Home Himachal ट्रिपल आईटी में यलगार 2024 खेल महोत्सव का आगाज

ट्रिपल आईटी में यलगार 2024 खेल महोत्सव का आगाज

0
ट्रिपल आईटी में यलगार 2024 खेल महोत्सव का आगाज

पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार सम्मानित डीएसपी ऊना अजय ठाकुर ने किया खेल महोत्सव का शुभारंभ

ऊना, (4 अक्टूबर) सुशील पंडित: आईआईआईटी ऊना में वार्षिक खेल महोत्सव यलगार 2024 का शुभारंभ पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार सम्मानित डीएसपी ऊना अजय ठाकुर ने किया। खेल महोत्सव की शुरुआत एक अनोखे रैंप वॉक से हुई जिसमें छात्र प्रतिनिधियों ने सभी खेलों का प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों द्वारा भव्य मार्च-पास्ट भी किया गया।

मुख्य अतिथि अजय ठाकुर ने छात्र समन्वयकों से यलगार 2024 की मशाल प्राप्त करके खेल महोत्सव का आधिकारिक उद्घाटन किया। श्री अजय ठाकुर और प्रो. मनीष गौड़, निदेशक ट्रिपल आईटी ऊना ने कबड्डी मैच का शुभारंभ करते हुए पहली रेड डाली और छात्रों को सभी खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान अजय ठाकुर ने छात्रों को अपने खेल जीवन की यात्रा से प्रेरित किया। उन्होंने अपने करियर में आई चुनौतियों और सफलताओं को साझा किया और अनुशासन, धैर्य और टीमवर्क के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने छात्रों को खेल और जीवन में सफलता के लिए उपयोगी सुझाव दिए और अपने जुनून को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

प्रो. मनीष गौड़ निदेशक ने छात्रों से यलगार 2024 में पूरे मनोयोग से भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खेल मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों में भागीदारी से टीमवर्क, नेतृत्व और धैर्य जैसे गुण विकसित होते हैं, जो शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ समग्र विकास को पोषित करते तथा छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। महीने भर चलने वाले इस खेल महोत्सव यलगार में विभिन्न इनडोर, आउटडोर और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इनडोर खेलों में बैडमिंटन, शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस शामिल हैं। जबकि आउटडोर प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट और बास्केटबॉल जैसे खेल शामिल हैं। इस वर्ष महोत्सव में वेटलिफ्टिंग और आर्म रेसलिंग जैसे दो नए खेलों को भी जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 25 अक्टूबर 2024 को होने वाले समापन कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here