ऊना/सुशील पंडित:चिट्टा और हैरोईन की लत ऊना में भी फैलती जा रही है। आए दिन ऊना पुलिस चिट्टे के साथ युवकों को दबोच रही है लेकिन नशे के सौदागर हैं कि रुकने का नाम नहीं ले रहे। सोमवार को ऊना जिले में दो अलग अलग जगह पुलिस कार्रवाई में चिट्टे के साथ दो युवकों को काबू किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मामला नंगल से सटे भटोली गांव का है। मैहतपुर पुलिस ने गश्त के दौरान भटोली के सत्संग भवन के पास एक संदिग्ध की जब तालाशी ली तो उससे 3.08 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी का नाम जतिन्दर कुमार निवासी वार्ड न. 6, बसदेहड़ा बताया जा रहा है। दूसरा मामला अम्ब तहसील के कलरूही गांव का है। अम्ब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जब मुबारिकपुर निवासी दीपक पुत्र जुगल किशोर की तालाशी ली तो उसके पास से पुलिस को 2.28 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। इन दोनों आरोपियों के विरुद्ध मैहतपुर और अम्ब थाने में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 21-61-85 के अधीन मामले दर्ज होने के बाद जांच शुरू हो गई है।