Blog

  • आज का राशिफल, 1 नवंबर 2025

    आज का राशिफल, 1 नवंबर 2025

    आज कार्तिक शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि और शनिवार का दिन है। आज सुबह 9 बजकर 12 मिनट तक दशमी तिथि रहेगी, उसके बाद एकादशी लग जाएगी। आज देर रात 2 बजकर 9 मिनट तक ध्रुव योग रहेगा। साथ ही शाम 6 बजकर 21 मिनट तक शतभिषा नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज प्रबोधिनी एकादशी का व्रत किया जाएगा।

    मेष राशि: आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आज किसी जरूरी कामकाज को निपटाने में आप सफल हो सकते हैं। आज आप अपने साथियों और आसपास के लोगों के साथ उदार रहेंगे। आज किसी काम में भाई-बहन का पूरा-पूरा सहयोग मिलेगा। आज सोचे हुए काम पूरे होने की उम्मीद है। आज आपकी यात्रा सुखद रहेगी। आज बिजनेस को आगे बढ़ाने के नए मौके सामने आ सकते हैं। अपनी सेहत को बेहतर बनाये रखने के लिए आपको सुबह के समय टहलना चाहिए, साथ ही नकारात्मक चीजों से आपको बचे रहना चाहिए।

    वृष राशि:वृष राशि वालों आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। आज नौकरी में आपकी इन्क्रीमेंट होने के चांस हैं। आज किसी जरूरी काम में परिवार का साथ मिलेगा। आज आपको अच्छी खबर मिल सकती है। आज आप रोजगार के मामले में किसी से सलाह ले सकते हैं, जो कि आपके लिये फायदेमंद रहेगी। आज किसी व्यक्ति से बड़े प्रोजेक्ट के बारे में बात हो सकती है। आज आपका स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। बड़े-बुजुर्ग अपने किसी बचपन के दोस्त से मिल सकते हैं, अपनी पुरानी यादों को लेकर आपस में चर्चा करेंगे।

    मिथुन राशि: आज आपका दिन सामान्य से काफी अच्छा रहने वाला है। आज आर्थिक स्थिति बेहतर रहेगी। आज आपके रुके हुए काम पूरे होने की उम्मीद है। आज कुछ अच्छे लोगों से आपकी मुलाकात होगी, जो आपकी मदद के लिए हमेशा तैयार होंगे। आज पारिवारिक काम को पूरा करने में सफल रहेंगे। आज दोस्तों का किसी जरूरी काम में सपोर्ट मिलेगा। आज आपको सामाजिक स्तर पर लोगों की मदद के लिए मौका मिल सकता है। इस राशि के मीडिया कर्मचारियों को काम करने के सुनहरे अवसर प्राप्त होंगे।

    कर्क राशि: आज आप दोस्तों और परिवार के साथ किसी काम में व्यस्त रह सकते हैं। आज ऑफिस में आपको पुराना काम निपटाने की जिम्मेदारी भी मिल सकती है। आज आप नई बिजनेस डील साइन कर सकते हैं, जिससे आपको काफी फायदा हो सकता है। आज अविवाहित लोगों को विवाह के प्रस्ताव मिलने की उम्मीद है। अगर शादीशुदा लोग आज पार्टनर से सामंजस्य बनाकर चलेंगे, तो अनबन होने की संभावना नहीं रहेगी। प्रॉपर्टी से जुडी समस्याओं के लिए भागदौड़ के उपरांत काम बन जायेगा। सगे सम्बन्धियों से अच्छे तालमेल बनेंगे। आज किसी असहाय की सहायता करने का मौका मिलेगा।

    सिंह राशि: आज आपका दिन मिला-जुला रहेगा। आज कामकाज निपटाने के लिए नए तरीके मिल सकते हैं। आज दोस्तों के साथ संबंधों में सुधार आ सकता है। आज भौतिक सुख-सुविधाओं की तरफ रुझान बढ़ सकता है। आज आपकी सेहत पहले से अच्छी रहेगी। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन ठीक रहेगा। आज रोजमर्रा के काम समय से पूरे हो सकते हैं। आज आपके दोस्त आपकी हर तरह से मदद करने के लिए तैयार रहेंगे। आज आप अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करने का संकल्प करेंगे और आज से ही जुट जायेंगे।

    कन्या राशि: आज आपका दिन शानदार रहने वाला है। इस राशि के जो लोग बिजनेस शुरू करना चाहते हैं आज उनका वक्त अच्छा है। शुभ मुहूर्त देखकर काम शुरू करें, सफलता जरूर मिलेगी। आज आप समझदारी से कई काम निपटाने की कोशिश करेंगे। आज कला के क्षेत्र में रुचि बढ़ेगी। आज स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। आज परिवार में खुशियों का माहौल बना रहेगा। आज दोस्तों के साथ कहीं ट्रिप पर जा सकते हैं। आज आपके काम करने की कला से लोग आपसे प्रभावित होंगे। लेखन के क्षेत्र से जुड़े लोगों को आज बड़ी खुशखबरी मिलेगी। आपका समय अच्छा बीतेगा।

    तुला राशि: आज स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। ऑफिस में आज अपने काम की प्रशंसा के लिये मेहनत करनी पड़ेगी। आज व्यापारी वर्ग को धन लाभ के मौके मिल सकते हैं। आज शाम को दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं। आज किसी काम में पिता का साथ मिल सकता है। आज जीवनसाथी के साथ संबंध बेहतर होंगे। आज परिवार में सभी के साथ मिलकर गुड टाइम स्पेंड करने की कोशिश करेंगे। आज आप नई भाषा सीखने के बारे में विचार करेंगे। कंस्ट्रक्शन का काम अच्छा चलेगा।

    वृश्चिक राशि: आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आज मन में नए-नए विचार आ सकते हैं। आज छात्रों के लिए भी दिन बेहतर रहेगा। अगर आप कला के क्षेत्र से जुड़े हैं, तो आज तरक्की के कई नये रास्ते नजर आएंगे। आज महिलाएँ शॉपिंग करने जा सकती हैं। आज बिजनेस में बढ़ोतरी होने की संभावना है। आज बचपन के किसी दोस्त की बर्थडे पार्टी में जा सकते हैं। आप अपने परिवार वालों को नई डिश बनाकर खिला सकते हैं जिससे आपके परिवार में ख़ुशी का माहौल बना रहेगा।

    धनु राशि: आज आपका दिन उत्तम रहेगा। आज किसी मित्र की मदद से आपके काम बनेंगे। आज घर के किसी काम को पूरा करने में बड़े-बुजुर्ग की राय आपके लिए कारगर साबित होगी। आज आपका ज्यादातर समय परिवार वालों के साथ बीतेगा, उनके साथ कहीं बाहर घूमने का प्लान भी बना सकते हैं। आज दाम्पत्य रिश्ते मधुरता से भरपूर रहेंगे। आज करीबी आपकी खुशियों को दोगुना कर देगा। साहित्य के क्षेत्र में आपका रुझान हो सकता है। इस राशि के जो लोग मीडिया जगत से जुड़े हैं उनको नए प्रोजेक्ट पर काम करने को मिल सकता है।

    मकर राशि: आज आपका दिन सामान्य रहेगा। आज शाम को घर में पार्टी का प्लान बना सकते हैं। कारोबारियों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। आज आर्थिक स्थिति पहले की अपेक्षा बेहतर हो सकती है लेकिन धन के मामले में आपको सावधान रहने की भी जरूरत है। आज मित्र आपसे मिलने के लिए फोन कर सकता है। आज दूसरों पर जल्दी विश्वास ना करें। आपके कुछ खास काम में आज रूकावट आ सकती है, लेकिन शाम तक काम पूरा हो जायेगा। इस राशि की महिलाये ऑनलाइन योगा की ट्रेनिंग सीख सकती हैं।

    कुंभ राशि: आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। इस राशि के लोग अपनी लाइफ में कुछ बदलाव करने की कोशिश करेंगे, जिससे भविष्य में सफलता आपके कदम चूमेगी। अगर आज आप इंटरव्यू देने के लिए जा रहे हैं तो सफलता मिलने के पूरे चांस हैं। आज धन लाभ भी हो सकता है। इस राशि के म्यूजिक डायरेक्टर को अपनी विशेष कृति के लिए आज सम्मानित किया जा सकता है। इवेंट मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट आज कुछ क्रिएटिव कर सकते हैं। प्राइवेट कर्मचारियों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा।

    मीन राशि:आज शिक्षा के क्षेत्र में उन्नति मिल सकती है। आज किसी दूसरे का उत्साह देखकर आप उत्साहित होंगे। इस राशि के स्टूडेंट्स अगर किसी नये कोर्स में एडमिशन लेना चाह रहे हैं तो आज का दिन शुभ है। साहित्य से जुड़े लोगों को आज उनकी काबिलियत के लिए सम्मानित किया जा सकता है। सोसाइटी में भी आज आपका मान-सम्मान बढ़ सकता है। आज आपको रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। परिवार के साथ प्रेम बढेगा। लेखन के क्षेत्र से जुड़े लोगों को आज बड़ी खुशखबरी मिलेगी।

  • Punjab News: मेडिकल स्टोर पर फायरिंग, एक घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: मेडिकल स्टोर पर फायरिंग, एक घायल, देखें वीडियो

    अमृतसर: जंडियाला गुरु थाना क्षेत्र के गहरी मंडी कस्बे में गुरुवार शाम राणा मेडिकल स्टोर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दुकान पर कार्यरत युवक साहिल उर्फ पम्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। दो गोलियां लगने से साहिल की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार दो नकाबपोश युवक मोटरसाइकिल पर आए और दुकान के बाहर खड़े होकर पिस्टल से फायरिंग की। एक गोली साहिल के कंधे पर और दूसरी कमर के पास लगी।

    वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। दुकान मालिक सुरजीत सिंह ने बताया कि घटना के समय वह अंदर मरीजों को दवाइयां दे रहे थे, तभी बाहर गोली जैसी आवाज सुनाई दी। कोई रंजिश नहीं थी, हम रोज़ की तरह दुकान पर काम कर रहे थे। जंडियाला गुरु थाना पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में रंजिश के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस ने तुरंत इलाके में नाके लगाए और हमलावरों की तलाश में विशेष टीमें गठित कर दी हैं। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

  • Punjab News: Blind Murder की सुलझी गुत्थी, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: Blind Murder की सुलझी गुत्थी, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    लुधियाना: कमीश्नरेट पुलिस लुधियाना  ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात में शामिल चार आरोपियों को मात्र 48 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि 29 अक्टूबर को कसाबाद नूरवाला रोड पर खेत की झाड़ियों में बोरी में बंद खून से लथपथ एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था, जिसके के बाद थाना सलेम टैबरी प्रभारी इंस्पेक्टर हर्षवीर सिंह ने केस दर्ज कर जांच की तो मृतक की पहचान सूरज कुमार उर्फ मुनीश के रूप में हुई।

    पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का मास्टरमाइंड निरंजन यादव था। मृतक सूरज कुमार के निरंजन की पत्नी से अवैध संबंध होने पर आरोपी निरंजन ने अपने तीन साथियों संजे कुमार, जय राम और बिशन कुमार के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने सूरज को घर बुलाकर शराब पिलाई और हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

    बाद में शव को बोरी में डालकर खेतों में फेंक दिया गया।पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो बोरी, केबल तार, प्लास्टिक का टूटा टुकड़ा तथा एक जोड़ी चप्पल बरामद की गई है। आरोपियों को जल्द कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।

     

  • Punjab News: संदिग्ध हालात में युवक की मिली लाश, हत्या की आशंका, देखें वीडियो

    Punjab News: संदिग्ध हालात में युवक की मिली लाश, हत्या की आशंका, देखें वीडियो

    बटाला: जिले के पुलिस लाइन रोड स्थित रेलवे फाटक के पास एक प्लॉट में 39 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान वरिंदरपाल सिंह निवासी प्रेम नगर बटाला के रूप में हुई है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

    घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पत्नी ममता ने बताया कि उनका पति पिछले दिन घर से निकला था और उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। आज अचानक सूचना मिली कि प्लॉट में उसकी लाश पड़ी है। उन्होंने पति की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

    मृतक अपने पीछे 18 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। डीएसपी संजीव कुमार ने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

     

  • Punjab News: मेन बाजार में Cosmetic Shop पर झगड़ा, गोली चलने का आरोप, तीन घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: मेन बाजार में Cosmetic Shop पर झगड़ा, गोली चलने का आरोप, तीन घायल, देखें वीडियो

    फिरोजपुर: शहर के मेन बाजार में मंगलवार को एक कॉस्मेटिक की दुकान पर दो पक्षों में विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। दुकानदार की ओर से आरोप लगाया गया कि दूसरे पक्ष ने न केवल दुकान में हंगामा किया बल्कि मारपीट करते हुए गोली भी चलाई। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि उनके पारिवारिक सदस्य कॉस्मेटिक सामान खरीदने गए थे और दुकान में लगे कैमरे को लेकर हुए विवाद के चलते झगड़ा हुआ।

    झगड़े के दौरान दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

  • Punjab News: त्योहारों के बाद अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई, देखें वीडियो

    Punjab News: त्योहारों के बाद अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई, देखें वीडियो

    भीड़भाड़ वाले इलाकों में हटाई गई रेड़ियां और पटरी

    लुधियाना: त्योहारों के बाद नगर निगम ने शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। निगम की तहबज़ारी टीम ने मंगलवार को सबसे अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों चोड़ा बाजार और जोधेवाला बस्ती मार्केट में अवैध रेहड़ी-पटरी और सड़क पर रखे मंझे व टेबल हटाए।

    इस कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर विपन हांडा ने किया। टीम ने कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध रेहड़ी-पटरी लगाने वालों को मौके से पकड़ा और सड़क पर फैले सामान को हटवाया। इंस्पेक्टर विपन हांडा ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने और आम लोगों को सुविधा देने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

     

     

  • Punjab News: तालाब में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, देखें वीडियो

    Punjab News: तालाब में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, देखें वीडियो

    बठिंडा: गाँव महीता के पास स्थित एक तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी अनुसार संगत सहारा की हेल्पलाइन नंबर पर कॉल प्राप्त हुई कि तालाब में एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही संगत सहारा के कार्यकर्ता सिकंदर मछाणा मौके पर पहुंचे।

    संगत थाना पुलिस की मौजूदगी में शव को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को बठिंडा के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शव की पहचान करवाई जा रही है और मृतक की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लग पाएगा।

  • Jalandhar News: कल‌ इन‌ दुकानों को बंद करने के आदेश जारी

    Jalandhar News: कल‌ इन‌ दुकानों को बंद करने के आदेश जारी

    जालंधर, ENS: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में जालंधर शहर में 1 नवंबर को भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इस अवसर पर शहरभर में धार्मिक माहौल को देखते हुए प्रशासन ने विशेष आदेश जारी किए हैं। जिला मैजिस्ट्रेट डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किया है कि नगर कीर्तन के रूट और समागम स्थल के आसपास मीट और शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

    यह प्रतिबंध संपूर्ण दिन लागू रहेगा। प्रशासन ने सभी दुकान मालिकों और नागरिकों से अपील की है कि वे धार्मिक भावना का सम्मान करते हुए आदेशों की पालना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

     

  • Punjab News: Police ने आरोपियों का किया Encounter, देखें वीडियो

    Punjab News: Police ने आरोपियों का किया Encounter, देखें वीडियो

    मानसा: जिले में गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले 2 आरोपियों को आज पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सीआईए और सिटी वन मानसा पुलिस ने संयुक्त अभियान के बाद भीखी के पास मुठभेड़ के दौरान दोनों को गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे मानसा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

    पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस से घिरा देखकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक .32 बोर की पिस्टल 1 कारतूस और 1 कारतूस, एक .30 बोर की पिस्टल, 8 कारतूस बरामद किए गए है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ़्तारी से गैंगस्टर गिरोह की एक कड़ी टूट गई है और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

    जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले मानसा में कई जगहों पर फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। सीआईए और सिटी वन पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और भीखी इलाके में नाकाबंदी के दौरान उन्हें घेरकर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

  • वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 15 कर्मचारी संगठनों के साथ की मैराथन बैठकें, समाधान के दिए निर्देश

    वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 15 कर्मचारी संगठनों के साथ की मैराथन बैठकें, समाधान के दिए निर्देश

    चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा, जो कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन भी हैं, ने आज 15 अलग-अलग कर्मचारी संगठनों से बैठकें की। इन संगठनों में शिक्षा विभाग के 7 संगठन, जल सप्लाई और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े संगठन, तथा ठेका मुलाज़म संघर्ष मोर्चा और पुरानी पेंशन बहाल संघर्ष कमेटी जैसे साझा हितों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन शामिल थे। लगभग पांच घंटे चली इन बैठकों के दौरान यूनियन नेताओं के साथ उनकी मांगों और मुद्दों पर गहराई से चर्चा की गई और उपयुक्त समाधान निकालने के प्रयास किए गए। शिक्षा विभाग से संबंधित यूनियनों के मुख्य मुद्दे वेतन और वरिष्ठता में अनियमितताएं, सेवाओं को रेगुलर करना और पंजाब स्टेट टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट (पी.एस.टी.इ.टी) को समय पर आयोजित करने से जुड़े थे।

    वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शिक्षा विभाग को वेतन और वरिष्ठता से जुड़ी अनियमितताओं के मुद्दे को एनोमली कमेटी को भेजने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने सेवाओं को रेगुलर करने और अन्य सेवा-संबंधी मामलों को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए एडवोकेट जनरल कार्यालय, परसोनल विभाग और वित्त विभाग के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पी.एस.टी.इ.टी को भी शीघ्र आयोजित करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए। ठेका मुलाज़म संघर्ष मोर्चा, ग्राम पंचायत जल सप्लाई पंप ऑपरेटर एसोसिएशन, कॉन्ट्रैक्ट मल्टीपरपज़ हेल्थ वर्कर फीमेल यूनियन, यूनाइटेड नर्सेज़ एसोसिएशन ऑफ पंजाब और पुरानी पेंशन बहाल संघर्ष कमेटी जैसे संगठनों के साथ बैठकों के दौरान, वित्त मंत्री ने उठाए गए मुद्दों को विस्तार से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो मुद्दे विभागीय स्तर पर हल किए जा सकते हैं, उन्हें तुरंत हल किया जाए। वित्तीय प्रभाव वाले मामलों पर, वित्त मंत्री ने यूनियन नेताओं को आश्वासन दिया कि सरकार पहले से ही अधिकांश मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर रही है।

    इन बैठकों के दौरान यूनियनों के प्रतिनिधियों, बलीहार सिंह, हाकम सिंह, जसप्रीत सिंह (ठेका मुलाज़म यूनियन); जसवीर सिंह, सुखजीत सिंह, विक्रमजीत सिंह (पुरानी पेंशन बहाल संघर्ष कमेटी); कुलदीप सिंह, प्रवीण कुमार, जगमोहन सिंह (सर्व समग्र शिक्षा अभियान (मिड डे मील) दफ्तरी कर्मचारी यूनियन); राहुल कंबोज, जसविंदर सिंह, हरजीत कौर ( पी.एस.टी.इ.टी यूनियन); जसपाल सिंह (10 वर्ष सेवा पूरी कर चुके कच्चे अध्यापक यूनियन); रणजीत सिंह, राजेश कुमार, ओंकार सिंह (ई.टी.टी. अध्यापक यूनियन); गुरप्रीत सिंह, सुरिंदर पाल सिंह, परमपाल सिंह (पंजाब शिक्षा विभाग मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन); समरजीत सिंह, सुखदीप सिंह, हरमल सिंह (टैट पास कच्चे अध्यापक यूनियन); तजिंदर कौर, राजविंदर कौर, किरणदीप कौर (ए.आइ.इ. कच्चे अध्यापक यूनियन); बेअंत सिंह, बोहर सिंह, मेहर सिंह (ग्राम पंचायत जल सप्लाई पंप ऑपरेटर एसोसिएशन); सरबजीत कौर, अमरीक सिंह (कॉन्ट्रैक्ट मल्टीपरपज़ हेल्थ वर्कर फीमेल यूनियन); आरती बाली, हरविंदर सिंह, बलजीत सिंह (यूनाइटेड नर्सेज़ एसोसिएशन ऑफ पंजाब) और उनके साथियों ने अपनी मांगें और मुद्दे पेश किए।