हरियाणा के राज्यपाल से मिले केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, स्वास्थ्य एवं आयुष क्षेत्र के विस्तार पर हुई चर्चा

रेवाड़ी में निर्माणाधीन एम्स एवं पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति की समीक्षा की

चंडीगढ़: केंद्रीय आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने आज यहां लोक भवन में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के बीच हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं तथा आयुष क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने रेवाड़ी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि इस परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए ताकि क्षेत्र के लोगों को इसकी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके। बैठक के दौरान उन्होंने पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस पर केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि संस्थान में प्रतिदिन ओपीडी के माध्यम से मरीजों को परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संस्थान का विधिवत उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने राज्यपाल को हरियाणा सहित देशभर में आयुष चिकित्सा पद्धति को सुदृढ़ बनाने तथा स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए भारत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे प्रत्येक नागरिक, विशेषकर दूरदराज एवं वंचित क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं एवं वंचित लोगों सुलभ, किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को समान, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य अवसंरचना तथा चिकित्सा सेवाओं का निरंतर सुदृढ़ीकरण आवश्यक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना का हो रहा अभूतपूर्व विस्तार – प्रतापराव जाधव

केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने राज्यपाल को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समग्र एवं समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुष चिकित्सा पद्धति को भी समान रूप से प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में भी स्वास्थ्य अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है तथा समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीब एवं वंचित लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री के साथ एडवोकेट मनोज बख्शी भी उपस्थित थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *