रेलवे स्टेशन के पास से चोरी हुई ब्रेड वाली जीप थानाकलां के पास पलटी, दो लोग हिरासत में

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: रेलवे स्टेशन ऊना के पास से चोरी हुई एक ब्रेड सप्लाई करने वाली जीप कुछ ही घंटों बाद थानाकलां क्षेत्र में पलटी हुई अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लेने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर रेलवे स्टेशन ऊना के पास से एक ब्रेड सप्लाई करने वाली जीप चोरी हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि थानाकलां क्षेत्र में एक जीप पलटी हुई पड़ी है।
सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान थानाकलां के पास स्थित छपरोह गांव से बरनाला निवासी दो लोगों को पकड़ लिया गया। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि वाहन को चोरी करने के पीछे क्या उद्देश्य था, गाड़ी किस परिस्थिति में दुर्घटनाग्रस्त हुई और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है। मामले में पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई जारी है।
 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *