Blog

  • पंजाबः पूर्व कांग्रेसी मंत्री गिलजियां को लेकर आया हाईकोर्ट का फैसला, पढ़ें 

    पंजाबः पूर्व कांग्रेसी मंत्री गिलजियां को लेकर आया हाईकोर्ट का फैसला, पढ़ें 

    चंडीगढ़ः पूर्व कांग्रेसी मंत्री संगत सिंह गिलजियां की गिरफ्तारी को लेकर हाईकोर्ट ने आदेश जारी कर दिए है। हाईकोर्ट ने गिलजियां की गिरफ्तारी पर 2 हफ्ते के लिए रोक बढ़ा दी है। सोमवार को केस की सुनवाई करते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने यह आदेश जारी किए गए।

    पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने सरकार से केस की स्टेट्स रिपोर्ट मांगते हुए गिरफ्तारी पर 25 जुलाई तक रोक लगाई थी। हाईकोर्ट ने उसी दिन पूर्व मंत्री को अंतरिम राहत दी थी। आज यानी सोमवार को हुई सुनवाई में सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। जिसके बाद हाईकोर्ट ने 2 हफ्ते में जवाब देने को कहा है।

    विजिलेंस ने जंगलात घोटाले में किया केस दर्ज 

    पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने कांग्रेस सरकार के वक्त हुए जंगलात घोटाले में मोहाली में केस दर्ज किया है। इस केस में पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी में संगत सिंह गिलजियां को भी नामजद किया गया है। जैसे ही केस में नाम होने की भनक लगी तो गिलजियां अंडरग्राउंड हो गए। जिसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी।

    गिलजियां के भतीजे को चंडीगढ़ से किया था गिरफ्तार

    इस मामले में विजिलेंस ने पूर्व मंत्री गिलजियां के भतीजे दलजीत गिलजियां को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया था। फिलहाल दलजीत गिलजियां विजिलेंस के रिमांड पर है। विजिलेंस का दावा है कि दलजीत ही मंत्री चाचा संगत गिलजियां का पूरा काम देखता था। अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर पेड़ों की कटाई के परमिट समेत कई तरह के काम में उसका सीधा दखल था। हालांकि दलजीत ने इसे राजनीतिक बदलाखोरी करार दिया है।

  • पंजाबः एयरपोर्ट पर मंकीपाक्स को लेकर हाई अलर्ट

    पंजाबः एयरपोर्ट पर मंकीपाक्स को लेकर हाई अलर्ट

    अमृतसरः केरल में मंकीपाक्स के तीन केस और राजधानी दिल्ली में 31 साल महिला के केस की रिपोर्ट आने के बाद अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है। विशेषकर, त्वचा पर रैशेज या खुजली की शिकायत वाले यात्रियों को फौरन अस्पताल में आइसोलेट करने के आदेश हैं। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध मरीज नहीं मिला है।

    हर यात्री की हो रही थर्मल स्कैनिंग 

    एयरपोर्ट पर पहुंचने होने वाले हर यात्री की थर्मल स्कैनिंग की जा रही है। पहले चरण में यदि कोई यात्री बुखार से पीड़ित पाया जाता है तो उसके चेहरे पर हाथों की जांच की जाती है। त्वचा पर रैशेज (दाने) या खुजली की शिकायत होने पर अस्पताल में आइसोलेट करने का प्रविधान है।

    एयरपोर्ट पर तैनात डा. एसपी सिंह ने बताया कि हम एक-एक मरीज की जांच कर रहे हैं। अभी तक कोई संदिग्ध मरीज सामने नहीं आया है। इसके अलावा एयरपोर्ट पर बार-बार सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है।

    राज्य के सभी सिविल सर्जनों को अलर्ट रहने के आदेश 

    बता दें कि दो दिन पहले ही पंजाब स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर डा. रणजीत सिंह ने केंद्र सरकार की हिदायतों के बाद राज्य के सभी सिविल सर्जनों को अलर्ट रहने को कहा था। उन्होंने ही अमृतसर व मोहाली के सिविल सर्जनों को एयरपोर्ट अथारिटी के साथ तालमेल कर विदेश से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग करने के आदेश दिए थे।जिला स्तर भी हर जिला अस्पताल में एक विशेष आईसोलेशन वार्ड बनाने और पिछले 21 दिन में विदेश से आए यात्रियों में से जो मंकीपाक्स के मरीज के संपर्क में रहा हो, उनकी निगरानी करने को कहा था।

  • कैटरीना कैफ और विक्की कौशल को मिली जान से मारने की धमकी

    कैटरीना कैफ और विक्की कौशल को मिली जान से मारने की धमकी

    मुबंईः बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल और उनकी पत्नी व अभिनेत्री कैटरीना कैफ को जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में विक्की कौशल ने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है। मिली जानाकारी के मुताबिक आदित्य राजपूत नाम का शख्स कैटरीना को काफी दिनों से सोशल मीडिया पर स्टॉक कर रहा था और विक्की कौशल ने उस शख्स को समझाने की कोशिश भी की थी बावजूद इसके वो ऐसा करता रहा और आखिरकार ये कदम उठाने पर विक्की कौशल मजबूर हो गए।

    पुलिस ने किया मामला दर्ज

    सूत्रों के मुताबिक, इस शख्स का नाम सोशल मीडिया पर है, लेकिन ये उसका असली नाम है या नहीं उसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसीलिए पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ ये मामला दर्ज किया है।

    सलमान को भी मिली थी जान से मारने की धमकी

    पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस के बाद से लगातार सेलिब्रिटीज को जाने से मारने की धमकियां मिल रही हैं। कुछ दिनों पहले ही सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को एक लेटर के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई थी। लेटर में ये कहा गया था कि तुम्हारा भी मूसेवाला कर देंगे, जिसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी थी। मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर गोल्डी बरार ने ली थी।

    मुंबई पुलिस ने की थी लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ

    बॉलीवुड न्यूज के मुताबिक सलमान के मामले में भी मुंबई पुलिस की एक टीम ने दिल्ली पहुंचकर तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ की थी लेकिन उसने सलमान को जान से मारने की धमकी की बात को सिरे से नकार दिया था। हालांकि, बाद में ये सच्चाई सामने आ गई कि धमकी आखिर किसने दी थी।

  • द्रौपदी मुर्मू ने ली शपथ, देश की बनीं 15वीं राष्ट्रपति

    द्रौपदी मुर्मू ने ली शपथ, देश की बनीं 15वीं राष्ट्रपति

    नई दिल्लीः द्रौपदी मुर्मू (64 साल) ने 25 जुलाई यानी सोमवार को देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। वे देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति हैं। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमणा ने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई। मुर्मू ओडिशा की रहने वाली हैं। वे इससे पहले झारखंड की राज्यपाल भी रही हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

    द्रौपदी मुर्मू सोमवार सुबह अपने आवास से राजघाट पहुंचीं। यहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे राष्ट्रपति भवन पहंचीं। यहां से वे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ संसद भवन पहुंचीं। संसद भवन के सेंट्रल हॉल में द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली।

    द्रौपदी ने शपथ के बाद दिया पहला भाषण

    द्रौपदी मुर्मू ने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद पहला भाषण दियाष उन्होंने कहा, मैं देश की पहली ऐसी राष्ट्रपति हूं, जिसका जन्म स्वतंत्र भारत में हुआ था। स्वतंत्र भारत के नागरिकों के साथ हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हमें अपने प्रयासों में तेजी लानी होगी। द्रोपदी मुर्मू ने कहा, मेरा जन्म ओडिशा के एक आदिवासी गांव में हुआ, लेकिन देश के लोकतंत्र की यह शक्ति है कि मुझे यहां तक पहुंचाया।

    द्रोपदी मुर्मू ने कहा, मुझे राष्ट्रपति के रूप में देश ने एक ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में चुना है जब हम अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आज से कुछ दिन बाद ही देश अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूरे करेगा। ये भी एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है।

    ‘राष्ट्रपति बनना मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं’

    महामहिम मुर्मू ने कहा, राष्ट्रपति के पद तक पहुंचना, मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, ये भारत के प्रत्येक गरीब की उपलब्धि है। मेरा निर्वाचन इस बात का सबूत है कि भारत में गरीब सपने देख भी सकता है और उन्हें पूरा भी कर सकता है।

    ‘मैं कॉलेज जाने वाली गांव की पहली लड़की थी’

    राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, मैंने अपनी जीवन यात्रा ओडिशा के एक छोटे से आदिवासी गांव से शुरू की थी। मैं जिस पृष्ठभूमि से आती हूं, वहां मेरे लिये प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करना भी एक सपने जैसा ही था, लेकिन अनेक बाधाओं के बावजूद मेरा संकल्प दृढ़ रहा और मैं कॉलेज जाने वाली अपने गांव की पहली बेटी बनी। ये हमारे लोकतंत्र की ही शक्ति है कि उसमें एक गरीब घर में पैदा हुई बेटी, दूर-सुदूर आदिवासी क्षेत्र में पैदा हुई बेटी, भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंच सकती है।

  • राशिफल (सोमवार 25 जुलाई 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (सोमवार 25 जुलाई 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेषः कम प्रयास से काम बनेंगे। धनार्जन होगा। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। परिवार से संबंध घनिष्ठ होंगे। नए संबंधों के प्रति सतर्क रहें। भूल करने से विरोधी बढ़ेंगे। रुके धन की प्राप्ति में अड़चनें आएंगी।

    वृषः मेहमानों का आगमन होगा। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मसम्मान बढ़ेगा। वाणी पर नियंत्रण रखें। व्यापार में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अपने काम से काम रखें। दूसरों के विश्वास में न आएं। परिवार में तनावपूर्ण माहौल रह सकता है।

    मिथुनः लेन-देन में सावधानी रखें। रोजगार मिलेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अचानक लाभ होगा। धन संबंधी कार्यों में विलंब से चिंता हो सकती है। लाभदायक समाचार मिलेंगे। कार्य के विस्तार की योजना बनेगी। संत-समागम होगा।

    कर्कः चोट व रोग से हानि संभव है। कुसंगति से हानि होगी। विवाद न करें। फालतू खर्च बढ़ेंगे। आवास संबंधी समस्या का समाधान संभव है। आवेश में कोई कार्य नहीं करें। सामाजिक एवं राजकीय ख्याति में अभिवृद्धि होगी। व्यापार अच्छा रहेगा।

    सिंहः शारीरिक कष्ट संभव है। लेन-देन में सावधानी रखें। सुख के साधन जुटेंगे। रुका हुआ धन मिलेगा। अधूरे काम समय पर सफलता से होने पर उत्साह बढ़ेगा। वाहन चलाते समय सावधानी रखें। व्यापार के कार्य से बाहर जाना पड़ सकता है।

    कन्याः दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। आय बढ़ेगी। भोग-विलास में रुचि बढ़ेगी। जीवनसाथी से संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। स्थायी संपत्ति के मामले उलझेंगे। कार्य में मित्रों की मदद मिलेगी। आर्थिक मनोबल बढ़ेगा।

    तुलाः कोर्ट व कचहरी में अनुकूलता रहेगी। पूजा-पाठ में मन लगेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। थकान रहेगी। परिवार एवं समाज में आपके कामों को महत्व एवं सम्मान प्राप्त हो सकेगा। वाणी पर संयम आवश्यक है। व्यापार-व्यवसाय में लाभ होगा।

    वृश्चिकः चोरी, चोट व विवाद आदि से हानि संभव है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। धनार्जन होगा। भागदौड़, बाधाओं व सतर्कता के बाद सफलता मिलेगी। पारिवारिक सुख, संतोष बढ़ेगा। उपहार मिलने के योग हैं। अधिक व्यय न करें। खर्चों में कमी करें।

    धनुः पुराना रोग उभर सकता है। बेचैनी रहेगी। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। कानूनी बाधा दूर होगी। रुका धन मिलने से धन संग्रह होगा। कार्य में भागीदार सहयोग करेंगे। विकास की योजनाएं बनेंगी। दांपत्य जीवन में गलतफहमी आ सकती है।

    मकरः घर-परिवार की चिंता रहेगी। भूमि व भवन संबंधी योजना बनेगी। बेरोजगारी दूर होगी। आपका सामाजिक क्षेत्र बढ़ेगा। लाभदायक सौदे होंगे। विपरीत परिस्थितियों का सफलता से सामना कर सकेंगे। जीवनसाथी से आर्थिक मतभेद हो सकते हैं।

    कुंभः शत्रु परास्त होंगे। पार्टी व पिकनिक का आनंद मिलेगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। किसी नए कार्य में भाग लेने के योग हैं। विद्वानों के साथ रहने का अवसर मिलेगा। व्यापार में भागीदार सहयोग करेंगे।

    मीनः घर-परिवार की चिंता रहेगी। विवाद को बढ़ावा न दें। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। जोखिम न लें। अचानक यात्रा के भी अच्छे फल मिलेंगे। आमदनी में वृद्धि होगी। प्रसिद्धि एवं सम्मान में इजाफा होगा। नौकरी में उन्नति के योग हैं।

  • ऊना के पांचों विस क्षेत्रों में होंगे हिमाचल की स्थापना के 75 वर्षों पर कार्यक्रमः गर्ग

    ऊना के पांचों विस क्षेत्रों में होंगे हिमाचल की स्थापना के 75 वर्षों पर कार्यक्रमः गर्ग

    राजेंद्र गर्ग ने प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रमों की समीक्षा की 

    ऊना (सुशील पंडित)। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेंद्र गर्ग ने आज जिला ऊना में प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। गर्ग ने कहा कि कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समारोह आयोजित किया जाएगा तथा जिला ऊना की पांचों विस क्षेत्रों में भी समारोह होंगे। 

    उन्होंने कहा कि प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम की शुरुआत 1 अगस्त 2022 को भरमौर से होगी तथा 20 अगस्त 2022 तक यह समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन समारोहों में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तथा प्रदेश व केंद्र सरकार के अन्य मंत्री मुख्यतिथि होंगे। समारोह स्थल पर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जहां पर आजादी के पश्चात हिमाचल प्रदेश में हुए अथाह विकास के सफर को दर्शाया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामलों के मंत्री ने कहा कि प्रतिदिन दो कार्यक्रम होंगे तथा इन कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिसमें 5000 से अधिक व्यक्ति सम्मिलित होंगे। उन्होंने सभी विभागों को इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।

    13-15 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान…
    राजेंद्र गर्ग ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के रूप  में प्रदेश भर में आगामी 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 11-15 अगस्त तक प्रदेश के सभी हिस्सों में स्थानीय युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों के सहयोग से प्रभात फेरियों का आयोजन होगा, जिनके माध्यम से राष्ट्रभक्ति की गाथाओं को गाकर आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत किया जाएगा।

    बैठक में उपायुक्त राघव शर्मा ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेंद्र गर्ग का स्वागत किया और कहा कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशानुसार ऊना जिला के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में हिमाचल प्रदेश स्थापना की स्थापना के 75 में वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य समारोहों का आयोजन किया जाएगा तथा सभी समारोहों के लिए उच्च स्तरीय व्यवस्था प्रबंधन होगा। राघव शर्मा ने बताया कि प्रत्येक समारोह के लिए 5000 लोगों के लिए व्यवस्थाएं की जाएगी।

    इस अवसर चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर सिंह, गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर, एचपीएसआईडीसी उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त ऊना डॉ. अमित शर्मा, सभी एसडीएम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. मंजु बहल, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ऊना राजेश कुमार कौशल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।

  • कांग्रेस देख रही मुंगेरीलाल के हसीन सपने ,कांग्रेस अब लुप्त होती प्रजाति: राजेंद्र गर्ग 

    कांग्रेस देख रही मुंगेरीलाल के हसीन सपने ,कांग्रेस अब लुप्त होती प्रजाति: राजेंद्र गर्ग 

    ऊना/सुशील पंडित। हिमाचल प्रदेश सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने रविवार को जिला ऊना भारतीय जनता पार्टी की बैठक में विशेष रूप से शिरकत की ।राजेंद्र गर्ग ने  कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया ।वहीं इस बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोहरलाल शर्मा ने की। इस बैठक में जिला कार्यकारिणी ,प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य व पदाधिकारी, मंडलों  व मोर्चा के अध्यक्ष  व महामंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे। राजेंद्र गर्ग ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस बार रिवाज बदलेगा भारतीय जनता पार्टी की सरकार फिर से सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लगातार काम किया किया है, जनता को राहत देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा व जनकल्याण की नीतियों प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बनाई गई है, केंद्र की सरकार का बड़े प्रोजेक्ट में हर संभव सहयोग मिला है।

    डबल इंजन की सरकार ने हिमाचल को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उत्साहित है ,मनोबल से हैं। हिमाचल प्रदेश में सत्ता से सेवा के क्रम को भाजपा जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल मात्र मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है ,कांग्रेसी अब लुप्त होती प्रजाति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस को लगातार नकार चुकी है ।राजेंद्र गर्ग ने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयारी करें, जनता के बीच जाकर के केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को पहुंचाएं, जिन तक अभी भी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचा उन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं ।उन्होंने कहा कि जनता के साथ हमारा मजबूत संवाद रहना चाहिए ,राजेंद्र गर्ग ने कहा कि पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर के सभी मंडल व पदाधिकारी सक्रियता से काम करें।

    ये होंगे कार्यक्रम….
     राजिंदर गर्ग ने  कहा कि कारगिल विजय दिवस पर सेना के शौर्य को याद किया जाएगा ,हर घर व संस्थान में तिरंगा लहराए इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए अमृत महोत्सव के उपलक्ष में ,स्वतंत्रता हमारे लिए गौरव के पल हैं इसलिए हर घर में तिरंगा लहराया जाएगा । उन्होनें कहा कि 1 अगस्त से 15 अगस्त तक हिमाचल के प्रगतिशील 75 वर्ष को लेकर के भी हिमाचल प्रदेश में 75 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, इसमें भी संगठन का हर दृष्टि से सहयोग करे।हिमाचल का इतिहास विकास की यात्रा हर पीढ़ी तक पहुंचे इसका प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के साथ पार्टी के पंचायती प्रकोष्ठ के प्रशिक्षण शिविर ,महिला मोर्चा, युवा मोर्चा ,किसान मोर्चा ,अनुसूचित जाति मोर्चा व अन्य जो संगठन है उनके कार्यक्रम किए जाएंगे, उसको लेकर के सभी अभी से तैयारी करें।

    ये रहे उपस्थित….
    बैठक में भाजपा नेता सतपाल सिंह सत्ती ,बलवीर चौधरी, राजेश ठाकुर,राम कुमार, विनोद ठाकुर, सुमित शर्मा, मनोहर लाल, शाम मिन्हास, राज कुमार पठानिया, बलबीर बग्गा, अनिल डडवाल, मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, मास्टर तरसेम, गुलविंदर गोल्डी, सतपाल सिंह, कुलदीप कुमार, अशोक धीमान, वरुण मेहन, करुण राजपूत, धर्मेन्द्र राणा, प्रॉमिला ठाकुर, जय देव खटा, कमल सैनी, ओंकार कसना, बलवंत ठाकुर, साधु राम ,मंगल सिंह, मीनाक्षी राणा,मंजू जरियाल,सुषमा ठाकुर, ऋतु अशोत्रा, स्मृति ठाकुर, शम्बू गोस्वामी, यश पाल राणा, तिलक राज सैनी, राम मूर्ति शर्मा, बशीर खान, सुमन कुमार, कुलदीप संधू, अमरीक सिंह,राजिंदर मलांगड़, राजेश प्रभाकर उपस्थित रहे।

  • कांग्रेस विधायक बताएं 5 साल में उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए क्या किया: अनु ठाकुर 

    कांग्रेस विधायक बताएं 5 साल में उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए क्या किया: अनु ठाकुर 

    ऊना/सुशील पंडित। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला परिषद वार्ड टब्बा वार्ड की इंचार्ज अनु ठाकुर ने कांग्रेस विधायक सतपाल सिंह रायजादा पर पलटवार किया है। विधायक द्वारा भाजपा सरकार को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया जाने को हास्यास्पद करार देते हुए अनु ठाकुर ने कहा कि अपने ही विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए खतरा बन चुका विधायक भाजपा को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बता रहा है। रविवार को महिला मोर्चा के इस वार्ड की अहम बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में जहां पार्टी के आगामी क्रियाकलापों को लेकर चर्चा की गई वहीं विधानसभा क्षेत्र के तेजी से हो रहे विकास के लिए वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का आभार भी जताया गया।

    विधायक सतपाल सिंह रायजादा के बयान पर पलटवार करते हुए अनु ठाकुर ने कहा कि विधायक राष्ट्रीय सुरक्षा की बात बाद में करें, पहले जनता को यह बताने का कष्ट करें कि उन्होंने पिछले 5 साल और उससे पहले प्रदेश कांग्रेस सरकार के 5 सालों में विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए क्या किया है। अनु ठाकुर ने कहा कि विधायक से यह सवाल हर मंच से पूछा जाएगा ताकि विधानसभा क्षेत्र की जनता को भी यह पता चल सके कि जिससे करीब 5 वर्ष पूर्व विधायक के तौर पर जनता ने चुना था, आखिर उसका विधानसभा क्षेत्र के विकास में क्या योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि अब विधायक को भी यह पता चल चुका है कि उनकी दाल विधानसभा क्षेत्र में गलने वाली नहीं है और जनता भी अब जान चुकी है कि विधायक के रिपोर्ट कार्ड में सरकारी कार्यालयों में घुसकर शोर-शराबा और गुंडागर्दी करने के अलावा और कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि अब तो विधायक के अपने ही पार्टी के लोग सरकारी कार्यालयों में उनकी असलियत से पर्दे उठाने लगे हैं। अनु ठाकुर ने कहा कि विधायक सतपाल सिंह रायजादा से अभी भी विधानसभा क्षेत्र की जनता यह जवाब जानना चाहती है कि पेखूबेला के शराब कांड में उनका स्टाफ क्या कर रहा था। इस मौके पर महिला मोर्चा की मंडल महामंत्री बलविंदर कौर, बूथ अध्यक्ष ओमप्रकाश,अश्वनी कुमार,मान सिंह, शामा शर्मा, पूनम ,कांता देवी, कृष्णा देवी, राम कुमारी, सोमवार देवी, इंदुबाला ,अनीता रानी ,रेखा रानी, अंजना कुमारी ,नीलम ,आशा देवी, सरोज बाला उपस्थित रहे।

  • सतपाल सिंह सत्ती ने 267 व्यक्तियों को प्रदान किए पेंशन के स्वीकृति पत्र

    सतपाल सिंह सत्ती ने 267 व्यक्तियों को प्रदान किए पेंशन के स्वीकृति पत्र

    ऊना (सुशील पंडित)। छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने ऊना के वार्ड नंबर 6 में आज 267 पात्र व्यक्तियों को पेंशन के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बुढ़ापा पेंशन की आयु सीमा घटाकर 60 वर्ष कर दी है, जिससे जिला ऊना में नए 11,143 पात्र व्यक्तियों को पेंशन का लाभ मिला है। जिनमें से 3 हजार से ज्यादा लाभार्थी ऊना सदर विस क्षेत्र के हैं। इसी कड़ी में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लाभार्थियों को पेंशन के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए हैं। 

    सत्ती ने आयु सीमा 70 वर्ष से घटाकर 60 साल करने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली जुलाई से सभी पात्र व्यक्तियों को पेंशन देने का फैसला किया है, जो ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि अब जिला ऊना में प्रदेश सरकार 58 हजार से अधिक व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दे रही है। 

    छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में वर्तमान प्रदेश सरकार ने जन कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं चलाई हैं। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की सरकार ने 125 यूनिट तक बिजली के बिल माफ कर दिए हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का बिल पूरी तरह से माफ किया है। महिलाओं को सरकारी बसों के किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की है। गरीब को इलाज की चिंता न हो, इसके लिए हिमकेयर जैसी योजना शुरू की। इस योजना में एक परिवार के 5 लाख रुपए तक के इलाज का खर्च सरकार वहन करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने फ्री में गैस कनेक्शन तथा जल जीवन मिशन के तहत फ्री में पानी के कनेक्शन भी प्रदान किए हैं। सत्ती ने सभी से इन जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। 

    इस अवसर पर नगर परिषद ऊना की अध्यक्ष पुष्पा देवी, पवन कपिला, जनक राम खजांची, डॉक्टर सुभाष, विनोद पुरी, प्रवीण पुरी, ममता कश्यप, उर्मिल चौधरी, इंदु, कैप्टन चरणदास, बलबिंदर, भाजपा जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया, बलविंदर गोल्डी, संतोख अरोड़ा, गणेश सांभर, विनय शर्मा, सीमा दत्ता, रितु आसोतरा, प्रवीण पुरी, मुनीष कपिला, शुभम सैणी, शिवम, केतन, सचिन, खामोश जैतिक, विकास पुरी, सुजीत सैणी तथा विजय साहनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

  • सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की मदद करने वालों को किया जाएगा सम्मानित : डीसी

    सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की मदद करने वालों को किया जाएगा सम्मानित : डीसी

    ऊना/सुशील पंडित। गुड सेमेरिटन पुरस्कार योजना के तहत जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति का गठन किया गया है। इस समिति के अध्यक्ष जिला दंडाधिकारी होंगे तथा पुलिस अधीक्षक व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सदस्य बनाया गया है जबकि क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। 

    इस बारे जानकारी देते हुए जिला दंडाधिकारी ऊना राघव शर्मा ने बताया कि गुड सेमेरिटन पुरस्कार उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाएगा जिन्होंने मोटर वाहन से दुर्घटना का शिकर हुए व्यक्ति को तत्काल सहायता और दुर्घटना के बहुमूल्य समय के भीतर अस्पताल/ट्राॅमा केयर सेंटर में चिकित्सा उपचार प्रदान करके दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की जान बचाई है। उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम जनता को आपातकालीन स्थिति में सड़क दुर्घटना से पीड़ितों की मदद करने के लिए प्रेरित करना है ताकि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की जान बचाई जा सके।

    राघव शर्मा ने बताया कि यह पुरस्कार सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति को आई रीड की हड्डी में चोटें, अस्पताल में भर्ती होने के न्यूनतम तीन दिन, मेजर सर्जरी और गंभीर बे्रन चोटो से जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन को दिया जाएगा।

    उन्होंने बताया कि गुड सेमेरिटन पुरस्कार के तहत गुड सेमेरिटन को 5 हज़ार रूपये प्रति पीड़ित व्यक्ति की जान बचाने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। अगर एक से अधिक गुड सेमेरिटन है तो ये वित्तीय सहायता समान राशि में वितरित की जाएगी।  गुड सेमेरिटन को नकद पुरस्कार के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।