ऊना /सुशील पंडित : जिला ऊना के अंतर्गत आते गांव वसाल में इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। मृतक युवक की पहचान नरेंद्र कुमार पुत्र वेद प्रकाश निवासी अप्पर बसाल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार सुबह ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंची और यात्रियों को उतारने के बाद चुरूडु- टकारला स्टेशन जा रही थी। जब गांव बसाल में ट्रेन पहुंची तो स्थानीय निवासी नरेंद्र कुमार(31) उसकी चपेट में आ गया, जिसके चलते नरेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के भाई राजेंद्र कुमार व प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक नरेंद्र कुमार सुबह सैर पर निकला था और केसीसी वैंक में पीयून था व कुछ समय से कम ही बात करता था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और शव का क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं आगामी जांच की जा रही है।