हमारा शौचालय, हमारा भविष्य अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर ज़िला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: जिला विकास कार्यालय ऊना के बैठक हाल में आज (गुरुवार ) को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत आयोजित हमारा शौचालय, हमारा भविष्य अभियान की समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी ऊना रामनवीर चौहान ने की। बैठक में यह सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया कि सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित कॉम्यूनिटी सेनेटरी कॉम्प्लेक्स की मरम्मत, सुधार और पूर्ण कार्यक्षमता को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। जिला विकास अधिकारी ने वर्ष 2025–26 के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए और निर्माण कार्य में गुणवत्ता तथा पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परिवारों के पास व्यक्तिगत शौचालय नहीं है, उन्हें शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही जिन शौचालयों में मरम्मत की आवश्यकता है, उनकी समय पर मरम्मत, सफाई एवं रखरखाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं। अभियान अवधि के दौरान स्वच्छता गतिविधियों, सौंदर्यीकरण, सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक मजबूत करने पर भी बल दिया गया। जिला विकास अधिकारी रमणवीर चौहान ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विभाग पूर्ण प्रतिबद्धता, सकारात्मक दृष्टिकोण और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि “हमारा शौचालय, हमारा भविष्य” अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी और परिणाममुखी बनाया जा सके। बैठक में खंड विकास अधिकारी बंगाणा किशोरी लाल वर्मा, खंड विकास अधिकारी अंब ओम पल डोगरा, जिला समन्वयक एसबीएम-जी सुरेश वर्मा, सभी ब्लॉक नोडल ऑफिसर्स  और खंड समन्वयकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *