मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी एनडीपीएस राहुल कौशल ने मीडिया कर्मियों को जानकारी देते हुए बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर थाना कोट-ईसे-खां की पुलिस ने परमजीत कौर व मनजीत कौर, दोनों वासी माछियां वाली बस्ती, जीरा, जिला फिरोजपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 32 बोर के 52 कारतूस व सोने के आभूषण बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों महिलाओं का पुलिस रिमांड लिया गया है व पुलिस रिमांड के दौरान अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

  • सोसाइटी में 2 फ्लैट पर डेढ दर्जन युवकों ने किया बोतल बम से अटैक, दहले लोग, देखें वीडियो

    सोसाइटी में 2 फ्लैट पर डेढ दर्जन युवकों ने किया बोतल बम से अटैक, दहले लोग, देखें वीडियो

    जीरकपुरः पंचकूला के साथ लगते जीरकपुर के पीर मुछल्ला स्थित स्टेलर होम्स सोसायटी में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 20 युवकों ने सोसायटी में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि हमलावरों ने गार्ड रूम, कई वाहनों और एक घर पर पथराव किया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बोतल नुमा बम फेंके जाने का भी दावा किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 6 से 7 मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 20 युवक रात लगभग 10:30 बजे सोसायटी में पहुंचे। गेट पर सुरक्षा कर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो हमलावरों ने गार्ड रूम पर पत्थरों और डंडों से हमला कर दिया तथा शीशे तोड़ दिए।

    इसके बाद हमलावरों ने सोसायटी के अंदर एक घर और कई खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया। पथराव से कई वाहनों के शीशे टूट गए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। धमाके जैसी आवाज़ों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

    डकोली थाना एसएचओ रामपाल सिंह के अनुसार, फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पुलिस अपने स्तर पर घटना में शामिल लोगों की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। बोतलनुमा बम के इस्तेमाल के दावे की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इस घटना से स्टेलर होम्स सोसायटी के निवासी डरे हुए हैं और इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • Punjab News: फिल्म शूट के बहाने मानव तस्करी, डेढ़ लाख में किया युवती का सौदा, पीड़िता का आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: फिल्म शूट के बहाने मानव तस्करी, डेढ़ लाख में किया युवती का सौदा, पीड़िता का आरोप, देखें वीडियो

    मोहालीः जिले में मानव तस्करी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक गिरोह ने दो लड़कियों को फिल्मों में काम दिलाने के बहाने फिरोजपुर के रत्तेवाला गांव ले जाकर अलग-अलग जगहों पर बेच दिया। इस बारे में जानकारी देते हुए SC/BC मोर्चा के अध्यक्ष बलविंदर सिंह कुंबड़ा ने बताया कि जब उन लड़कियों के परिवार वालों ने उनसे संपर्क किया, तो उन्होंने तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू की और पुलिस के साथ-साथ महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज करवाई गई। प्रेस वार्ता के दौरान पीड़ित लड़की का आरोप है कि उसे कुछ फिल्मों में रोल दिए। इसके बाद आगे यूपी में डेढ लाख में बेच दिया। जबकि एक लड़की अभी भी गायब है। मामला सामने आने के बाद राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है।

    साथ ही मामले में मोहाली पुलिस को तत्काल हाईलेवल जांच शुरू करने के आदेश दिए हैं। आयोग ने वीडियो लिंक और स्क्रीनशॉट पुलिस को भेजते हुए कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है। अंजलि नाम की युवती ने बताया कि वह मोहाली के एक शॉपिंग मॉल में काम करती थी। वहां उसकी जानकार मंदीप नाम की लड़की मिली, जिसने उससे पूछा कि इन दिनों क्या कर रही है। मैंने उसे कहा कि मैं मॉल में काम करती हूं। उसने पूछा कि कितने पैसे मिलते हैं। मैंने कहा 18 हजार रुपए। इस पर मंदीप ने कहा कि वह उसे महीने में 50 हजार रुपए तक दिला सकती है। इस पर उसने पूछा कि क्या करना है।

    अंजलि ने बताया कि एक महीना बहुत अच्छा गया। कई फिल्मों की शूटिंग में उसे मौका मिला। छोटे-मोटे रोल मिले। बदले में पेमेंट भी आई। ऐसे में मंदीप पर विश्वास और बढ़ गया। एक दिन मंदीप ने कहा कि फिरोजपुर में फिल्म की शूटिंग है और वहां 4-5 दिन का शूट चलेगा। उसने मम्मी से बात की। इसके बाद वह 5-6 दिन की शूटिंग का कहकर बस से फिरोजपुर ले गई, जहां वे एक घर में रुके और सबकुछ सामान्य लग रहा था। जिस घर में वे ठहरे थे, वहां और भी लड़कियां थीं। मंदीप ने कहा कि मैरिज शूट है और उसे उसमें शामिल होना है। नया सूट उसे दिया गया और कहा गया कि इसमें फेरे वाला सीन होगा। एक कार में वहां एक महिला और पांच लोग आए थे। उसे लगा कि यह शूटिंग का हिस्सा है।

    गुरुद्वारा साहिब में फेरे करवाए गए। इसके बाद मंदीप ने कहा कि अब कुछ सीन दूसरी जगह होने हैं। ऐसे में वह उनके साथ उत्तर प्रदेश आ गई। रात दस बजे जिस लड़के से शादी का सीन हुआ था, वह कमरे में आ गया। वह पति की तरह व्यवहार करने लगा। मैंने उसे कहा कि इस तरह मजाक न करो। इस पर उसका जवाब था कि वह मुझे डेढ़ लाख में खरीदकर लाया है। अंजलि ने बताया कि इसके बाद लड़के ने उसे एक वीडियो दिखाया, जिसमें डेढ़ लाख रुपए मंदीप और उसके साथियों को दिए जा रहे थे। साथ ही मेरे बारे में बातचीत हो रही थी। लड़की ने बताया कि इसी बीच लड़के का चाचा आ गया, जो यूपी पुलिस में था।

    उन्होंने कहा कि आपके साथ गलत नहीं होगा, लेकिन डेढ़ लाख रुपए आपके लिए दिए गए हैं। हमें रकम वापस करवा दो। इस पर पहले मंदीप को फोन लगाया, लेकिन उसने मुझे पहचानने से मना कर दिया। इसके बाद मेरी बात पापा से करवाई और पैसे का इंतजाम करने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपकी बेटी को कुछ नहीं होगा। इसके बाद एक-दो दिन में घरवालों ने पैसे का इंतजाम किया। इसके बाद वह मुझे वहां से लेकर आए।

     

     

  • Punjab News: 1984 से 1995 तक मुठभेड़ में 9 हजार से अधिक युवाओं की मौत का संस्था ने किया खुलासा, देखें वीडियो

    Punjab News: 1984 से 1995 तक मुठभेड़ में 9 हजार से अधिक युवाओं की मौत का संस्था ने किया खुलासा, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब में 1984 से 1995 के दौरान हुई घटनाओं को लेकर संस्था ‘लापता पंजाब’ द्वारा द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस दौरान उन्होंने 1984 से 1995 के दौरान पंजाब में हुए मानवाधिकारों के उल्लंघन, कथित पुलिस मुठभेड़ों और लावारिस कहकर जला दी गई लाशों के सच को लोगों के सामने रखा। संस्था के नेता एडवोकेट बलजिंदर सिंह बाजवा और सतनाम सिंह बैंस ने कहा कि हाल ही में भाई जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर बनी फिल्म ‘सतलुज’ के बाद युवा पीढ़ी में उस दौर का सच जानने की उत्सुकता बढ़ी है, लेकिन यह फिल्म खालड़ा साहब के संघर्ष के एक छोटे से हिस्से को ही दर्शाती है।

    न्होंने बताया गया कि भाई खालड़ा ने अमृतसर, पट्टी और तरन तारन के श्मशान घाटों से 2,097 लावारिस लाशों का डेटा एकत्र किया था और 25,000 लावारिस लाशों का अनुमान जताया था। उनके लापता होने के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर CBI ने जांच तो की, लेकिन केवल 70 के करीब FIR दर्ज कीं, जिनमें से 20 में क्लोजर रिपोर्ट दे दी गईं। बाकी बचे मामलों में से भी कई 40 साल बीत जाने के बावजूद अभी तक अदालतों में लंबित हैं।

    संस्था के प्रतिनिधियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 2008 से गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक से दस्तावेजी शोध शुरू किया था। इस दौरान पंजाब के विभिन्न जिलों में जाकर परिवारों से मुलाकात की गई। शोध के आधार पर संस्था ने 8,257 लोगों का पूरा डेटा एकत्र करके 2019 में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में एक PIL (जनहित याचिका) दायर की थी, जिसमें अब तक सबूतों सहित मामलों की संख्या 9,000 के करीब पहुंच चुकी है।

    नेताओं ने सरकारों और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिन पुलिस अधिकारियों ने निर्दोष युवाओं को मारा, उन्हें सज़ा देने के बजाय इनाम और पदोन्नतियां दी गईं। SI रैंक के अधिकारी आज IG और SSP तक के पदों पर विराजमान हैं। यहां तक कि मामलों की पैरवी कर रहे गवाहों और पीड़ित परिवारों को डराया-धमकाया जा रहा है और उन पर गाड़ियां चढ़ा देने तक की कोशिशें की गई हैं। संस्था ने कांग्रेस, अकाली दल पर राजनीति करने का आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बादल सरकार ने दोषी पुलिस कर्मचारियों को बचाने के लिए ‘लिटिगेशन सेल’ बनाकर सरकारी और आर्थिक सहायता दी।

    इसके साथ ही संस्था ने सिख ज्यूडिशियल कमीशन के पदाधिकारियों और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि SGPC से जुड़े कुछ उच्च पदाधिकारी और वकील ही CBI अदालतों में दोषी पुलिस वालों की पैरवी करते रहे हैं। उन्होंने शिरोमणि कमेटी और अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से अपील की कि वे संगत के सामने स्पष्ट करें कि उन्होंने इन 8-9 हजार पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने के लिए अब तक अदालतों में क्या प्रयास किए हैं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीड़ित परिवार भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने साथ हुए अन्याय की आपबीती सुनाई।

  • मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर दी बधाई

    मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर दी बधाई

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की और लोगों की समस्याओं को सुना। इसके उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का किन्नू ऐसा पहला फल है जिसे जीआई टैग मिला है। इस जीआई टैग से सिरसा के किन्नू की पहचान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनी है। उन्होंने किसानों से कहा कि वे किन्नू के उत्पादन और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए इस पहचान को बरकरार रखें। जीआई टैग से किसानों की आय में बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने किसानों को जीआई टैग मिलने पर बधाई भी दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों, अधिकारियों एवं विशेषज्ञों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बड़ागुढ़ा के प्रगतिशील किसान निखिल मेहता, ऐलनाबाद के प्रगतिशील किसान मनोज कुमार, डबवाली के प्रगतिशील किसान कृष्ण कुमार तथा एचडीओ सीमा कंबोज को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की। जिला उद्यान अधिकारी दीन मोहम्मद ने बताया कि सिरसा का किन्नू हरियाणा राज्य का पहला स्वतंत्र जीआई टैग प्राप्त कृषि उत्पाद बन गया है। इससे पहले बासमती और फुलकारी को संयुक्त रूप से जीआई टैग प्राप्त था, लेकिन सिरसा किन्नू ने हरियाणा की विशिष्ट कृषि उपज के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। दीन मोहम्मद ने बताया कि अब तक स्वतंत्र जीआई टैग नहीं होने के कारण सिरसा का किन्नू अन्य राज्यों के किन्नू के साथ मिश्रित होकर बिकता था, जिससे किसानों को उनकी गुणवत्तापूर्ण उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब स्वतंत्र जीआई टैग मिलने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी और सिरसा किन्नू की ब्रांड वैल्यू भी मजबूत होगी।

    युवाओं के साथ मिलकर काम कर रही है सरकार : मुख्यमंत्री

    एक अन्य प्रश्र के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सीईटी और नीट की परीक्षा के दौरान कोई परेशानी नहीं आई और यातायात की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। विपक्ष ने युवाओं को भडक़ाने व बरगलाने का काम किया है, लेकिन सरकार गंभीरता से युवाओं के साथ काम कर रही है। विपक्ष को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए कि उनके समय में युवाओं के साथ किस प्रकार का बर्ताव होता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक ही विजन है कि युवाओं को सशक्त और मजबूत करना। इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक

    बैठक में 18 परिवादों का किया गया समाधान

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित जन शिकायतों की सुनवाई की। बैठक में रखी गई 19 शिकायतों में से 18 का मौके पर समाधान व निपटान किया गया, जबकि एक शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। बैठक में ओडिशा के पूर्व गवर्नर प्रो. गणेशी लाल भी उपस्थित रहे। गांव गंगा निवासी परमजीत सिंह की शिकायत थी कि गांव झुट्टीखेड़ा निवासी सुल्तान सिंह की 11 जून 2000 को मृत्यु हो चुकी है और उनकी कोई शादी नहीं हुई थी, उनकी 40 कनाल एक मरला जमीन को फर्जी वसीयत से नाम करवा लिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में विजिलेंस से जांच करवाने के निर्देश दिए हैं, इससे पहले इस मामले की जांच जिला राजस्व अधिकारी द्वारा की गई थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोलर पैनल लगाने वाली एमएस सोम कॉर्पोरेशन हिसार द्वारा स्थापित सोलर पैनलों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह मामला सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में गांव गुड़िया खेड़ा के विनोद कुमार की ओर से रखा गया, जिसमें बताया कि 18 दिसंबर 2024 को आवेदन किया था। इस कंपनी ने अदायगी के बाद भी उसके सोलर पैनल नहीं लगाए और न ही राशि वापस लौटाई। बैठक में इसी कंपनी के खिलाफ गलत सोलर पैनल संबंधी अन्य शिकायतें भी आई । मुख्यमंत्री ने मारपीट के मामले में थाना रानियां के ढाणी सतनाम निवासी कमलेश कौर की शिकायत पर दोषी पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कमलेश कौर ने बताया कि उनके ऊपर हमला हुआ था और इस मामले में दूसरे पक्ष से पंचायत ने समझौता दिखाया गया और इस समझौते में उनके नाबालिग बच्चे के हस्ताक्षर करवाए गए। मुख्यमंत्री ने नाबालिग बच्चे से समझौते पर हस्ताक्षर करवाने को गंभीर माना और कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बैंक द्वारा राशि काट लेने के बावजूद मुआवजा न देने के मामले में बैंक के खिलाफ कार्रवाई और ब्याज सहित राशि देने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में रूपावास निवासी सुशील कुमार ने शिकायत दी थी कि वर्ष 2022 रबी फसल के लिए बीमा राशि काट ली गई लेकिन बीमा क्लेम दिया गया। जिला भिवानी के गांव बड़सी निवासी अनूप सिंह की शिकायत थी कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग से बीएलईओ शमशेर सिंह 31 मार्च 2019 को सेवानिवृत्त हुए और 27 नवंबर 2024 को कैंसर से उनका देहांत हो गया तथा वे अविवाहित थे और उनकी मां विद्या देवी उन्हीं की पेंशन पर आश्रित है। महालेखाकार को पेंशन संबंधी दस्तावेज भेजने थे, परंतु एसडीओ ने स्थानीय स्तर पर ही केस रिजेक्ट कर दिया। मुख्यमंत्री ने इस मामले में जांच करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्यमंत्री ने सेक्टर 21 में फ्लैट अलॉट होने के मामले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए है। शिकायत विजय कुमार निवासी आनंद विहार की ओर से रखी गई कि उसे फ्लैट अलॉट हुआ था, पहले 55 हजार रुपये भरवाए गए और फिर एक लाख 30 हजार रुपये भरवाए गए, इसके बाद अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिया गया और उसे भौतिक कब्जा नहीं मिला और न ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के लंबित सभी मामलों का निपटान किया जाए। इस शिकायत को अगली बैठक में पुन: रखने के निर्देश दिए।

    दिव्यांगों को नए नोटिफिकेशन से मिलेगी पेंशन

    गांव पोहडक़ां निवासी रामपाल की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांगों के लिए दिव्यांगता श्रेणी के प्रमाणपत्र में परिवार की आय के मामले में नया नोटिफिकेशन हो गया है, जिसके अनुरूप बढी हुई आय के अनुसार पेंशन का लाभ मिलेगा। कल्याण नगर निवासी रूप चंद ने शिकायत की कि उसने 2021 में रामजी लाल से जमीन खरीदी थी, जिस पर ट्यूबवेल लगा हुआ है, जबकि ट्यूबवेल कनेक्शन किसी ओर के नाम पर है, यह ट्यूबवेल कनेक्शन उसके नाम किया जाए। जबकि जिसके नाम कनेक्शन है, वह उसे बंद नहीं करवाना चाहता। मुख्यमंत्री ने दूसरे की जमीन पर ट्यूबवेल कनेक्शन देने के मामले में तत्कालीन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई व एडीसी को जांच करने के निर्देश दिए हैं। निगम के अधीक्षण अभियंता ने माना कि वर्ष 2010 में कनेक्शन देते समय चूक हुई। मुख्यमंत्री ने दोनों किसानों को अलग-अलग कनेक्शन देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने गांव छतरियां के किसान महेंद्र व अन्य की शिकायत पर एडीसी को जांच के निर्देश दिए। इसी तरह मंडी डबवाली निवासी सुखदेव सिंह व रूप चंद की शिकायत पर पुलिस को कार्रवाई करने को कहा।

    दो परियोजनाओं का किया लोकार्पण

    बैठक से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव अभियान के तहत पौधारोपण किया। इसके उपरांत उन्होंने दो परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हाल के प्रांगण में डबवाली में वीटा दुग्ध चिलिंग सेंटर का लोकार्पण किया। इस पर तीन करोड़ 30 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है और इस चिलिंग सेंटर की प्रतिदिन की क्षमता 20 हजार लीटर दूध भंडारण की है। इस केंद्र से डबवाली के 35 से अधिक गांवों के दुग्ध उत्पादकों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने नागरिक अस्पताल में इंटिग्रेटिड ड्रग रिकवरी सेंटर का भी यहां लोकार्पण किया है। इस केंद्र में छह बैड का इंडोर पुनर्वास वार्ड स्थापित किया गया है, 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस केंद्र को एचडीएफसी बैंक के साथ मिलकर सीएसआर के तहत बनाया गया है, इस केंद्र में मनोरोग, परामर्श कक्ष, व्यक्तिगत परामर्श कक्ष, मनोवैज्ञानिक थेरेपी क्षेत्र, ग्रुप थेरेपी एवं गतिविधि कक्ष तथा ई-लाइब्रेरी की सुविधा है। बैठक में जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।