Blog
-

अलग अलग मामलों में मुकद्दमे दर्ज
ऊना/सुशील पंडित: थाना सदर ऊना में मारपीट का एक मामला दर्ज हुआ है। रणजीत सिंह पुत्र रतन चन्द निवासी सुनेहरा, तहसील व जिला ऊना की शिकायत पर पजींकृत मामले में शिकायतकर्ता ने बताया है कि किशोरी लाल, सन्तोष कुमारी, कौशल्या, प्रदीप कुमार, बबलु राम, पिंकी व हरपाल ने जमीनी विवाद के कारण उस पर और उसके भाई के साथ मारपीट और झगड़ा किया। झगड़े में शिकायतकर्ता और उसके परिवार वालों को कई चोटें आई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत की विनह पर उपरोक्त लोगों के विरुद्ध थाना सदर ऊना में केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जुए जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। शनिवार को थाना सदर पुलिस ने धारा 13ए-3-67 जुआ अधिनियम के तहत एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक ऊना की ट्रक युनियन के पास मोहित शर्मा निवासी आर्य नगर ऊना के कब्जा से पर्ची दडड़ा सटटा व 1520/- रुपये बरामद किए गए। जिसके बाद उसके विरुद्ध जुआ अधिनियम के अन्तर्गत केस दर्ज कर कार्रवाई जारी है।ऊना सदर थाने में आईपीसी की धारा 452,427,504, 506,34 के अंतर्गत वलजिन्द्र सिंह पुत्र हरमेश सिंह निवासी मलूकपुर जिला ऊना और जिन्दों पुत्र वलदेव सिंह निवासी पलासी जिला रोपड़ पंजाब के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता गुरदीप कौर निवासी मलूकपुर जिला ऊना ने अपनी शिकायत में बताया कि शनिवार को वह अपने परिवार सहित घर पर मौजूद थी तो वलजिन्द्र सिंह और जिन्दों व अन्य व्यक्ति घर के अन्दर आये तथा उसके व परिवार के सदस्यों से गाली गलौच व लड़ाई झगड़ा करने लगे। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।जिला पुलिस ऊना द्वारा यातायात के नियमों की अवहेलना करने पर कुल 208 चालान किये गए। जिनमें से 19 चालान का मौका पर ही निपटारा करके जुर्माने के रूप में कुल 10,500/- रूपये प्राप्त किये गये हैं। वहीं सार्वजनिक स्थान पर धुम्रपान करने पर 34 व्यक्तियों के चालान धुम्रपान निषेध अधिनियम के अंतर्गत किए गए। जुर्माने में 3500/- रूपये प्राप्त किये गए हैं। -

इतना बड़ा भंडारा कि दांतों तले उंगली दबा लेंगे, बना रहा JCB-मिक्सर में खाना
भिंडः इन दिनों मध्य प्रदेश के भिंड जिले से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं उसे देखकर हर कोई हैरान रह सकता है। यहां पर इतना बड़ा भंडारा हो रहा है कि इसका खाना बनाने में जेसीबी और बुलडोजर का उपयोग किया जा रहा है।

दरअसल, यह भंडारा मध्य प्रदेश के भिंड जिले में स्थित दंदरौआ धाम में हो रहा है। यहां इन दिनों ‘सियपिय’ मिलन समारोह आयोजित किया गया है। इस समारोह में बागेश्वर धाम के महाराज पंडित धीरेंद्र शास्त्री भी उपस्थित रहते हैं और वे कथा सुना रहे हैं। इस आयोजन के दौरान जो श्रद्धालु प्रतिदिन यहां पहुंच रहे हैं उनके लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस भंडारे के बारे में रोजाना लाखों श्रद्धालुओं का भोजन बनाया जाता है। इसके लिए यहां 700 हलवाई और करीब 10 हजार स्वयंसेवक लगे हुए हैं। हलवाइयों की रात दिन की शिफ्ट लगी हुई है। हालत यह है कि खाने को बनाने के लिए भंडारे में जेसीबी मशीन से लेकर बुलडोजर और कंक्रीट मिक्सर तक का उपयोग किया जा रहा है।

भंडारे में सुबह 20 क्विंटल पोहा और 8 क्विंटल सूजी का उपयोग करते हुए सुबह का नाश्ता तैयार किया जा रहा है। वहीं दोपहर के भंडारे में सब्जी, पूड़ी और मालपुआ परोसा जा रहा है। यहां की बड़ी से किचन में गंगा और जमुना नाम के दो बड़े कड़ाहे हैं। जिनमें 20 क्विंटल आलू की सब्जी बनती है। इसे जेसीबी मशीन की मदद से ट्रॉली में डाला जाता है। यही से तस्वीरें वायरल हुई हैं।
फिलहाल इस भंडारे को कई कारणों से याद किया जा रहा है। इतने विशाल भंडारे में इतना ज्यादा भोजन तैयार होना एक बात है लेकिन हलवाइयों द्वारा जेसीबी मशीन और सीमेंट कंक्रीट मिक्सर का उपयोग किया जा रहा है, यह चर्चा का विषय बना हुआ है। इसकी कई तस्वीरें भी सामने आई हैं।
-

पंजाबः कांग्रेसी पार्षद के खिलाफ FIR दर्ज, जाने क्या है मामला….
जगराओं। जगराओं के कांग्रेसी पार्षद रमेश कुमार उर्फ रमेश कुमार उर्फ मेशी निवासी मोहल्ला रानीवाला खूह के खिलाफ फूड एंड एलाइड वर्कर्स यूनियन के सदस्यों द्वारा दी गई शिकायत पर 8.10 लाख रुपये की ठगी मारने के आरोप में थाना सिटी जगराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
बस अड्डा पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआइ गुरसेवक सिंह ने बताया कि रामनाथ निवासी अगवाड ख्वाजा बाजू नजदीक नई गोशाला जगराओं तथा फूड एंड एलाइड वर्कर्स यूनियन के सदस्यों द्वारा दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि रमेश कुमार उर्फ मेशी सहोता द्वारा लेबर का काम लेने के बाद लेबर के पैसे नहीं दिए गए।
इस शिकायत की पड़ताल थाना सिटी के प्रभारी इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह द्वारा की गई। शिकायत की जांच के बाद पार्षद रमेश कुमार उर्फ मेशी सहोता पर लेबर के लाखों रुपए हड़प करने की नियत से धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
-

पंजाबी सिंगर पर FIR दर्ज, जाने मामला
लुधियाना: पुलिस ने हथियारों को प्रमोट करने वाले एक और गीत ’32 बोर’ को लेकर पंजाबी सिंगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गायक का नाम तारी कासापुरिया बताया जा रहा है, जो पंजाब सरकार की हिदायतों के बावजूद हथियारों को प्रमोट करने वाले अपने गीत को लेकर घिर गया है और लुधियाना पुलिस ने उक्त सिंगर के खिलाफ केस दर्ज किया है। बता दें कि पंजाब सरकार हथियारों को प्रमोट करने वाले गानों पर बैन लगा चुकी है। हाल ही में सरकार की ओर से सीधी-सीधी चेतावनी दी गई थी कि अगर कोई सिंगर हथियारों को लेकर गोई गाना गाता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
-

नशीली गोलियों समेत युवक गिरफ्तार
जालंधर/वरुण: जालंधर में देहात पुलिस ने एक युवक को नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार कर किया है। गिरफ्तार किया गया युवक पेशेवर अपराधी है। पकड़े गए नशा तस्कर पर पहले भी चोरी का एक और नशा तस्करी के पांच मामले पुलिस थाना लांबड़ा और मकसूदां में दर्ज हैं। इस बार भी यह नशीली गोलियों की सप्लाई किसी को देने जा रहा था कि रास्ते में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
सब डिवीजन करतारपुर के डीएसपी सुरिंद्रपाल धोगड़ी ने बताया कि पुलिस थाना लांबड़ा का स्टाफ सब इंस्पेक्टर जीत सिंह के नेतृत्व में रोजाना की तरह लांबड़ा से वडाला की तरफ गश्त पर था। वड़ाला के पास जब पुलिस पार्टी गांव बाजड़ां की तरफ मुड़ी तो उन्हें सामने से एक युवक आता हुआ दिखाई दिया।
गश्त पर निकली पुलिस पार्टी को देखकर युवक ने पीछे मुड़कर एकदम भागना शुरू कर दिया। उसने अपने हाथ में एक काले रंग का लिफाफा भी पकड़ा हुआ था। भागते समय इसने लिफाफा भी फेंक दिया और भागता रहा। पुलिस को इस पर शक हुआ कि कोई अराजक तत्व है जो पुलिस को देखकर भाग रहा है।
पुलिस ने युवक का पीछा कर दबोचा
इस पर पुलिस ने युवक का पीछा शुरू कर दिया और उसे धर दबोचा। जो लिफाफा युवक ने फेंका था वह भी रिकवर कर लिया। जब लिफाफे को खोलकर देखा तो उसमें नशीली गोलियां थी। लिफाफे में से पचास नशीली गोलियां पुलिस को मिली। पकड़ने के बाद जब उसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम हरप्रीत लाल उर्फ हैप्पी निवासी गांव मलको (लांबड़ा, जालंधर) बताया।
वह खुद नशे का आदी है
हालांकि युवक ने कहा कि वह खुद नशे का आदी है और अपने लिए नशीली गोलियां खरीद कर लाया था, लेकिन पुलिस के शक है कि नशे की गोलियां किसी को सप्लाई करने के लिए जा रहा था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवक से पूछताछ की जा रही है कि वह कहां से गोलियां लेकर आया था और कहां पर देने के लिए जा रहा था।
-

अस्पताल के बाथरूम में बेहोश मिली नाबालिग लड़की, दुष्कर्म की आशंका
बांदा। जिला अस्पताल में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब इलाज के लिए भर्ती कराई गई नाबालिग लड़की बाथरूम में बेहोश मिली। शरीर के निचले हिस्से में वस्त्र न होने और किसी पुरुष का अंडरगारमेंट पड़ा मिलने से दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से अस्पताल में अफरा तफरी मच गई है। ट्रेन में बेहोश मिली किशोरी को जीआरपी ने इलाज के लिए भर्ती कराया था।
बांदा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को महाकौशल एक्सप्रेस में 15 वर्षीय किशोरी बेहोशी की हालत में मिली थी। जीआरपी ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार की सुबह वह संदिग्ध परिस्थितियों में अस्पताल के बाथरूम में बेहोश पड़ी मिली। मानसिक मंदित किशोरी के शरीर में निचले हिस्से में कपड़े नहीं थे और पास में ही किसी पुरुष का अंडरगारमेंट पड़ा था। इससे दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल में अफरा तफरी मच गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की है। किशोरी की सुरक्षा के लिए महिला कांस्टेबल और होमगार्ड को तैनात किया गया है। सीओ सिटी अंबुजा त्रिवेदी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। मेडिकल परीक्षण के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किशोरी का उपचार चल रहा है, उसके होश में आने के बाद पूछताछ की जाएगी।
-

हाईवे पर बड़ा हादसाः बस पलटने से कई घायल
महारष्ट्रः महाराष्ट्र में रायगढ़-मुंबई पुणे हाईवे पर बस पलटने से हादसा हो गया। खोपोली के पास बोरघाट के सैमल में बस पलट गई। हादसे के वक्त बस में ड्राइवर समेत 18 लोग सवार थे। हादसे में 7 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। जबकि एक यात्री गंभीर हालत में है।
सभी घायलों को इलाज के लिए खोपोली नगर अस्पताल में भेजा गया है। यह दुर्घटना तब हुई जब कार्ला एकवीरा दर्शन के लिए गए मुंबई चेंबूर में बने जवाहर विद्या भवन स्कूल के टीचर्स और नॉन टीचिंग स्टाफ बस में सवार होकर वापस लौट रहे थे।
-

आम जनता को महंगाई का झटका, दूध के बढ़े दाम
नई दिल्ली. दिल्ली-एनसीआर वालों को महंगाई का एक और झटका लगा है. दरअसल, दूध कंपनी मदर डेयरी ने दूध के दाम में बढ़ोतरी का एलान किया है. कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में फुल क्रीम दूध का दाम एक रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिया है. टोकन वाले दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि. नई दरें सोमवार (21 नवंबर) से लागू होंगी.
-

डेरा प्रेमी मर्डर केस: AGTF और शूटर हुड्डा के बीच चली मुठभेड़, एनकाउंटर कर किया काबू
जयपुर: डेरा प्रेमी हत्याकांड में इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। हत्याकांड में शामिल छठे शूटर राज हुड्डा को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि हत्याकांड के बाद से ही एजीटीएफ की तरफ से राज्य के बाहर लगातार छापेमारी कर राज हुड्डा को काबू करने की कोशिश की जा रही थी।

जिसके बाद आज राजस्थान के जयपुर में एनकाउंटर कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसकी जानकारी एडीजीपी प्रमोद बान ने दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने एक सफल ऑपरेशन में फरीदकोट के डेरा प्रेमी हत्याकांड में मुख्य शूटर को जयपुर से गिरफ्तार किया है। राज हुड्डा को एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है जिसमें वह घायल हो गया है। इसका साथ ही उन्होंने पंजाब पुलिस और एजीटीएफ के अधिकारियों के काम की सहारना की है।
-

इस उद्योगपति के घर आई खुशिया, बेटी ने दिया जुड़वां बच्चों को जन्म
मुंबई: देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी नाना बन गए हैं। उनकी बेटी ईशा ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है। अंबानी परिवार और पीरामल परिवार की ओर से जारी सूचना में ये बताया गया है कि ईशा अंबानी ने 19 नवंबर 2022 को जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है जिसमें एक बेटा और एक बेटी है। अंबानी परिवार ने लोगों के साथ इस खुशी को साझा करने के लिए प्रेस रिलीज भी जारी की है।
जिसमें बताया गया है कि हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे बच्चों ईशा और आनंद को 19 नवंबर 2022 को भगवान ने जुड़वां बच्चों का आशीर्वाद दिया है. ईशा और बच्चे, बच्ची आदिया और बच्चा लड़का कृष्णा अच्छे हैं। हम आदिया, कृष्णा, ईशा और आनंद के लिए उनके जीवन के इस सबसे महत्वपूर्ण चरण में आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं।