Home Himachal>Una आंगनवाड़ी रेडीनेस मेला-1 में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, खेल-खेल में सीखने का दिया संदेश

आंगनवाड़ी रेडीनेस मेला-1 में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, खेल-खेल में सीखने का दिया संदेश

0
आंगनवाड़ी रेडीनेस मेला-1 में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, खेल-खेल में सीखने का दिया संदेश
ऊना सुशील पंडित : बाल विकास परियोजना ऊना के वृत्त बाबा रुद्रू के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र धमान्दरी मंसोह एवं डठवाड़ा-2 द्वारा रेडीनेस मेला-1 का सफल आयोजन डठवाड़ा सामुदायिक भवन में किया गया। यह मेला पर्यवेक्षक नानकी देवी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना था मेले का शुभारंभ नवनिर्वाचित प्रधान चनन सिंह, उपप्रधान गुरजीत सिंह, बीडीसी सदस्य पूनम कुमारी, वार्ड पंच जीत सिंह, रेणु वाला, सन्तोष, उर्मिला, महिला मंडल प्रधान निशा देवी तथा एनजीओ प्रथम से मधु द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक नानकी देवी ने कहा कि इस प्रकार के रेडीनेस मेले बच्चों में आत्मविश्वास रचनात्मकता एवं सीखने की रुचि को बढ़ावा देते हैं। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक बच्चा स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित बने तथा भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित हो। मेले में बच्चों के शारीरिक, बौद्धिक, भाषाई, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही गणितीय पूर्व तैयारी और सीखने की बुनियादी क्षमताओं को विकसित करने के लिए आकर्षक एवं रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 7 शिक्षण एवं गतिविधि आधारित स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। मेले का सफल संचालन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं पुष्पा देवी, कमलजीत, कमलेश एवं मीना द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन बच्चों, अभिभावकों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता और उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ हुआ। यह मेला प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here