प्रान्त संयोजक राम गोपाल अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के तौर पर की शिरकत
बद्दी/सचिन बैंसल: गीता परिवार हिमाचल के तत्वावधान में 5161वीं गीता जयन्ती (मोक्षदा एकादशी) का आयोजन किशोर योगा एकेडमी बद्दी में धूम धाम के साथ मनाया गया । जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर गीता परिवार हिमाचल के प्रान्त संयोजक राम गोपाल अग्रवाल ने शिरकत की, वहीं इस्काॅन चन्डीगढ के अध्यक्ष नाम प्रेम प्रभु मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित हुए । उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गीता का दिव्य ज्ञान, भक्ति, धर्म, कर्म और संस्कृति के यशगान का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करता है, गीता का ज्ञान मनुष्य और पशु में भेद करना सिखाता है । उन्होंने कहा कि आज के युग में आर्थिक उन्नती के लालच में युवा दिशाहीन होते जा रहे हैं जिसका समाधान केवल गीता में समाहित है।
मुख्य अतिथि राम गोपाल अग्रवाल ने गीता परिवार बारे जानकारी देते हुए कहा कि ‘‘हर घर गीता – हर कर गीता’’ के उद्देश्य की पूर्ति हेतू गीता पढें, पढायें, जीवन में लाएं कार्यक्रम देश भर में गीता परिवार की ओर से आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें गीता का बाहरवां, पन्द्रहवां एवं सोलवां अध्याय का पठन, श्रीरामरक्षा स्त्रोत्राम और हनुमान चालीसा का पाठ प्रमुख तौर पर किया जाता है । मूल उद्देश्य है सभी सनातनियों को गीता को ज्ञान प्राप्त हो । कार्यक्रम में बच्चों के ज्ञान वर्धन के लिए गीता से संबंधित गीता के गूढ़ उपदेशों पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । जिसमें सभी ने बडे ही उत्साह के साथ हिस्सा लिया । कार्यक्रम का समापन गीताजी की आरती के साथ हुआ । अन्त में सभी के लिए भंडारे को आयोजन किया गया।
गीता महोत्सव कार्यक्रम में सहयोग करने और गीता पारायण करने के लिए मुख्य आयोजक डा़ किशोर ठाकुर और डा़ श्रीकान्त शर्मा ने सभी का धन्यवाद प्रस्तुत किया तथा आए हुए सभी प्रतिभागियों को एक एक गीता की पुस्तक भेंट स्वरूप प्रदान की गई।