Blog
-

Punjab News: PRTC बस ने स्कूटी सवार व्यक्ति को मारी टक्कर, देखें वीडियो
फगवाड़ा। जिले से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां, पंजाब रोडवेज बस ने एक स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि ये हादसा होशियारपुर चौक पर फ्लाईओवर के ऊपर हुआ है। बस जालंधर की तरफ आ रही थी इसी दौरान स्कूटी सवार बस के नीचे आ गया, जिससे हादसा हो गया। जिसके बाद आस-पास से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरी-तफरी मच गई। लोगों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है, लेकिन अभी तक इसकी अधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। -

कलयुगी बेटों ने नहीं दिया पिता की अर्थी को कंधा, सामाजिक संस्था करेगी अंतिम संस्कार, देखें वीडियो
पंचकूला: मनीमाजरा के रहने वाले अशोक कुमार की मौत के बाद उनके बेटों ने अस्पताल में आकर पिता की बॉडी लेने से मना कर दिया। इसके अलावा बेटों ने पुलिस के द्वारा किए गए फॉन कॉल भी नहीं उठाए। यह मामला इंसानियत को शर्मसार कर रहा है। अब एक सामाजिक संस्था उनका अंतिम संस्कार करेगी।
जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार को उनका छोटा बेटा विजय सेक्टर-6 के अस्पताल में इलाज के लिए लेकर आया था। उन्हें भर्ती करवाने के बाद वह अचानक अस्पताल से गायब हो गया। इसके बाद वह रजिस्ट्रेशन कार्ड पर अपने बड़े भाई का नंबर लिखकर चला गया।
अस्पताल स्टाफ के अनुसार अशोक कुमार इलाज के दौरान दो दिनों तक अपने बेटों को बुलाने के लिए कहते रहे परंतु वह नहीं आए। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान 10 नवंबर को उनकी हालत खराब हो गई और थोड़ी देर बाद मृत्यु हो गई।
अस्पताल प्रबंधन ने मौत की जानकारी सेक्टर-6 चौकी को दी। चौकी इंचार्ज भर्तू राम और मनीमाजरा के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर आनंद पांडे ने रजिस्ट्रेशन कार्ड पर दिए गए दोनों बेटों के नंबर पर कई बार फोन किया। उन्हें बताया कि उनके पिता की मौत हो गई है।
वह बॉडी लेने के लिए अस्पताल आ जाए परंतु अधिकारियों के अनुसार, दोनों बेटों ने साफ तौर पर बॉडी लेने से मना कर दिया। वह दोनों अस्पातल भी नहीं आए। जब बेटों ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया तो पुलिस ने मामले की जानकारी एक स्थानीय सामाजिक संस्था को दी।
संस्था ने मानवता के आधार पर आगे आकर अशोक कुमार का अंतिम संस्कार करने की जिम्मेदारी ली है।अब यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि समाज में रिश्ते बदल रहे हैं और अब बच्चे अपने पिता को भी स्वीकार करने से मना कर रहे हैं।
-

Punjab News: लावारिस लाश के मामले में सफाई इंस्पेक्टर सस्पेंड
फगवाड़ा। जिले के स्थानीय सिविल अस्पताल में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई थी जिसमें एक लावारिस लाश का अंतिम संस्कार करने के लिए शव वाहन का नहीं बल्कि कूड़े वाली गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। वहीं, शर्मनाक मामले पर पंजाब सरकार ने कठोर कार्रवाई की है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पंजाब सरकार ने सफाई निरीक्षक (स्वच्छता निरीक्षक) हितेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फगवाड़ा में एक अनाम मृतक देह का अंतिम संस्कार के लिए ले जाना था, लेकिन प्रशासन की ओर से मर्यादा के साथ व्यवहार करने की बजाय शव को अस्पताल से श्मशान तक कचरा वाहन में रखकर ले जाया गया। इस घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया। सरकार ने इस अमानवीय व्यवहार के मद्देनजर तुरंत कार्रवाई की है। निलंबित किए गए सफाई निरीक्षक हितेश कुमार के खिलाफ आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
-

Punjab News: पुलिस और शूटर के बीच चली गोलियां, एक घायल, देखें वीडियो
अमृतसर। जिले के छेहरटा थाना इलाके में 18 नवंबर की सुबह हुए वरिंदर सिंह के मर्डर केस को सुलझाते हुए पुलिस ने दो शूटर – जोबनप्रीत उर्फ जोबन और सुखबीर सिंह उर्फ सुख, महल कलानौर के रहने वाले गिरफ्तार किए हैं। दोनों की उम्र करीब 22 साल है और दोनों बेरोजगार बताए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मर्डर की जांच के दौरान पता चला कि मुख्य साजिश निशान सिंह नाम के एक व्यक्ति ने रची थी, जिसका अपनी पत्नी अर्शप्रीत कौर के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।
अर्शप्रीत कौर वरिंदर सिंह की भतीजी है और वह उसे कानूनी मदद दे रहा था। बच्चे की कस्टडी को लेकर चल रहे झगड़े के दौरान, विदेश में बैठे निशान सिंह ने युवा शूटरों को यह लालच दिया कि अगर वे ऐसा करते हैं तो उन्हें ‘दुबई में सेटल’ करवा दिया जाएगा। दोनों शूटरों को पिस्तौल भी दी गई थी। हत्या बहुत पास से की गई, जिससे वरिंदर सिंह की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। पुलिस ने सबसे पहले निशान सिंह के भाई-बहन—गुरलाल और परमजीत कौर, जो तरनतारन के रहने वाले हैं—को गिरफ्तार किया, क्योंकि वे दोनों उसके फेवर में थे और बच्चे की कस्टडी को लेकर बनाए जा रहे दबाव में शामिल थे।
पिस्तौल बरामदगी के दौरान शूटर ने पुलिस पर की फायरिंग
शूटर जोबन से पूछताछ में पता चला कि उसने घटना के लिए जिस पिस्तौल का इस्तेमाल किया था, वह छेहरटा थाने के इलाके में कहीं छिपाई हुई थी। जब पुलिस पार्टी उसकी निशानदेही पर रिकवरी के लिए पहुंची, तो आरोपी ने अचानक लोडेड पिस्तौल से पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोली हेड कांस्टेबल गुरिंदर सिंह के कान के बहुत पास से निकल गई, लेकिन वह बच निकला।मुख्य साजिशकर्ता को जल्द किया जाएगा गिरफ्तारः पुलिस कमिश्नर
जवाबी कार्रवाई में SHO लवप्रीत ने गोली चलाई जो आरोपी के पैर में लगी। आरोपी को तुरंत अस्पताल भेजा गया और दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर मौके पर पहुंचे और कहा कि केस पूरी तरह से सॉल्व हो गया है और अब मुख्य साजिशकर्ता निशान सिंह की तलाश टॉप प्रायोरिटी है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -

युवा नेतृत्व संवाद: राज्यपाल ने युवाओं को भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया
शिमला: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी में आयोजित ‘विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद एवं नशामुक्त भारत अभियान’ कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, जिज्ञासा और सृजनात्मक शक्ति ही भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाएगी।
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में युवाओं की भूमिका सबसे प्रमुख है। युवा देश के सपनों को गति देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि छात्र-छात्राएं शिक्षा को केवल करियर का माध्यम न समझें, बल्कि समाज परिवर्तन, नवाचार और राष्ट्रीय सेवा का साधन बनाएं। अपने अंदर नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रीयता की भावना का विकास करें। जब युवा सक्रिय होते हैं, राष्ट्र प्रगति करता है।

उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और अगले वर्ष तक जर्मनी को पीछे छोड़ते हुए तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। देश में स्टार्टअप, डिजिटल क्रांति, अंतरिक्ष अनुसंधान और बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार युवाओं की सहभागिता का परिणाम है। एक विकसित, सशक्त और नशामुक्त भारत का निर्माण तभी संभव है जब युवा जागरूक, अनुशासित और समर्पित हों। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का मार्ग आप ही से होकर जाता है। अपनी क्षमता पर विश्वास रखें, अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और नशे जैसी बुराइयों से स्वयं भी दूर रहें तथा दूसरों को भी बचाएं।
शुक्ल ने नशामुक्ति पर जोर देते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सिंथेटिक ड्रग्स के जाल में फंसाने की एक सोची-समझी कोशिश की जा रही है, जिससे बचाने के लिए समाज को साथ आना होगा।
राज्यपाल ने कहा कि हमें नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी होगी। युवाओं को गलत आदतों से बचाने के लिए जागरूकता, संवाद, परिवार का सहयोग और शैक्षिक संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि नशे से दूर रहें, खेल, योग, संगीत, कला और सकारात्मक गतिविधियों से जीवन को ऊंचा उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से उन्होंने नशामुक्त हिमाचल अभियान शुरू किया और उच्च शैक्षणिक संस्थानों से प्रारंभ यह अभियान अब पंचायत स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान में प्रदेश सरकार के ठोस एवं सार्थक प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कुलपति से विश्वविद्यालय में योग और खेल गतिविधियों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय ज्ञान, शोध और राष्ट्रीय चेतना का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है, जहां युवाओं की ऊर्जा और संकल्प भारत के भविष्य को नई दिशा देते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय की टीम को किए जा रहे सार्थक कार्यों के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में लगाए गए रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया और विकसित भारत व नशामुक्त भारत विषय पर छात्रों द्वारा तैयार चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने सरदार पटेल की प्रेरणादायक यात्रा को छायाचित्रों के माध्यम से संकलित करती एक पुस्तक का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय द्वारा विकसित भारत व नशामुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कहानी लेखन, भाषण, चित्रकला और कविता पाठ प्रतियोगिताओं के विजेताओं को राज्यपाल ने सम्मानित किया। कहानी लेखन में एमएलएसएम डिग्री कॉलेज सुन्दरनगर के चंदन जस्वाल ने प्रथम, लंबा थाच की पुनम ठाकुर ने द्वितीय और जागृति बीएड कॉलेज मंडी की प्रोमिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में वल्लभ महाविद्यालय मंडी की उर्मिता ठाकुर प्रथम, एसपीयू की सोनाक्षी द्वितीय और जागृति बीएड कॉलेज की प्रिंयका तृतीय रही। चित्रकला प्रतियोगिता में एसपीयू के धु्रव ने प्रथम, जागृति बीएड कॉलेज की आशा ने द्वितीय और एमएलएसएम की मिनाक्षी ने तृतीय स्थान हासिल किया। कविता पाठ में राजकीय महाविद्यालय रिवालसर की पूजा शर्मा प्रथम, एमएलएसएम सुन्दरनगर के शौरभ और एंजलीना द्वितीय और वल्लभ महाविद्यालय मंडी के ओजस्वी तृतीय स्थान पर रहे।

राज्यपाल ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं की प्रतिभा और उनका संकल्प विकसित भारत की दिशा तय करेगा। सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी तथा विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद व नशामुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण राजेश कुमार ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया जबकि कुल सचिव शशिपाल नेगी ने सभी का धन्यवाद किया। छात्र-छात्राओं ने विकसित भारत व नशामुक्त भारत पर लघु नाटिका, कविता तथा भाषण भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विधायक और पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, महापौर नगर निगम मंडी वीरेंद्र भट्ट शर्मा, राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, एडीएम डॉ. मदन कुमार, एसडीएम मंडी रुपिंदर कौर, कुल सचिव शशि पाल नेगी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
-

सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलने का खतरा अधिक रहता है-डा.रणेश राणा
रावमापा बददी के एन.एस.एस कैंप में छात्रों से रुबरु हुए प्रेरणादायक वक्ता
बद्दी: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बददी में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के दौरान आयोजित विशेष सत्र में हिमालया जनकल्याण समिति के संयोजक और वरिष्ठ पत्रकार डा. रणेश राणा ने छात्रों को पत्रकारिता और जनसंचार का समाज में महत्व विषय पर प्रेरणादायक विचार सांझा किए। डॉ. राणा ने कहा कि मीडिया समाज का चौथा स्तंभ है, जो न केवल तथ्यों को उजागर करता है बल्कि आम जनता की आवाज भी बनता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में मीडिया तीन प्रमुख हिस्सों में कार्य कर रहा है —प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया। उन्होंने कहा कि सबसे पुराना और विश्वसनीय माध्यम प्रिंट मीडिया है, जिसे समाचार पत्रों के रूप में जाना जाता है और जो आज भी सूचना का सबसे प्रमाणिक स्रोत माना जाता है। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया यानी न्यूज चैनल आए, जो सैटेलाइट सिस्टम के तहत संचालित होते हैं और सरकार के पास विधिवत पंजीकृत हैं।
तीसरा और सबसे व्यापक माध्यम सोशल मीडिया है, जो आज जनसंचार का सबसे तेज़ और लोकप्रिय प्लेटफॉर्म बन चुका है। हालांकि, डॉ. राणा ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया एक गैर-पंजीकृत और विदेश से संचालित प्लेटफॉर्म है, इसलिए इसका उपयोग सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां पारंपरिक मीडिया तथ्यपरक और संपादकीय नियंत्रण में होता है, वहीं सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलने का खतरा अधिक रहता है। इसलिए छात्रों को चाहिए कि वे किसी भी सूचना को सांझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें और सोशल मीडिया को केवल मनोरंजन का नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनाएं।
अंत में डॉ. रणेश राणा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मीडिया का सही उपयोग व्यक्ति को जागरूक, जिम्मेदार और समाज के प्रति संवेदनशील बनाता है। उनके विचारों से छात्र अत्यंत प्रेरित हुए और जनसंचार के महत्व को गहराई से समझा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामलाल, एनएसएस रजत ठाकुर व मोहिंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
-

हमारा शौचालय, हमारा भविष्य अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर ज़िला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
ऊना/सुशील पंडित: जिला विकास कार्यालय ऊना के बैठक हाल में आज (गुरुवार ) को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत आयोजित हमारा शौचालय, हमारा भविष्य अभियान की समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी ऊना रामनवीर चौहान ने की। बैठक में यह सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया कि सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित कॉम्यूनिटी सेनेटरी कॉम्प्लेक्स की मरम्मत, सुधार और पूर्ण कार्यक्षमता को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। जिला विकास अधिकारी ने वर्ष 2025–26 के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए और निर्माण कार्य में गुणवत्ता तथा पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परिवारों के पास व्यक्तिगत शौचालय नहीं है, उन्हें शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही जिन शौचालयों में मरम्मत की आवश्यकता है, उनकी समय पर मरम्मत, सफाई एवं रखरखाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं। अभियान अवधि के दौरान स्वच्छता गतिविधियों, सौंदर्यीकरण, सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक मजबूत करने पर भी बल दिया गया। जिला विकास अधिकारी रमणवीर चौहान ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विभाग पूर्ण प्रतिबद्धता, सकारात्मक दृष्टिकोण और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि “हमारा शौचालय, हमारा भविष्य” अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी और परिणाममुखी बनाया जा सके। बैठक में खंड विकास अधिकारी बंगाणा किशोरी लाल वर्मा, खंड विकास अधिकारी अंब ओम पल डोगरा, जिला समन्वयक एसबीएम-जी सुरेश वर्मा, सभी ब्लॉक नोडल ऑफिसर्स और खंड समन्वयकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। -

सड़क दुर्घटना में महिला सहित तीन लोगों की मौत, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल
ऊना /सुशील पंडित: उपमंडल हरोली के अंतर्गत आते टाहलीवाल में बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस थाना टाहलीवाल में दी शिकायत में अमन पुत्र जोगिन्द्र पाल, निवासी अजौली, ने बताया कि बीती रात वह अपने दोस्तों के साथ मैहतपुर से टाहलीवाल की ओर कार संख्या (एचपी 72 वी-3737) में जा रहा था। यह सभी अपने मित्र मयंक पुत्र गुलशन कुमार का जन्मदिन मना कर लौट रहे थे। रास्ते में संतोषगढ़ से किरन देवी, निवासी लुधियाना, ने भी उनकी गाड़ी में लिफ्ट ली थी।
रात करीब 11:40 बजे जब वह टाहलीवाल स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, तो पेट्रोल पंप के भीतर से एक ट्रक संख्या (एचपी 72 डी-5355) तेज रफ्तार में मुख्य सड़क पर आकर उनकी गाड़ी से टकरा गया। शिकायतकर्ता के अनुसार ट्रक को चालक जतिन्दर सिंह पुत्र सतपाल सिंह, निवासी धुग्गे, चला रहा था।
इस भीषण टक्कर में कार सवार मयंक, तरनजीत सिंह तथा महिला किरन देवी की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अमन और अभिमन्यु कौशल घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया, जहां एक मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया ।वहीं पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध वीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना टाहलीवाल में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-

Punjab News: शिवसेना नेता पर हुए हमले के मामले में दूसरा पक्ष आया सामने, किए खुलासे, देखें वीडियो
फगवाड़ा। शहर में शिव सेना नेता इंद्रजीत करवल और उनके बेटे जिम्मी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में थाना सिटी पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ इरादा कत्ल सहित आर्म्स एक्ट तथा संगीन धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया है। वहीं, शिवसेना नेता व उसके बेटे पर हुए हमले के संबंध में अब दूसरा पक्ष भी सामने आ गया है और उन्होंने पुलिस कार्रवाई को एक तरफा कार्रवाई बताते हुए इसका विरोध किया है। उन्होंने धारा 307 हटाने की मांग करते हुए कहा कि मौके से मिली CCTV वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पहले जिम्मी करवल ने हमला किया था जिसके बाद लड़ाई हुई जबकि पुलिस ने उनके दबाव में एक तरफा कार्रवाई की है।
निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग
फगवाड़ा के दलित समाज ने आज एक बैठक कर एसपी माधवी शर्मा, एसएसपी गौरव यादव तथा डीएसपी और एसपी डी से मांग की है कि मामले में एक पक्ष के दबाव में ना आकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जो जमानत पर घूम रहे हैं, वे शहर का माहौल खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दलित समुदाय किसी भी तरह से पुलिस की नाजायज कार्रवाई नहीं होने देगा। -

विदेश भेजने के नाम पर 3 लाख की ठगी, युवक को टूरिस्ट वीजा पर भेज फरार हुआ एजैंट
ऊना/सुशील पंडित: पुलिस थाना अम्व के आते गांव लोअर कुनेरन में विदेश भेजने के नाम पर एक युवक से तीन लाख रुपये की ठगी हुई है जिस की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई गई है।पुलिस को दी शिकायत में बक्शी राम निवासी कुनेरन लोअर ने बताया कि उनके गांव के ही राम किशन ने उनसे संपर्क किया और खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताया। राम किशन ने दावा किया कि वह उनके बेटे हरदीप सिंह को वर्क वीजा पर विदेश भेज सकता है और इसके बदले तीन लाख रुपये की मांग की।
बक्शी राम के अनुसार, उन्होंने पहले 25,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और शेष 2,75,000 रुपये नकद आरोपी को दे दिए। आरोपी ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही हरदीप का वर्क वीजा तैयार करवा देगा। लेकिन पीड़ित परिवार को तब गहरा सदमा लगा, जब वर्क वीजा की बजाय आरोपी ने हरदीप को सिर्फ दो महीने के टूरिस्ट वीजा पर मास्को भेज दिया। विदेश पहुंचकर जब हरदीप को वीजा की सच्चाई पता चली, तब परिवार को समझ आया कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।
ठगी का एहसास होते ही बक्शी राम ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने वीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना अम्व में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।