Blog

  • Punjab News: गैंगस्टर कौशल चौधरी को कोर्ट में किया गया पेश, 2 दिन का मिला रिमांड, देखें वीडियो

    Punjab News: गैंगस्टर कौशल चौधरी को कोर्ट में किया गया पेश, 2 दिन का मिला रिमांड, देखें वीडियो

    लुधियाना। जिले के बद्दोवाल इलाके में लुधियाना–फिरोजपुर रोड पर स्थित एक लग्जरी कार शोरूम पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस केस में गैंगस्टर कौशल चौधरी का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लुधियाना लेकर आई है। जहां, शनिवार को कौशल चौधरी को चेहरे पर रुमाल बांधकर और स्ट्रेचर पर लुधियाना कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान भारी पुलिस सुरक्षा मौजूद रही। इसके बाद मुल्लापुर दाखा पुलिस ने उससे मामले को लेकर गहन पूछताछ शुरू की।

    कोर्ट से मिला 2 दिन का प्रोडक्शन रिमांड
    मामले संबंधी DSP वरिंदर सिंह खोसा ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 जनवरी को रॉयल लग्जरी कार शोरूम के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। इस केस में पहले कौशल चौधरी को 5 दिन के प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया था। अब दोबारा कोर्ट में पेशी के बाद उसे 2 दिन का और प्रोडक्शन रिमांड दिया गया है।

    गुरुग्राम से गिरफ्तार हुए मुख्य आरोपी
    घटना के करीब पांच दिन बाद पुलिस ने एक अहम सफलता हासिल करते हुए आरोपी नवीन देसवाल और उसकी पत्नी को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। पुलिस को इन दोनों की गिरफ्तारी एक पुख्ता सूचना के आधार पर मिली थी।

    पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गैंगस्टर कौशल चौधरी का कुख्यात गैंगस्टर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा से क्या संबंध है। इसके अलावा, यह भी पता लगाया जा रहा है कि जेल में बंद होने के बावजूद कौशल चौधरी की इन दोनों गैंगस्टरों से कब और कैसे बातचीत हुई।

    पहले भी प्रोडक्शन वारंट पर लाया जा चुका है कौशल
    गौरतलब है कि इससे पहले भी लुधियाना शहरी पुलिस कौशल चौधरी को एक रियल एस्टेट कारोबारी से फिरौती मांगने के मामले में पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर ला चुकी है। हालांकि, वह मामला अभी पूरी तरह सुलझा नहीं है।

    10 जनवरी को बाइक सवार बदमाशों ने की थी फायरिंग
    जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी शनिवार की सुबह बाइक पर सवार दो बदमाशों ने बद्दोवाल इलाके में स्थित लग्जरी कार शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। फायरिंग में शोरूम के कांच के दरवाजे और बाहर खड़ी कई लग्जरी कारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।

    मौके पर फेंकी गई थी गैंगस्टरों के नाम की पर्ची
    फायरिंग के बाद बदमाश मौके पर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के नाम की एक पर्ची भी फेंक गए थे। इसके बाद शोरूम के मालिकों में से एक को फिरौती के लिए फोन कॉल आई।

    2 करोड़ की रंगदारी की मांग
    फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर पवन शौकीन बताया और शोरूम मालिक से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद दाखा पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर कौशल चौधरी, पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे होने की उम्मीद है।

     

     

     

  • सरकारी स्कूलों में लागू किया जा रहा सीबीएसई पाठ्यक्रम, बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है लक्ष्य : उपमुख्यमंत्री

    सरकारी स्कूलों में लागू किया जा रहा सीबीएसई पाठ्यक्रम, बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है लक्ष्य : उपमुख्यमंत्री

    प्रदेश के 117 स्कूल शामिल, ऊना के भी करीब एक दर्जन स्कूलों में लागू होगा पाठ्यक्रम
    ऊना, सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने चयनित सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है। प्रदेश सरकार राज्य के 117 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने जा रही है। इसके अंतर्गत ऊना जिले के भी करीब एक दर्जन विद्यालयों को सीबीएसई पैटर्न पर संचालित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री शनिवार को ऊना जिले के अंब उपमंडल के धुसाड़ा स्थित केवी इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अकादमिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।

    बच्चों के विकास में शिक्षक सबसे महत्वपूर्ण कड़ी

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बच्चे के जीवन में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि शिक्षकों द्वारा तराशे गए बच्चे ही आगे चलकर देश-दुनिया का नेतृत्व करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के वार्षिक कार्यक्रमों में अवश्य शामिल हों तथा बच्चों के लिए समय निकालें। साथ ही विद्यालय प्रबंधन से भी आग्रह किया कि आमंत्रण पत्र में दोनों माता-पिता को आमंत्रित करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे बच्चों की पढ़ाई एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उनके प्रदर्शन को देख सकें। उपमुख्यमंत्री ने अपने स्कूल जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उस दौर में अध्यापकों का सम्मान बहुत ऊंचा होता था। उन्होंने आज भी अध्यापकों का सम्मान करने पर बल देते हुए कहा कि अभिभावकों को छोटी-छोटी बातों पर शिक्षकों से नहीं उलझना चाहिए। शिक्षक बच्चों के हित के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं।

    शिक्षा उज्ज्वल समाज की आधारशिला

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा एक उज्ज्वल समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पहले के दौर में निरक्षरता आम थी, लेकिन आज समय बदल गया है। उन्होंने हरोली क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले वहां शिक्षा की स्थिति कमजोर थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदली हैं। उन्होंने कहा कि जिसकी मां कभी निरक्षर थी, आज उसकी बेटी जज, वकील और अधिकारी बन रही है, जो शिक्षा की ताकत को दर्शाता है। विद्यालय के प्रबंध निदेशक विकास शर्मा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष देशराज गौतम, कांग्रेस वरिष्ठ नेता अशोक ठाकुर, डॉ. रविंद्र शर्मा, स्थानीय प्रधान नीरू बाला, उपप्रधान सहदेव, समाजसेवी प्रवीण शर्मा, सुरेश शर्मा, महेश शर्मा, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, डीएसपी अंब अनिल पटियाल, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता होशियार सिंह, स्कूल प्रबंधन से नरेश शर्मा सहित अन्य प्रबंधक, स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।
  • Punjab News: बाढ़ में टूटी सड़क को लोगों ने बनवाने की मांग की, देखें वीडियो

    Punjab News: बाढ़ में टूटी सड़क को लोगों ने बनवाने की मांग की, देखें वीडियो

    पठानकोट। पंजाब में पिछले साल आई भीषण बाढ़ ने किसानों और आम लोगों को भारी नुकसान पहुंचाया था। बाढ़ का असर आज भी कई इलाकों में देखा जा सकता है। जहां, जिले के ओल्ड शाहपुर इलाके की मुख्य सड़क बाढ़ के पानी से टूट चुकी है, लेकिन अफसोस की बात यह है कि अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है।

    सड़क टूटने से हर वक्त बना रहता है हादसे का खतरा
    टूटी हुई सड़क के कारण हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है। सड़क नीचे से पूरी तरह खोखली हो चुकी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस रास्ते से रोजाना कई वाहन गुजरते हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

    स्कूली बसों की आवाजाही से अभिभावक चिंतित
    इस सड़क से स्कूली बसें भी गुजरती हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है। माता-पिता को डर है कि कहीं सड़क धंसने से कोई बड़ा हादसा न हो जाए।

    मुख्य मार्ग से जोड़ती है ये सड़क
    ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क शहर के मुख्य मार्ग को जोड़ती है। इसके खराब होने से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा के कामों के लिए भी लोगों को लंबा और मुश्किल रास्ता अपनाना पड़ता है।

    ग्रामीणों ने प्रशासन से की ये अपील
    ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए। उनका कहना है कि सड़क टूटे हुए काफी समय हो चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन और संबंधित विभाग से अपील की है कि समय रहते सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द सड़क नहीं बनाई गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन को चाहिए कि लोगों की परेशानी और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत कार्रवाई करे।

  • Jalandhar सहित 5 जिलों के बस टर्मिनलों का होगा आधुनिकीकरण

    Jalandhar सहित 5 जिलों के बस टर्मिनलों का होगा आधुनिकीकरण

    जालंधर, ENS: राज्य को रंगला पंजाब बनाने के लिए सरकार की ओर प्रयास जारी है। वहीं अब 5 जिलों के बस टर्मिनलों का जल्द आधुनिकीकरण किया जाएगा। दरअसल, राज्य सरकार ने सार्वजनिक परिवहन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए राज्य के लुधियाना, जालंधर, संगरूर, पटियाला और बठिंडा में बस टर्मिनलों के आधुनिकीकरण को मंजूरी दी है। मामले की जानकारी देते हुए परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इन बस टर्मिनलों को आधुनिक शहरी परिवहन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि ये टर्मिनल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की आबादी के लिए महत्वपूर्ण संपर्क केंद्र हैं और रोज़ाना कामगारों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, पर्यटकों तथा औद्योगिक श्रमिकों की बड़ी संख्या यहां से यात्रा करती है। मंत्री ने बताया कि लुधियाना और जालंधर बस टर्मिनलों पर प्रतिदिन 75 हजार से एक लाख यात्रियों की आवाजाही होती है, जबकि पटियाला और बठिंडा में रोज़ाना करीब 50 हजार यात्री इन टर्मिनलों का उपयोग करते हैं। इसके अलावा ये टर्मिनल हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों के साथ अंतर-राज्यीय संपर्क में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    पीपीपी माडल के तहत इन टर्मिनलों का उन्नयन डिज़ाइन-बिल्ड-फाइनेंस-आपरेट-ट्रांसफर या बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर मॉडल पर किया जाएगा, जिससे परियोजनाओं की गुणवत्ता, संचालन दक्षता और वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित की जा सके। ऐसे में यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) माडल के तहत लागू की जाएगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। नवीनीकरण के दौरान यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिसमें बेहतर प्रतीक्षा कक्ष, स्वच्छ शौचालय, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट संकेतक, सुव्यवस्थित बोर्डिंग सिस्टम और आधुनिक पार्किंग सुविधाएं शामिल होंगी।

    परियोजना में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित और सुगम आवागमन की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही, बस टर्मिनलों को एकीकृत शहरी हब के रूप में विकसित करते हुए खुदरा दुकानें, कार्यालय, लॉजिस्टिक्स सहायता और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। परिवहन मंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लाखों नागरिकों की दैनिक यात्रा को अधिक सुगम बनाना और पंजाब में आधुनिक, कुशल व जन-हितैषी बस टर्मिनलों के लिए एक नया मानक स्थापित करना है।

     

  • महाराष्ट्र में भाजपा की प्रचंड जीत, मोदी सरकार की ग्यारह वर्षों के कार्यकाल की गारंटी: दविंदर भुट्टो

    महाराष्ट्र में भाजपा की प्रचंड जीत, मोदी सरकार की ग्यारह वर्षों के कार्यकाल की गारंटी: दविंदर भुट्टो

    बोले, बंगाणा भाजपा कार्यालय में आज कुटलैहड़ भाजपा के दोनों मंडलों के तीन मोर्चा की होगी अलग अलग बैठक, कई विभिन्न मुद्दों की रणनीति पर होगा मंथन

    ऊना/ सुशील पंडित: कुटलैहड़ भाजपा के दोनों मंडलों के अंतर्गत भाजपा किसान मोर्चा, एससी मोर्चा एवं ओबीसी मोर्चा की एक महत्वपूर्ण अलग अलग बैठक आज बंगाणा स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई है। इस बैठक में हमीरपुर लोक सभा क्षेत्र के विस्तारक और साथ में कुटलैहड़ भाजपा मंडल प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है,जिसमें आगामी कार्यक्रमों संगठन विस्तार तथा जनसंपर्क अभियानों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ ने बताया कि बैठक का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है।

    उन्होंने कहा कि भाजपा के विभिन्न मोर्चे समाज के अलग-अलग वर्गों से सीधे जुड़े हुए हैं और इनकी सक्रिय भूमिका से पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में मोर्चा पदाधिकारी को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ-साथ आगामी समय के लिए लक्ष्य भी सौंपे जाएंगे। इन भाजपा मोर्चा की अलग अलग बैठकों में कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक भुट्टो भी मौजूद रहेंगे। बहीं भाजपा नेता ने महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं और देश, प्रदेश के शीर्षक नेतृत्व को बधाई दी। दविंदर भुट्टो ने कहा कि यह जीत इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी नीतियों पर पूरा विश्वास रखती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह मोदी युग है और जनता मोदी की गारंटी पर भरोसा करती है।

    पूर्व विधायक ने कहा कि जिस तरह बिहार के बाद महाराष्ट्र में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है, उससे यह साफ संकेत मिलता है कि देश का जनमानस भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब अगली बारी पश्चिम बंगाल की है, जहां आने वाले समय में भाजपा मजबूती से उभरेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक ग्यारह वर्षों के कार्यकाल में विकास के जो आयाम स्थापित हुए हैं, जनता उस पर अपनी मुहर लगा रही है। भुट्टो ने विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में विपक्षी दलों की सरकारें हैं, वहां जनता तानाशाही रवैये भ्रष्टाचार और खोखली घोषणाओं से परेशान हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल केवल सत्ता के लिए जनता को गुमराह करते हैं, जबकि भाजपा ने हमेशा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। बंगाणा भाजपा कार्यालय में होने वाली यह तीन मोर्चा की अलग अलग बैठक न केवल संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, बल्कि आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से भी इसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

  • Punjab News: ट्रक और बुलेट की टक्कर में फूफा-भतीजे की मौत, चालक फरार

    Punjab News: ट्रक और बुलेट की टक्कर में फूफा-भतीजे की मौत, चालक फरार

    फिरोजपुरः पंजाब में आज कई जिलों में सड़क हादसों की घटनाएं सामने आई है। वहीं ताजा मामला जीरा के झतरा रोड पर सड़क हादसे का सामने आया है, जहां ट्रक और बुलेट की टक्कर हो गई। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार फूफा और उनके 14 वर्षीय भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

    मृतकों की पहचान 30 वर्षीय परमिंदर सिंह और 14 वर्षीय भतीजा सुखमन सिंह पुत्र जतिंदर सिंह निवासी गांव बिहारीपुर के रूप में हुई है। यह दुर्घटना उस समय हुई जब दोनों किसी निजी कार्य से जीरा से मोगा की ओर जा रहे थे। पुलिस ने शवों को सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवा दिया है। सिविल अस्पताल में जानकारी देते हुए गुरविंदर सिंह ने बताया कि उसका भाई परमिंदर सिंह और भतीजा सुखमन सिंह खडूर साहिब बुलेट मोटरसाइकिल पर मोगा की ओर जा रहे थे।

    इस दौरान जब वह झतरा रोड के पास पहुंचे तो अज्ञात ट्रक ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि परमिंदर सिंह ट्रक के टायरों के नीचे आ गया, जिससे उसका सिर कुचल गया। वहीं किशोर सुखमन सिंह सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

    गुरविंदर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। थाना सदर जीरा प्रभारी इंस्पेक्टर हरिंद्र सिंह चमेली ने कहा कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी चालक को जल्द पकड़ लिया जाएगा। हादसे की खबर से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है और स्वजन रो-रोकर बेहाल हैं।

     

  • Punjab News: इंडस्ट्रियल एरिया में दवा फ़ैक्टरी में ड्रग्स कंट्रोल बोर्ड और पुलिस की Raid

    Punjab News: इंडस्ट्रियल एरिया में दवा फ़ैक्टरी में ड्रग्स कंट्रोल बोर्ड और पुलिस की Raid

    बठिंडाः मानसा रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में दवाइयां बनाने वाली एक फ़ैक्टरी पर ड्रग्स कंट्रोल बोर्ड और पुलिस ने अचानक रेड की। इस रेड के दौरान कर्मियों में हड़कंप मच गया। इस छापेमारी के दौरान फ़ैक्टरी पर मान्य अनुमति से अधिक मात्रा में नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाइयां बनाने का शक जताया जा रहा है।

    ड्रग्स कंट्रोल विभाग को मिली शिकायत के अनुसार फ़ैक्टरी में तय सीमा से ज़्यादा दवाइयां बनाकर आगे बेची जा रही थीं, जिनका कोई रिकॉर्ड भी फ़ैक्टरी के पास मौजूद नहीं था। इस जानकारी के आधार पर फ़रीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फ़ैक्टरी में छापेमारी की।

    जानकारी के मुताबिक, मुक्तसर जिले में पहले पकड़े गए एक आरोपी की पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ था कि बठिंडा की इस फ़ैक्टरी में नशीली दवाइयां गलत तरीके से और अनुमति से ज़्यादा बनाई जा रही थीं। इस खुलासे के बाद ही फ़ैक्टरी पर रेड की गई। फिलहाल फ़ैक्टरी के स्टॉक, रिकॉर्ड और दस्तावेज़ों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार शाम तक फाइनल रिपोर्ट जारी की जाएगी, जिसके बाद अगली कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

  • देश को मिली पहली Vande Bharat Sleeper Train, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, देखें वीडियो

    देश को मिली पहली Vande Bharat Sleeper Train, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, देखें वीडियो

    नई दिल्ली: भारत में पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आज से चल पड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है। अभी तक वंदे भारत ट्रेनें सिर्फ बैठकर यात्रा करने के लिए बनाई गई थी परंतु अब लंबी दूरी के यात्रियों को देखते हुए और उनकी यात्रा को आसान बनाने के लिए स्लीपर वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों को चलाने का फैसला रेलवे ने किया है। पीएम मोदी आज से पश्चिम बंगाल और असम के दो दिनों के दौरे पर हैं। ऐसे में इस दौरान पीएम मोदी दोनों राज्यों में कई हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत भी हो रही है।

    ऐसी है वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

    देश की पहली वंदे भारत ट्रेन को पीएम मोदी ने आज हरी झंडी दिखाई है। 18 जनवरी को हावड़ा सा कामख्या के लिए यह ट्रेन नियमित तौर पर शुरु हो जाएगी। इसमें स्लीपर के साथ एसी1, एसी2, एसी 3 कोच भी शामिल होंगे। इस ट्रेन का इंटीरियर भारतीय संस्कृति से प्रेरित होकर बनाया गया है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए इसमें कवच, ऑटोमैटिक, ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, इमरजेंसी टॉक बैंक यूनिट और बेहतर सैनिटेशन के लिए कीटाणुनाशक तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए इस ट्रेन में ड्राइवर के कैबिन में भी एडवांस कंट्रोल और सुरक्षा सिस्टम भी लगे हुए हैं। ट्रेन का बाहरी लुक भी एरोडायनामिक बनाया गया है। यह हवा को चीरता हुआ आगे बढ़ेगा। इसके बाहरी दरवाजे भी ऑटोमैटिक तरीके से खुलेंगे और बंद होंगे। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के मालदा में दोपहर करीबन 12:45 पर पहुंचे। वहां पर उन्होंने मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर हावड़ा और गुवाहटी के बीच भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।  
  • इतने दिनों तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा राष्ट्रपति भवन, जानें वजह

    इतने दिनों तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा राष्ट्रपति भवन, जानें वजह

    नई दिल्ली। रिपब्लिक डे परेड और बीटिंग रिट्रीट समारोह की तैयारियों के कारण राष्ट्रपति भवन (सर्किट-1) 21 जनवरी से 29 जनवरी तक आम जनता के लिए बंद रहेगा। सर्किट-1 के तहत राष्ट्रपति भवन की मुख्य इमारत का भ्रमण कराया जाता है। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों के कारण नौ दिनों तक यह सर्किट बंद रहेगा।

    कर्तव्य पथ पर होगी रिपब्लिक डे परेड, विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट
    हर साल की भांति इस बार भी गणतंत्र दिवस परेड 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित की जाएगी। वहीं, 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट समारोह के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का समापन होगा। यह समारोह राष्ट्रपति भवन के पास, कर्तव्य पथ के पश्चिमी छोर पर स्थित विजय चौक पर आयोजित किया जाएगा।

    भैरव लाइट कमांडो बटालियन का पहला प्रदर्शन
    इस साल की परेड में नवगठित भैरव लाइट कमांडो बटालियन पहली बार हिस्सा लेगी। यह बटालियन 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में अपनी ताकत और क्षमता का प्रदर्शन करेगी। स्वदेशी प्लेटफार्मों समेत कई प्रमुख सैन्य साजो-सामान ‘चरणबद्ध युद्ध संरचना’ में कर्तव्य पथ पर देखने को मिलेंगे।

    शानदार फ्लाईपास्ट बनेगा आकर्षण का केंद्र
    गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान होने वाले फ्लाईपास्ट में भारतीय वायुसेना के कई अत्याधुनिक विमान और हेलीकॉप्टर हिस्सा लेंगे। इसमें राफेल, सुखोई-30, पी-8आई, मिग-29, अपाचे, एलसीएच (लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर), एएलएच (एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर) और एमआई-17 हेलीकॉप्टर शामिल होंगे। इसके अलावा परिवहन विमान सी-130 और सी-295 भी आसमान में अपनी उड़ान भरते नजर आएंगे।

    रक्षा सचिव ने साझा की समारोह की रूपरेखा
    रक्षा सचिव आर. के. सिंह ने साउथ ब्लॉक में आयोजित प्रेसवार्ता में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार समारोह में कई चीजें पहली बार देखने को मिलेंगी। इस वर्ष यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा मुख्य अतिथि होंगे।

    इस साल की थीम और नए नामकरण की परंपरा
    इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड की मुख्य थीम ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ है। इस बार परंपरा से हटकर परेड स्थल पर बैठने की जगहों के लिए ‘वीवीआईपी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसके बजाय सभी बैठने के स्थानों के नाम भारत की नदियों के नाम पर रखे गए हैं, जिनमें गंगा, यमुना और नर्मदा जैसी प्रमुख नदियां शामिल हैं।

    बीटिंग रिट्रीट में दिखेगा भारतीय संस्कृति का रंग
    29 जनवरी को होने वाले बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए बनाए जाने वाले बाड़ों के नाम भारतीय वाद्ययंत्रों जैसे ‘बांसुरी’, ‘सरोद’ और ‘तबला’ के नाम पर रखे गए हैं। इससे समारोह में भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी।

    भैरव बटालियन का सफर
    भैरव लाइट कमांडो बटालियन का गठन पिछले साल अक्टूबर के आसपास किया गया था। इस बटालियन ने हाल ही में जयपुर में आयोजित सेना दिवस परेड में भी हिस्सा लिया था और अब यह गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार अपना प्रदर्शन करेगी

  • Punjab News: पाक की साजिश नाकाम, 3 AK 47, 5 मैगजीन सहित हथियारों की खेप बरामद, देखें वीडियो

    Punjab News: पाक की साजिश नाकाम, 3 AK 47, 5 मैगजीन सहित हथियारों की खेप बरामद, देखें वीडियो

    पठानकोटः पंजाब पुलिस ने केंद्रिय एजेंसियों के साथ मिलकर पाक की साजिश को नाकाम किया है। पुलिस ने सांझे ऑपरेशन में सरहदी इलाके में हथियारों की खेप बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार यह हथियारों की खेप थाना नरोट जैमल सिंह इलाके से बरामद की गई है। 3 एके 47, 5 मैगजीन, 2 पिस्टल, 2 मैगजीन सहित 98 कारतूस बरामद किए है। डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर खेतों से हथियारों की एक खेप जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से संचालित बब्बर खालसा के आतंकी हरविंद्र सिंह उर्फ रिंदा द्वारा भेजी गई थी।

    मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईएसआई की साजिश को पुलिस ने केंद्र एजेंसी के साथ मिलकर नाकाम किया है। पुलिस को सूत्रों से सूचना मिली थी कि पंजाब के सरहदी क्षेत्र में खेप भेजी जा रही है, जिससे बड़ी वारदात को अंजाम दिया जाना था। जिसके बाद केंद्रिय एजेंसी की मदद से पुलिस ने अलग-अलग टीमे बनाकर सर्च अभियान चलाया गया और हथियारों की खेप बरामद की गई।

    इस मामले में केस दर्ज करके आगे की जांच की जा रही है। इस मामले में जो भी संलिप्त पाए गए उन्हें बेनकाब करके गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ड्रोन के जरिए या सीमांत रास्तों का इस्तेमाल करके हथियारों की इस खेप को भारत में पहुंचाया गया होगा। पुलिस टीमें आसपास के इलाकों में और भी तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि संभावित संपर्कों या मॉड्यूल का पता लगाया जा सके।

    जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार किसके पास पहुंचने वाले थे और पंजाब व अन्य राज्यों में किस प्रकार की वारदात को अंजाम देने की योजना थी। उन्होंने बताया कि बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है और ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि शुरुआती सफलता के बाद आगे भी अभियान जारी रहेगा ताकि किसी भी आतंकी साजिश को मौके पर ही नाकाम किया जा सके।