Blog

  • बीच सड़क चलती Maruti  की Hybrid कार में लगी आग, जिंदा जला व्यक्ति, देखें वीडियो 

    नई दिल्लीः बेंगलुरु-तुमकुरु रोड पर अंचेपाल्या में जिंदल के पास एक मल्टी यूटिलिटी व्हीकल (MUV) में आग लगने से 48 वर्षीय एक रियल-स्टेट एजेंट की जलकर मौत हो गई। कार में आग इस कदर भड़की कि, उसमें सवार कार चालक अपनी जान बचाने के लिए कार से बाहर भी निकल पाया और कुछ ही पलों में वो आग की लपटों से घिर गया। भयावह आग की लपटों से झुलसे कार चालक की पहचान करना मुश्किल हो गया था। चूंकि वाहन कुछ ही सेकंड में आग की लपटों में घिर गया, इसलिए पीड़ित बाहर नहीं निकल सका।

    बताया जाता है कि कार चालक ने दरवाजा खोलने की कोशिश की लेकिन गाड़ी का सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम जाम हो गया था। पास के पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंगुइशर) से आग बुझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि ये प्रयास भी असफल रहा। एमएन हल्ली पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पीड़ित की पहचान जलाहल्ली पश्चिम के शेट्टीहल्ली निवासी टी अनिल कुमार के रूप में की। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हमने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच की तो पाया कि, ये कार मारुति सुजुकी की Maruti XL6 हाइब्रिड जेटा वेरिएंट थी। हालांकि अभी कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वहीं अभी इस मामले में कार कंपनी मारुति सुजुकी की तरफ से भी कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

    घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि, ये घटना मंगलवार की दोपहर तकरीबन 3 से 3:15 बजे के बीच की बताई जा रही है। जब एक MPV कार शहर की तरफ आगे बढ़ रही थी। अचानक सड़क पर चलते हुए इस कार में आग लग गई और कार चला रहे अनिल ने जब कार से बाहर आने की कोशिश की तो दरवाजे खुल नहीं रहे थें। इस बीच आग ने उग्र रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग का गोला बन गई। जिसके चलते अनिल कार से बाहर नहीं आ सका। जब तक स्थानीय लोग आग बुझाने की कोशिश करते तब तक कार चालक बुरी तरह झुलस चुका था।

    एमएन हल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर प्रशांत ने आजतक को बताया कि,”Maruti XL6 हाइब्रिड कार में सड़क पर चलते हुए अचानक आग लग गई। इस घटना में कार चालक की आग में झुलसने के चलते मौत हो गई है। उन्होनें बताया कि, इस मामले में कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है। इसके अलावा कार निर्माता से भी इस मामले में संपर्क किया गया है।” शुरुआत में ऐसा माना गया कि, कार सीएनजी फिटेड थी, लेकिन बता दें कि ये एक हाइब्रिड कार थी। इस कार के पीछे से आ रही एक बस को भी रोका गया और उसमें से फायर एक्सटिंगुइशर निकाल कर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन सारी कोशिशें नाकाम रही। कुछ ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को अपने आगोश में ले लिया और मेटल पार्ट को छोड़कर कार का पूरा हिस्सा जलकर खाक हो गया।

    Auto Insurance EZ की एक स्टडी की मुताबिक पेट्रोल-डीजल और इलेक्ट्रिक कारों के मुकाबले हाइब्रिड कारों में आग लगने का खतरा ज्यादा रहता है। अमेरिकी संस्था की इस स्टडी में नेशनल ट्रांसपोर्ट सेफ्टी बोर्ड द्वारा 2020 से रिकॉल किए गए वाहनों के उपलब्ध कराए गए आंकड़ों पर विश्लेषण किया गया। इस विश्लेषण में बताया गया है कि, प्रति 1 लाख यूनिट्स बेचे गए वाहनों में सबसे ज्यादा हाइब्रिड कारों में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं दूसरे स्थान पर गैसोलिन यानी पेट्रोल और तीसरे स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहन रहे हैं।

  • डरा रहे हैं कोरोना वायरस के आंकड़े!

    नई दिल्ली : महाराष्ट्र में कोरोना तेजी से अपने पांव पसार रहा है। गुरुवार को राज्य में कोरोना के 117 नए मामले दर्ज किए गए हैं राज्य में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 300 के पार पहुंच गई है 24 घंटे के अंदर कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत की भी खबर हैवहीं हालांकि 12 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक गुरुवार को हजारों लोगों का टेस्ट किया गया है. राज्य में 12,416 लोगों को टेस्ट किया गया जिनमें से 2243 RT-PCR टेस्ट और 10173 RAT टेस्ट किया गया है आज पॉजिटिविटी रेट 0.94 प्रतिशत रही राज्य में जेएन.1 के अब तक 10 मामले दर्ज किए गए हैं अच्छी बात यह है कि आज कोई नए मामले दर्ज नहीं किए गए हैं 

    मुंबई में है सबसे ज्यादा एक्टिव केस

    राज्य में 1 से 7 दिसंबर तक 17, 8 से 14 दिसंबर तक 19, 15 से 21 दिसंबर तक 53 और 22 से 28 दिसंबर तक 373 मामले दर्ज किए गए है। राज्य में 28 दिसंबर तक 369 एक्टिव केस की पुष्टि हुई है इनमें से सबसे ज्यादा एक्टिव केस मुंबई, पुणे और ठाणे में सामने आए है। मुंबई में फिलहाल 127, पुणे में 74 और ठाणे में 67 एक्टिव केस हैं सरकारी बयान के मुताबिक महाराष्ट्र में 27 दिसंबर तक राज्य में 265 एक्टिव केस थे जबकि इनमें से 232 होम आइसोलेशन में थे और 33 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था इनमें से 23 नॉन आईसीयू और 10 आईसीयू में भर्ती है उधर महाराष्ट्र सरकार ने आईसीएमआर के पूर्व चीफ के नेतृत्व में एक नए टास्क फोर्स का भी गठन किया है ताकि कोरोना को फैलने से रोका जा सके

  • पंजाबः कोरोना के बाद स्वाइन फ्लू के केसों में हुई बढ़ौतरी

    लुधियानाः देश में कोराना के नए वेरिएंट का एक तरफ प्रकोप शुरू हो गया है। वहीं दूसरी ओर पंजाब में स्वाइन फ्लू के केसों में भी बढ़ौतरी शुरू हो गई है। जिसके चलते सेहत विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। इस सीजन में लुधियाना में स्वाइन फ्लू के 13 मरीजों की पुष्टि हुई है। जिसमें से 8 मरीज को अभी भी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार जनवरी से अब तक स्वाइन फ्लू के 27 मामले सामने आ चुके हैं, अगर बाहरी जिलों के मरीजों की बात की जाए तो पिछले दो सप्ताह में स्थानीय अस्पतालों में 3 दर्जन के करीब पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें अधिकतर दूसरे जिलों के रहने वाले हैं।

    अधिकारियों के अनुसार जिले के आठ मरीजों में जो अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं, दो बच्चे भी शामिल है। विशेषज्ञों के अनुसार सर्दी के बढे़ हुए प्रकोप को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। विशेषज्ञों के अनुसार कोरोना और स्वाइन फ्लू से बचने के लिए लोगों को मास्क अवश्य पहनना चाहिए और इन दिनो भीड़ भाड़ वाले स्थान पर जाने से गुरेज करना चाहिये। जिला एपीडीमोलॉजिस्ट डा. रमनप्रीत कौर ने बताया कि भले ही स्वाइन फ्लू के लक्षण साधारण फ्लू की तरह होते हैं परंतु जब 101 डिग्री से ऊपर बुखार हो खांसी, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ हो, छींक आना या नाक बहना गले में दर्द तथा शरीर में दर्द का एहसास हो तो विशेषज्ञ से अपने जांच अवश्य कराएं।

  • पंजाब : तेजधार हथियारों से दुकानदारों पर हमला, देखें वीडियो

    लुधियाना : नूरवाला रोड पर दुकानदारों पर तेजधार हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी पिता-पुत्र अन्य दुकानदारों पर भी हमला कर चुके हैं। जो हमले के बाद इलाज के सिविल अस्पताल पहुंचे। हमले का एक वीडियो भी सामने आया है। साइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसकी दुकान के पास ही उस पर कई बार हमला किया। इन्हें जातिसूचक शब्द भी कहा जाता था। जिसके खिलाफ उन्होंने अल्पसंख्यक आयोग और पुलिस से शिकायत की।

    लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज भी जब वह अपने दोस्त के साथ मीट की दुकान पर गया तो आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जब उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया तो वे अपने हथियार और मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए। आरोपी नशे के आदी है। आरोपियों से पीड़ित बिल्डिंग मटेरियल स्टोर के संचालक और उनके परिवार के सदस्यों ने भी कहा कि आरोपी उन पर हमला करते रहते है। लेकिन शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।

  • गाड़ियों की टक्कर के बाद गुस्साए हमलावारों ने व्यक्ति को पीट पीटकर किया अधमरा, हालत गंभीर, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः दिल्ली में बीच सड़क पर रोड रेज में कैब ड्राइवर की बीती रात हुई हत्या का मामला अभी थमा भी नही था, कि शुक्रवार को दिन दहाड़े कार सवार एक शख्स की ऐसी पिटाई रोड रेज में की गई, की उसे एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराना पड़ा। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। हमलावर में दो पुलिस जैसे जैकेट में थे, इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है और बाकी की तलाश की जा रही है। घायल के रिश्तेदार ने कहा कि ये तस्वीर सरेआम पिटाई करने की किसी दूर दराज के इलाके की नहीं, बल्की देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके की है।

    किस तरह गाड़ी को रॉड और डंडो से तोड़ा गया और बीच रोड पर गाड़ी के अंदर घुसकर कार सवार को लात घूंसों से पीटते रहे। पुलिस की वर्दी देखकर, डर के मारे किसी ने भी बीच बचाव की कोशिश नहीं की। हमलावर चाहे कोई भी हो जिस कदर अकेले युवक को कार में बुरी तरह से मार रहे हैं,यह घटना बेहद ही शर्मनाक है। अगर आरोपी में से दो लोग सच में पुलिस के जवान हैं, तो इस घटना के बाद और भी शर्म करनी चाहिए। सचिन अपने घर छतरपुर से कार का काम कराने के लिए मंगलापुरी जा रहा था। रास्ते पर सचिन की गाड़ी की एक सिलेरियो कार से टक्कर हो गई। इसके बाद से कार सवार गाड़ी से उतरकर सचिन को पीटने लगे।

    कुछ बाइक से और हमलावर आकर सचिन को तब तक पीटते रहे जब तक वह अधमरा ना हो गया। बुरी तरह से पिटने के बाद जब सचिन बिल्कुल बेहोश सा हो गया, उसके बाद सारे हमलावर वहां से भाग गए। इस घटना के बाद सचिन के परिजनों को किसी ने कॉल किया उसके बाद परिजन मौके पर आए और दोपहर लगभग 1:00 बजे दिल्ली पुलिस को कॉल किया। सचिन की हालत बेहद गंभीर थी उसे एम्स ट्रामा सेंटर में ले जाया गया। जहां पर उसे अस्पताल के रेड जोन में रखा गया है। डीसीपी चंदन चौधरी ने इस मामले में बताया कि कार सवार सचिन लोहिया की पिटाई के बाद सभी आरोपी मौके से भाग गए थे।

    पुलिस ने दोनों डैमेज गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में दो आरोपी विक्रांत और प्रभात शर्मा को हिरासत में ले लिया है। इन दोनों से पूछताछ के आधार पर उनके और सहयोगियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम छानबीन कर रही है। घायल शख्स का स्टेटमेंट मेडिकल एग्जामिनेशन के बाद लिया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जो लोग खाकी जैकेट में नजर आ रहे थे, वह अभी तक की जांच में पुलिस वाले नहीं निकले हैं। पकड़े जाने के बाद पता चलेगा कि वह पुलिस में थे या नहीं।

  • पंजाबः आज अमृतसर से चलेगी वंदे भारत ट्रेन, पहले दिन यात्रियों को मिलेगा मुफ्त सफर

    अमृतसरः दिल्ली से अमृतसर के बीच आज से वंदे भारत ट्रेन शुरू होने जा रही है। रेलवे और अमृतसर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां कर ली हैं। इस ट्रेन के कोच दुल्हन की तरह सजकर तैयार हैं। पहले दिन इस गाड़ी में सभी मुसाफिरों को दिल्ली तक मुफ्त सफर करने को मिलेगा। शनिवार सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर यह ट्रेन रवाना होगी। बाकी दिनों में यह ट्रेन अमृतसर से सुबह 8:15 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। आम लोग एक जनवरी 2024 से ही इसमें सफर कर सकेंगे। उद्घाटन समारोह की तैयारियां शुक्रवार देर रात तक अमृतसर रेलवे स्टेशन पर मुकम्मल कर ली गई हैं। वंदे भारत गाड़ी के लिए वॉशिंग लाइन नंबर पांच को तैयार किया गया है।

    बता दें कि अमृतसर से रवाना होकर यह ट्रेन 9:26 बजे जालंधर कैंट, 10.16 बजे लुधियाना, 11.34 बजे अंबाला और 1.30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसके बाद दिल्ली से यह गाड़ी 3:15 बजे रवाना होगी और 8:35 बजे अमृतसर पहुंचेगी। शताब्दी एक्सप्रेस भी रोजाना दिल्ली से अप-डाउन करती है। इस गाड़ी में कुल छह घंटे का समय लगता है जबकि वंदे भारत में यही सफर पांच घंटे 20 मिनट में पूरा होगा। उद्घाटन वाले दिन यानी शनिवार को यह गाड़ी अमृतसर से 11:15 बजे चलकर 11:42 बजे ब्यास, 12:14 बजे जालंधर कैंट, 12:26 बजे फगवाड़ा, 13:04 बजे लुधियाना, 14:23 बजे अंबाला कैंट और 17:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अयोध्या से छह वंदे भारत रेलगाड़ियों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इनमें से एक वंदे भारत रेलगाड़ी अमृतसर से दिल्ली के मध्य चलेगी। इसकी रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटा के करीब होगी। यह गाड़ी सप्ताह में छह दिन चलेगी। शुक्रवार को इस गाड़ी का संचालन नहीं होगा। अमृतसर में उद्घाटन अवसर पर पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित और केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश पहुंचेंगे। रेलवे ने करीब 100 वीआईपी को निमंत्रण भेजा है।

  • पंजाबः सुनील जाखड़ ने दिया सीएम मान के चैलेंज का जवाब

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से पंजाब के झांकियों पर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की फोटो के बयान पर भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने जवाब दिया है। ट्वीट के जरिए सुनील जाखड़ ने सीएम मान के चुनौती वाले बयान का जवाब देते हुए कहा है कि वह अपने बयान पर कायम हैं। अपने एक ट्वीट में उन्होंने लिखा कि भगवंत मान जी, मैंने जो कल कहा था, मैं उस पर कायम हूं, दरअसल आपके सिस्टम की समस्या यह है कि “झूठों को सभी झूठे ही दिखाई देते हैं।”

    जाखड़ के इस पलटवार के बाद झांकी को रिजेक्ट करने के मुद्दा एक बार फिर से गरमा गया है। दरअसल, सीएम मान ने बीते दिन लुधियाना में कहा कि सुनील जाखड़ ने 26 जनवरी को राष्ट्रीय समारोह में पंजाब की झांकी रिजेक्ट होने का कारण केजरीवाल और भगवंत सिंह मान बताया है लेकिन वह साबित करें कि झांकी में उन दोनों की फोटो लगी है। यदि वह साबित कर देंगे तो वह राजनीति छोड़ देंगे। यदि साबित नहीं कर पाए तो पंजाब में न घुसे। मुख्यमंत्री मान ने कहा था कि जाखड़ अभी नए-नए भाजपा में गए है। अभी पूरी तरह से उन्हें झूठ बोलना नहीं आता। बीते दिन जब जाखड़ झूठ बोल रहे थे तो उनके होंठ कांप रहे थे। 

  • गैंगस्टर लखबीर लांडा को आतंकवादी किया घोषित

    नई दिल्ली : गृह मंत्रालय ने कनाडा स्थित गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा को आतंकवादी घोषित कर दिया है। मंत्रालय द्वार दिए गए विवरण के अनुसार, 33 वर्षीय गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा खालिस्तानी समूह बब्बर खालसा इंटरनेशनल से संबंधित है और 2021 में मोहाली में पंजाब पुलिस खुफिया मुख्यालय पर रॉकेट हमले की योजना में शामिल था। लांडा का नाम दिसंबर 2022 में तरनतारन के सरहाली पुलिस स्टेशन पर आरपीजी हमले के साथ-साथ अन्य आतंकवादी गतिविधियों में भी शामिल होने के मामले में सामने आया था।

    कौन है लखबीर सिंह लांडा

    लखबीर सिंह लांडा मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से वह कनाडा में रह रहा है। वह भारत के खिलाफ साजिश रचने में शामिल रहा है। पंजाब पुलिस ने कनाडा स्थित आतंकवादी के करीबी सहयोगियों से जुड़े 48 स्थानों पर छापे मारे थे। यह कार्रवाई एक व्यापारी पर 2 हमलावरों द्वारा हमला किए जाने के बाद हुई। व्यापारी ने कहा था कि उसे किसी ऐसे व्यक्ति का फोन आया जिसने खुद को लंडा हरिके होने का दावा किया और 15 लाख रुपये की मांग की थी।

    छापेमारी के बाद कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। तरनतारण जिले के रहने वाला लखबीर सिंह लांडा पिछले 11 साल से पुलिस के लिए गले की फांस बना हुआ है। वह 2017 में कनाडा भाग गया था और उसपर 18 मामले दर्ज हैं। पंजाब में तरनतारन पुलिस ने गैंगस्टर से नेता बने लक्खा सिधाना और कनाडा में बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह ​​लांडा समेत 11 लोगों के खिलाफ साल 2022 में फिरौती मांगने और बॉर्डर पार से हथियार व ड्रग्स स्मगलिंग का केस दर्ज किया था।

  • घने कोहरे का कहर, 7 राज्यों में बारिश की चेतावनी

    घने कोहरे का कहर, 7 राज्यों में बारिश की चेतावनी

    नई दिल्ली : दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। इन राज्यों के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा पड़ है और कुछ इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम है। इससे आम जनजीवन और सड़क, हवाई और रेल सेवा पर असर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में 5 जनवरी 2024 से ठिठुरन और बढ़ेगी। 11 जनवरी तक कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं मिलेगी।  मिली जानकारी के अनुसार, आज उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान,  हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, असम और त्रिपुरा के कई जगहों पर 31 दिसंबर तक घने कोहरे की स्थिति जारी रहने की संभावना है। 

    मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा 31 दिसंबर से दो जनवरी तक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही केरल और लक्ष्यद्वीप में भी छिटपुट जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, दक्षिणी तमिलनाडु में इस दौरान भारी बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शीत लहर की चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगले दो दिन तक दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में घना से बहुत घना कोहरा रहने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि 30 और 31 दिसंबर को दिल्ली के कुछ कई हिस्सों में शीत लहर की स्थिति होने की आशंका है। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है।

  • आज का राशिफल, 30 दिसंबर 2023

    आज का राशिफल, 30 दिसंबर 2023

    Aaj Ka Rashifal : आज पौष कृष्ण पक्ष की उदया तिथि तृतीया और शनिवार का दिन है। तृतीया तिथि आज सुबह 9 बजकर 44 मिनट तक रहेगी, उसके बाद चतुर्थी तिथि लग जाएगी। आज सुबह 9 बजकर 44 मिनट तक यायीजय योग रहेगा। साथ ही आज पूरा दिन, पूरी रात पार कर के कल सुबह 5 बजकर 42 मिनट तक आश्लेषा नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज संकष्टी श्री गणेश चतुर्थी व्रत किया जाएगा। जानिए कैसा रहेगा आपके लिए 30 दिसंबर 2023 का दिन और किन उपायों से आप ये दिन बेहतर बना सकते हैं। 

    मेष राशि-

    आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आज आपको व्यापार में अच्छा मुनाफा मिलने से आपका मन प्रसन्न रहेगा। जीवनसाथी के साथ आप डिनर पर जा सकते हैं। छात्र आज शिक्षा में आ रही समस्याओं के लिए अपने गुरुजन से बातचीत करेंगे। आपके लिए तरक्की के नए-नए रास्ते खुलेंगे। अगर अपने कहीं पैसा उधार दिया था तो आज वो वापस मिलेगा। लवमेट आज एक दूसरे से अपने मन की बात शेयर करेंगे। आज किसी दोस्त के बर्थडे पार्टी में जायेंगे।

    वृष राशि-

    आज का दिन आपके लिए नयी उमंग से भरा रहने वाला है। आज परिवार में चल रही अनबन से आपको छुटकारा मिल जायेगा। आप किसी व्यक्ति की मदद करेंगे और उनको कुछ आवश्यकता की चीजें भी गिफ्ट करेंगे। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, कॉलेज से मिले प्रोजेक्ट को पूरा करने में दोस्त की मदद मिलेगी। परिवार के किसी सदस्य को सफलता मिलने से घर में ख़ुशी का माहौल बनेगा।

    मिथुन राशि-

    आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आज आपको किसी नए काम में हाथ आजमाने का मौका मिलेगा। परिवार के लोग आज आपसे कुछ खास चीजों की डिमांड कर सकते हैं। आज आप किसी ऐसे व्यक्ति से मिलेंगे, जो आपके रुके हुए कार्यों को पूरा कराने में मददगार साबित होगा। आज किसी कार्य में आपके प्रयत्न सफल रहेंगे। ऑफिस के रुके हुए कार्यों को आज समय से पूरा करने में सफल होंगे। जूनियर सहकर्मी आपसे कुछ सीखना चाहेंगे।

    कर्क राशि-

    आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर पूरा फोकस करना होगा। परिवार में किसी सदस्य के स्वास्थ्य में चल रही समस्या आज समाप्त होगी। आज आप किसी मित्र से मिलने उनके घर जायेंगे। साथ में कहीं घूमने भी जायेंगे। आज आपके कार्यों में माता पिता का सहयोग मिलेगा। व्यापार में कोई बड़ी डील फाइनल होने के योग बने हुये है। ट्रांसपोर्ट का कारोबार कर रहे लोगों को आज अधिक मुनाफा होगा।

    सिंह राशि-

    आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। आज आप माता को उनकी पसंद की कोई चीज गिफ्ट करेंगे। आपको किसी संपत्ति की खरीदारी करते समय उसके जरूरी कागजातो पर ध्यान अवश्य देना चाहिए। प्रापर्टी में निवेश करने के लिए आज का दिन शुभ है। आज आप नया वाहन लेने का मन बनायेंगे। मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों को आज किसी बड़े डॉक्टर के साथ इंटर्न करने का मौका मिलेगा।

    कन्या राशि-

    आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आप अपने बिजनेस की गति बढ़ाने के लिए कुछ नया प्लान बनायेंगे। माता-पिता से आप मन में चल रही कुछ बातों को लेकर बातचीत कर सकते हैं। छोटे बच्चों के लिए आप कोई उपहार लेंगे। जीवनसाथी से आप किसी जरूरी मुद्दे को लेकर बातचीत कर सकते है, उनसे आपको कोई अच्छी सलाह मिलेगी। पहले से चल रही कोई E.M.I आज पूरी हो जाएगी।

    तुला राशि-

    आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहने वाला है। आपका कोई जरूरी काम समय से पूरा हो जायेगा, आप रिलैक्स महसूस करेंगे। किसी नये प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेंगे। राजनीति में हाथ आजमा रहे लोगों को आज किसी बड़े पद की प्राप्ति हो सकती है। परिवार में किसी सदस्य के विवाह में आ रही रूकावट आज दूर होगी। कोई अच्छा रिश्ता फाइनल होगा। शिक्षकों का ट्रान्सफर आज उनके मन-पसंद जगह पर होगा।

    वृश्चिक राशि-

    आज का दिन आपके लिए ख़ास रहने वाला है। आज किसी नए काम की शुरुआत करने के लिए दिन अच्छा है। किसी कानूनी मामले में भी आज आपको जीत मिलने के योग बन रहे है। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर फोकस बनाए रखना होगा। संतान पक्ष से आज आपको कोई शुभ समाचार मिलेगा। घर के सजावट का सामान खरीदने मार्केट जायेंगे। आज आपकी रूचि नये कार्यों को करने में रहेगी, साथ ही कुछ नया सिखने को भी मिलेगा।

    धनु राशि-

    आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। संतान की नौकरी से संबंधित कागजात तैयार करने के लिए भागदौड़ में लगे रहेंगे। ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से आपको गिले-शिकवे दूर करने का मौका मिलेगा। कार्य क्षेत्र में आज आपको मनपसंद काम मिलने से आप प्रसन्न रहेंगे। इस राशि के विद्यार्थियों के लिए आज का दिन अच्छा है। परिवार के साथ आज किसी धार्मिक स्थल पर भगवान के दर्शन करने जायेंगे। आज आप घर के जरुरत का इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदेंगे।

    मकर राशि-

    आज आपके दिन की शुरुआत अच्छी रहने वाली है। आपका किसी नए वाहन को खरीदने का सपना आज पूरा होगा। आप आज किसी से अपने मन की बातों को शेयर करोगे और वह आपकी बातों को अहमियत देगा। संतान की ओर से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है। बिजनेस की गति बढ़ने से आपको अधिक धन लाभ होगा। साथ ही अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए नया प्लान भी बनायेंगे।

    कुंभ राशि-

    आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज का दिन तरक्की के नये-नये मार्ग खोलेगा। छात्रों को जल्द ही सफलता हासिल होगी। प्राइवेट जॉब कर रहे लोगों को आज प्रमोशन मिल सकता है। परिवार के सदस्यों के साथ आप किसी मांगलिक उत्सव में सम्मिलित हो सकते हैं। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, कहीं घूमने जायेंगे। आज आपका दाम्पत्य जीवन बेहतरीन रहने वाला है। छात्र आज कंप्यूटर कोर्स ज्वाइन करने का मन बनायेंगे।

    मीन राशि-

    आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आज आप व्यापार के मामले में किसी पर आंख मूंदकर भरोसा ना करें। यदि आपने पहले किसी को पैसा उधार दिए थे, तो आज वो वापस मिलेगा। आज आपको किसी से बात करते समय मीठी भाषा का प्रयोग करना चाहिए। आज आप अपने बढ़ते खर्च को नियंत्रण करने का प्लान बनायेंगे। दाम्पत्य जीवन में नयी-नयी खुशियाँ आने से आपका मन प्रसन्न रहेगा।