Blog

  • गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर स्कूल पहुंची, एनएसएस स्वयंसेवियों का स्वागत

    गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर स्कूल पहुंची, एनएसएस स्वयंसेवियों का स्वागत

    ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां स्कूल में एनएसएस स्वयंसेवक गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर शनिवार को स्कूल पहुंचे स्कूल पहुंचने पर इन दोनों बच्चियों का विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ द्वारा स्वागत किया गया।

    ज्ञात रहे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाना कलां की दो एनएसएस कि छात्राओं तनु और दिया राणा का चयन गणतंत्र दिवस परेड के लिए किया गया था। यह दोनों छात्राएं रिज मैदान शिमला में संपन्न हुई परेड में बढ़िया प्रदर्शन करते हुए स्कूल पहुंचने पर स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव पराशर, बलविंदर शर्मा हंसराज, सुमन ,राकेश, प्रवेश राणा, अशोक धीमान ,कुलविंदर सिंह ,अश्विनी कुमार, बलदेव ,विनय धीमान, पंकज ,सुरेश ,कांता शर्मा, संयोगिता, राधिका, नीलम कुमारी, कुसुम लता, रेखा, हरेंद्र देव, अमित ,विनोद ,अजीत सिंह, भगवान चंद्र इत्यादि ने स्वागत किया और आशीर्वाद दिया।

  • हवा में ही विमान का इमरजेंसी एग्जिट कवर हटाने की कोशिश करने लगा यात्री, मचा हड़कंप

    हवा में ही विमान का इमरजेंसी एग्जिट कवर हटाने की कोशिश करने लगा यात्री, मचा हड़कंप

    नई दिल्ली : नागपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट में एक यात्री ने कथित तौर पर लैंडिंग से ठीक पहले आपातकालीन एक्जिट गेट कवर खोलने की कोशिश की, जिसके बाद फ्लाइट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद यात्री के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बता दें कि जिस वक्त यात्री ने यह हरकत की विमान हवा में था और लैंडिंग के लिए तैयार हो रहा था। जानकारी के मुताबिक घटना मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरने से ठीक पहले इंडिगो की उड़ान 6ई-5274 में हुई है। बताया जा रहा है कि एक यात्री विमान में इमरजेंसी एग्जिट का कवर हटाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। यात्री जिस वक्त इमरजेंसी एग्जिट का कवर हटाने की कोशिश कर रहा था, उस वक्त फ्लाइट हवा में थी और लैंडिंग की तैयारी कर रही थी।

    एयरलाइन्स ने अपने एक बयान में कहा कि फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर ने तुरंत एक्शन लेते हुए कैप्टन को यात्री के कारनामे की जानकारी दी। इसके साथ ही क्रू मेंमर ने आरोपी यात्री को भी चेतावनी दी। इंडिगो की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक फ्लाइट के सुरक्षित परिचालन को लेकर आरोपी यात्री के व्यवहार को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया गया।

    इंडिगो ने बताया कि उन्होंने आरोपी यात्री के खिलाफ लैंडिंग की तैयारी कर रहे फ्लाइट की इमरजेंसी एग्जिट के साथ छेड़खानी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करा दी है। वहीं मामले में आगे की जांच की जा रही है।

  • महिलाओं के लिए सीएम की बड़ी घोषणा, अब हर माह सरकार देगी 1 हजार रुपए

    महिलाओं के लिए सीएम की बड़ी घोषणा, अब हर माह सरकार देगी 1 हजार रुपए

    नर्मदापुरम : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा जयंती एवं नर्मदापुरम के गौरव दिवस के मौके पर गरीब महिालाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। अब राज्य की गरीब महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, लाडली लक्ष्मी योजना की तरह अब प्रदेश में लाडली बहना योजना शुरू की जाएगी। योजना में सभी वर्गों की गरीब बहन को प्रतिमाह एक हजार रुपए मिलेंगे और यदि उन्हें अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है, तो वह पूर्ववत मिलता रहेगा। योजना पर पांच वर्षों में अनुमानित 60 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे।

    उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना प्रदेश की बहनों की जिन्दगी को और बेहतर बनाएगी। मुझे मेरी बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करना है। बहनें सशक्त होंगी तो परिवार सशक्त होगा। परिवार सशक्त होगा तो समाज सशक्त होगा, समाज सशक्त होगा तो प्रदेश सशक्त होगा।

    मुख्यमंत्री चौहान ने जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात देते हुए श्री महाकाल लोक की तर्ज पर नर्मदापुरम लोक और नर्मदा कॉरीडोर बनाने की घोषणा की। समारोह को सांसद राव उदयप्रताप सिंह और विधायक सीतासरन शर्मा ने भी संबोधित किया। जिले के प्रभारी एवं खनिज साधन मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

  • मैसेज आया और लिंक खोलते ही खाता खाली, लग गया 1 लाख का चूना

    मैसेज आया और लिंक खोलते ही खाता खाली, लग गया 1 लाख का चूना

    नई दिल्ली. मैसेज और ईमेल के जरिए बैंकिंग धोखाधड़ी के मामले रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं. हैरानी की बात है कि तमाम तरीकों से समझाने के बावजूद लोग साइबर अपराधियों के चंगुल में फंस रहे हैं. दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक महिला से कथित रूप से 1 लाख रुपये की ठगी हो गई. पीड़िता के मोबाइल पर एक मैसेज आया जिसमें लिंक पर जाकर जरूरी जानकारी मांगी गई थी. ऐसा करते ही इस लेडिज के अकाउंट से 1 लाख रुपये डेबिट हो गए.

    गुरुग्राम डीएलएफ फेज-5 में रहने वाली माधवी दत्ता बैंक ठगी की शिकार हुई. हालांकि, यह पहला मामला नहीं देश में हर रोज साइबर क्रिमिनल अलग-अलग तरीकों लोगों का चूना लगाते हैं.

    पीड़िता माधवी दत्ता के मोबाइल पर 21 जनवरी को एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था, ‘डियर यूजर, आपका एचडीएफसी अकाउंट आज बंद हो जाएगा, यहां क्लिक करें और मोबाइल नंबर से अपना पैन कार्ड नंबर लिंक करें.’

  • शराब के शौकीनों को झटका! महंगी होगी शराब

    शराब के शौकीनों को झटका! महंगी होगी शराब

    लखनऊः उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने नई आबकारी नीति को मंजूरी दे दी है। जिसके बाद 1 अप्रैल से प्रदेश में देशी, अंग्रेजी और बियर की कीमतों में इजाफा होगा। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में नई शराब नीति को मंजूरी दी गई। नई शराब नीति से शौकीनों को तो झटका लगा ही है, शराब बेचने वालों को भी जेब ढीली करनी होगी।

    नई आबकारी नीति के बाद यूपी में देसी और अंग्रेजी शराब की कीमतों में क्रमशः 5 व 10 रुपए की बढ़ोत्तरी होगी। बियर की कीमतों में भी 5 से 7 रुपए की वृद्धि होगी। बढ़ी हुयी दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी। इसके अलावा लाइसेंस फीस में 10 फीसदी की बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही मॉडल शॉप पर शराब पिलाने पर अब 2 लाख की बजाय 3 लाख रुपए शुल्क देना होगा।

    कैबिनेट बैठक में नई आबकारी नीति को मंजूरी मिलने के बाद सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023 में 45 हजार करोड़ के राजस्व का लक्ष्य रखा है। जो पिछले साल यह लक्ष्य 40 हजार करोड़ का रखा गया था। बता दें कि शराब की कीमतों में वृद्धि के अलावा और कोई बदलाव नहीं किया गया है।

  • ट्रक ने भीड़ को रौंदा, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

    ट्रक ने भीड़ को रौंदा, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

    लखीमपुर खीरी : तेज गति से आ रही कार की चपेट में आए बाइक सवार को बचाने के लिए सड़क पर आ रहे ट्रक ने अपना संतुलन खो दिया जिसके चलते वहां चल रहे लोगों पर ट्रक चढ़ गया जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना लखीमपुर सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पांगी खुर्द गांव के समीप शनिवार देर रात हुई।

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहानि पर शोक व्यक्त किया है और जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह को जीवित बचे लोगों का सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। एक चिकित्सा अधिकारी ने कहा, मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि दो लोगों की हालत बेहद गंभीर है। उन्हें लखनऊ के एक चिकित्सा केंद्र में रेफर किया गया है।

    पुलिस अधीक्षक (एसपी) खीरी गणेश प्रसाद साहा ने कहा, दुर्घटना संभवत: ट्रक का स्टीयरिंग व्हील फेल होने या ट्रक चालक को सड़क पर लोगों को नहीं देख पाने के कारण हुआ। हम सही कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

  • विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला, भागकर बचाई जान

    विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला, भागकर बचाई जान

    अमरोहा. उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा में दो गुटों में जमकर विवाद हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया. पुलिसकर्मियों ने भाग कर जान बचाई और थाने को सूचना दी. सूचना पर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में पाया। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर 8 नामजद समेत 26 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है.

    पूरा मामला अमरोहा के थाना डिडौली इलाके के जोया में एक होटल का है, जहां किसी बात को लेकर मारपीट हो गई. सूचना पर दो पक्षों में झगड़े का बीच-बचाव करने पहुंची डिडौली पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया और फिर पथराव किया. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई. जिसके बाद कई थानों की फोर्स बुलाकर बिगड़ते हालात को संभाला गया. मामले में पुलिस ने 8 नामजद समेत 26  लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.

    डिडौली कोतवाली क्षेत्र में संभल चौराहा स्थित शमा होटल के बाहर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. एक दूसरे पर पथराव किया. सूचना मिलते ही जोया चौकी इंचार्ज लवलीश कुमार अपने सहयोगी कांस्टेबल अतुल कुमार, राजवीर सिंह के साथ मौके पर पहुंच गए.

    पुलिसकर्मियों ने मारपीट कर रहे दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की.  जिसके बाद आपस में लड़ रहे दोनों पक्ष के लोग पुलिसकर्मियों से ही भिड़ गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने मौके से भागकर जान बचाई और कंट्रोल रूम को सूचना देकर कई थानों की फोर्स मौके पर बुलाया. पुलिस फोर्स को आते देख आरोपी भाग खड़े हुए.

  • कई जगहों पर बारिश, 2 दिनों तक छाए रहेंगे बादल

    कई जगहों पर बारिश, 2 दिनों तक छाए रहेंगे बादल

    नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. यहां बीते दिनों से ठंड में इजाफा देखा गया है. वहीं मौसम विभाग की तरफ से बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है. IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 31 जनवरी से लेकर 4 फरवरी तक आसमान साफ होने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के जाफराबाद, सफदरजंग, नजफगढ़, द्वारका, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पालम और वसंत कुंज इलाके में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश देखने को मिली है.

    IMD के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने और बारिश का भी अनुमान जताया है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली में लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा. IMD के अनुसार, जम्मू कश्मीर, लेह लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में दो दिनों तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है.

  • स्वास्थ्य मंत्री को ASIने मारी गोली…

    स्वास्थ्य मंत्री को ASIने मारी गोली…

    झारसुगुड़ा। ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और झारसुगुड़ा के विधायक नव किशोर दास को रविवार ब्रजराजनगर में ASI ने गोली मार दी जिसके चलते वह घायल हो गए। घटना दोपहर करीब सवा बारह बजे ब्रजराजनगर के गांधी चौक पर हुई। उनके सीने में गोली लगी है। दास को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया साथ ही उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

    बताया जा रहा है कि वह ब्रजराजनगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रिपोर्टों में कहा गया है कि दास पर कम से कम चार से पांच राउंड फायरिंग की गई, जब वह ब्रजराजनगर में एक जनसभा में भाग लेने जा रहे थे।

  • फरवरी से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 45 से 80 रुपये बढ़ने की आशंका!, पंपों पर उमड़ी भीड़

    फरवरी से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 45 से 80 रुपये बढ़ने की आशंका!, पंपों पर उमड़ी भीड़

    इस्लामाबाद : आर्थिक संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान में इन दिनों हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। इस बीच देश में पेट्रोल की कीमतों में भारी इजाफे की अफवाह ने हालात और भी खराब कर दिए। पाकिस्तान के अधिकतम पेट्रोल पंपों पर स्थिति अराजक हो गई। यहां लंबी लाइनें नजर आईं। सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान में एक फरवरी से पेट्रोल और डीजल की कीमतें 45 रुपये से 80 रुपये के बीच बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

    पेट्रोल पंपों पर अचानक उमड़ी भीड़ के कारण कई पंपों पर पेट्रोल की कमी की सूचना दर्ज की गई। पाकिस्तान के जियो न्यूज के मुताबिक, गुजरांवाला में केवल 20 प्रतिशत पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध था। वहीं, रहीम यार खान, बहावलपुर, सियालकोट और फैसलाबाद में भी पेट्रोल की भारी कमी देखी गई। हालांकि, एक पाकिस्तानी अधिकारी ने कहा, सोशल मीडिया पर शेयर की जा रहीं खबरें गलत हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

    आर्थिक संकट के बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो द्विपक्षीय संबंधों के सभी आयामों पर बातचीत करने के लिए रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रूस जाएंगे। मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि बिलावल अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के निमंत्रण पर मास्को की यात्रा करेंगे। वह अपने रूसी समकक्ष के साथ आधिकारिक वार्ता करेंगे, जहां दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों के सभी आयामों पर विचार-विमर्श करेंगे और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। उधर, रूसी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि हासिल की गई तकनीकी विशिष्टताओं पर आम सहमति के बाद तेल एवं गैस व्यापार लेनदेन को इस तरह से संरचित किया जाएगा कि इससे दोनों देशों को परस्पर आर्थिक लाभ होगा। यह प्रक्रिया मार्च के भीतर पूरी की जानी है। माना जा रहा है कि बिलावल की यात्रा से पाकिस्तान को रूसी तेल की आपूर्ति में तेजी लाने में मदद मिलेगी।