Home Himachal>Una डीसी जतिन लाल ने गोविंद सागर झील क्षेत्र में जनसुरक्षा के मद्देनजर जारी की एडवाइजरी

डीसी जतिन लाल ने गोविंद सागर झील क्षेत्र में जनसुरक्षा के मद्देनजर जारी की एडवाइजरी

0
डीसी जतिन लाल ने गोविंद सागर झील क्षेत्र में जनसुरक्षा के मद्देनजर जारी की एडवाइजरी

ऊना/सुशील पंडित:  बंगाणा तहसील के तहत गोविंद सागर झील क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा सुरक्षित सीमा से आगे जाकर जोखिमपूर्ण गतिविधियां किए जाने की घटनाओं का संज्ञान लेते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डीसी ऊना जतिन लाल ने जनसुरक्षा के मद्देनजर एक एडवाइजरी जारी की है।जतिन लाल ने कहा कि निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे जाना अत्यंत जोखिमपूर्ण है तथा इससे दुर्घटना, डूबने अथवा किसी अन्य गंभीर अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

उपायुक्त ने आमजन, स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे झील में अथवा झील के निकट निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे न जाएं। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया कि वे बाहर से आने वाले लोगों एवं पर्यटकों को झील से जुड़े खतरों के प्रति जागरूक करें तथा आवश्यकतानुसार निगरानी रखें। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं पर्यटकों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा।

डीसी जतिन लाल ने कहा कि बिना अनुमति एवं उचित सुरक्षा उपकरणों के किसी भी प्रकार की एडवेंचर गतिविधियां न की जाएं तथा अनधिकृत नौकाओं, नावों, फ्लोटिंग उपकरणों का उपयोग बिल्कुल न किया जाए। उन्होंने केवल प्रशासन द्वारा अधिकृत गतिविधियों में ही भाग लेने की अपील की। इसके अतिरिक्त उन्होंने चेतावनी बोर्डों तथा प्रशासन, पुलिस, स्थानीय कर्मचारियों द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने झील के किनारे फिसलन वाले, ढलानदार या कमजोर भू-भाग पर जाने से बचने तथा फोटोग्राफी, सेल्फी के दौरान जोखिमपूर्ण स्थानों पर न जाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने झील क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी प्रकार का कचरा जल में या आसपास न फेंकने की अपील की, ताकि फिसलन या अन्य खतरे उत्पन्न न हों।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस को सूचित करें अथवा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपातकालीन नम्बर 01975-225045, 225046, 225049 पर संपर्क करें। उपायुक्त ने कहा कि यह एडवाइजरी जन सुरक्षा की दृष्टि से जारी की गई है तथा निर्देशों की अवहेलना करने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here