Blog

  • आज का राशिफल, 3 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 3 जुलाई 2026

    आज 3 जुलाई को शुक्रवार का दिन है। आज शुक्रवार के दिन माता लक्ष्मी की पूजा करने का विधान है। आज शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी जी की पूजा करने से सुख-समृद्धि बनी रहती है। इस दिन का ग्रह है शुक्र। शुक्र हमारे जीवन में स्त्री, वाहन और धन सुख को प्रभावित करता है। आज 3 जुलाई का दिन कुछ राशि वालों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है तो कुछ राशि वालों के लिए सामान्य परिणाम लेकर आएगा।

    मेष राशि: प्रेमी के साथ क्वालिटी टाइम बिताने की आपकी इच्छा आज पूरी होगी। अच्छे अवसर जल्द ही आपकी पहुंच में आ सकते हैं। आपकी ईमानदारी लव लाइफ और नौकरी दोनों में काम आएगी। सकारात्मक परिणाम देखें। आज छोटी-मोटी मेडिकल और फाइनेंशियल समस्या भी होगी।

    वृषभ राशि: आप सही कदम उठाना जानते हैं। आज प्रेम जीवन को रोमांटिक बनाने पर फोकस रखें। आज बड़ी रकम इन्वेस्ट करने से बचें। कोई बड़ी पैसों को प्रॉब्लम नहीं होगी। आज आपका स्वास्थ्य भी नॉर्मल है। सेल्फ लव पर ध्यान दें।

    मिथुन राशि: आज काम के प्रति समर्पित रहें। आपका दिन पॉजिटिव रहने वाला है। बिजनेस की शुरुआत करने वालों के लिए बेहतर कमाई के ऑपशन्स जल्द ही मिलेंगे। परिवर्तन से आपको लाभ होगा।

    कर्क राशि: आज कोई भी जोखिम आपके लिए खतरा साबित नहीं होगा। लव और प्रोफेशनल जीवन में पॉजिटिव रहें। मौकों की तलाश करें। धन का आगमन होगा और धनी बने रहने के लिए खर्च पर कंट्रोल करें। आज आपका स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा।

    सिंह राशि: किसी ऐसे व्यक्ति के साथ डेट पर जा सकते हैं, जिसे आप पसंद करते हैं। आज का दिन शानदार रहने वाला है। आज सफल पेशेवर जीवन के साथ-साथ खुशहाल लव लाइफ का आनंद लें। समझदारी से पैसों का इंवेस्टमेंट करें।

    कन्या राशि: जहां पेशेवर लोग सफलता का स्वाद चखेंगे, वहीं उद्यमी भी नए उद्यम शुरू कर सकते हैं। अपने बॉस का खास बनने की आपकी कोशिश में थोड़ा समय लगेगा। धन और स्वास्थ्य दोनों पॉजिटिव रहने वाले हैं।

    तुला राशि: अपने प्रेम जीवन में सकारात्मक रहें। ऑफिस में अपना बेस्ट देने की कोशिश करें। अपनी स्किल्स साबित करने के लिए नए टास्क लें। स्वास्थ्य संबंधी कोई दिक्कत नहीं होगी। आपकी ईमानदारी की आपकी खासियत है।

    वृश्चिक राशि: अपने प्रेमी के साथ खुश रहें। कोशिश करें कि आप पेशेवर आवश्यकताओं को पूरा करें। नई जिम्मेदारियां आपको व्यस्त रखेंगी लेकिन वित्तीय समृद्धि बनी रहेगी। पैसों को स्मार्ट तरीके से करें मैनेज करें। ऑफिस रोमांस से बचें।

    धनु राशि: कोई बड़ी बीमारी आपको परेशान नहीं करेगी। आपका पॉजिटिव रवैया आपकी सभी मुश्किलें सॉल्व करेगा। आज का दिन हलचल से भरपूर रहने वाला है। आज चीजें आपके हाथ से बाहर हो सकती हैं। कोई भी जरूरी डीसीजन आज न लें।

    मकर राशि: अपने लव रिलेशन में परेशानियों को दूर रखें। ऑफिस में शांत रहें। अपनी योग्यता साबित करने के लिए नई जिम्मेदारियां लें। आपका इंट्यूशन कभी आपको गलत फीलिंग नहीं देगा। वित्तीय मामलें में समृद्धि आपके पक्ष में है।

    कुंभ राशि: दोस्तों के आने से आप अच्छा फील करेंगे। प्रोफेशनल तौर पर मौकों पर नजर रखें। मेंटल हेल्थ बिगड़ सकती है। आज सेहत चिंता का विषय रहेगी। लोगों का आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है।

    मीन राशि: लव के मामले में पार्टनर के साथ छोटी-छोटी बातों पर बहस न करें। कोई बड़ी प्रोफेशनल चुनौती नहीं आएगी। आज आपको भारी मात्रा में धन लाभ हो सकता है। हेल्थ के मामले में भी दिन पॉजिटिव है।

  • मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली कैबिनेट की ओर से लैंड पूलिंग के लाभों में वृद्धि

    मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली कैबिनेट की ओर से लैंड पूलिंग के लाभों में वृद्धि

    चंडीगढ़ : ज़मीन मालिकों की चिंताओं को दूर करने और ज़मीन अधिग्रहण के दौरान किसानों को अधिक लाभ देने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में पंजाब कैबिनेट ने ज़मीन मालिकों के लाभों से संबंधित मौजूदा नीति में संशोधनों को मंजूरी दे दी है तथा राहत के लिए कई अन्य कदमों की भी शुरुआत की है। यह फैसला मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान लिया गया। ज़मीन अधिग्रहण के दौरान ज़मीन मालिकों के लिए बढ़े हुए लाभों के बारे में विवरण साझा करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि कैबिनेट ने ज़मीन मालिकों के लिए आवासीय और व्यावसायिक प्लॉटों का क्षेत्र बढ़ाने के लिए संशोधनों को मंजूरी दी है, जबकि हितधारकों के सामने आने वाली चिंताओं और व्यावहारिक कठिनाइयों को हल करने के लिए ‘आउस्टी पॉलिसी’ में भी कई बदलाव किए गए हैं।

    संशोधित नियमों के अनुसार लैंड पूलिंग के तहत आवासीय और व्यावसायिक श्रेणी चुनने वाले ज़मीन मालिकों को प्रति एकड़ 1,000 वर्ग गज के आवासीय प्लॉट मिलते रहेंगे, जबकि कमर्शियल जगह को 200 वर्ग गज से बढ़ाकर 210 वर्ग गज प्रति एकड़ कर दिया गया है। जो लोग केवल आवासीय श्रेणी चुनते हैं, उन्हें अब 1,600 वर्ग गज की जगह 1,630 वर्ग गज प्रति एकड़ मिलेगा, जबकि व्यावसायिक श्रेणी के प्रोजेक्ट्स के लिए व्यावसायिक जगह 800 वर्ग गज से बढ़ाकर 840 वर्ग गज प्रति एकड़ कर दी गई है। कैबिनेट ने आउस्टी पॉलिसी में संशोधनों को भी मंजूरी दी है, जिसके तहत वह ज़मीन मालिक जिनकी 1 एकड़ ज़मीन अधिग्रहित की जाती है, वे 200 वर्ग गज के प्लॉट के हकदार होंगे; जिनकी अधिग्रहित ज़मीन 1 एकड़ से अधिक और 2.5 एकड़ तक है, उन्हें 300 वर्ग गज का प्लॉट मिलेगा; जबकि जिनकी अधिग्रहित ज़मीन 2.5 एकड़ से अधिक है, वे 500 वर्ग गज के प्लॉट के हकदार होंगे।

    कैबिनेट ने छोटे किसानों के लिए विशेष लेटर ऑफ इंटेंट की व्यवस्था को भी मंजूरी दी है और ‘सुविधा सर्टिफिकेट’ की अवधि दो साल से बढ़ाकर चार साल कर दी है। इसके अलावा इस नीति के तहत विकसित प्लॉट लेने वाले असली ज़मीन मालिकों को रजिस्ट्रेशन या कन्वेयंस डीड के समय स्टांप ड्यूटी या अन्य खर्च नहीं देने पड़ेंगे। वैकल्पिक रूप से वे अधिग्रहित ज़मीन के कलेक्टर रेट पर गणना किए गए मूल्य तक पंजाब में कहीं भी ज़मीन खरीदते समय स्टांप ड्यूटी की छूट का लाभ ले सकते हैं। योग्य ज़मीन मालिकों को एक तरजीही ट्यूबवेल कनेक्शन भी मिलेगा, जबकि इस नीति में भाग लेने वाले किसान प्राथमिक स्थानों पर प्लॉटों की आबंटन के योग्य होंगे।

    इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब सरकार ने मौजूदा नीति संबंधी ज़मीन मालिकों और अन्य हितधारकों के साथ विचार-विमर्श किया था और उनके सुझावों तथा चिंताओं को मुख्य रखते हुए इन संशोधनों को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा, “आवासीय और व्यावसायिक विकल्प के तहत आवासीय जगह प्रति एकड़ 1,000 वर्ग गज ही रहेगी, जबकि व्यावसायिक जगह 200 वर्ग गज से बढ़ाकर 210 वर्ग गज प्रति एकड़ कर दी गई है। यदि कोई ज़मीन मालिक व्यावसायिक जगह की बजाय केवल आवासीय प्लॉट चुनता है तो आवासीय जगह 1,600 वर्ग गज से बढ़ाकर 1,630 वर्ग गज प्रति एकड़ कर दी गई है।”

  • लुधियाना में मानसून के दौरान लोगों की सुविधा के लिए 1700 सीसीटीवी कैमरों वाला ‘मानसून वॉर रूम’ स्थापित

    लुधियाना में मानसून के दौरान लोगों की सुविधा के लिए 1700 सीसीटीवी कैमरों वाला ‘मानसून वॉर रूम’ स्थापित

    लुधियाना : मानसून के मौसम के दौरान लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के उद्देश्य से पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री स हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि नगर निगम लुधियाना द्वारा एक आधुनिक ‘मानसून वॉर रूम’ स्थापित किया गया है। यह हाईटेक कंट्रोल सेंटर 1700 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे पूरे शहर की निगरानी करेगा।
    आज यहां नगर निगम के जोन-डी, सराभा नगर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) में स्थापित ‘मानसून वॉर रूम’ का निरीक्षण करने के बाद स हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि इस वॉर रूम की बड़ी स्क्रीन पर उन चौकों, निचले इलाकों और संवेदनशील नालों की लाइव एचडी फुटेज दिखाई जाएगी, जहां जलभराव की समस्या रहती है। इस व्यवस्था के माध्यम से जलभराव का पता कुछ ही सेकंड में चल जाएगा, जिससे नगर निगम की टीमें तुरंत संबंधित स्थान पर पहुंच सकेंगी। इससे कार्रवाई का समय घंटों से घटकर कुछ मिनटों तक सीमित हो जाएगा।

    कंट्रोल सेंटर के कामकाज का जायजा लेने के बाद स्थानीय निकाय मंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही एक समर्पित मानसून हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। शहरवासी इस हेल्पलाइन पर फोन कर जलभराव, जाम या ओवरफ्लो नालों से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिसे वॉर रूम में तुरंत दर्ज किया जाएगा। प्रत्येक शिकायत को शहर के नक्शे पर जियो-टैग किया जाएगा और उसे सबसे निकट की फील्ड टीम को सौंपा जाएगा। समस्या के समाधान होने तक उसकी लगातार निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान कर लोगों को तुरंत राहत प्रदान करना है। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में स हरजोत सिंह बैंस ने मानसून के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की। उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी रखने, बुद्धा दरिया और मुख्य सीवरेज लाइनों की सफाई (डी-सिल्टिंग) कराने, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी मैनहोल ढकने, सड़क किनारे लगी जालियों की सफाई तथा टूटी सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    स बैंस ने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में हम कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। ‘मिशन क्लीन पंजाब’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर चलाया जा रहा हमारा व्यावहारिक अभियान है।” उन्होंने चेतावनी दी कि सफाई अथवा आपातकालीन ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, नगर निगम आयुक्त ओजस्वी अलंकार, वरिष्ठ डिप्टी मेयर राकेश पराशर, डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर, संयुक्त आयुक्त तपन भनोट तथा सहायक आयुक्त जसदेव सेखों भी उपस्थित रहे। नगर निगम आयुक्त ओजस्वी अलंकार ने स्थानीय निकाय मंत्री को कमांड सेंटर की तैयारियों की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि नगर निगम की सभी टीमें पूरी तरह सतर्क और अलर्ट हैं।

     

  • राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले डॉक्टरों को राज्य स्तरीय पुरस्कारों से किया गया सम्मानित

    चंडीगढ़ : मेडिकल पेशेवरों की अथक सेवाओं को मान्यता देने के लिए अहम कदम उठाते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने आज यहां म्युनिसिपल भवन में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाने के लिए आयोजित राज्य स्तरीय चिकित्सक पुरस्कार समारोह में सरकारी और निजी क्षेत्र के 59 डॉक्टरों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई अपनी तरह की यह अनूठी नीति उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डॉक्टरों को सम्मानित करने का नेक प्रयास है। इस संस्थागत और योग्यता-आधारित नीति के तहत राज्य के स्वास्थ्य विभाग, सरकारी मेडिकल कॉलेजों और निजी क्षेत्र की बेहतरीन सेवाएं निभाने वाले डॉक्टरों को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह दिए गए।

    सभी डॉक्टरों को डॉक्टर दिवस पर बधाई देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह ने पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (पीआईएलबीएस) के निदेशक डा. वीरेंद्र सिंह का उनके बहुमूल्य योगदान के लिए विशेष तौर पर जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जिस इमारत को मूल रूप से एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के लिए बनाया गया था, वहां अब पीआईएलबीएस है, जहां पहला लिवर ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान में बहुत जल्द किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शुरू हो रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने होमी भाभा कैंसर अस्पताल के निदेशक डा. आशीष गुलिया की, राज्य में कैंसर संबंधी देखभाल को उच्च स्तर पर ले जाने और शुरुआती निदान पर ध्यान केंद्रित करके कैंसर की रोकथाम करने के लिए सराहना की। इसके अलावा डा. बलबीर सिंह ने प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डा. बिश्व मोहन और न्यूरोलॉजिस्ट डा. जैराज डी. पांडियन की, हब-एंड-स्पोक-आधारित प्रोजेक्ट्स – स्टेमी और स्ट्रोक – को सफलतापूर्वक चलाने के लिए प्रशंसा की।

    उल्लेखनीय है कि हब एंड स्पोक मॉडल पर आधारित पंजाब स्टेमी प्रोजेक्ट का उद्देश्य दिल के दौरे के मरीजों को समय पर और प्रभावी इलाज प्रदान करना है, जिसमें मुख्य तौर पर थ्रोम्बोलाइसिस पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इस जीवन-रक्षक पहल के तहत टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन, जो दिल में खून के थक्कों को घोलने में मदद करता है और आम तौर पर 25,000 से 35,000 रुपये की कीमत का होता है, मरीजों को पूरी तरह से मुफ्त दिया जा रहा है। इसी तरह पंजाब स्ट्रोक प्रोजेक्ट का उद्देश्य इस्केमिक स्ट्रोक से पीड़ित स्ट्रोक मरीजों को मुफ्त मैकेनिकल थ्रॉम्बेक्टोमी प्रदान करना है। यह प्रोजेक्ट भी हब एंड स्पोक मॉडल पर आधारित है, जिसमें सी.एम.सी. लुधियाना को केंद्रीय हब और तीन जिला अस्पतालों को स्पोक्स के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

    समारोह के दौरान समग्र चिकित्सा समुदाय की सराहना करते हुए डा. बलबीर सिंह ने डॉक्टरों को ग्लोबल रोल मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी मुसीबत आए – चाहे बाढ़ हो, कोविड-19 हो या कोई अन्य आपदा – डॉक्टर हमेशा लोगों की सेवा के लिए अग्रणी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मरीजों के साथ सहानुभूति से पेश आने के लिए डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं पर मानक स्वास्थ्य सेवा को निजी अस्पतालों के बराबर बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। उन्होंने दोहराया कि मानक स्वास्थ्य सेवा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का भी एक मौलिक अधिकार है। डा. बलबीर सिंह ने घोषणा की कि बहुत जल्द इसी तरह आशा वर्करों, पैरा-मेडिकल स्टाफ और अन्य हेल्थ वर्करों को सम्मानित करने के लिए राज्य स्तरीय आयोजन किया जाएगा।

  • ’चिट्टा’ के खिलाफ चॉक: पंजाब की कक्षाएँ ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ का अग्रिम मोर्चा बनीं

    ’चिट्टा’ के खिलाफ चॉक: पंजाब की कक्षाएँ ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ का अग्रिम मोर्चा बनीं

    चंडीगढ़: गर्मी की एक महीने की छुट्टी के बाद जैसे ही पंजाब के स्कूल फिर से खुल रहे हैं, हज़ारों शिक्षक राज्य को नशामुक्त बनाने के अभियान में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अब यह लड़ाई पुलिस थानों और नशा मुक्ति केंद्रों से आगे बढ़कर स्कूलों और कक्षाओं तक पहुँच गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाले ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान के तहत प्रशिक्षित शिक्षक, जागरूक प्रधानाचार्य और सुरक्षित स्कूल वातावरण के माध्यम से हर बच्चे के चारों ओर सुरक्षा कवच बनाया जा रहा है। बच्चों को नशे के खतरों की जानकारी देने के साथ-साथ मानसिक तनाव से निपटने के कौशल और सुरक्षित, गुप्त रूप से शिकायत करने के विकल्प भी दिए जा रहे हैं।

    इस व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए पंजाब सरकार उन लोगों में निवेश कर रही है जो रोज़ाना किशोरों के संपर्क में रहते हैं। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज़ के विशेषज्ञों के सहयोग से नौ जिलों (विशेषकर सीमावर्ती जिलों) के 1,400 से अधिक स्कूल प्रमुखों को प्रशिक्षित किया गया है ताकि वे नशे के शुरुआती संकेत पहचान सकें, सहानुभूति के साथ प्रतिक्रिया दें और मानसिक स्वास्थ्य को सार्वजनिक स्वास्थ्य दृष्टिकोण से समझकर संभाल सकें।

    इसके अलावा, अमृतसर में कक्षा 9 से 12 तक के 3,000 से अधिक शिक्षकों के लिए कैपेसिटी बिल्डिंग वर्कशॉप आयोजित की गई हैं। इस ट्रेनिंग के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। ट्रेनिंग के बाद 75% शिक्षकों ने बताया कि उन्हें स्वस्थ स्कूल वातावरण बनाने की प्रेरणा मिली , जबकि 85% ने माना कि किशोरों में नशे का संबंध तनाव, साथियों के दबाव और भावनात्मक चुनौतियों से जुड़ा है।अब इस कार्यक्रम का विस्तार पूरे राज्य के सभी जिलों में किया जा रहा है।

    स्कूल स्टाफ की जागरूकता के साथ-साथ सरकार किशोरों में तनाव और भावनात्मक असंतुलन जैसी मूल समस्याओं को भी संबोधित कर रही है। राज्य भर के सरकारी स्कूलों में शुरू किया गया ‘माइंडफुलनेस प्रोग्राम’ कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए रोज़ सुबह 30 मिनट का सत्र देता है, जिसमें साँस लेने के अभ्यास, मेडिटेशन , सकारात्मक विचार और आभार अभ्यास शामिल हैं, ताकि ध्यान, भावनात्मक मज़बूती और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर हो सके। मोहाली के लगभग 210 सरकारी स्कूलों में पायलट रूप से लागू इस कार्यक्रम में 83% छात्रों ने बताया कि वे कठिन परिस्थितियों को अब बेहतर तरीके से संभाल पा रहे हैं और तनाव कम महसूस करते हैं।

    इस पहल के महत्त्व पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा, “नशे से बचाए गए हर बच्चे को एक सुरक्षित परिवार और मज़बूत भविष्य मिलता है। स्कूलों को ऐसा स्थान बनाकर जहाँ बच्चे आत्मविश्वास, लचीलापन और जीवन कौशल विकसित करें, सरकार एक स्वस्थ समाज की नींव रख रही है। हमारा उद्देश्य केवल नशे के खतरों से चेतावनी देना नहीं है, बल्कि बच्चों को सही निर्णय लेने के लिए ज्ञान, शक्ति और समझ प्रदान करना है।” पंजाब ने अपनी रोकथाम रणनीति को और मज़बूत करते हुए सम्पूर्ण राज्य में कक्षा 9 से 12 के छात्रों के लिए भारत का पहला एविडेंस -आधारित एंटी-ड्रग पाठ्यक्रम शुरू किया। पिछले साल अगस्त में शुरू किए गए इस कार्यक्रम में 3,658 स्कूलों के लगभग 8 लाख छात्र शामिल हैं और इसे 6,500 से अधिक प्रशिक्षित शिक्षक पढ़ा रहे हैं।

    जे-पैल साउथ एशिया (J-PAL South Asia) और व्यवहार वैज्ञानिकों के सहयोग से विकसित यह पाठ्यक्रम पारंपरिक जागरूकता अभियानों से आगे बढ़कर छात्रों को नशा, साथियों का दबाव, निर्णय लेने की क्षमता और नशे से इनकार करने के व्यावहारिक कौशल सिखाता है। अमृतसर के एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका बलविंदर कौर, जो राज्य के नशा-विरोधी अभियान के तहत किशोर बच्चों का मार्गदर्शन कर रही हैं, ने कहा, “बच्चों से हमें उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। वे कक्षा और स्कूल स्तर पर चर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। इससे हमें भरोसा मिलता है कि आने वाले समय में टीनेजर और एडोलेसेंटस नशे की समस्या से दूर रहेंगे।” छात्रों के लिए सुरक्षित मदद प्रणाली के तहत नशे से जुड़ी चिंताओं की जानकारी देने के लिए गुमनाम शिकायत पेटियाँ लगाई गई हैं, ताकि छात्र बिना डर और पहचान उजागर हुए गोपनीय रूप से रिपोर्ट कर सकें।

    पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि यह पहल सरकार की युवा पीढ़ी को सुरक्षित बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा, “शिक्षकों ने हमेशा समाज में बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाई है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नशे के ख़िलाफ़ चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। यह एक सामूहिक प्रयास है, जिसमें शिक्षक और मेंटर सबसे महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” पंजाब पहले ही राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा में अग्रणी राज्य बन चुका है, नेशनल अचीवमेंट सर्वे (राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण) और नीति आयोग की स्कूल एजुकेशन सिस्टम रिपोर्ट 2026 में शीर्ष स्थान प्राप्त कर चुका है। अब राज्य नशे के ख़िलाफ़ लड़ाई में भी नई मिसाल पेश कर रहा है। यह दिखा रहा है कि नशे पर रोक सिर्फ कानून लागू करने से नहीं, बल्कि जागरूकता, संवेदनशीलता, वैज्ञानिक सोच और समय रहते रोकथाम से भी लगाई जा सकती है। शिक्षकों, स्कूल प्रमुखों और कक्षाओं को इस अभियान का केंद्र बनाकर पंजाब ऐसा मॉडल तैयार कर रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों को नशे की गिरफ़्त में आने से पहले ही सुरक्षित रखना है।

  • Jalandhar News: Genesis Fertility and Surgical Centre में Baby Girl होने का मामला

    Jalandhar News: Genesis Fertility and Surgical Centre में Baby Girl होने का मामला

    बाल अधिकार संरक्षण आयोग में हुई शिकायत, गरमाया मुद्दा

    जालंधर : मॉडल टाउन इलाके में स्थित जेनेसिस फर्टिलिटी एंड सर्जिकल सेंटर में लड़की पैदा होने पर हुए विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। न अस्पताल के डॉक्टर लखविंदर पाल सिंह पर लड़के के पैदा होने का कहकर लड़की होने के आरोप परिजनों द्वारा लगाए गए थे। इसी बात को लेकर अस्पताल में जमकर हंगामा भी हुआ था।

     

    इस मामले को लेकर सर्व सुख सेवा मिशन पंजाब के चेयरमैन अरविंद शर्मा ने मोर्चा खोलते हुए पहले जालंधर CP को शिकायत दी थी। जिसके बाद अब एक और शिकाय बाल अधिकार संरक्षण आयोग मे दी गई है। जिसमे उन्होंने Baby Girl के पैदा होने के बाद हुए हंगामे का हवाला देते हुए बनती करवाई की मांग की है। इसके साथ ही एक नवजात बच्ची के जन्म के संबंध में अपमानजनक व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।

    अरविंद शर्मा ने कल एक वीडियो में कहा था कि बेटा होने की बदले बेटी होने पर हंगामा अस्पताल में हंगामा किया गया था। आज के समय में समाज में बेटिया का दर्जा बेटो के बराबर है, लेकिन बीते दिनो कुछ लोगों ने जाकर डॉक्टर पर दवाब डाल यार मार करने का आरोप लगाया था। शर्मा ने कहा कि वह 12 सालों से धीयां की लोहड़ी मना रहे है। इस हरकत से बेटियों के जन्म से नफरत करने वालों के चेहरे सामने आए है।

    अरविंद ने पुलिस कमिशनर को दी  शिकायत मे निष्पक्ष जांच करने की अपील करते हुए दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेजने आग्रह किया है। वहीं महिलाओं को भी उक्त व्यक्तियों के खिलाफ पोस्ट शेयर करने की अपील की है ताकि लोगों में महिलाओं और बेटियों को लेकर सही संदेश पहुंचे।

     

     

  • ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों और आउटसोर्स्ड स्टाफ को निष्पक्ष ढंग से रखा जाएगा : तरुनप्रीत सिंह सौंद

    ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों और आउटसोर्स्ड स्टाफ को निष्पक्ष ढंग से रखा जाएगा : तरुनप्रीत सिंह सौंद

    चंडीगढ़ : पंजाब के बिजली मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने आज कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य सरकार द्वारा ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने तथा आउटसोर्स्ड स्टाफ को ठेके पर लाने की घोषणा की जा चुकी है। मंत्री ने कहा कि इस फैसले को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्ष ढंग से लागू किया जा रहा है।

    बिजली मंत्री ने पी.एस.पी.सी.एल. और पी.एस.टी.सी.एल. की तीन यूनियनों, जिनमें तालमेल समिति, पावरकॉम ट्रांसको आउटसोर्स्ड यूनियन और आउटसोर्स्ड एम्प्लॉइज़ फेडरेशन शामिल थीं, के साथ बैठक की। मंत्री ने उन्हें फिर से आश्वासन दिया कि राज्य सरकार कॉन्ट्रैक्ट ठेके पर रखे स्टाफ को पक्का करने, आउटसोर्स्ड वर्कर्स को कॉन्ट्रैक्ट पर लाने और साथ ही उनकी अन्य सभी जायज़ मांगों को भी तेजी से हल करने के लिए सक्रिय रूप से प्रक्रिया कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार के इस फैसले से पी.एस.पी.सी.एल. और पी.एस.टी.सी.एल. में काम करने वाले 8,000 से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

    तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए, बिजली मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी प्रक्रिया में तेजी लाने और सभी जायज़ मांगों को फास्ट-ट्रैक मोड में हल करने का निर्देश दिया। इस दौरान सी.एम.डी. डॉ. बसंत गर्ग ने भी कर्मचारी यूनियनों के सदस्यों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज़ मांगों को योजनाबद्ध तरीके से हल किया जाएगा और बिजली विभाग द्वारा कर्मचारियों के हित में अध्यादेश के प्रावधानों का शब्दश: पालन किया जाएगा। बैठक के दौरान एस.एस.पी. खन्ना डॉ. दरपन आहलूवालिया, निदेशक (जनरेशन) इंजीनियर पुनीरदीप सिंह बराड़ सहित अन्य अधिकारी और यूनियनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

     

  • रेलवे स्टेशन के पास से चोरी हुई ब्रेड वाली जीप थानाकलां के पास पलटी, दो लोग हिरासत में

    रेलवे स्टेशन के पास से चोरी हुई ब्रेड वाली जीप थानाकलां के पास पलटी, दो लोग हिरासत में

    ऊना/सुशील पंडित: रेलवे स्टेशन ऊना के पास से चोरी हुई एक ब्रेड सप्लाई करने वाली जीप कुछ ही घंटों बाद थानाकलां क्षेत्र में पलटी हुई अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लेने में सफलता हासिल की है।
    जानकारी के अनुसार आज दोपहर रेलवे स्टेशन ऊना के पास से एक ब्रेड सप्लाई करने वाली जीप चोरी हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि थानाकलां क्षेत्र में एक जीप पलटी हुई पड़ी है।
    सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान थानाकलां के पास स्थित छपरोह गांव से बरनाला निवासी दो लोगों को पकड़ लिया गया। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
    पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि वाहन को चोरी करने के पीछे क्या उद्देश्य था, गाड़ी किस परिस्थिति में दुर्घटनाग्रस्त हुई और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है। मामले में पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई जारी है।
     
  • Panchkula News: ट्रैफिक नियम उल्लंघन करने वाले का पुलिस ने 33 हजार का काटा चालान, बाइक इंपाउंड, देखें वीडियो

    Panchkula News: ट्रैफिक नियम उल्लंघन करने वाले का पुलिस ने 33 हजार का काटा चालान, बाइक इंपाउंड, देखें वीडियो

    युवाओं को डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक की दो टूक चेतावनी- सड़क पर स्टंट और दिखावा नहीं, कानून का पालन ही आपकी असली पहचान

    पंचकूलाः सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों, नियमों का उल्लंघन करने वालों और सड़क पर अवैध रूप से रौब झाड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसे बाइक चालक को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की, जिसने अपनी बाइक को कई तरह से अवैध रूप से मॉडिफाई कर रखा था और बिना किसी वैध दस्तावेज के सड़क पर दौड़ा रहा था।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर पड़ी। जब वाहन को रोककर जांच की गई तो बाइक में नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। इसके अलावा बाइक पर कोबरा सहित अन्य अवैध स्टिकर लगाए गए थे, रंग-बिरंगी अवैध लाइटें लगी थीं तथा अंग्रेजी में सरपंच लिखकर सड़क पर रौब दिखाने का प्रयास किया जा रहा था। जांच के दौरान चालक के पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस मिला, न उसने हेलमेट पहन रखा था और न ही वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध थे।

    यातायात उल्लंघनों को देखते हुए सुरजपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक की विभिन्न प्रावधानों के तहत कुल 33,000 रुपये का चालान किया। साथ ही वाहन को तत्काल इंपाउंड कर पिंजौर थाना में जमा करवा दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी वाहन चालक के साथ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह का बयान: आजकल कुछ युवा सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या सड़क पर अलग पहचान बनाने के लिए अपने वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, तेज आवाज वाले साइलेंसर, भ्रामक स्टिकर और चमकदार लाइटों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे वाहनों से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और सड़क पर अनुशासन प्रभावित होता है।

    पंचकूला पुलिस ऐसे किसी भी उल्लंघन को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अपनी पहचान कानून तोड़कर नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनकर बनाइए। हेलमेट पहनें, वैध दस्तावेज साथ रखें, वाहन में किसी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और ट्रैफिक नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करें। सड़कें स्टंट, दिखावे या रौब झाड़ने की जगह नहीं हैं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

     

  • रोटरी क्लब ऊना ने मनाया अन्नपूर्णा दिवस, कुष्ठ आश्रम कोटला खुर्द में ₹5500 का राशन वितरित

    रोटरी क्लब ऊना ने मनाया अन्नपूर्णा दिवस, कुष्ठ आश्रम कोटला खुर्द में ₹5500 का राशन वितरित

    ऊना, सुशील पंडित: रोटरी क्लब ऊना ने अपनी सामाजिक सरोकारों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अन्नपूर्णा दिवस के अवसर पर कुष्ठ आश्रम सोसाइटी, कोटला खुर्द में रह रहे जरूरतमंद परिवारों के बीच राशन सामग्री वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया। क्लब द्वारा लगभग ₹5500 मूल्य की खाद्य सामग्री 20 जरूरतमंद परिवारों के 60 से अधिक सदस्यों को उपलब्ध करवाई गई।
    इस सेवा अभियान का नेतृत्व रोटरी क्लब ऊना के अध्यक्ष रंजीत जसवाल ने किया। उनके साथ क्लब के पूर्व अध्यक्ष यशपाल सिंह ठाकुर, सुरिंदर ठाकुर, वित्त सचिव बलदेव चंद, आरके शर्मा, मोनिका सिंह सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आश्रम में रह रहे लोगों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें दैनिक उपयोग की आवश्यक खाद्य सामग्री भेंट की।
    इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रंजीत जसवाल ने कहा कि रोटरी क्लब ऊना केवल सेवा के सिद्धांतों में विश्वास नहीं करता, बल्कि उन्हें व्यवहार में भी उतारने का निरंतर प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना प्रत्येक सक्षम व्यक्ति और संस्था की नैतिक जिम्मेदारी है।
    अन्नपूर्णा दिवस जैसे अवसर हमें जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांटने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्लब भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और मानव सेवा से जुड़े ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा।
    कुष्ठ आश्रम सोसाइटी के सचिव लाल बाबू गोप ने रोटरी क्लब ऊना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब द्वारा समय-समय पर किया जाने वाला सहयोग आश्रम में रहने वाले परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि समाज की संस्थाओं के इस प्रकार के सहयोग से जरूरतमंद लोगों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें यह एहसास होता है कि समाज उनके साथ खड़ा है। इस अवसर पर आश्रम के 20 परिवारों के 60 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे।