Blog
-

दसवे दिन में प्रवेश हुई आल आउट बनाने वाली कंपनी के कामगारों की भूख हड़ताल
बददी/सचिन बैंसल : बददी साई मार्ग पर ऑल आउट बनाने वाली कंपनी के कामगारों की क्रमिक भूख हड़ताल दसवें दिन में प्रवेश कर गई है। वीरवार को करतार सिंह, फुलन और आशा देवी और राजेंद्र कुमार अनशन पर बैठे। उधर, हड़ताल में शामिल कामगार पंकज मिश्रा पिछले 2 अक्तूबर से निजी अस्पातल में भर्ती है। उसे तीन यूनिट खून चढ गया है और अभी भी उसकी तबियत बिगड़ती जा रही है। कामगार संदीप, पंकज, नरेश कुमार, शिव ओमकार, संतोष, शेलेंद्र, प्रेमपाल और रामपाल ठाकुर ने बताया कि कामगार एक माह छह दिन से हड़ताल पर है लेकिन उनकी कहीं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लगातार प्रतिकूल मौसम में कामगारों कंपनी के आगे बैठने से उनकी हालत बिगड़ रही है और श्रम कार्यालय और कंपनी संचालक उनकी मांग को नहीं मान रहे है। उल्टा उन्हें कचरा बताते है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनको न्याय नहीं मिलता है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। -

जालंधर पीपीआर मार्किट मामलाः पुलिस ने हुडदंग मचाने वाले रईसजादे को कोर्ट में पेश कर हासिल किया रिमांड
जालंधर/हर्षः महानगर में पीपीआर मार्किट शरारती अनसरों का गढ़ बनती जा रही है। आए दिन यहां पर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिल रहा है। वहीं बीते दिन खुद को बीजेपी नेता बताने वाले अखिल शर्मा ने नशे में धुत्त होकर अपनी कार से नाके पर खड़े पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। इतना ही नहीं नशे में चूर अखिल ने एसीपी को गाली निकाली और आईपीएस एडीसीपी आदित्य की वर्दी पर भी हाथ डाला। अखिल द्वारा काफी देर तक हंगामें करने के बाद पुलिसकर्मियों और लोगों ने इस रईसजादे की जमकर धुनाई की।
डीसीपी जगमोहन ने कहा कि इसके बाद अखिल शर्मा पुत्र आदर्श शर्मा निवासी गुरु गोबिंद सिंह एवन्यू ने गाड़ी भगाने की भी कोशिश की जिसमें कई लोग बाल-बाल बचे। उन्होंने कहा कि इसके बाद अखिल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हाथापाई और दुर्व्यवहार भी किया। उन्होंने कहा कि पकड़े गए युवक का सिविल अस्पताल में मेडिकल भी करवाया गया जिसमें अल्कोहल का सेवन आया है। उन्होंने कहा कि जिस पुलिस कर्मचारी को चोट लगी है उसकी भी एमएलआर कटवाई गई है।
आरोपी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी या अधिकारी से दुर्वयवहार उसे नुकसान पहुंचाने के लिए हमला करने और उसके काम में बाधा पहुंचाने के लिए पर भारतीय दंड संहिता की धारा 353,186, 332, 333, सार्वजनिक स्थल पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, अश्लील गालियां निकालने पर आईपीसी की धारा 294 और सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को अपना प्रभाव दिखाकर डराने धमकाने के लिए आईपीसी की धारा 506 के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया है। बता दें कि अखिल की नानी किसी समय भाजपा की पार्षद थी। जिसके चलते अखिल अपने आप को जालंधर का बढ़ा नेता समझने लगा था। अखिल ने सोशल पर कई पुलिस कर्मियों से साथ फोटो भी अपने शेयर किया हुआ है। जिसे लेकर बीते दिन अखिल आईपीएस आदित्य को पुलिस रौब दिखा रहा था। पुलिस ने अखिल शर्मा को आज कोर्ट में पेश कर अदालत से एक दिन का रिमांड हासिल किया है।
-

पंजाबः फाइनेंस कंपनी के कारिंदे से लाखों की लूट मामले का मास्टर माइंड गिरफ्तार
बठिंडा : तलवंडी साबो के लेलेवाला गांव के पास फाइनेंस कंपनी के कारिंदा की आंखों में काली मिर्च डालकर 1 लाख 60 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया है। उक्त फर्जी लूट की घटना को अंजाम फाइनेंस कंपनी के कारिंदे ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर अंजाम दिया था। डीएसपी बूटा सिंह गिल का कहना है कि भारत फाइनेंस कंपनी के करिन्दे रवि सिंह ने पिछले दिनों पुलिस को दी थी।
शिकायत में जानकारी दी थी कि मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उनकी आंखों में काली मिर्च डालकर 1 लाख 60 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान फाइनेंस कंपनी के मैनेजर प्रीतपाल सिंह को वादी पर शक हुआ और पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की और करिंदा ने खुद कबूल किया। डीएसपी ने बताया कि भारत फाइनेंस कंपनी के मैनेजर प्रीतपाल सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी।
-

सोना और चांदी की कीमतों में आया भारी उछाल, जाने नए रेट
नई दिल्लीः घरेलू बाजार में त्योहारी मांग का असर दिखने लगा है। सोने का भाव आज वृद्धि देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव शुरुआती कारोबार में 0.44 फीसदी बढ़ा है। सोने के साथ ही चांदी में भी तेजी देखी जा रही है और यह वायदा बाजार में 1.24 फीसदी उछली है। वीरवार को एमसीएक्स पर 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने का भाव 229 रुपये बढ़कर 51,875 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। सोने का भाव आज 51,836 रुपये पर खुला था। खुलने के बाद भाव एक बार 51,900 रुपये तक पहुंच गया।
लेकिन, यह बढ़त बरकरार नहीं रही और फिर भाव गिरकर 51,875 रुपये हो गया। वहीं, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज चांदी के भाव में अच्छा उछाल आया है। चांदी का रेट 753 रुपये तेज होकर प्रति किलो 61,520 रुपये हो गया है। चांदी में आज ट्रेडिंग 61,100 से शुरू हुई। एक बार भाव बढ़कर 61,620 रुपये हो गया. लेकिन, कुछ समय बाद गिरकर यह 61,520 रुपये पर ट्रेड करने लगी।
भारत में त्योहारी सीजन में सोने का भाव अभी और बढ़ने की संभावना है। इसका कारण यह है कि भारत में सोने की सप्लाई करने वाले विदेशी बैंकों ने आपूर्ति में कटौती कर दी है। लाइव मिंट पर समाचार एजेंसी रायटर्स के हवाले से प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, चीन और तुर्की जैसे देशों में सोने पर बेहतर प्रीमियम मिलने के कारण बैंकों ने भारत की बजाय इन देशों में ज्यादा सोना बेचना शुरू कर दिया है।
-

भारत में बने 4 Cough Syrup पीने से हुई 66 बच्चों की मौत? WHO ने जारी किया मेडिकल उत्पाद अलर्ट
नई दिल्लीः भारतीय कंपनी मेडेन फार्मास्यूटिकल्स द्वारा बनाए गए चार खांसी और कफ सिरप को लेकर डब्ल्यूएचओ ने एक मेडिकल उत्पाद अलर्ट जारी किया है। डब्ल्यूएचओ (WHO) की माने तो उसने यह संभावना जताई है कि इन चार खांसी और कफ सिरप के कारण गुर्दों में चोटें आती है और आशंका है कि इससे गाम्बिया में 66 बच्चों की मौत हो गई है। वहीं इस मामले में कंपनी के साथ आगे की जांच की जा रही है। इसे लेकर डब्ल्यूएचओ ने सभी देशों को अलर्ट भी जारी किया है।

डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक ने क्या कहा
वहीं इस मामले में डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ. टेडरोस अदनहोम गेब्रेहेसुस ने कहा गाम्बिया में जिन चार खांसी और कफ सिरप की पहचान की गई है, उसके लिए चिकित्सा उत्पाद अलर्ट जारी किया गया है। इसे लेकर उन्होंने यह भी कहा कि ये चार खांसी और कफ सिरप में यह पाया गया है कि ये संभावित रूप से गुर्दे की गंभीर चोट पहुंचाती है। उन्होंने इसे गाम्बिया में हुए 66 बच्चों की मौत से भी जोड़ कर देखा है। टेडरोस ने यह भी कहा कि इन बच्चों की मौत उनके परिवार के लिए एक बहुत बड़ा सदमा है।
डब्ल्यूएचओ ने क्या बोला है
इस पर बोलते हुए डब्ल्यूएचओ ने कहा है, “चार उत्पादों में से प्रत्येक के नमूनों का प्रयोगशाला विश्लेषण पुष्टि करता है कि उनमें डायथिलीन ग्लाइकॉल और एथिलीन ग्लाइकॉल की अस्वीकार्य मात्रा है।”
अन्य देशों को भी किया अलर्ट
इन सिरप को लेकर अभी केवल गाम्बिया से ही बच्चों की मौत खबर सामने आई है। ऐसे में यह भी संभावना जताई जा रही है ये सिरप अन्य देशों में भी भेजा गया होगा। इसे देखते हुए डब्ल्यूएचओ (WHO) ने सभी देशों के लिए एक अलर्ट भी जारी किया है जिसमें वह इन सिरप के सप्लाई का पता लगाने और इसे रोकने की सलाह दी है। वहीं इस मामले में डब्ल्यूएचओ (WHO) संबंधित कंपनी और भारत में नियामक प्राधिकरणों के साथ आगे की जांच कर रहा है।
-

पंजाबः जालंधर सहित इन जिलों में बदलेगा मौसम, बारिश के आसार
जालंधरः पंजाब में एक बार फिर माैसम अपनी करवट बदल रहा है। पंजाब में अगले कुछ दिनों में ठंड का मौसम शुरू होने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से पंजाब में तीखी धूप रही। अब मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में सात अक्टूबर से लेकर अगले तीन दिनों तक बदल छाए रहेंगे। इसी के साथ बूंदाबांदी की संभावना बताई जा रही है। बता दें कि मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अगले दो दिन लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, मालेरकोटला, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला व मोहाली में बूंदाबांदी हो सकती है। नौ अक्टूबर को होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली, रूपनगर में वर्षा के आसार दिखाई दे रहे हैं।
-

पंजाबः नई माइनिंग पॉलिसी और दर्ज केस को लेकर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरी अलग-अलग जत्थेबंदिया, दी ये चेतावनी
गुरदासपुर : रेत बजरी संकट के समाधान व अवैध खनन के नाम पर जेसीबी, टिपर पर हुए केस दर्ज को रद्द करवाने और अन्य मांगों को लेकर अलग-अलग संगठनों ने बब्बरी बाईपास गुरदासपुर पर धरना दिया। इस दौरान पंजाब और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार अपनी नई माइनिंग पॉलिसी के तहत लोगों को परेशानी में डाल रही है। पंजाब सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विभिन्न किसान नेताओं और क्रशर मालिकों ने कहा कि नई माइनिंग पॉलिसी के तहत पंजाब सरकार ने रेत और बजरी से जुड़े हर वर्ग को मुश्किल में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि क्रशर का काम ठप होने से मजदूरों, किसानों, टिपर चालकों, जेसीबी चालकों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने कई जेसीबी, टिपर चालकों के खिलाफ अवैध खनन के नाम पर मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने आज विरोध प्रदर्शन कर पंजाब सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनका व्यवसाय शुरू नहीं किया गया और जेसीबी टिपर चालकों के खिलाफ दर्ज मामले रद्द नहीं किए गए, तो उन्हें संघर्ष तेज करने के लिए मजबूर किया जाएगा और राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया जाएगा।
-

राजीव मेनन उना व रविन्द्र बिंदी फतह पुर से लड़ेंगे चुनाव
शिवसेना बाल ठाकरे अध्यक्ष ने जारी की पहली सूची
ऊना/सुशील पंडित: शिवसेना बाल ठाकरे ने हिमाचल विधानसभा में अपने प्रत्याशियों की पहली संभावित सूची जारी कर दी है।शिवसेना बाल ठाकरे हिमाचल के अध्यक्ष एडवोकेट शिवदत्त वशिष्ठ ने वीरवार को प्रेस नोट में बताया कि राजीव मेनन उना सदर से विधानसभा चुनाव लडेंगे। इसके अलावा जय दत्ता हरोली, रविन्द्र बिंदी फतह पुर और लोट राम ठाकुर कुल्लू सदर विधानसभा प्रत्याशी होंगे। शिवदत्त वशिष्ठ ने बताया कि विधानसभा प्रत्याशियों की संभावित दूसरी सूची भी जल्द जारी कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिवसेना बाल ठाकरे हिमाचल विधानसभा चुनावों में पूरे दमखम के साथ उतरेगी। शिवसेना बाल ठाकरे अध्यक्ष एडवोकेट शिवदत्त वशिष्ठ ने वीरवार को स्टेट कार्यकारणी का भी विस्तार किया है। उन्होंने कुल्लू के लोट राम ठाकुर को प्रदेश भूतपूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और नीरज उधवानी को प्रदेश परिवहन प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा अजय सोंधी को अनुशासन समिति का अध्यक्ष व भाग सिंह ठाकुर को उपाध्यक्ष बनाया गया है। स्टेट कार्यकारणी में राजेश कुमार राजू को शिवसेना हिमाचल इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष, पंकज कोशल को प्रदेश सचिव बनाया गया है। वहीं आशीष शर्मा को युवा सेना का अध्यक्ष, अंकुश शर्मा को सचिव, हरदीप सैनी को उपाध्यक्ष व रजत शर्मा को युवा सेना संगठक बनाया गया है। शिवसेना बाल ठाकरे के अध्यक्ष एडवोकेट शिवदत्त वशिष्ठ ने बताया कि रविन्द्र बिंदी को प्रदेश संगठन व जसवंत कटोच को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा आरती सोनी को भवानी सेना की प्रदेश अध्यक्ष और रेखा ठाकुर को उपाध्यक्ष बनाया गया है। -

अमेरिका में 20 साल के भारतीय छात्र का कत्ल
वाशिंगटन : अमेरिका के इंडियाना प्रांत में एक विश्वविद्यालय परिसर के छात्रावास में भारतीय मूल के 20 वर्षीय छात्र की हत्या किए जाने और उसके साथ रहने वाले कोरियाई छात्र को हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि इंडियानापोलिस निवासी वरुण मनीष छेड़ा परड्यू यूनिवर्सिटी परिसर के पश्चिमी छोर पर स्थित मैक्चियॉन हॉल में मृत पाया गया। ‘विदेशी न्यूज चैनल’ ने परड्यू यूनिवर्सिटी की पुलिस प्रमुख लेस्ले वीटे के हवाले से कहा कि बुधवार को विश्वविद्यालय के एक छात्र को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
वीटे ने एक प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि साइबर सुरक्षा विषय की पढ़ाई कर रहे कोरियाई छात्र जी मिन ‘जिमी’ शा ने मंगलवार देर रात 12.45 बजे 911 सेवा पर फोन कर पुलिस को वरुण की मौत के बारे में सूचित किया। हालांकि, उन्होंने इस कॉल के बारे में अतिरिक्त विवरण नहीं दिया। प्राधिकारियों ने बताया कि घटना मैक्चियॉन हॉल की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में हुई। वरुण परड्यू यूनिवर्सिटी में डेटा साइंस विषय की पढ़ाई कर रहा था। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, वरुण की मौत ‘कई घातक चोटों’ के कारण हुई और उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। ‘फॉक्स न्यूज’ के अनुसार, पुलिस प्रमुख वीटे ने कहा कि उनका मानना है कि हमला ‘अकारण’ किया गया।
वरुण के बचपन के दोस्त अरुणभ सिन्हा ने ‘विदेशी न्यूज चैनल’ से कहा कि वरुण मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ ऑनलाइन बातचीत कर रहा था और गेम खेल रहा था, तभी उन्हें कॉल पर अचानक चीख की आवाज सुनाई दी। अरुणभ ने बताया कि वह उस रात दोस्तों के साथ नहीं खेल रहा था, लेकिन बाकी दोस्तों ने उसे बताया कि उन्होंने हमले की आवाज सुनी, लेकिन समझ नहीं पाए कि वहां हुआ क्या है और बुधवार सुबह जब वे उठे, तो उन्हें वरुण की मौत की खबर पता चली। वीटे ने कहा कि 911 सेवा पर कॉल आने के कुछ ही मिनटों बाद 22 वर्षीय शा को हिरासत में ले लिया गया और आगे की पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले जाया गया। वरुण की हत्या परड्यू यूनिवर्सिटी के परिसर में बीते आठ वर्षों से भी अधिक समय में हुई पहली हत्या है। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष मिच डैनियल्स ने कहा कि वरुण की मौत ‘विश्वविद्यालय परिसर में घटित एक बेहद दुखद घटना है, जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस भयानक घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।’
-

पंजाबः फिर बढ़ा इस बीमारी का खतरा, जालंधर में 100 से अधिक मामले आए सामने
जालंधर/वरुणः पंजाब में एक बार फिर डेंगू का कहर बढ़ना शुरू हो गया है। वहीं जालंधर की बात करें तो शहर में डेंगू के 108 नए मामले सामने आए हैं। बता दें जालंधर छावनी, राममंडी, मकसूदन, भार्गव कैंप समेत करीब दो दर्जन इलाकों में डेंगू का खतरा बदजता दिखाई दे रहा है। सिविल सर्जन डॉ का कहना है कि विभाग की टीमों द्वारा डेंगू मरीजों के घरों और आसपास के इलाकों का सर्वे किया जा रहा है। इसके अलावा कीटनाशकों का छिड़काव भी किया जा रहा है। जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 108 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 41337 घरों का दौरा कर सर्वे किया है।
बता दें कोरोना के बुधवार को दो नए मामले सामने आए हैं। सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में कोरोना के इलाज के लिए किसी भी मरीज को भर्ती नहीं किया जा रहा है। जिले में वैक्सीन डोज की संख्या 40,40,763 पहुंच गई है। इनमें 19,53,320 प्रथम, 18,83,047 सेकेंड और 2,04,396 बूस्टर डोज शामिल हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राकेश चोपड़ा का कहना है कि त्योहारों के चलते लोगों को वैक्सीन की खुराक मिलने की संभावना कम है।