Blog

  • बड़ी खबरः केजरीवाल सरकार को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

    बड़ी खबरः केजरीवाल सरकार को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

    नई दिल्ली: दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने दिल्ली जल बोर्ड केस में दिल्ली सरकार के प्रिंसिपल सेक्रेट्री को फंड रिलीज करने का आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली जल बोर्ड को भी नोटिस जारी किया है। अदालत ने जल बोर्ड ने बकाया राशि की डिटेल मांगी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 10 अप्रैल को होगी। इस मामले में आप सरकार ने कोर्ट में याचिका दायर की है। आप ने अपनी याचिका में कहा है कि दिल्ली विधानसभा द्वारा बजट में मंजूरी मिलने के बाद भी दिल्ली जल बोर्ड को विकास कार्य के लिए बजट जारी नहीं किया जा रहा है।

    सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में अब दिल्ली जल बोर्ड को निर्देश दिए हैं कि वह बकाया रकम के बारे में विस्तृत जानकारी पेश करे। इससे पहले इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार के प्रिंसिपल सेक्रेट्री को फंड जारी न करने का कारण पूछा था। शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आप के वकील ने कहा कि जलबोर्ड दिल्ली में पीने के पानी की आपूर्ति और सीवर कार्य करता है।

    जल बोर्ड को इन कामों के लिए धनराशि जारी नहीं की जा रही है, जिसके चलते  गर्मियों में दिल्ली की जनता को परेशानी हो रही है। आप के वकील ने अदालत को बताया कि दिल्ली जल बोर्ड को 1927 करोड़ रुपये जारी किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक यह धनराशि जारी की जानी थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। आप की याचिका में अदालत से आग्रह किया गया कि वह प्रिंसिपल सेक्रेट्री को यह रकम तुरंत जारी करने का निर्देश जारी करे।

  • पंजाब : शेलरों में चोरी करने के मामले में 2 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    बठिंडा : पुलिस ने चोरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 2 व्यक्तियों की गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संजय कुमार उर्फ ​​काला उर्फ ​​ट्राला पुत्र रामलाल निवासी आदर्श नगर रामपुरा मंडी और अजय पुत्र नैनपाल निवासी भगत सिंह कॉलोनी रामपुरा के तौर पर हुई है। आरोपी जो अलग-अलग शेलरों में सेंध लगाकर बड़ी संख्या में चावल चुराते थे।

    जानकारी देते हुए श्री प्रितपाल सिंह पीपीएस उप पुलिस कप्तान रामपुरा फूल ने बताया कि थाना सिटी रामपुरा और जिला बठिंडा के एरिया में अलग-अलग शेलरों में चोरी की वारदातें हुई थी। जिन्हें पुलिस स्टेशन सिटी रामपुरा की टीम ने ट्रेसिंग करते हुए 2 अप्रैल 2024 की रात अज्ञात व्यक्तियों ने महादेव रईस मिल रामपुरा से लगभग 157 बोरियां चावल की चोरी की थी। तेसुरिंदरपाल गर्ग पुत्र राम दयाल निवासी रामपुरा मंडी के बयान पर मुकदमा नंबर 33 दिनांक 4 अप्रैल 2024 ए/डी 457,380 हिं: नं: थाना सिटी रामपुरा दर्ज किया गया।

    आरोपी संजय कुमार उर्फ ​​काला उर्फ ​​ट्राला पुत्र रामलाल निवासी आदर्श नगर रामपुरा मंडी और अजय पुत्र नैनपाल निवासी भगत सिंह कॉलोनी रामपुरा को गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे से एक ट्रक, 2 मोटरसाइकिल रिक्शा तथा चोरी किए गए चावल की लगभग 250 गांठें तथा शैलर की मोहर लगी खाली गांठें बरामद की गई है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जाएगी, जिनसे और भी खुलासे होने की उम्मीद है।

  • सोफे के गोदाम में भीषण आग लगने से मची अफरा-तफरी 

    रेवाड़ीः हरियाणा में रेवाड़ी के नसियाजी रोड स्थित एक सोफे के गोदाम में आज दोपहर भीषण आग लग गई। आग की लपटें गोदाम के बाहर तक निकलती दिखाई दी। इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना के बाद अग्निश्मन की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, शहर के साड़ी महल स्थित छाबड़ा हैंडलूम फर्म का नसियाजी रोड पर सोफे का गोदाम है।

    इस गोदाम में लाखों रुपए का सामान रखा हुआ है। शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे गोदाम में आग लग गई। गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। सूचना के बाद एक-एक कर 3 गाड़ियां दमकल की पहुंची। दमकल विभाग के कर्मचारी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे है। कुछ हद तक आग पर काबू भी पा लिया गया है। गोदाम मालिक के अनुसार, आग के कारण उनका लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि असल नुकसान आग को बुझने के बाद ही पता चलेगा। वहीं आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • बाइक और कैंटर की टक्कर में दपंति घायल 3 साल के इकलौते बच्चे की मौ+त

    पानीपतः हरियाणा के पानीपत शहर में IOCL चौक के पास शुक्रवार एक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनका 3 साल का बच्चा नीचे गिए गए। वहीं, हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। तीनों को नजदीकी एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां हादसे में लगी चोटों के कारण बच्चे को मृत घोषित कर दिया। जबकि पति-पत्नी को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

    सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में सोनू ने बताया कि वह गांव बोहली फाटक (डेरा) का रहने वाला है। वह फोटोग्राफी का काम करता है। 5 अप्रैल को उसके घर पर उसकी मौसी का लड़का विजय निवासी गांव समसपुरा जिला कुरूक्षेत्र अपनी पत्नी सुमन व उसका इकलौता बच्चा हरमनप्रीत (3) के साथ आया था। यहां से वे तीनों अपनी बाइक पर गांव समसपुर जा रहे थे। सोनू ने बताया कि उनके साथ ही वह खुद भी जा रहा था। विजय की बाइक आगे थी, जबकि वह उनके पीछे थे।

    सुबह करीब सवा 11 बजे जब वे IOCL चौक पहुंचे तो कोको पंप की तरफ से एक कैंटर नंबर HR46F5290 का चालक अपने टैंकर को तेज गति और लापरवाही से चलाता हुआ आया। जिसने सीधी टक्कर विजय की बाइक को मारी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों नीचे गिर गए। हादसे के बाद आरोपी कैंटर चालक मौके पर रुका और नजदीक आया। यहां आने के बाद वह हालात देखकर फरार हो गया। आनन-फानन में तीनों को टोल प्लाजा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। जबकि पति-पत्नी को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है।

  • SP ऑफिस के बाहर दंपती ने 2 बच्चों के साथ निगला जहर 

    भिवानीः हरियाणा के भिवानी में पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के बाहर दंपती ने 2 बच्चों के साथ जहर निगल लिया। जिसके बाद चारों की हालत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल में लाया गया। वहां चारों की बेसुध हालत को देखते हुए रोहतक PGI रेफर कर दिया गया। मामले की जानकारी गुजरानी पुलिस चौकी को दे दी गई है। यह मामला परिवार के जमीन विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार मिताथल निवासी धर्मबीर (42), उसकी पत्नी (35) वर्षीय सुशीला, लड़का मोहित(17), लड़की (15) साक्षी शुक्रवार को लघु सचिवालय परिसर में स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय आए थे।

    यहां दोपहर करीब सवा एक बजे उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया। मौके पर दवाई की दो शीशी व एक खाली पानी की बोतल भी पड़ी मिली। जिस गाड़ी से वे सभी लघु सचिवालय पहुंचे थे, वे भी अरुणाचल प्रदेश के नंबर की है। पुलिस ने इन्हें कब्जे में ले लिया है। इसका पता चलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। वहीं गांव मिताथल से अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि धर्मबीर के चार भाई हैं। बड़े भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उसका परिवार अलग रहता है। बाकी तीन भाईयों का परिवार गांव में एक ही जगह रहता है। धर्मबीर बंगलौर एयरपोर्ट और उसका छोटा भाई कर्मबीर अरुणाचल प्रदेश में काम करता है।

    ग्रामीणों ने बताया कि परिवार के लोगों के साथ ही उनका जमीनी विवाद चल रहा है। इसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। जिसके बाद पंचायती तौर पर जमीन के विवाद से जुड़े मामले को सुलझाने का प्रयास भी हुआ था, मगर बात नहीं बनी। इस परिवार को शुक्रवार को इसी मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुलाया गया था। इसी दौरान इन लोगों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालांकि उन्होंने जहर क्यों निगला, इसके बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि धर्मबीर के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, उसके बाद इस संबंध में बयान दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।

  • Live डिबेट में BJP-SP प्रवक्ता भिड़े, दी कोर्ट में घसीटने की चुनौती

    नई दिल्लीः लोकसभा चुनावों को लेकर सियासत गरमा गई है। वहीं मीडिया चैनल के खास कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी और बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक के बीच तीखी नोंक-झोंक होने का मामला सामने आया है। दोनों नेताओं में बात यहां तक बढ़ गई कि दोनों ने एक दूसरे को कोर्ट में घसीटने तक की चुनौती दे डाली। बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने सपा प्रवक्ता के कागज को फाड़ दिया, जिसके बाद ये पूरा विवाद हुआ। मंथन में बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेश राजपूत, सपा प्रवक्ता राज कुमार भाटी और LJP (R) एके वाजपेयी शामिल हुए थे।

    डिबेट के दौरान राजकुमार भाटी ने एक अखबार की कटिंग को दिखाते हुए कहा कि बीजेपी में 25 ऐसे नेता हैं जिनपर भ्रष्टाचार के आरोप लगे और वह बीजेपी में शामिल होने के बाद केस बंद कर दिया गया। अजय आलोक ने इसका विरोध करते हुए कहा कि जहां ये खबर छपी है, उस पर हिमंता बिस्वा सरमा ने नोटिस भेज दिया है। ये खबर फर्जी है इसके बाद अजय आलोक ने सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के इस कागज को फाड़ दिया, जिसमें नेताओं की लिस्ट थी। राजकुमार भाटी इस पर भड़क गए और बोले- अब ऐसे लोकतंत्र चलेगा? ये मेरे कागज तक फाड़ रहे हैं। लाइव टीवी में आपने मेरे कागज को फाड़ दिया। ये लोकतंत्र है क्या?

    राजकुमार भाटी ने आगे कहा कि मुझे सुरक्षा दी जाए, ये कागज फाड़ सकते हैं तो मेरी पिटाई भी कर सकते हैं। ये सत्ता के नशे में चूर हो गए हैं। अजय आलोक ने कहा कि जैसे कागज फर्जी है, वैसे सपा भी फर्जी है। इस फर्जी आर्टिकल के चक्कर में आप लोगों को जेल भी जाना पड़ सकता है। राजकुमार भाटी ने कहा कि इस कागज को फाड़ने से चंदा दो धंधा लो के दाग थोड़ी धूल जायेंगे। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि मैं गंभीरता से कहना चाहता हूं कि हमें ऐसे बहुत नोटिस मिल चुके हैं। हम ऐसे नोटिस से नहीं डरते हैं। हम मीडिया और सत्य के साथ खड़े हैं।

  • पंजाब : चोरी के 25 मोटरसाइकिल सहित 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसर: शहर में बढ़ती लूट और चोरी की घटनाओं के बाद लोगों में डर का माहौल है। वहीं पूरे देश में चुनावी दंगों के बाद पुलिस भी सख्त एक्शन लेती नजर आ रही है। पुलिस की ओर से नाकेबंदी और फ्लैग मार्च कर सख्ती दिखाई जा रही है। थाना सिविल लाइन की पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चोरी की 25 मोटरसाइकिलें बरामद की है।

    वहीं इस मामले में पुलिस ने 4 युवकों को गिरफ्तार भी किया है। आरोपियों की पहचान गुरपाल सिंह उर्फ ​​हैप्पी, गोपी, हरसिमरन सिंह उर्फ ​​सैम और हरप्रीत सिंह उर्फ ​​माओ के तौर पर हुई है। पुलिस ने गुरपाल सिंह और गोपी से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

    वहीं इसके साथ ही एक अन्य मामले में पुलिस ने हरसिमरन सिंह और हरप्रीत सिंह से चोरी की 15 मोटरसाइकिलें, एक महिला का पर्स और वारदात के दौरान इस्तेमाल किया दातर भी बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

  • पंजाबः स्पेयर पार्ट्स की दुकान में Gun Point पर हुई लूट

    बरनालाः पंजाब में लूट की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। वहीं ताजा मामला पुराना बस स्टैंड से सामने आया है। जहां आज दिन दहाड़े एक दुकान में लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया है। बरनाला के पुराना बस स्टैंड के पास जीवन बेरिंग स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर सुबह 6:30 बजे 2 नकाबपोश लोगों ने लूटपाट की घटना को अंजाम देते तकरीबन 5000 की लूट करते मौके से फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार जीवन कुमार ने बताया कि आज सुबह जब उन्होंने अपनी दुकान खोली। उसी वक्त दो नौजवान कार पर सवार होकर दुकान में आए और उसे पिस्तौल दिखाकर 5000 की नगदी छीनकर फरार हो गए।

    वही इस मौके दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। दुकानदारों ने कहा कि चोरों की तरफ से आए दिन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है परंतु प्रशासन इस पर कुछ नहीं कर रहा। वही इस सारी घटनाओं को लेकर डीसीपी बरनाला ने सीसीटीवी की कैमरा की जांच का हवाला देते कहा कि चोरों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। डीएसपी सतवीर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की बारीकी के साथ जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

  • परिवहन मंत्री की बढ़ी मुश्किलेंः पंजाब के इस जिले में पार्टनर के खिलाफ FIR दर्ज

    लुधियानाः हरियाणा के परिवहन मंत्री असीम गोयल की मुश्किले बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, लुधियाना में मंत्री असीम गोयल के पार्टनर अरविंद गोयल और उसके परिवार के सदस्यों पर एफआईआर दर्ज हुई है। हालांकि कहा जा रहा है कि इस मामले में उन्हें भी नामजद किया गया है। जिसको लेकर असीम के साथ उनकी पत्नी पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि पुलिस ने विवाहिता की शिकायत की जांच में मंत्री और उनकी पत्नी को सीधा कसूरवार नहीं ठहराया है। इसलिए FIR में उन्हें नामजद नहीं किया गया है। लुधियाना के महिला थाने में IPC की धारा 406, 498-A, 377, 354 और 120B के तहत यह केस दर्ज हुआ है। पंजाब पुलिस के मुताबिक इस मामले में मंत्री से पूछताछ की जा सकती है। मंत्री पर रौब जमाने के साथ और भी संगीन आरोप लगे हैं। केस दर्ज होने के बाद पुलिस मंत्री के पार्टनर परिवार की गिरफ्तारी के लिए रेड कर रही है। हालांकि अभी वे फरार बताए जा रहे हैं। माडल टाउन के 108C में रहने वाली दीक्षा ठुकराल ने शिकायत दी कि 13 अगस्त 2021 को उसकी शादी रॉयल आर्चिड मंसूरी उत्तराखंड में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई।

    यह शादी हिमांशु अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल उर्फ लक्की, संगीता, महक अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, निशू अग्रवाल, असीम गोयल और नीलू गोयल की मांगों को पूरा कर की गई। इस शादी से पहले 6 जुलाई 2021 को दोनों परिवारों की लुधियाना के होटल हयात रिजेंसी में मीटिंग हुई। जहां हिमांशु के साथ असीम गोयल आए। वहीं दीक्षा मामा डॉ. अतुल और अमित के साथ आई। जहां हिमांशु ने उसे यानी दीक्षा को पसंद करते हुए कहा कि शादी के बाद वह खुश रहेगी। उसका परिवार जाना-माना है। असीम गोयल भी उसके पिता के समान है। दीक्षा ने शिकायत में कहा कि असीम गोयल (अब परिवहन मंत्री) ने अपने MLA होने और राजनीतिक कद का रौब जमाते हुए भरोसा दिलाया कि यह परिवार नेक है और कोई कमी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे घर में महिलाएं घर का काम नहीं करती। उन्हें बाहर काम करने की पूरी आजादी है। जिसके बाद रिश्ता पक्का कर दिया गया।

    इसके बाद सगाई की तारीख 11 जुलाई 2021 तय कर दी गई। ससुरालियों के कहे अनुसार पंचकूला में एम-1 डेस्टिनेशन बुक कराया गया। ससुरालियों ने कहा कि इसमें कोई कमी नहीं होनी चाहिए।  असीम गोयल और उनकी पत्नी नीलू गोयल ने भी कहा कि कार्यक्रम में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। फंक्शन की सजावट तक उन्होंने अपने आदमियों से कराया और हमें सिर्फ पैसे तैयार रखने को कहा।11 जुलाई 2021 को रिंग सेरेमनी हुई। 500-600 लोग शामिल हुए। लड़की वालों के सिर्फ 45-50 ही व्यक्ति थे। दीक्षा ने कहा कि आरोपियों ने उन्हें पहले ही कहा कि यहां IAS, IPS, डीसी और राजनीतिक नेता आएंगे, उनके लिए महंगे तोहफे देने हैं। उनका एंगेजमेंट पर 1.10 करोड़ रुपए का खर्च हुआ। उन्होंने पूरे कार्यक्रम में खुलकर खर्च किया लेकिन ससुराल वाले कहने लगे कि MLA असीम गोयल और उनकी पत्नी नीलू गोयल खुश नहीं है। इसके बाद उन्होंने MLA को पत्नी समेत खाने पर बुलाया। जहां उन्हें 1.51 लाख रुपया कैश दिया गया। नीलू को 1 लाख की ड्रेस दी। दोनों को एक लाख के गिफ्ट भी दिए गए। 

    रिंग सेरेमनी के बाद असीम गोयल और अरविंद अग्रवाल ने उन्हें अंबाला बुलाया। वहां उन्होंने डेस्टिनेशन वेडिंग की मांग रखी। उनकी मांग पर मंसूरी में शादी रख ली गई। वहां 12 अगस्त से 14 अगस्त के लिए सारे कमरे बुक किए गए। दीक्षा के मुताबिक 4 दिन वहां शराब, हुक्का, मुजरा और मॉडल के प्रोग्राम कराए गए। इसके बाद शादी हुई। शादी के पहले दिन ही मुझसे घर का काम कराया जाने लगा। रिश्तेदारों के सामने मुझे नाचकर दिखाने के लिए कहा जाता। मेरे मना करने पर पति हिमांशु ने रात में मेरी पीठ में मुक्के मारे। मुझे सुबह 3 बजे जगाकर सबके लिए चाय बनाने को कहा जाता। पूरा दिन मेकअप और साड़ी पहनकर रहने को कहा जाता। मुझसे नौकरों की तरह काम कराने लगे। मेरे माता-पिता यह सब चुपचाप सहते रहे। पति हिमांशु दबाव बनाने के लिए कुछ ही दिन बाद असीम गोयल से बात करवाने लगा। असीम रौब डालते हुए कहते कि हिमांशु नाराज नहीं होना चाहिए।इसके बाद हनीमून के लिए मालदीव रवाना हुए। जहां हिमांशु ने मुझे जलील किया। मुझे उटपटांग सवाल पूछे। होटल स्टाफ के सामने गालियां निकाली। दीक्षा ने श्रीनगर दौरे के वक्त भी कई तरह के गंभीर आरोप लगाए।

  • पंजाबः पूर्व सहकारी बैंक का कर्मी पत्नी सहित 30 लाख रुपए की जाली करंसी सहित काबू, देखें वीडियो

    इस इलाके में डिलीवरी देने आए थे आरोपी, खुद करते थे फर्जी करंसी तैयार

    गुरदासपुरः बटाला पुलिस ने कार सवार पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 लाख की नकली भारतीय मुद्रा बरामद की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की कार भी जब्त कर ली है। मामले की जानकारी देते हुए बटाला पुलिस के एसएसपी अश्वनी गोटियाल ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर देर रात उनकी टीम ने अमृतसर गुरदासपुर पठानकोट हाईवे पर गांव सैद मुबारक के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान जब एक कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 30 लाख की नकली करंसी बरामद हुई।

    इसमें पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमृतसर जिले के रहने वाले सुखबीर सिंह और उनकी पत्नी गुरिंदर कौर के रूप में हुई है। एसएसपी ने बताया कि जब दोनों पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जिला अमृतसर में उनके घर की तलाशी ली गई और वहां 3 लाख रुपये के और नकली नोट मिले और पुलिस ने इस नकली नोट को तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले प्रिंटर पेपर आदि उपकरण भी जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी इतने शैतान हैं कि ये नोट खुद ही तैयार करते थे और जो करेंसी तैयार की थी दोनों ने उसकी हिमाचल प्रदेश में डिलीवरी देनी थी। पुलिस द्वारा आरोपियों से बरामद किए गए सभी नकली नोट 500-500 के है।

    वहीं, पुलिस ने खुलासा किया है कि वह 1 लाख रुपए में 4 लाख रुपये के नकली नोट बेचते थे। पुलिस एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सुखबीर सिंह पहले सहकारी बैंक में कार्यरत था और उसने वहां भी करोड़ों की धोखाधड़ी की थी। जिसके चलते उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। जहां जेल में ही उसकी मुलाकात एक साथी से हुई जिससे उसने यह नकली नोट तैयार करने की योजना बनाई। जेल से बाहर आने के बाद अब वह इस काले कारोबार में लग गया।