Blog

  • पंजाबः युवक ने की बस की तोड़फोड़, अंदर बैठी सवारियां घबराई

    पंजाबः युवक ने की बस की तोड़फोड़, अंदर बैठी सवारियां घबराई

    होशियारपुरः पंजाब के होशियारपुर से बड़ी ख़बर सामने आई है। आज करीब 5 बजे होशियापुर बस अड्डे में शराबी युवक द्वारा खड़ी मिन्नी के शीशे के तोड़ने का मामला सामने आया है। जिससे बस का काफी नुकसान हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक उस समय बस में सवारियां भी मौजूद थी। बस पर हुए हमले से घबराकर अंदर बच्चों संग बैठी सवारियां फौरन बाहर आ गई। वहीं मामले की सूचना मिलते पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उक्त आरोपी को काबू कर लिया। 

    पुरानी रंजिश के चलते युवक ने किया हमलाः बस कंडक्टर

    घटना की जानकारी देते हुए बस कंडक्टर ने बताया कि वह दूसरी कंपनी की बस के चालकों का सामान उतार रहा था। तभी एक यंत्र नाम के युवक ने पुरानी रंजिश निकालते हुए उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। कंडक्टर ने बताया कि आरोपी से मामला खत्म कर वह अपनी बस के साथ बस अड्डे पर आ गया। इस उपरांत दोबारा यंत्र शराब के नशे में वहां पर आया और डंडे के साथ उसने बस की तोड़फोड़ शुरू कर दी। कंडक्टर ने बताया कि बस का काफी नुकसान हुआ। इस घटना के साथ अंदर बैठी सवारियां भी घबरा गई।

    मामले की गंभीरता से की जा रही जांचः सब इंस्पेक्टर परमजीत कौर

    इस पूरे मामले को लेकर पीड़ित कंडक्टर ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। वहीं दूसरी ओर मामले की जानकारी देते हुए थाना मॉडल टाउन में तैनात सब इंस्पेक्टर परमजीत कौर का कहना है कि उनकी ओर से मामले की गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। इस घटना में जो भी व्यक्ति दोषी पाया गया उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।

  • पंजाबः इस दिन से खुलेंगे मोहल्ला क्लीनिक, सीएम मान ने किया एलान

    पंजाबः इस दिन से खुलेंगे मोहल्ला क्लीनिक, सीएम मान ने किया एलान

    चंडीगढ़ : पंजाब में भगवंत मान सरकार ने सूबे के लोगों के लिए आज एक बड़ा एलान किया है। दरअसल, सीएम मान द्वारा किए गए वादों में से जल्द ही एक और वादा पूरा होने जा रहा है। सूबे में 15 अगस्त से दिल्ली के तर्ज पर मोहल्ला क्लीनिक खुलने जा रहे है। इसकी जानकारी सीएम मान ने ट्वीट के जरिए दी है।

    उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पंजाबियों के लिए एक और खुशखबरी यह है कि हम अच्छे स्वास्थ्य के लिए किए गए वायदे की ओर बढ़ रहे हैं, जिसकी तस्वीर आपके साथ शेयर की जा रही है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से दिल्ली के तर्ज पर पंजाब में खुलेंगे मोहल्ला क्लीनिक। उन्होंने कहा कि यह कदम स्वस्थ पंजाब के निर्माण में ये क्रांतिकारी कदम साबित होंगे।

  • मोदी सरकार ने की तीन नियुक्तियां, तपन कुमार डेका Intelligence Agency IB के नए डायरेक्टर नियुक्त

    मोदी सरकार ने की तीन नियुक्तियां, तपन कुमार डेका Intelligence Agency IB के नए डायरेक्टर नियुक्त

    नई दिल्लीः पीएम नरेंद्र मोदी सरकार ने तीन शुक्रवार 24 जून 2022 को तीन बड़ी नियुक्तियां की हैं। इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में आतंक रोधी अभियानों के प्रमुख तपन डेका को आईबी के नए चीफ के रूप में अपना कार्यभार संभालेंगे। वहीं दूसरी ओर परमेश्वरन अय्यर को नीति आयोग का सीईओ नियुक्त किया गया।

    अमिताभ कांत का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। तब से वह इस पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। उनका कार्यकाल दो साल का होगा। इसके अलावा रॉ सचिव सामंत कुमार गोयल को एक साल का सेवा विस्तार दिया गया है। तपन डेका अमित शाह के विश्वस्त माने जाते हैं और एनएसए अजित डोवाल के बेहद खास हैं। 

    तपन डेका एनएसए अजित डोवाल के बेहद करीब 

    साल 2006 से 2012 तक आईबी में नेशनल एंटी टेरर विंग और आल एंटी टेरर ऑपरेशन हेड के तौर तपन डेका एनएसए अजित डोवाल के बेहद करीब रहे हैं। बताया जाता है कि अपने पूरे करियर के दौरान वह एनएसए डोवाल के बेहद खास अफसरों में से एक हैं। इसके अलावा साल 2012-15 के बीच तपन डेका अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में भारत के टॉप स्पाई रह चुके हैं।

    तपन डेका ने साल 2021 में बने थे स्पेशल डायरेक्टर

    साल 2022 के 24 जून को तपन डेका ने इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर का पद संभाला था। नियुक्ति संबंधी कैबिनेट की कमिटी ने 23 जून को तपन डेका को प्रमोट कर यह पद सौंपा था। बता दें की तपन के साथ 14 अन्य अफसरों को भी पदोन्नति मिली थी।

    तपन डेका ने टेररिज्म के खिलाफ निभाई है बड़ी भूमिका

    आतंक के खिलाफ लड़ाई में तपन डेका की बड़ी भूमिका रही है। डेका ने IB में काउंटर टेररिज्म, ग्लोबल एंड नेशनल टेररिज्म विंग के हेड का भी काम देखा है। इसका मतलब यह हुआ कि जिसे देखते हुए तपन डेका को कश्मीर में नई चुनौती से जीतने का काम सौंपा गया था। जिसे उन्होंने बखूबी निभाया।

  • मूसेवाला हत्याकांडः पुलिस को मिली संदिग्ध फॉर्च्यूनर, जिसमें सप्लाई किए गए थे हथियार, सीसीटीवी फुटेज आई सामने

    मूसेवाला हत्याकांडः पुलिस को मिली संदिग्ध फॉर्च्यूनर, जिसमें सप्लाई किए गए थे हथियार, सीसीटीवी फुटेज आई सामने

    चंडीगढ़ः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के मर्डर को लेकर पुलिस के हाथ अब एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। पुलिस ने बठिंडा से यह सीसीटीवी निकलवाई है। बता दें कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को अंजाम देने के लिए लॉरेंस गैंग कोड वर्ड में बात कर रहा था। मूसेवाला की हत्या के बाद गोल्डी बराड़ ने कनाडा से तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस को कॉल किया। गोल्डी ने कोड वर्ड में कहा कि ‘ज्ञानी का काम हो गया’। इसका मतलब यह था कि मूसेवाला की हत्या कर दी गई है।

    मूसेवाला की हत्या के लिए पाकिस्तान से आए थे हथियार 

    इस घटना को लेकर यह भी खुलासा हुआ है कि मूसेवाला की हत्या के लिए हथियार पाकिस्तान से ही आए थे। इन्हें ड्रोन के जरिए टुकड़ों में भेजा गया था। जिसके बाद असेंबल कर बैग में पैक कर शार्प शूटर प्रियवर्त फौजी तक पहुंचाया गया। हालांकि पुलिस ने अभी इस पर चुप्पी साध रखी है। पुलिस को संदिग्ध फॉर्च्यूनर का पता चला है। जिसके जरिए हथियार सप्लाई किए गए थे।

    फॉर्च्यूनर का निकला नंबर फर्जी 

    पुलिस ने हथियार सप्लाई के मामले में जिस फॉर्च्यूनर को संदिग्ध माना है। उस पर जाली नंबर लगा हुआ था। फॉर्च्यूनर में 4 लोग सवार थे। पुलिस ने बठिंडा से सीसीटीवी निकलवाई है। जिसमें एक पेट्रोल पंप पर यह फॉर्च्यूनर तेल डलवाते नजर आए। तेल डलवाने वालों ने गूगल पे के जरिए यहां तेल की पेमेंट की थी।

    लॉरेंस ने बठिंडा और दूसरी जेलों में गैंगस्टर्स से किया था संपर्क 

    सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की साजिश लॉरेंस ने तिहाड़ जेल में बैठकर रची। इसके बाद उसने बठिंडा और दूसरी जेलों में बैठे गैंगस्टर्स से संपर्क किया। इसमें मनप्रीत मन्नू, सराज मिंटू शामिल हैं। शार्प शूटर्स को मदद उपलब्ध करवाने का काम जेल में बैठकर ही गैंगस्टर्स ने अपने गुर्गों के जरिए किया। पंजाब की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के एडीजीपी प्रमोद बान ने भी इसकी पुष्टि की कि लॉरेंस तिहाड़ जेल में मोबाइल यूज कर रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि लॉरेंस ने कपूरथला जेल में किसी गैंगस्टर से बात की थी। वह गोल्डी बराड़ के टच में था।

  • पंजाबः बहन का कत्ल करने वाले दोनों भाई आऱोपी काबू

    पंजाबः बहन का कत्ल करने वाले दोनों भाई आऱोपी काबू

    तरनतारनः पंजाब के तरनतारन शहर में सरेआम बाजार में बहन के कत्ल करने भाईयों को पुुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक सप्ताह बाद गुप्त सूचना पर दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान सरहाली रोड पट्‌टी निवासी रोहित व अमर के रूप में हुई है। 

    17 जून सुनेहा का हुआ था कत्ल

    इसकी जानकारी देते हुए डीएसपी पट्‌टी मनिंदरपाल सिंह ने बताया कि 17 जून की शाम को सुनेहा का गांधी सथ पट्‌टी में बीच बाजार तेजधार हथियारों से कत्ल कर दिया गया था। सुनेहा के पति राजन जोशन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। राजन ने जानकारी दी थी कि उसकी शादी तकरीबन तीन महीने पहले सुनेहा के साथ हुई थी। यह प्रेम विवाह था और दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। इससे सुनेहा का परिवार नाराज था।

    आरोपी दे रहे थे सुनेहा को  मारने की धमकियां

    डीएसपी मनिंदरपाल सिंह ने बताया कि मृतक सुनेहा का परिवार इसलिए नाराज था। क्योंकि राजन जोशन का आपराधिक रिकॉर्ड भी था। पुलिस ने बताया कि कत्ल करने से पहले दोनों आरोपियों के साथी कई बार सुनेहा को मारने की धमकियां दे चुके थे। जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही थी कि इस बीच सुनेहा का कत्ल हो गया।

    आरोपियों से हथियार रिकवर किए 

    पूछताछ में आरोपियों से वह तेजधार हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं, जिनसे उन्होंने सुनेहा का बीच बाजार कत्ल कर दिया था।

  • जालंधरः मसाज पार्लर में पुलिस की रेड

    जालंधरः मसाज पार्लर में पुलिस की रेड

    जालंधऱ (वरुण/हर्ष): महानगर के अर्बन इस्टेट फेज -2 से बड़ी ख़बर सामने आई है। स्पार्कल यूनिसेक्स सेलून एंड एकेडमी में पुलिस ने रेड कर मौके से 2 लड़के और 2 ही लड़कियों को काबू किया है। हालांकि पुलिस की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि वहां पर देह व्यापार का धंधा चलता था या नहीं। पुलिस आरोपियों को काबू कर उनसे पूछताछ के लिए उन्हें थाने ले गई।

    सीआईए स्टाफ के इस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अर्बन एस्टेट फेज-2 में सैलून और एकेडमी की आढ़ देह व्यापार का धंधा चल रहा है।

    सूचना मिलने के उन्होंने अपने साथ थाना 7 नंबर की पुलिस को साथ लिया और उक्त सैलून में छापेमारी कर दो लड़कों और 2 लड़कियों को काबू किया। मौके से स्पा सेंटर का रिकार्ड चैक कर डीवीआर वह अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी चैक किए जा रहे है। मामले की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।   

  • प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत सैंसोवाल में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का हुआ आयोजन

    प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत सैंसोवाल में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का हुआ आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित: प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना से प्रदेश में काफी किसान जुड़ रहे हैं और किसानों का इस खेती की तरफ काफी रुझान हो रहा है इस खेती योजना को 2018 से शुरू किया गया व इस खेती को सफल बनाने के लिए छोटे से बड़े दर्जे के किसानों को जागरुक किया जा रहा है।
    इसी खेती को ओर ज़्यादा किसानों तक पहुचाने हेतु प्राकृतिक खेती बारे में पशु सखियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण विकासखंड हरोली की ग्राम पंचायत सैंसोवाल में आत्मा परियोजना के अधिकारियों द्वारा आयोजन किया गया शिविर के पहले दिन प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के बारे में बताया गया इसमें प्रगतिशील किसान रमन कुमार ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न सिद्धांतों व बीज संस्कार के लिए देसी गाय के गोबर गोमूत्र से निर्मित बीजामृत व जीवामृत को प्रैक्टिकल बना कर बताया इसमें आत्मा परियोजना हरोली के अधिकारी उप परियोजना निदेशक राजेश राणा, कृषि विकास अधिकारी लेखराज संधु, खंड तकनीकी प्रबंधक अंकुश शर्मा व सहायक तकनीकी प्रबंधक दविंदर कौर व शिवांक जसवाल ने किसानों को अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लिए प्राकृतिक खेती व देशी गाय के गुणों से भी अवगत करवाया।
  • सतपाल सत्ती ने आईटीआई ऊना में पेयजल योजना का किया भूमिपूजन

    सतपाल सत्ती ने आईटीआई ऊना में पेयजल योजना का किया भूमिपूजन

    ऊना/सुशील पंडित: छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ऊना में पेयजल योजना का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि आईटीआई के लिए इंडिपेंडेंट पेयजल स्कीम पर लगभग 35 लाख रुपये खर्च होंगे।

    इस अवसर पर अपने संबोधन में सतपाल िंसह सत्ती ने कहा कि पर्याप्त मात्रा में पेयजल और सिंचाई योग्य जल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गत साढ़े चार वर्षों के दौरान लगभग 90 करोड़ रुपये की पेयजल व सिंचाई योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सुचारु पेयजल आपूर्ति के लिए अलग पेयजल योजनाएं बनाई जाएं। इसी कड़ी में आईटीआई ऊना को सामान्य पेयजल सप्लाई के स्थान पर अपनी अलग पेयजल सुविधा प्रदान करने के लिए पेयजल स्कीम का निर्माण किया जा रहा है ताकि शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्रों को पेयजल की समस्या से न जूझना पड़े। उन्होंने बताया कि इस योजना से लगभग 900 छात्रों को लाभ मिलेगा।

    इस अवसर पर आईटीआई के प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य यशपाल सिंह रायजादा, आईएमसी के अध्यक्ष राजन शर्मा, रेड क्रॉस सोसायटी के राज्य संरक्षक सुरेन्द्र ठाकुर, जल शक्ति विभाग के एक्सईएन नरेश धीमान व एसडीओ होशियार सिंह, अद्वेता फाउंडेशन से मोनिका सिंह सहित आईटीआई के स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

  • पंजाबः सरकार ने 25 सेशन जज और 80 पदों सहित 810 पदों को दी मंजूरी

    पंजाबः सरकार ने 25 सेशन जज और 80 पदों सहित 810 पदों को दी मंजूरी

    चंडीगढ़ः राज्य में औद्योगिक विकास को गति देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में पंजाब कैबिनेट ने शुक्रवार को मौजूदा औद्योगिक इकाइयों (एमएसएमई) के विस्तार को ‘पंजाब राइट टू बिजनेस एक्ट, 2020’ के दायरे में लाने का निर्देश दिया। यह निर्णय पंजाब सिविल सचिवालय-1 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रियों के समूह की बैठक में लिया गया।

    अधिक जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में व्यापार की सुविधा के लिए, ‘पंजाब राइट टू बिजनेस एक्ट, 2020’ को 6 फरवरी, 2020 को अधिसूचित किया गया था, जिसके बाद 29 जुलाई 2020 को ‘पंजाब राइट टू बिजनेस रूल्स, 2020’ को नोटिफाई किया गया था। ये नियम पंजाब में नए छोटे, मध्यम उद्यमों (MSMEs) पर लागू थे। इसके विस्तार के लिए शीघ्र अनुमोदन, छूट और स्व-घोषणा का अवसर प्रदान करेगा।

    यह महत्वपूर्ण कदम इसके विस्तार में शामिल सभी मौजूदा व्यावसायिक संस्थाओं को इस अधिनियम के तहत सात सेवाओं के सैद्धांतिक अनुमोदन के लिए प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सक्षम बनाएगा। इस संशोधन के तहत मौजूदा एमएसएमई का विस्तार हो रहा है। सैद्घांतिक स्वीकृति का प्रमाण पत्र जारी होने के बाद तेजी से अपना विस्तार कार्य पूरा कर सकेंगे। इसलिए, फोकल पॉइंट्स में सैद्धांतिक स्वीकृति पांच कार्य दिवसों में और फोकल पॉइंट के बाहर 20 कार्य दिवसों में दी जाएगी।

    अधीनस्थ न्यायालयों के लिए 810 पदों को दी मंजूरी

    मंत्रिमंडल ने राज्य के अधीनस्थ न्यायालयों के लिए 810 पद सृजित करने को भी मंजूरी दी, जिसमें सहायक स्टाफ के अलावा अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीशों के 25 पद और सिविल न्यायाधीशों (जूनियर डिवीजन-सह-न्यायिक) के 80 पद शामिल हैं। इस कदम से राज्य में नई अदालतों की स्थापना में काफी मदद मिलेगी, जिससे निचली अदालतों में लंबित अदालती मामलों के त्वरित निपटान में लोगों को सुविधा होगी। ये नए पद युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे और राज्य की न्यायपालिका को मजबूत करेंगे। मंत्रिमंडल ने पंजाब जल संसाधन अनुसंधान, ग्रुप-ए सेवा नियम-2022 तैयार करने को भी मंजूरी दी।

    कैबिनेट ने विकास परियोजना के लिए वित्तीय और संस्थागत लचीलापन के निर्माण और वित्त विभाग, भारत सरकार और विश्व बैंक (निर्माण और विकास के लिए अंतर्राष्ट्रीय बैंक) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए चर्चा को भी मंजूरी दी। यह परियोजना अगले पांच वर्षों में राज्य और शहरी स्तर पर बड़े सुधारों के लिए राज्य सरकार की मदद करेगी और पांच विभाग कार्यान्वयन एजेंसियों के रूप में कार्य करेंगे।

    पंजाब कृषि उत्पाद बाजार अधिनियम में संशोधन को मंजूरी

    मंत्रि-परिषद ने मौजूदा मनोनीत मण्डी समितियों को भंग कर नये प्रशासकों की नियुक्ति के लिये पंजाब कृषि उत्पाद अधिनियम की धारा 12 में संशोधन को भी स्वीकृति प्रदान की। निर्णय के अनुसार, राज्य सरकार भंग बाजार समितियों को बदलने के लिए प्रशासकों की नियुक्ति करेगी, जो एक वर्ष की अवधि के लिए या नई बाजार समितियों के नामांकन तक, जो भी पहले हो, अपनी शक्तियों का प्रयोग करेंगे। ज्ञात हो कि राज्य में 156 बाजार समितियां हैं जिनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों को मनोनीत किया जाता है, लेकिन सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन में तेजी लाने के लिए मौजूदा समितियों को भंग करने का निर्णय लिया गया। नए प्रशासक नियुक्त करें।

    पंजाब कैबिनेट ने डी.पी.आई. (कॉलेज) वर्ष 2017-18, 2018-19, 2019-20 और 2020-21 के लिए, भाषा विभाग पंजाब की वर्ष 2016-17, 2017-18, 2018-19, 2019-20 और 2020-21 के लिए वार्षिक प्रशासनिक रिपोर्ट साथ ही मंजूरी दे दी। इसके अलावा पर्यटन, सांस्कृतिक मामले, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की वर्ष 2020-21 की वार्षिक प्रबंधन रिपोर्ट को भी मंजूरी दे दी गई है।

  • बेसहारा व गरीब कन्याओं के विवाह में आर्थिक मदद देती सरकार की सीएम कन्यादान व शगुन योजनाएं

    बेसहारा व गरीब कन्याओं के विवाह में आर्थिक मदद देती सरकार की सीएम कन्यादान व शगुन योजनाएं

    ऊना/सुशील पंडित: कन्याओं के विवाह के समय आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों को कई आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सरकार द्वारा इस समस्या को हल करने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया गया है जिनके माध्यम से समाजिक से लेकर आर्थिक सहायता कन्याओं के विवाह के समय प्रदान की जाती है। वर्तमान हिमाचल सरकार ने ऐसी दो योजनाएं संचालित की हैं, जिनके नाम हैं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना तथा मुख्यमंत्री शगुन योजना। इन योजनाओं का उद्देश्य गरीब कन्याओं को विवाह के लिए आर्थिक सहायता मुहैय्या करवाना है।

    इन योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ऊना डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत बेसहारा लड़कियां जिनके पिता की मृत्यु हो चुकी हो, नारी सेवा सदन की पूर्व प्रवासिनियां या उपेक्षित हों, परित्यक्त, तलाकशुदा महिलाओं की पुत्रियां अथवा जिनके पिता शारीरिक या मानसिक विकलांगता के कारण अपनी आजीविका कमाने में असमर्थ हों तथा कन्याओं के संरक्षकों की वार्षिक आय 50 हजार रूपये से अधिक न हो, सभी इस योजना का लाभ लेने के पात्र होंगे। इस योजना के तहत कन्या के विवाह के लिए एक निर्धारित प्रपत्र पर सम्बन्धित तहसीलदार से सत्यापित आय प्रमाण पत्र सहित आवेदन करने के उपरांत सरकार द्वारा 51 हजार रूपये की राशि प्रदान की जाती है।

    जबकि मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत हिमाचल प्रदेश की स्थाई निवासी बीपीएल परिवारों की कन्याओं को विवाह अनुदान के रूप में 31 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना यदि लड़की का विवाह हिमाचल से बाहरी राज्य में होता है, तब भी योजना का लाभ पाने की पात्र होगी। परिवार को सम्बन्धित तहसीलदार से सत्यापित बीपीएल प्रमाण-पत्र सहित आवेदन करना होगा। प्रत्येक परिवार की केवल दो कन्याएं ही इस योजना का लाभ प्राप्त करने की पात्र है। इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए कन्या की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।

    एडीसी ऊना डॉ. अमित कुमार ने लोगों से आहवान किया है कि इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए ज़िला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक अथवा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से भी सम्पर्क करें। आवेदन विवाह की तिथि से 2 माह पूर्व से लेकर विवाह की तिथि के बाद 6 माह के भीतर प्रस्तुत करना होगा।