Blog

  • IIT के कैंपस में भरा पानी, छात्राओं ने हॉस्टल परिसर में चलाई नाव, वीडियो वायरल

    IIT के कैंपस में भरा पानी, छात्राओं ने हॉस्टल परिसर में चलाई नाव, वीडियो वायरल

    रुड़कीः हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र में हुई मूसलधार बारिश का असर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के परिसर में भी देखने को मिला। मूसलधार बारिश के चलते आईआईटी कैंपस में जगह-जगह भारी जलभराव हो गया। हालांकि, इस जलभराव के बीच आईआईटी के छात्र-छात्राओं का एक अनोखा और मजेदार अंदाज भी सामने आया। बारिश के कारण संस्थान का हॉकी मैदान, गेट नंबर 10, विज्ञान भवन और कई छात्रावास में सड़कें पानी में डूब गईं।

    इसी बीच एक गर्ल्स हॉस्टल के परिसर में इतना पानी जमा हो गया कि वहां जलभराव ने छोटे तालाब का रूप ले लिया। इसी बीच छात्रों ने भरे पानी में नाव उतार दी और हॉस्टल के बाहर बोटिंग कर बारिश का आनंद लिया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हरिद्वार जिले में हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव, घरों में पानी घुसने और कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने जैसी स्थिति बनी। इसका असर IIT रुड़की परिसर में भी देखने को मिला। कैंपस में पानी भरने के बाद छात्रों ने एक नाव की व्यवस्था की और छात्रावास के बाहर जमा पानी में उसे चलाना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद अन्य छात्र भी बारिश का आनंद लेते नजर आए।

    इसी दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वायरल वीडियो पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स छात्रों की इंजीनियरिंग सोच और जुगाड़ की तारीफ कर रहे हैं। वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि IIT रुड़की में अब इंजीनियरिंग के साथ-साथ बोटिंग की भी प्रैक्टिकल क्लास शुरू हो गई है। वीडियो केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बना, बल्कि उसने कैंपस में जलभराव की स्थिति भी सामने रखी। मानसून की पहली बारिश में परिसर के कई हिस्सों में पानी भर गया था। छात्रों ने इसी स्थिति को सकारात्मक अंदाज में लेते हुए उसे यादगार अनुभव में बदल दिया।

     

  • Punjab News: पावन स्वरूपों को कंटेनरों से विदेश भेजने के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब को सौंपा मांग पत्र, देखें वीडियो

    Punjab News: पावन स्वरूपों को कंटेनरों से विदेश भेजने के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब को सौंपा मांग पत्र, देखें वीडियो

    अमृतसरः गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूपों को कंटेनरों के माध्यम से कनाडा के सूरी शहर भेजे जाने के मामले को लेकर ‘आवाज़-ए-कौम’ संगठन के नेताओं ने आज श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचकर जत्थेदार साहिब को मांग पत्र सौंपा। संगठन ने इस मामले को गंभीर बताते हुए इससे जुड़े जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त धार्मिक और कानूनी कार्रवाई की मांग की। संगठन के नेता हरजिंदर सिंह ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूपों को कंटेनरों के माध्यम से विदेश भेजना सिख मर्यादा और सिद्धांतों के विपरीत है।

    उन्होंने दावा किया कि इस घटना के कारण सिख कौम में भारी रोष पाया जा रहा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन ने जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब से शिकायत करके मांग की है कि इस घटना से जुड़े हर व्यक्ति की जिम्मेदारी तय की जाए और श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सिख संगत श्री अकाल तख्त साहिब के फैसलों को सर्वोच्च मानती है, इसलिए इस मामले में सख्त रुख अपनाना समय की जरूरत है। हरजिंदर सिंह ने दावा किया कि सूरी में 200 से अधिक स्वरूप भेजे गए हैं, जबकि वहां इतनी संख्या में स्वरूपों की आवश्यकता नहीं थी।

    उन्होंने कहा कि सूरी के प्रमुख गुरुद्वारों में पहले ही बड़ी संख्या में गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप मौजूद हैं और स्थानीय संगत द्वारा भी इस मामले पर आपत्ति जताई गई है। उन्होंने दावा किया कि लंबे समय तक कंटेनरों में समुद्री रास्ते सफर के दौरान पावन स्वरूपों के सम्मान और मर्यादा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब जी की सुख-आसन और सेवा सिख मर्यादा के अनुसार होनी चाहिए, न कि उन्हें आम माल की तरह कंटेनरों में भेजा जाए। आवाज़-ए-कौम के नेताओं ने कहा कि वे इस मामले में श्री अकाल तख्त साहिब से सख्त हस्तक्षेप की उम्मीद करते हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि संगठन इस मामले को अंत तक उठाता रहेगा।

  • Punjab News: Civil Hospital के Blood Bank में 25 यूनिट रक्त हुआ खराब, कंपनी को भेजा नोटिस, देखें वीडियो

    Punjab News: Civil Hospital के Blood Bank में 25 यूनिट रक्त हुआ खराब, कंपनी को भेजा नोटिस, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः जिले के सिविल अस्पताल गुरदासपुर में 25 यूनिट रक्त खराब होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक में नया फ्रिज मंगवाया गया था, जिसमें तकनीकी खराबी होने के कारण 25 यूनिट रक्त खराब हुआ है। इस मामले को लेकर सिविल अस्पताल द्वारा कंपनी को नोटिस भेजा गया है।

    ब्लड बैंक की इंचार्ज डॉ. पूजा खोसला ने बताया कि रात के समय ब्लड स्टोरेज फ्रीजर में तकनीकी खराबी आ गई थी। फ्रीजर ने कोई अलर्ट या इंडिकेशन नहीं दिया, जिसके कारण समय रहते समस्या का पता नहीं चल सका और उसमें रखा 25 यूनिट रक्त उपयोग के योग्य नहीं रहा।

    डॉ. पूजा खोसला के अनुसार, खराब हुए रक्त को बायोमेडिकल वेस्ट प्रोटोकॉल के तहत नष्ट (डिस्ट्रॉय) कर दिया गया, ताकि किसी मरीज को गलती से वह रक्त न चढ़े और संक्रमण का कोई खतरा न रहे। वहीं उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल के सीनियर मेडिकल अफसर द्वारा कंपनी को नोटिस भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित रक्तदान शिविरों के कारण ब्लड बैंक में इस समय लगभग 50 यूनिट रक्त उपलब्ध है। जरूरतमंद मरीज निर्धारित प्रक्रिया के तहत ब्लड बैंक से रक्त प्राप्त कर सकते हैं।

     

  • फिल्मी स्टाइल में रेस्टोरेंट के कर्मी को बंद कर नगदी लेकर शातिर चोर फरार, देखें वीडियो

    फिल्मी स्टाइल में रेस्टोरेंट के कर्मी को बंद कर नगदी लेकर शातिर चोर फरार, देखें वीडियो

    रुड़की: हरिद्वार के रुड़की में एक रेस्टोरेंट में ग्राहक बनकर आए शातिर चोर फिल्मी अंदाज में घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में नीलम टॉकीज के पास स्थित साउथ फ्यूजन रेस्टोरेंट की है। बताया गया कि वारदात के समय रेस्टोरेंट का मैनेजर सामान लेने बाहर गया हुआ था। इसी दौरान एक युवक रेस्टोरेंट में ग्राहक बनकर पहुंचा।

    आरोपी ने इडली का ऑर्डर देकर कर्मचारी को किचन की ओर भेज दिया। जैसे ही कर्मचारी किचन में दाखिल हुआ तो उक्त युवक ने किचन का दरवाजा बंद कर दिया और काउंटर में लगे गल्ले से 25 से 30 हजार रुपये की नकदी निकालकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित रेस्टोरेंट मालिक ने पुलिस को शिकायत दे दी है और पुलिस से अज्ञात चोर की तलाश के लिए गुहार लगाई है। घटना के कुछ देर बाद जब रेस्टोरेंट स्वामी तपेश शर्मा वहां पर पहुंचा तो उसने देखा कि किचन से कर्मचारी की चिल्लाने की आवाज आ रही है। जिसके बाद उसने किचन का दरवाजा खोला।

    जब उनकी काउंटर पर नजर पड़ी तो गल्ले में रखे सारे पैसे गायब थे। जिसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, तो पूरा घटनाक्रम साफ तौर पर दिखाई दिया। रेस्टोरेंट स्वामी तपेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने अज्ञात चोर द्वारा की गई रकम रेस्टोरेंट का किराया देने के लिए रखी हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने वारदात से पहले करीब 45 मिनट तक रेस्टोरेंट में बैठकर गतिविधियों पर नजर रखी। उसने कैश से भुगतान कर यह भी समझ लिया था कि रुपए गल्ले में कहां रखे जाते हैं, जिसके बाद उसने घटना को अंजाम दिया। वहीं एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

     

     

     

  • बसों में सवार किसानों का प्रदर्शन, भारी पुलिस फोर्स तैनात, नेता उगराहां का आया बयान, देखें वीडियो

    बसों में सवार किसानों का प्रदर्शन, भारी पुलिस फोर्स तैनात, नेता उगराहां का आया बयान, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान सेक्टर-34 के रैली ग्राउंड में एकत्र हुए। इसके बाद किसान बसों में सवार होकर सेक्टर-17 स्थित मटका चौक की ओर रवाना हुए, जहां वे प्रदर्शन के तहत चक्कर लगाएंगे। मामले की जानकारी देते हुए किसान नेता उगराहां ने कहाकि वह मटका चौक पर जाएंगे। जिसके बाद सभी किसान वापस सेक्टर-34 के रैली ग्राउंड में पहुंचेंगे। इसके बाद 3 बजे तक संयुक्त किसान मोर्चा के नेता किसानों को संबोधित करेंगे और अपनी अगली रणनीतियों की घोषणा कर सकते हैं।

    उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ प्रदर्शन किए जाने को लेकर बातचीत हुई है, लेकिन मसले को हल करके के लिए केंद्र सरकार से अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। किसानों के मार्च को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रैली के रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और यातायात को सुचारू रूप से चलाया जा सके। चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर खुद मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। पुलिस द्वारा ट्रैफिक को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि आम लोगों को कम से कम दिक्कत का सामना करना पड़े।

    दरअसल, संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता भारतीय कृषि, डेयरी और छोटे उद्योगों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। किसानों का आरोप है कि इसके लागू होने से सस्ते विदेशी कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में आएंगे, जिससे किसानों की आमदनी पर असर पड़ेगा। इसके साथ ही किसान पंजाब सरकार की नई भूमि पूलिंग नीति का भी विरोध करेंगे। उनका कहना है कि यह नीति किसानों के हितों के खिलाफ है और इससे कृषि भूमि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक जाम और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। जिन लोगों को इस समय के दौरान इन इलाकों से गुजरना है, वे अपनी यात्रा पहले से योजना बनाकर करें।

  • Punjab News: अब होगी मुफ्त डॉक्टरी जांच, घर-घर इलाज पहुंचाएगी Mobile Medical Van, राज्यपाल दिखाएंगे हरी झंडी, देखें वीडियो

    Punjab News: अब होगी मुफ्त डॉक्टरी जांच, घर-घर इलाज पहुंचाएगी Mobile Medical Van, राज्यपाल दिखाएंगे हरी झंडी, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के गरीब और स्लम इलाकों में रहने वाले लोगों को घर के पास मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से भवंज हेल्थ केयर ऑन विलेज द्वारा ‘हेल्थ केयर ऑन व्हील्स’ (मोबाइल अस्पताल) सेवा की शुरुआत की जा रही है। इस मोबाइल मेडिकल वैन को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया कल शाम 5:30 बजे भवन आश्रम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भवंज हेल्थ केयर ऑन व्हील्स के प्रबंधकों ने बताया कि संस्था का सपना था कि शहर के उन स्लम इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं जहां गरीब लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी दूर जाना पड़ता है।

    इस मकसद के लिए विशेष तौर पर मोबाइल मेडिकल वैन तैयार की गई है, जिसमें एक फिजिशियन डॉक्टर, एक डेंटल डॉक्टर, डेंटल मशीन और जरूरी दवाओं की व्यवस्था की गई है। प्रबंधकों के मुताबिक शुरुआती चरण में तीन स्लम इलाकों का चयन किया गया है। यह मोबाइल वैन हफ्ते में दो दिन हर इलाके में जाकर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोगों की जांच करेगी और जरूरी दवाएं मुफ्त मुहैया कराएगी। इस सेवा के लिए किसी भी मरीज से कोई फीस नहीं ली जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले लगाए जाने वाले मेडिकल कैंपों के दौरान लोगों द्वारा नियमित इलाज की जरूरत महसूस कराई जाती थी।

    इसी कारण यह विचार आया कि एक ऐसी मोबाइल सेवा शुरू की जाए जो निर्धारित दिनों पर नियमित रूप से इलाकों में पहुंचे, ताकि मरीजों की फॉलो-अप जांच और इलाज लगातार जारी रह सके। प्रबंधकों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कोई अस्थायी योजना नहीं, बल्कि स्थायी सेवा है। उन्होंने कहा कि यदि यह प्रयास सफल रहता है तो भविष्य में और मोबाइल वैनें भी शुरू करके अधिक स्लम इलाकों को इस सेवा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भवन आश्रम स्थित सीनियर सिटीजन होम और मानसिक रूप से विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए चलाए जा रहे स्कूल का दौरा भी करेंगे। इसके बाद वह ‘हेल्थ केयर ऑन व्हील्स’ मोबाइल अस्पताल को हरी झंडी दिखाकर जनसेवा के लिए रवाना करेंगे।

  • Punjab News: संदिग्ध इलाको में भारी पुलिस फोर्स का एक्शन, नशीले पदार्थ, हथियार सहित 199 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: संदिग्ध इलाको में भारी पुलिस फोर्स का एक्शन, नशीले पदार्थ, हथियार सहित 199 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    लुधियानाः पुलिस द्वारा गलत तत्वों के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत ऑपरेशन प्रहार 3.0 के तहत आज कार्यवाही शुरू की गई। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि आज सुबह 4 बजे ऑपरेशन प्रहार के तहत 400 पुलिस मुलिजम और सीनियर पुलिस अधकारियों द्वारा संदिग्ध इलाकों में कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान 199 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं 44 एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, नशीली गोलियां और हथियार बरामद किए गए हैं।

    इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए डीसीपी हरपाल सिंह ने कहा कि पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 3.0 के अंतर्गत ही 199 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है और यह अभियान विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया था। इस दौरान लगभग 141 ग्राम हेरोइन, 3 वेपन, 10 ग्राम आइस और 217 नशीली गोलियां बरामद की गई है। अधिकारी ने कहाकि अभी ऑपरेशन प्रहार जारी है। ऐसे में कार्रवाई के दौरान अन्य नशीला सामान बरामद किया जा सकता है। अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई इसी तरह से जारी रहेगी।

  • सुनार की दुकान से 10 सेकंड में सुपर चोरनी ने किए 400 ग्राम गहने गायब, देखें CCTV

    सुनार की दुकान से 10 सेकंड में सुपर चोरनी ने किए 400 ग्राम गहने गायब, देखें CCTV

    हमीरपुरः मौदहा कस्बे की तहसील रोड स्थित पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास ज्वेलरी शॉप से चांदी की पायल का जोड़ा चोरी होने की घटना सामने आई है। दरअसल, दुकान पर शातिर महिला ग्राहक बनकर आई और घटना को अंजाम देकर फरार हो गई। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रामअवतार सोनी की ज्वेलरी शॉप संचालक के बेटे राहुल सोनी ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे एक महिला अपनी बेटी के साथ दुकान पर आई थी।

    महिला ने राहुल से चांदी की पायल दिखाने को कहा और लगभग 45 मिनट तक अलग-अलग डिज़ाइन की पायलें देखती रही। इसी दौरान उसने मौका पाकर पायल का 400 ग्राम का एक जोड़ा अपने कपड़ों में छिपा लिया और बाद में उसे ब्लाउज में रख लिया। कुछ देर बाद महिला बिना कुछ खरीदे अपनी बेटी के साथ दुकान से चली गई। पीड़ित ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में पुलिस को दे दी है।

    वहीं पुलिस ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उसके साथ घटना में शामिल लड़की की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि पीड़ित के तहरीर पर आरोपी महिला और उसके साथ आई लड़की के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश की जा रही है। चोरी की वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दुकानदार सोनी ने बताया कि एक महिला एक अन्य लड़की के साथ दुकान पर पिछले दिनों आई थी। दुकान पर मौजूद कारोबारी के बेटे राहुल सोनी ने उन्हें चांदी की पायलें दिखाना शुरू किया।

  • Punjab News: आटा चक्की में घुसकर सरपंच पति पर आरोपी ने तानी राइफल, केस दर्ज, देखें वीडियो

    Punjab News: आटा चक्की में घुसकर सरपंच पति पर आरोपी ने तानी राइफल, केस दर्ज, देखें वीडियो

    लुधियानाः थाना सदर के अधीन आते गांव ललतों खुर्द में वोटों की राजनीति और पुरानी रंजिश के चलते व्यक्ति ने सारी हदें पार कर दी। दरअसल, गांव की मौजूदा सरपंच के पति (जो खुद भी एक चुने हुए पंचायत सदस्य हैं) की आटा चक्की में घुसकर व्यक्ति ने उस पर सरेआम लोडेड राइफल तान दी। दिनदहाड़े हुई गुंडागर्दी से गांव के लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी और पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार गांव ललतों खुर्द के रहने वाले 48 वर्षीय दिलराज सिंह गांव के मौजूदा पंचायत सदस्य हैं,जबकि उनकी पत्नी गांव की सरपंच हैं।

    7 जुलाई की दोपहर, दिलराज अपनी आटा चक्की पर रोजमर्रा का काम कर रहे थे। तभी गांव का ही रहने वाला 48 वर्षीय अमर सिंह आगबबूला होते हुए हाथों में राइफल लेकर चक्की के अंदर घुस गया। आरोपी अमर सिंह के सिर पर वोटों की रंजिश के चलते आते ही दिलराज सिंह को भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं। एफआईआर के मुताबिक अमर सिंह ने सीधे दिलराज के सीने की तरफ राइफल तानते हुए खुलेआम धमकी दी, तू कैसे वोट बनाएगा? अगर तूने वोट बनाए या बांटे,तो मैं तुझे सीधी गोली मार दूंगा। आरोपी किसी भी पल ट्रिगर दबा सकता था। लेकिन किस्मत अच्छी थी कि मौके पर गांव के ही एक अन्य पंचायत सदस्य परमजीत सिंह और कुछ अन्य लोग मौजूद थे।

    उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत अमर सिंह को दबोच लिया और राइफल की नली का मुंह दिलराज की तरफ से हटा दिया। वहां मौजूद लोगों और साथी पंच परमजीत सिंह ने अमर सिंह को काफी समझाने की कोशिश की, वह अचानक लोगों के चंगुल से छूटा और दिलराज की तरफ झपट पड़ा। उसने अपनी राइफल के भारी बट से दिलराज पर जोरदार वार किया। इसके बाद आरोपी वहां से गालियां बकता हुआ और जान से मारने की धमकियां देता हुआ फरार हो गया। थाना सदर पुलिस ने 9 जुलाई को आरोपी अमर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 115(2), और 351(2,3) के तहत (FIR नंबर 184) मामला दर्ज किया है।फिलहाल मामले की जांच हवलदार गुरदीप सिंह को सौंपी गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

     

     

     

  • जमीनी विवाद को लेकर 2 पक्षों में जमकर चले लात घूंसे, कई घायल, देखें वीडियो

    जमीनी विवाद को लेकर 2 पक्षों में जमकर चले लात घूंसे, कई घायल, देखें वीडियो

    देवरियाः उतर प्रदेश के देवरिया में स्थित गांव पड़री मठ में जमीन के विवाद में 2 पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी झड़प में तबदली हो गया। दोनों में पक्षों में जमीनी विवाद को लेकर जमकर लात घूंसे और लाठियां चली। इस मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं घटना की सूचना गौरीबाजार थाने की पुलिस की दी गई।

    पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज करके बनती कार्रवाई की जा रही है। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि पहले दोनों पक्षों में जमीनी विवाद को लेकर बातचीत चल रही है। इस दौरान अचानक दोनों पक्षों के लोग हाथापाई करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर, लात-घूंसे और लाठियों से हमला किया गया। घटना के दौरान दोनों पक्षों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों पक्षों के लोग जान बचाने के लिए भागने लगे।