ऊना/ सुशील पंडित : दक्षिण-पश्चिम मानसून संबंधी तैयारियों को लेकर एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि वे मॉनसून सीजन के दृष्टिगत सभी विभागों से उचित समन्वय स्थापित करें ताकि किसी भी आपात स्थिति में होने वाले नुक्सान को कम किया जा सके।
एसडीएम ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल स्रोतों तथा जल भण्डारण टैंकों की साफ-सफाई तथा सभी पेयजल स्रोतों की क्लोरिनेशन करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा पेयजल नमूनों की भी समय-समय पर जांच करें ताकि जलजनित विषाणुओं का पता लगाया जा सके। उन्होंने नगर परिषद ऊना, मैहतपुर-बसदेहड़ा व संतोषगढ़ को निर्देश दिए गए कि वर्षा जल के समुचित निकासी के लिए नालियों तथा नालों की साफ-सफाई के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों को भी तैयार रखें।
इस अवसर पर तहसीलदार शीखा राणा, नायब तहसीलदार किरण चौहान, अग्निशमन अधिकारी सुरेश कुमार, एनएचएआई से इंजीनियर विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।