Blog

  • जिला में 3 नवम्बर तक चलाया जाएगा एनीमिया मुक्त अभियान: सीएमओ

    जिला में 3 नवम्बर तक चलाया जाएगा एनीमिया मुक्त अभियान: सीएमओ

    ऊना/सुशील पंडित: मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ मंजू बहल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में 3 नवम्बर तक छः माह से 10 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों के लिए एनीमिया मुक्त अभियान चलाया जा रहा है जिसमें शिक्षा विभाग तथा आईसीडीएस विभाग भी शामिल होंगे। अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र तथा प्राथमिक पाठशाला में बच्चों के रक्त स्तर की एनीमिया जाँच की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि जिला स्तर पर 34 टीमें बनाई गई हैं जिनके द्वारा 60522 बच्चों की जाँच की जाएगी। इसके साथ ही जिला में चल रहे 40 एनआरएसटी केन्द्रों में भी बच्चों का रक्त स्तर को जांचा जायेगा। बच्चों में खून कि कमी पाई जाने पर उन्हें आयरन की गोलियां दी जाएंगी। इसके अलावा गंभीर रूप से खून कि कमी पाए जाने पर बच्चों को इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से चिकित्सक के पास रेफर किया जायेगा। एनएफएचएस-5 सर्वे के अनुसार 5 साल तक के 58.7 प्रतिशत बच्चों में खून की कमी पाई गई।

    सीएमओ ने बताया कि एनीमिया होने पर शरीर में आयरन कि कमी हो जाती है जिसकी वजह से शरीर में कमजोरी, थकावट, सांस फूलना, हृदय गति का तेज होना, चक्कर आना, जीभ-नाखूनों एवं पलकों के अंदर सफेदी, चेहरे व पैरों पर सूजन इत्यादि जैसे लक्ष्ण हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अभियान के अंतर्गत 06 माह से 10 वर्ष तक के बच्चों की जाँच अवश्य करवाएं ताकि गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

  • राजकीय महाविद्यालय बंगाणा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए वीरेंद्र कंवर

    राजकीय महाविद्यालय बंगाणा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए वीरेंद्र कंवर

    आत्मनिर्भरता के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक व बौद्धिक विकास के लिए प्राचीन शिक्षा पद्धति बेहद जरूरी: वीरेंद्र कंवर

    75 लाख रुपए से नवनिर्मित पंचायत घर मुछाली के भवन एवं सामुदायिक भवन का भी किया लोकार्पण

    ऊना/सुशील पंडित: शिक्षा के द्वारा ज्ञान में बढ़ोतरी के साथ-साथ कौशल विकास वर्तमान समय की आवश्यकता है ताकि शिक्षित युवा पीढ़ी रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर सम्मान पूर्वक जीवन यापन कर सकें। भारत की प्राचीन शिक्षा पद्धति व्यक्ति में आत्मनिर्भरता के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक व बौद्धिक विकास के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण थी। लेकिन गुलामी के दौर में भारत की प्राचीन समृद्ध संस्कृति व शिक्षा पद्धति को विदेशी ताकतों द्वारा समाप्त किया गया। यह जानकारी ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन तथा मत्स्य विभाग मंत्री वीरेंद्र कंवर ने राजकीय महाविद्यालय बंगाणा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए दी। 

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के वर्तमान दौर में युवा पीढ़ी को लक्ष्य निर्धारित कर उसके प्रति समर्पित होकर परिश्रम करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि करीब दो दशक पूर्व कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र विकास की दृष्टि से अत्यंत पिछड़ा क्षेत्र था जहां पर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पेयजल के क्षेत्र में बहुत कम सुविधाएं थीं। उन्होंने कहा कि गत दो दशकों में इन सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि धूमल सरकार के प्रथम कार्यकाल तक तहसील मुख्यालय बंगाणा में पांचवी कक्षा तक का विद्यालय था जबकि वर्तमान में बंगाणा में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के साथ-साथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय कार्यरत है। जहां पर लगभग 12 सौ छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार इस क्षेत्र में लड़कियों के शिक्षा स्तर में बढ़ोतरी हुई है।

    ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री ने बताया कि उपमंडल मुख्यालय बंगाणा में 14 करोड रुपए की लागत से अस्पताल भवन का निर्माण किया जा रहा है। जबकि 1.5 करोड़ रुपए की लागत से वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंगाणा का साइंस ब्लॉक का भवन निर्मित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बंगाणा में साढ़े चार करोड पर की लागत से बनने वाले खेल स्टेडियम की निर्माण प्रक्रिया अंतिम चरण में है तथा शीघ्र ही कार्य शुरू किया जाएगा।

    वीरेंद्र कंवर ने बताया कि उपमंडल मुख्यालय बंगाणा में मिनी सचिवालय भवन, बीडीओ कार्यालय भवन तथा अग्निशमन कार्यालय तथा उप रोजगार कार्यालय इत्यादि खोले गए कार्यालय इस क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास के साक्षी हैं। वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा महाविद्यालय स्टाफ और छात्रों की मांग पर एक जल भंडारण टैंक बनाने तथा भविष्य में अन्य विषयों में स्नातक विषय में कक्षाएं आरंभ करने का आश्वासन दिया।

    इससे पूर्व बंगाणा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ सतेंद्र कुमार ने महाविद्यालय से संबंधित वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने जानकारी दी कि इस कालेज में जिला ऊना के अलावा सीमावर्ती जिला कांगड़ा व हमीरपुर के छात्र छात्राएं भी शिक्षा ग्रहण करते हैं। उन्होंने महाविद्यालय के बनने से लेकर अब तक हुई प्रगति व विकास कार्यों बारे विस्तृत जानकारी दी। 

    वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा में 75 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित ग्राम पंचायत मुछाली के पंचायत घर एवं सामुदायिक भवन के विधिवत लोकार्पण भी किया।
    इस अवसर पर महाविद्यालय बंगाणा के प्रधानाचार्य डॉ सतेंद्र शर्मा, हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य इंदु दड़ोच, बीडीसी बंगाणा के अध्यक्ष देवराज शर्मा, ग्राम पंचायत पलाहटा के प्रधान दीपांकर कंवर, ग्राम मुछाली पंचायत के प्रधान विजय शर्मा, कुटलैहड़ भाजपा मंडल महामंत्री रमेश शर्मा, हिमफैड के निर्देशक चरनजीत शर्मा, हिमाचल प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के मीडिया प्रभारी मदन राणा, कुटलैहड़ वैटनर्ज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्नल केसी शर्मा, भाजपा मंडल प्रवक्ता सुरेंद्र हटली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी जी मौजूद थे।

  • रामनवमी पर एमआरसी ग्रुप और एचआरटीसी प्रबंधन द्वारा आईएसबीटी में करवाया हवन यज्ञ

    रामनवमी पर एमआरसी ग्रुप और एचआरटीसी प्रबंधन द्वारा आईएसबीटी में करवाया हवन यज्ञ

    ऊना/सुशील पंडित: नवरात्रों के मौके पर पूरा देश आज रामनवमी का त्यौहार मना रहा है वहीं इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के आईएसबीटी में एमआरसी ग्रुप और एचआरटीसी विभाग द्वारा हवन जग कर भंडारे का आयोजन किया गया। जिला ऊना में आईएसबीटी के निर्माण के दौरान एक मंदिर में  माता की मूर्ति की स्थापना की गई थी आज उसी मंदिर के प्रांगण में रामनवमी के मौके पर एम आर सी ग्रुप और एचआरटीसी विभाग द्वारा विशेष तौर पर एक हवनयग का आयोजन किया गया। इस हवनयग  में कोरोना जैसी महामारी का नाश और जन कल्याण के लिए हवन डाला गया। एम आर सी ग्रुप के मैनेजर प्रवेश शर्मा ने बताया इस यज्ञ का आयोजन एचआरटीसी विभाग टैक्सी स्टैंड और एमआरसी ग्रुप के सहयोग से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रामनवमी के मौके पर भंडारे का आयोजन के रूप में किया गया है।
     

    इससे पहले यज्ञ में आहुतियां डाली गई ताकि कोरोना जैसी महामारी का नाश हो सके और  जनकल्याण हो सके।

    इस मौके पर एचआरटीसी के कर्मचारी टैक्सी स्टैंड के ड्राइवर और एमआरसी ग्रुप के मैनेजर सहित प्रबुद्ध लोगों ने इस हवन में आहुतियां डाली।  इसके बाद एक विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें भारी संख्या में लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

    इस मौके पर मुकेश रंजन कॉन्टैक्टर्स ग्रुप के जनरल  मैनेजर प्रवेश शर्मा, एचआरटीसी आरएम सुरेश धीमान, नरेश शर्मा, दर्शन सिंह ट्रांसपोर्ट मैनेजर, मनजीत, मनोज, रवि कुमार, राजकुमार, लखबीर सिंह, अनमोल, पदमा, रिंकू प्रदीप शर्मा, नीलकंठ,अंतरिक्ष शर्मा परशुराम युवा वाहिनी प्रदेश अध्यक्ष, सूरज शर्मा, संजीव और टैक्सी यूनियन प्रधान जयसिंह, गोल्डी ब सोनू, पंडित साहिल पाल शर्मा, व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • सिक्योरिटी गार्ड व सुपरवाईज़र पदों के लिए साक्षात्कार 6 अक्तूबर को

    सिक्योरिटी गार्ड व सुपरवाईज़र पदों के लिए साक्षात्कार 6 अक्तूबर को

    ऊना/सुशील पंडित: मैसर्ज़ सिस सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड, आरटीए शाहतलाई द्वारा सिक्योरिटी गार्ड व सुपरवाईज़र के 100 पद अधिसूचित किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी ऊना अनीता गौतम ने बताया कि इन पदों के लिए साक्षात्कार 6 अक्तूबर को प्रातः 10.30 बजे जिला रोजगार कार्यालय ऊना में आयोजित होगा । 

    अनीता गौतम ने बताया इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य हैं। इसके अलावा अभ्यार्थी की उम्र  21 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साक्षात्कार में चयनित अभ्यार्थी को 12 से 18 हज़ार प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक एवं योग्य अभ्यार्थी 6 अक्तूबर को आयोजित होने वाले साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अनीता गौतम ने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7807306334 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

  • बिलासपुर एम्स डबल इंजन सरकार का हिमाचल को तोहफाः सत्ती

    बिलासपुर एम्स डबल इंजन सरकार का हिमाचल को तोहफाः सत्ती

    ऊना/सुशील पंडित: छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि बिलासपुर एस्म हिमाचल प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार में मील का पत्थर सिद्ध होगा। आज जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में सत्ती ने एम्स की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार का यह हिमाचल प्रदेश की जनता को तोहफा है।

    सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही अक्टूबर 2017 में इसका शिलान्यास किया था तथा आज 1,470 करोड़ से अधिक की लागत से एम्स बनकर तैयार है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में 18 स्पेशियलिटी और 17 सुपर स्पेशियलिटी विभाग, 64 आईसीयू बेड के साथ 750 बेड शामिल हैं, जो 247 एकड़ में फैला है। यह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक स्वास्थ्य संस्थान है और हिमाचल प्रदेश के विकास का नया प्रतीक बनकर उभरेगा। 

    सत्ती ने कहा कि एम्स बिलासपुर में राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए डिजिटल स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित किया गया है, जहां से टेलीमेडिसन की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने ही अटल रोहतांग टनल, ऊना का पीजीआई अस्पताल, ऊना ट्रिपल आईटी जैसे बड़े-बड़े संस्थान राज्य को दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अक्तूबर को बिलासपुर एम्स के साथ-साथ नालागढ़ में बनने वाले मेडिकल डिवाइस पार्क की आधारशिला रखेंगे और बंदला में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का लोकार्पण भी करेंगे।

  • पंजाबः खालिस्तान टाइगर फोर्स आतंकी मॉड्यूल का संचालक गिरफ्तार, 3 हैंडग्रेनेड, पिस्टल और कारतूस किए बरामद

    पंजाबः खालिस्तान टाइगर फोर्स आतंकी मॉड्यूल का संचालक गिरफ्तार, 3 हैंडग्रेनेड, पिस्टल और कारतूस किए बरामद

    मोगाः सीएम भगवंत मान के निर्देश पर शुरू किए गए असामाजिक तत्वों के खिलाफ चल रही जंग में पंजाब पुलिस ने इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) की हिमायत प्राप्त ड्रोन आधारित खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) आतंकवादी मॉड्यूल के एक अन्य सदस्य को गिरफ्तार किया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की कार से तीन हैंड ग्रेनेड और हथियार बरामद किए हैं। इस आतंकी मॉड्यूल को कनाडा स्थित आतंकी/गैंगस्टर अर्शदीप सिंह उर्फ ​​अर्श डाला चला रहा है, जो केटीएफ के कनाडा स्थित प्रमुख हरदीप सिंह निझार का करीबी सहयोगी हैं।

    गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ ​​हीरा निवासी जुझार नगर बठिंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीन हथगोले के अलावा 60 जिंदा कारतूस के साथ .30 बोर की 2 पिस्टल और 9 एमएम बेरेटा भी बरामद किया है। यह कार्रवाई चमकौर साहिब इलाके से एक ही मॉड्यूल के दो कार्यकर्ताओं विजा सिंह उर्फ ​​गगन उर्फ ​​गग्गू और रंजोध सिंह उर्फ ​​ज्योति की गिरफ्तारी के दो दिन बाद की गई है। इससे पहले फिरोजपुर पुलिस ने फिरोजपुर के गांव आरिफके में धान के खेतों से दो मैगजीन और 60 जिंदा कारतूस के साथ एक अत्याधुनिक एके-47 राइफल बरामद की थी, जिसे विजा सिंह और रंजोध सिंह को बरामद करना था।

    डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब से मिली जानकारी के आधार पर मोगा पुलिस ने कोटकपूरा-बघापुराना रोड पर रोड नाकाबंदी कर आरोपी हरप्रीत हीरा को गिरफ्तार कर लिया है, जो अपनी सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार, रजिस्ट्रेशन नंबर पीबी 03-बीएफ-1462 से अमृतसर जा रहा था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी हरप्रीत ने स्वीकार किया कि वह अर्श डाला के करीबी सहयोगी अमनदीप सिंह उर्फ ​​बब्बू जो इस समय होशियारपुर जेल में बंद है, उसके कहने पर हैंडग्रेनेड और हथियारों की खेप अमृतसर पहुंचाने जा रहा था।

    इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस कप्तान मोगा गुलनीत सिंह खुराना ने कहा कि मनप्रीत पीता और एमी ने यह खेप मोगा में दो अज्ञात व्यक्तियों को सौंपी थी। जिन्होंने आगे इस खेप को अमृतसर में किसी अज्ञात स्थान पर पहुंचाने के लिए कहा था। बता दें कि इस संबंद में आर्म्स एक्ट की धारा 25(6)(7)-54-59, विस्फोटक पदार्थ (संशोधन) अधिनियम की धारा 3, 4, 5, ਅਤੇ 6 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धारा 13 और 18 के तहत पुलिस थाना बाघापुराणा में तिथि 04.10.2022 को एफआईआर नंबर 222 के अधीक मामला दर्ज किया गया है।

  • देश की अखंडता बनाए रखने में जनरल जोरावर सिंह का अविस्मरणीय योगदान: वीरेंद्र कंवर

    देश की अखंडता बनाए रखने में जनरल जोरावर सिंह का अविस्मरणीय योगदान: वीरेंद्र कंवर

    वीरेंद्र कंवर ने किया जनरल जोरावर सिंह की प्रतिमा का अनावरण
    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है तथा यहां के अनेक वीर सपूतों ने आजादी से पूर्व व आजादी के पश्चात देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। हिमाचल प्रदेश के वीर योद्धाओं में जनरल जोरावर सिंह का विशेष सम्मान है। यह बात ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशु पालन तथा मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने रेस्ट हाउस चौक बंगाणा के समीप जनरल जोरावर सिंह की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर कही। प्रतिमा का निर्माण कुटलैहड़ वेटर्नज एसोसिएशन ने किया है।
    एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्नल केसी शर्मा ने बताया कि कुटलैहड़ वेटर्नज एसोसिएशन भूतपूर्व सैनिक अधिकारियों व कर्मचारियों का एक संगठन है, जो भूतपूर्व सैनिकों के साथ साथ विभिन्न सामाजिक कार्यों एवं गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। उन्होंने  बताया कि एसोसिएशन कुटलैहड़ क्षेत्र में वॉर मेमोरियल, सैनिक विश्राम गृह, सीएसडी कैंटीन तथा ईसीएच सेंट्रर खोलने के लिए प्रयासरत है, जिसके लिए प्रदेश सरकार तथा ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर का भरपूर सहयोग मिल रहा है। 
    इस अवसर पर कैप्टन सुभाष चंद कौंडल, सचिव सूबेदार मान चंद, कैप्टन प्रीतम सिंह डढवाल, कैप्टन महेंद्र सिंह, कैप्टन किशोरी लाल, कैप्टन रणवीर सिंह, सूबेदार (सेना मेडल) दौलत राम, बीडीसी बंगाणा के अध्यक्ष देवराज शर्मा, हिमफैड के निदेशक चरणजीत शर्मा, मुछाली पंचायत के प्रधान विजय शर्मा, भाजपा मंडल प्रवक्ता सुरेंद्र हटली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
  • कार-बाइक पर भारत सरकार लिखवाया तो खैर नहीं, जानें निजी गाड़ियों के लिए जारी हुआ नया फरमान

    कार-बाइक पर भारत सरकार लिखवाया तो खैर नहीं, जानें निजी गाड़ियों के लिए जारी हुआ नया फरमान

    नई दिल्लीः सरकारी कर्मचारी होना आज के समय में बेहद मायने रखता है। सरकारी कर्मचारी को शादी से लेकर समाज तक में अलग रसूख मिलता है। ऐसे में केंद्र या राज्य सरकार के कर्मचारियों में अपनी निजी गाड़ियों पर भारत सरकार लिखना आम हो गया है। भारत सरकार ही नहीं, बल्कि लोग मंत्रालयों, विभागों और पदों के भी नाम लिखते हैं, जो कानूनी तौर पर सही नहीं है, साथ ही परिवहन विभागों  के नियमों का उल्लंघन भी है। लेकिन लोग इसकी परवाह नहीं करते। इसका संज्ञान लेते हुए भारत सरकार ने एक शासनादेश उत्तर प्रदेश समेत सभी राज्यों और सभी जिलों के लिए जारी किया है।

    इसमें किसी भी प्राइवेट वहिकल पर भारत सरकार, उसके मंत्रालय, विभाग या पदों का नाम लिखवाने पर सख्त हिदायत दी गई है। शासनादेश में कहा गया है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा प्राइवेट या पर्सनल वहिकल पर गवर्नमेंट ऑफ इंडिया नहीं लिखवाया जाएगा। ये दिशानिर्देश सभी मंत्रालय और विभागों के कर्मचारियों परलागू होगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से यह सर्कुलर जारी किया गया है। 

    1 सितंबर 2019 से लागू मोटर वाहन कानून  (Motor Vehicle Act 2019) में भी स्पष्ट दिशानिर्देश हैं और नंबर प्लेट में कोई भी अन्य बात लिखने को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन माना गया है। वाहनों के नंबर प्लेट में ऐसा कोई भी पद, मंत्रालय, विभाग आदि लिखने को छेड़छाड़ ही माना जाता है। ट्रैफिक रूल्स के हिसाब से तो नंबर प्लेट पर रोमन में ही नंबर अंकित कराया जा सकता है।

    मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार, अजीबोगरीब अंकों या अक्षरों में नंबर लिखवाना भी गलत है। इसको लेकर 500 से 5 हजार रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। भारत सरकार, कोई मंत्रालय, पद विभाग आदि लिखवाने पर 500 रुपये और नंबरों से छेड़छाड़ पर 5000 रुपये तक जुर्माना हो सकता है। बार-बार उल्लंघन पर वाहन मालिक की गाड़ी भी जब्त की जा सकती है।

  • दर्दनाक हादसाः हिमस्खलन में फंसे 28 ट्रैकर्स, 10 के शव बरामद, 18 अब भी लापता

    दर्दनाक हादसाः हिमस्खलन में फंसे 28 ट्रैकर्स, 10 के शव बरामद, 18 अब भी लापता

    देहरादूनः उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां द्रौपदी का डांडा-2 पर्वत चोटी पर हुए हिमस्खलन में 28 ट्रैकर्स फंस गए। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रिंसिपल कर्नल बिष्ट ने बताया कि हिमस्खलन में फंसे 28 में से 10 के शव बरामद हो गए हैं। हालांकि 18 लोग अब भी लापता हैं। वहीं NDRF, SDRF और सेना का रेस्क्यू अभियान जारी है। भारतीय वायुसेना ने फंसे हुए ट्रैकर्स के रेस्क्यू के लिए 2 चीता हेलिकॉप्टर्स को तैनात किया। 

    5 हजार मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर हुआ हादसा

    न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक द्रौपदी का डंडा 5,006 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। एजेंसी के मुताबिक उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने कहा कि एवलॉन्च में फंसे लोगों में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) के प्रशिक्षु पर्वतारोही और उनके प्रशिक्षक शामिल हैं। 

    गृहमंत्री, रक्षामंत्री ने ली हादसे की जानकारी

    सीएम पुष्कर  सिंह धामी ने ट्वीट में बताया कि द्रौपदी का डांडा-2 पर्वत चोटी में हिमस्खलन में फंसे प्रशिक्षार्थियों को जल्द से जल्द सकुशल बाहर निकालने के लिए NIM की टीम के साथ जिला प्रशासन, NDRF, SDRF, सेना और ITBP के जवानों द्वारा तेजी से राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। हिमस्खलन होने के कारण नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के 28 प्रशिक्षार्थियों के फंसे होने की सूचना है।

    उन्होंने ट्वीट किया किया रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से वार्ता कर रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए सेना की मदद लेने के लिए अनुरोध किया है, जिसको लेकर उन्होंने हमें केंद्र सरकार की ओर से हर सम्भव मदद देने के लिए आश्वस्त किया है। सभी को सुरक्षित निकालने हेतु रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

    वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट करके जानकारी दी कि उत्तरकाशी में हुई हिमस्खलन की घटना अत्यंत दुःखद है। इस संबंध में मैंने अधिकारियों से बात की है। स्थानीय प्रशासन, SDRF, NDRF, ITBP व सेना की टीमें पूरी तत्परता से राहत-बचाव कार्यों में जुटी हैं।

    बर्फबारी से रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित

    ट्रैकर्स को रेस्क्यू करने के लिए बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चलाया जा रहा है लेकिन इस बीच बर्फबारी शुरू हो गई है, जिस कारण रेस्क्यू ऑपरेशन की रफ्तार धीमी पड़ गई है। अगर बर्फबारी से अभियान के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

  • होशियारपुर से बड़ी ख़बरः अमेरिका में परिवार के 4 सदस्य Kidnap, मचा हड़कंप 

    होशियारपुर से बड़ी ख़बरः अमेरिका में परिवार के 4 सदस्य Kidnap, मचा हड़कंप 

    होशियारपुरः जिलें से बड़ी ख़बर सामने आई है। टांडा उड़मुड़ के अधीन आते हरसी गांव के अमेरिका में रहने वाले एक ही परिवार के चार सदस्य कैलिफोर्निया स्थित मर्सैड से अगवा किए जाने का मामला सामने आया है। अगवा हुए लोगों की पहचान जसदीप सिंह व अमनदीप सिंह पुत्र रणधीर सिंह, जसलीन कौर पत्नी जसदीप सिंह और उनकी 8 साल की बेटी रूही के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उक्त परिवार का अमेरिका में खुद का ट्रांसपोर्ट बिजनेस है। मामले की सूचना मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया है।

    पुलिस ने अभी इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती दौर में है। उन्होंने कहा कि इस बात की पुष्टि हुई है कि साउथ हाईवे 59 के 800 ब्लॉक से 4 लोगों को उनकी मर्जी के खिलाफ लेकर जाने की पुष्टि हुई है। जहां यह घटना हुई वह स्थान रोडवेज से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक संदिग्धों के नामों का खुलासा नहीं किया है। साथ ही यह भी पता नहीं चल पाया है कि घटना को अंजाम देने का मकसद क्या है। इस मामले में घटना स्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर 911 को सूचित करने को कहा है।