Blog

  • इनरव्हील ऊना उमंग क्लब के सदस्यों ने मनाया लोहड़ी व मकर संक्रांति का पर्व

    ऊना/ सुशील पंडित : इनरव्हील ऊना उमंग क्लब के सदस्यों ने लोहड़ी व मकर संक्रांति का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया। सभी क्लब के सदस्यों ने एक-दूसरे को लोहड़ी और मकर संक्रांति पर्व की बधाई दी। इस मौके क्लब की प्रेसिडेंट अनुराधा वर्मा ने लोहड़ी और मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोहड़ी भारत की समृद्ध संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है और विशेष रूप से मौसम के परिवर्तन का संदेश देता है। लोहड़ी के दिन संध्या काल में अग्नि प्रचलित करके सर्दी की समाप्ति का संदेश दिया जाता है। इसके साथ ही अग्नि देव की पूजा करके उनसे प्रार्थना की जाती है।


    अनुराधा वर्मा ने कहा कि भारत त्योहारों का देश है, जहां हर महत्वपूर्ण दिन हमारे प्रियजनों की भागीदारी से विशिष्ट हो जाता है। इसी तरह से लोहड़ी का भी पर्व है। यह पर्व आपसी भाईचारे व सौहार्द का भी प्रतीक हैं। उन्होंने कहा की लोहड़ी का त्योहार सूर्यदेव और अग्नि को समर्पित है। इस मौके पर क्लब के सदस्यों ने सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि यह त्यौहार आपके प्रियजनों के लिए खुशी, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए। उन्हें खुशियों से भर दे और आपके सभी प्रयासों में नए अवसर, सफलता और पूर्णता लेकर आए। इस मौके इनरव्हील ऊना उमंग क्लब की अध्यक्ष मैडम अनुराधा वर्मा, वीनू कंवल, डॉक्टर मीनाक्षी नाथ, डॉक्टर अनुपमा, रश्मि ठाकुर, सुकेली जसवाल, साधना चड्ढा, सुषमा लठ, एकता जैतक, जसलीन कौर, आदि मौजूद रहीं।

  • डेरा बाबा रुद्रानंद को अयोध्या से आया निमंत्रण

    21 और 22 जनवरी को निकलेगी शोभायात्रा


    ऊना/सुशील पंडित : डेरा बाबा रुद्रानंद जी महाराज के डेरे को भी अयोध्या मंदिर से निमंत्रण मिला है। हालांकि डेरे की गुरु गद्दी के उत्तराधिकारी और महंत आचार्य हेमानंद जी महाराज ने बताया कि 21 और 22 जनवरी को नारी स्थित डेरे से श्री राम की भक्ति में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि करोड़ों राम भक्तों ने सदियों से इस शुभदिन की प्रतीक्षा की है।


    21 जनवरी को डेरे से प्रभु श्री राम की भव्य झांकी निकाली जाएगी और 22 जनवरी को प्रभु श्री राम की अयोध्या में मूर्ति स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर डेरे में ही महाअनुष्ठान का आयोजन होगा। श्री हेमानंद जी महाराज ने विभोर के पंचगाटडा में हुई सतलुज आरती के बाद पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए कहा कि सदियों में ऐसा सुअवसर आता है जब करोड़ों लोग अपने अराध्य की भक्ति में एक साथ इतना बड़ा आयोजन करते हैं।

  • शिव मंदिर अमरेहड़ा मलांगड़ में जलाए जायेंगे 1100 दीपक

    ऊना/सुशील पंडित : उपमंडल बंगाणा की मलांगड़ पंचायत का महिला मंडल अमरेहड़ा 22 जनवरी को श्री राम की स्तुति में 1100 दीपक प्रज्वलित करेगा। श्री अयोध्या से आए निमंत्रण अक्षत कलश पर प्रधान सीमा देवी सचिव सरोज शर्मा की अध्यक्षता में श्री राम दरबार सजाया जाएगा। सरोज शर्मा ने बताया कि 22 जनवरी को श्री अयोध्या में होने वाली श्री राम जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा पर मलांगड़ शिव मंदिर में 1100 दीपक जलाकर दीपावली मनाई जाएगी। उस दिन भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
  • हटली NSS कैंप को दिए 51 सौ रुपए

    ऊना/सुशील पंडित : उपमंडल बंगाणा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में एनएसएस के सात दिवसीय कैम्प में मुख्यअतिथि के रूप में शामिल हुए प्रवक्ता अनिल कुमार शर्मा ने अपनी निजी आय से बच्चों के प्रीति भोज के लिए 5100 रुपए का दान दिया है। कैंप के एक कार्यक्रम में अनिल ने बताया कि एनएसएस का चिन्ह कोणार्क स्थित भगवान सूर्य के मंदिर के पहिये से लिया गया है, जिसकी आठ तीलियां स्वयंसेवको को आठों पहर गतिमान रहने की प्रेरणा देती है। इसमें मौजूद चौबीस चिन्ह हमें चौबीस घण्टे सेवा के लिए तैयार रहने को प्रेरित करते हैं। मौके पर एनएसएस अधिकारी सुशील शर्मा, सह अधिकारी मीनू शर्मा, प्रधानाचार्य भूपिंदर ठाकुर, प्रवक्ता विवेकशील शर्मा व अन्य मौजूद रहे।
  • दो ट्रैक्टरों पर 10 हजार रूपए जुर्माना

    दो ट्रैक्टरों पर 10 हजार रूपए जुर्माना

    ऊना/सुशील पंडित : ऊना पुलिस ने दैनिक चालान गतिविधि में शनिवार को दो ट्रैक्टरों से 10 हजार रूपए जुर्माना वसूला है। इन ट्रैक्टर चालकों पर आरोप है कि वे अवैध खनन में लिप्त थे और बिना जरूरी दस्तावेजों के रेत बजरी को बेचने ले जा रहे थे। वहीं पुलिस ने यातायात के नियम तोड़ने पर 95 वाहनों के भी चालान काटे हैं। इनमें से मात्र 4 ने मौके पर चालान भरा, जिससे पुलिस को जुर्माने के रूप में 2000 रूपए प्राप्त हुए हैं। पुलिस ने 6 लोगों से 500 रूपए जुर्माना भी वसूला है जो सार्वजनिक स्थलों पर धुम्रपान करते हुए पकड़े गए थे।
  • पंजाब : 2 पक्षोें में मामूली कहासुनी को लेकर चले लात-घूंसे, देखें वीडियो

     मोगा : लोहड़ी के दिन बहोंना चौक पर एक सैलून की दुकान के बाहर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। दोनों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर ईंटे चली। इस दौरान दोनों पक्षों के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, झगड़े की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का दौरा कर घटना के बारे में जानकारी ली और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।

    जानकारी देते हुए जसविंदर ने कहा कि राहुल नामक युवक दोस्त के सैलून के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज कर रहा था। रोकने पर मारपीट शुरू कर दी और ईंट से वार किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, राहुल ने कहा कि हम सैलून के पास खड़े थे। इस दौरान जसविंदर ने आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। टोकने पर जसविंदर ने हाथापाई की। मारपीट में उसके चोट आई है। जांच अधिकारी बलविंदर सिंह ने कहा कि सैलून के बाहर दो पक्षों में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना कैद हो गई है। सीसीटीवी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों घायलों को मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

  • चंबा में चरस सहित एक गिरफ्तार

    चंबा में चरस सहित एक गिरफ्तार

    ऊना/सुशील पंडित : ऊना पुलिस ने अंतरराज्यीय बस अड्डे से चंबा के एक व्यक्ति को 93.72 ग्राम चरस के साथ काबू किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस ने शक के बिनह पर एक व्यक्ति की जब तालाशी ली तो उसके पास से 93.72 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान पन्जू राम पुत्र मुंशी राम निवासी गाँव धारना, तहसील व जिला चम्बा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध सदर थाने में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
  • ऊना : जलग्रां टब्बा गांव में चोरी

    ऊना : जलग्रां टब्बा गांव में चोरी

    ऊना/सुशील पंडित : ऊना में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। अब ऊना के साथ लगते जलग्रां टब्बा गांव में दो लाख रूपए की चोरी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस घर में चोरी हुई वहां उस दिन कोई भी नहीं था। सलोह गांव की रहने वाली रीता ने पुलिस को दी शिकायत में लिखा है कि जिस घर में चोरी हुई वह उसके माता पिता का घर है। पिता की मृत्यु हो चुकी है और माताजी बड़े भाई के घर रहती हैं। रीता ने बताया कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।


    शनिवार 13 जनवरी को वह जब अपने मोबाइल पर सीसीटीवी फुटेज देख रही थी तो 8 जनवरी की दोपहर अढाई बजे उसके मईके घर में तीन अज्ञात लोग उनके घर की दीवार फांद घर में घुस आए। जब वह आनन फानन में जलग्रां टब्बा पहुंची तो देखा घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। घर से लगभग दो लाख रूपए की नकदी और गहने गायब थे। पुलिस ने ऊना के सदर थाने में अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 457, 380 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • नशीली दवाओं के कारोबारी पर केस दर्ज

    ऊना/ सुशील पंडित : ऊना से आठ किमी दूर बसोली गांव में नशीली गोलियों के कारोबारी पर एक और मामला दर्ज हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बसोली गांव से नशा कारोबारी से जो नशीली दवा के पत्ते मिले थे उनका मिलान जब असली ब्रांड की दवाइयों से किया गया तो उनमें भिन्नता पाई गई। अर्थात, बसोली के नशा कारोबारी बलराम सिंह जिन नशीली दवा की गोलियों का व्यापार करता था उसे बनाने का फॉर्मूला बाजार में बिकने वाली असली दवाओं से भिन्न था। इस मिलान और टेस्टिंग के लिए ऊना के ड्रग इंस्पेक्टर पंकज शर्मा ने टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र की मेफ्रो ऑर्गेनिक लिमिटेड के प्लांट मैनेजर केवल सिंह को जांच के लिए बुलाया था। क्योंकि जांच टीम को टाहलीवाल की कंपनी के नाम के भी कुछ पत्ते घटनास्थल पर हुई छापेमारी के दौरान मिले थे।


    कंपनी के मैनेजर केवल सिंह की टीम ने जब बलराम से जब्त दवाइयों की जांच की तो वे तय मानकों पर खरी नहीं उतरीं। टाहलीवाल की इस कंपनी के मैनेजर ने आरोप लगाया है कि बलराम सिंह असली दवाइयों के नकली नमूने बनाकर बेच रहा था। बसोली से जब्त दवाइयां भी टाहलीवाल के प्लांट में निर्मित नहीं हैं। ये सारी जांच बलराम सिंह की पत्नी मधुबाला के सामने हुई। इसके उपरांत सदर थाने में अब मैफ्रो ऑर्गेनिक लिमिटेड की शिकायत पर बलराम सिंह पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420 अर्थात धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

  • कार और बाइक की भीषण टक्कर, मौ’त

    कार और बाइक की भीषण टक्कर, मौ’त

    सोनीपत: गांव जाट जोशी के पास कार और बाइक की टक्कर होने का मामला सामने आया है। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसके पिता घायल हो गए हैं। देर शाम पिता-पुत्र बाइक पर सवार होकर बहालगढ़ से बंदेपुर स्थित अपने घर जा रहे थे। जाट जोशी के पास कार चालक ने बिना इंडिकेटर दिए कार मोड़ दी जिससे बाइक कार से टकरा गई और युवक पहिये के नीचे आ गया।गांव बंदेपुर के तिलकराज ने बताया कि उसक बड़ा बेटा अमित कुमार (28) खेवड़ा स्थित हिन्दुस्तान यूनिलीवर प्राइवेट लिमिटिड में बतौर इलेक्ट्रिशियन नौकरी करते थे। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह कंपनी से छुट्टी कर अपनी बाइक पर घर के लिए निकले थे।

    रास्ते में बहालगढ़ चौक पर वह भी अमित के साथ उनकी बाइक पर बैठ लिए और घर के लिए चल पड़े। जब गांव जाट जोशी से निकले तो आगे चल रहे चालक ने बिना इंडिकेटर दिए फैक्टरी के सामने यूटर्न पर अपनी कार को बगैर पीछे देखे बहालगढ़ की तरफ मोड़ दी जिससे बाइक आगे चल रही कार से टकरा गई। अमित सड़क पर गाड़ी के पिछले टायर के नीचे आ गया और वह डिवाइडर पर जा गिरे। राहगीरों ने दोनों को प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। जहां अमित ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक अपनी कार मौके पर छो़ड़कर भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।