Blog

  • नशे में धुत्त Headmaster स्कूल पहुंचा, गांव वालों से की बदसलूकी

    नशे में धुत्त Headmaster स्कूल पहुंचा, गांव वालों से की बदसलूकी

    छत्तीसगढ़ः नशे में धुत एक प्रभारी हेडमास्टर का स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षक स्कूल परिसर में सोते और बड़बड़ाते हुए नजर आ रहा है। जानकारी के मुताबिक घटना स्कूल सत्र शुरू होने से एक दिन पहले की है। टीचर 16 जून की जगह 15 जून को ही स्कूल पहुंच गया था। वीडियो में शिक्षक कह रहा है कि कल मस्त स्कूल खुलेगा, स्कूल में पूरा देवता है। खा-पीकर नहीं आना है।

    इधर, मामला जब बीईओ के पास पहुंचा तो उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह घटना मगरलोड ब्लॉक के सोनपरी नवीन प्राथमिक शाला की है। सोनपरी गांव के नवीन प्राथमिक शाला में शिक्षक के पद पर पोस्टेड राजेंद्र मुंडा का यह वीडियो है। जिसमें वो नशे की हालत नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार शिक्षक स्कूल में शराब के नशे में ही आ पहुंचे और स्कूल के बाहर लेट गए। जब गांव वालों ने उन्हें टोका और स्कूल से जाने को कहा तो उन्होंने बहस शुरू कर दी। गांव के कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। इस मामले में मगरलोड के खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने वीडियो की पुष्टि करते बताया कि कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

  • Water Park के Swimming pool में बच्चा डूबा, 1 मिनट तड़पने के बाद मौत

    Water Park के Swimming pool में बच्चा डूबा, 1 मिनट तड़पने के बाद मौत

    अलवरः वाटर पार्क के स्विमिंग पूल में एक बच्चे की डूबने से मौत होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें बच्चा पानी में छलांग लगाते हुए और छटपटाते हुए नजर आ रहा है। हैरान करने वाली बात ये है कि जहां बच्चा डूबा उससे कुछ फीट दूर ही 10 से ज्यादा लोग पूल में एंजॉय कर रहे थे, लेकिन किसी का बचने की कोशिश करने में हाथ-पांव मारते बच्चे की ओर ध्यान नहीं गया। करीब आधा घंटे बाद उसके डूबने की जानकारी पार्क के स्टाफ को पूल में ही नहा रहे एक व्यक्ति ने दी।

    पुलिस के अनुसार नमन राजपूत (11) अपनी मां सुरेखा, पिता गजराज सिंह और 2 भाइयों के साथ अलवर शहर के कटी घाटी के वाटर पार्क गया था। एमआईए थाना इलाके का झारेड़ा के रहने वाला नमन की यहां मौत हो गई। नमन पूल के साढ़े चार फीट गहराई वाले हिस्से में डूबा था। स्विमिंग पूल गार्ड रितिक ने बताया कि मुझे एक पूल के अंदर नहा रहे एक व्यक्ति ने आकर बताया था कि पानी में कुछ है।

    इसके बाद पूल में जाकर देखा तो बच्चा था। वह करीब 30 मिनट तक डूबा ही रहा। वाटर पार्क में एक और गार्ड भी था, लेकिन वो पूल की तरफ नहीं आया था। बच्चा अकेला नहा रहा था और उसके पेरेंट्स चेंजिंग रूम में गए थे जिसके चलते यह हादसा हुआ।

  • Punjab News: इस University के Medical Staff ने की हड़ताल, विधायक सेखों का आया बयान, देखें Video

    Punjab News: इस University के Medical Staff ने की हड़ताल, विधायक सेखों का आया बयान, देखें Video

    फरीदकोटः बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के अधीन चल रहे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के डॉक्टरों में इन दिनों भारी निराशा पाई जा रही है। डॉक्टरों में इस बात को लेकर रोष है कि आए दिन कथित शरारती तत्व जीजीएस मेडिकल स्टाफ के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करके झूठी अफवाह फैलाते हैं, जिससे न केवल मेडिकल स्टाफ का मनोबल गिरता है, बल्कि बाबा फरीद यूनिवर्सिटी और गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की छवि भी खराब होती है।

    इन सबको ध्यान में रखते हुए जीजीएस मेडिकल के मेडिकल स्टाफ ने आज 2 घंटे की सांकेतिक हड़ताल की और रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बाबा फरीद यूनिवर्सिटी और जीजीएस मेडिकल को शरारती तत्वों ने निशाना बनाया हुआ है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में कोई भी व्यक्ति आता है और वीडियो बनाकर पोस्ट कर देता है और मेडिकल कॉलेज को बदनाम करता है, जोकि वास्तविक सच्चाई नहीं है।

    उन्होंने कहा कि न तो यहां आए मरीज और न ही उनके साथ आए परिजन किसी प्रकार की शिकायत करते हैं, बल्कि बाहरी लोगों द्वारा लगातार इस संस्थान को निशाना बनाया जा रहा है और फर्जी वीडियो वायरल करके संस्थान की छवि को खराब किया जा रहा है, जिसको लेकर आज उन्होंने सरकार को 2 घंटे की सांकेतिक हड़ताल और 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि सरकार ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे और अब तक वायरल की गई सभी फर्जी वीडियो को डिलीट करवाए, अन्यथा संघर्ष तेज किया जाएगा।

    डॉक्टरों द्वारा की गई 2 घंटे की सांकेतिक हड़ताल व विरोध प्रदर्शन के दौरान हलका विधायक गुरदित सिंह सेखों विशेष रूप से डॉक्टरों से बातचीत करने के लिए पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों की समस्याओं को सुना तथा उनसे उनकी समस्याओं के संबंध में ज्ञापन भी प्राप्त किया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार उनके साथ खड़ी है तथा किसी को भी माहौल खराब करने या यूनिवर्सिटी व मेडिकल अस्पताल की छवि को नुकसान पहुंचाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

    उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी डॉक्टरों की सभी मांगों को पंजाब के माननीय मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा तथा उनका सार्थक समाधान किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी व जीजीएस मेडिकल के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने वाला व्यक्ति न तो आम आदमी पार्टी का नेता है और न ही उसके पास कोई अन्य पद है। सिर्फ फोटो डालने व सोशल मीडिया पर चिल्लाने से कोई लोगों का नेता नहीं बन सकता। लोगों का नेता बनने के लिए लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुननी पड़ती है और उनका दुख समझकर उनका हल करवाना पड़ता है।

  • दिल दहला देने वाला हादसाः 2 वाहनों की टक्कर में 9 की मौत

    दिल दहला देने वाला हादसाः 2 वाहनों की टक्कर में 9 की मौत

    पुरुलियाः पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। राज्य के पुरुलिया जिले में कार और ट्रक की आमने-सामने की भिडंत हो गई है। इस हादसे में 9 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। पुरुलिया, जोधावर के अतिरिक्त एसपी अविनाश भीमराव ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि ये हादसा पुरुलिया जिले के बलरामपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे के पीड़ित लोग शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।

    पुलिस के मुताबिक, ये भीषण हादसा पुरुलिया जिले के बलरामपुर पुलिस थाने की सीमा के भीतर नामशोल गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट पर हुआ है। पुलिस के मुताबिक, राजमार्ग पर एक एसयूवी और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में चार पहिया वाहन में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गयी है। पुलिस ने कहा है कि वह मामले में आगे की जांच कर रही है।

    भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पुरुलिया में हुए सड़क हादसे के पीड़ितों के लिए दुख जताया है। अधिकारी ने बताया- “पुरुलिया के बलरामपुर में दुखद सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की जान चली गई। एक ट्रेलर ने एक बोलेरो वाहन को टक्कर मार दी और दोनों वाहन घटनास्थल पर ही पलट गए। बोलेरो में सवार नौ लोगों को ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक झारखंड के निमडीह के निवासी थे, जो पुरुलिया में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।”

    सुवेंदु अधिकारी ने सड़क हादसों को लेकर पश्चिम बंगाल पुलिस और सीएम ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि लगातार हो रहे हादसे पश्चिम बंगाल पुलिस की निगरानी में राज्य में सड़क सुरक्षा मानकों की भयावह गिरावट को उजागर करते हैं। सुवेंदु ने कहा है कि पुलिस सीएम ममता बनर्जी के अधिकार क्षेत्र में हैं जो कि गृह मंत्री भी हैं। सुवेंदु ने कहा कि वह इस बात की सराहना करते हैं कि हमारी सीएम ने अहमदाबाद प्लेन हादसे के बाद से लगभग हर दिन हवाई यात्रा सुरक्षा के मुद्दों पर अपनी राय दी है। ऐसे में उन्होंने सीएम से आग्रह किया है कि वे अपना कुछ ध्यान राज्य में सड़क सुरक्षा की भयावह स्थिति पर लगाएं।

  • Punjab News: इस इलाके में पुलिस की दबिश, भारी मात्रा में हेरोइन सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में पुलिस की दबिश, भारी मात्रा में हेरोइन सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मोगाः युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम के तहत मोगा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर मोगा के दिल्ली कॉलोनी इलाके में दबिश देकर पुलिस ने 1 किलो 270 ग्राम हेरोइन और 2 मोबाइल के साथ 3 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

    एसपी (डी) बालकृष्णन सिंगला ने बताया कि मोगा सीआईए स्टाफ को बीते वीरवार को गश्त के दौरान एक खास मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दिल्ली कॉलोनी के पास तीन युवक हुसनदीप सिंह निवासी प्रीत नगर मोगा, गौतम निवासी जीरा रोड मोगा, और आकाशदीप सिंह निवासी फिरोजपुर हेरोइन बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

    सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते सीआईए स्टाफ ने उक्त स्थान पर रेड की और तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। उनकी तलाशी लेने पर 1 किलो 270 ग्राम हेरोइन और दो मोबाइल बरामद हुए। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी मोगा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस तीनों आरोपियों को मानयोग अदालत में पेश रिमांड पर लेकर उनके बैकवर्ड ओर फॉरवर्ड को खंगालेगी।

  • Vande Bharat Express में सीट न बदलने को लेकर विवाद, MLA ने यात्री को पिटवाया, देखें वीडियो

    Vande Bharat Express में सीट न बदलने को लेकर विवाद, MLA ने यात्री को पिटवाया, देखें वीडियो

    भोपालः वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के एक्जीक्यूटिव कोच में सवार एक यात्री के साथ झांसी रेलवे स्टेशन पर 7-8 लोगों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट का आरोप यूपी के झांसी के बबीना से भाजपा विधायक राजीव सिंह के समर्थकों पर लगा है। जानकारी मुताबिक, 49 नंबर की विंडो सीट पर राज प्रकाश नाम के यात्री बैठे हुए थे। विधायक ने उनसे कहा कि तुम मेरी 8 नंबर की सीट पर चले जाओ। राज प्रकाश ने सीट बदलने से मना कर दिया। इसके बाद जैसे ही ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ट्रेन के कोच में 7 से 8 लोग आए और 49 नंबर की सीट पर बैठे राज प्रकाश के साथ जमकर मारपीट की। लात-घूंसे से पीटा। उनकी नाक में फ्रैक्चर भी हो गया है। जिस वक्त ट्रेन में मारपीट हुई, उस वक्त पूर्व मंत्री रामनिवास रावत भी उसी कोच में सवार थे। पूर्व मंत्री ने सोशल मीडिया पर घटना के बारे में लिखा कि वंदे भारत (20172 दिल्ली से भोपाल) में एक्जीक्यूटिव क्लास (E2) में सीट नंबर 49 पर बैठे एक व्यक्ति के साथ 7-8 बाहर से आए लोगों ने पूरे कोच के यात्रियों के सामने मारपीट की। घायल व्यक्ति के नाक, मुंह, कान से खून बहने लगा। इन लोगों का साथ पुलिस के कुछ लोग भी दे रहे थे।’ उन्होंने लिखा, वंदे भारत जैसी ट्रेन में ये स्थिति है तो आम ट्रेनों में यात्रियों का क्या हाल होगा? इस तरह की घटनाएं यात्रियों को भयभीत करने का काम करती है। माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी से आग्रह है कि इस ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। ट्रेन में मौजूद एक यात्री ने बताया कि हमने देखा कि 15 से 20 लोग झांसी स्टेशन से ट्रेन में चढ़े। 49 नंबर सीट पर राज प्रकाश बैठे हुए थे। उनके ऊपर उन लोगों ने लात-घूंसे, चप्पल जो उनको समझ में आया वह उन्होंने चलाया। उनके नाक में फ्रैक्चर हुआ है। वह खून से लथपथ हो गए थे। कीर्ति ने कहा कि ऐसी प्रीमियम गाड़ियों में, जिसको प्रधानमंत्री जी प्रमोट करते हैं, वंदे भारत जैसी गाड़ियों में एग्जीक्युटिव कंपार्टमेंट में चलकर 15-20 गुंडे किसी यात्री को मारे यह सभी की सिक्योरिटी पर बड़ा सवाल है। इस घटना के दौरान बच्चे थे, महिलाएं थी, सब लोग घबरा गए थे। पूरा कंपार्टमेंट घबरा गया था कि यह अचानक हो क्या रहा है। कीर्ति ने कहा कि जिस किसी ने यह किया है उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक हो या कोई भी हो। एक अन्य यात्री ने कहा कि यह बहुत गलत है। तीन-चार पुलिस वाले थे, जब पुलिस ही मिली हुई है तो हम किससे हेल्प की बात करेंगे। पुलिस की मौजूदगी में मारपीट हुई है। उसके बाद पुलिस अनजान हो गई। फिर रेलवे की पुलिस आई। वह दूसरी तरफ से आए। उस टाइम पुलिस विभाग के तीन चार लोग थे, जिनके सामने यह मारपीट हुई है।

    क्या कहना है बीजेपी विधायक राजीव सिंह का

    वहीं, बीजेपी विधायक राजीव सिंह ने वीडियो जारी कर बताया कि कोच में सीट नंबर 49 और 52 पर बैठे दोनों यात्री आपत्तिजनक स्थिति में पैर फैलाए थे। वे भोजन कर रहे थे। मैंने उनसे ठीक से बैठने को कहा, ताकि मेरी पत्नी और अन्य यात्रियों को आने-जाने में असुविधा न हो, तो वे मुझसे बहस करने लगे। उन्होंने अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। उनका व्यवहार असहज करने वाला था। मामला शांत करने के लिए मैं कोच की गैलरी में आ गया। इससे उन्हें लगा कि मैं फोन लगाकर उनकी शिकायत कर रहा हूं। वे दोनों बाहर आकर मुझसे बहस करने लगे। इससे न केवल मेरी यात्रा बाधित हुई, बल्कि मुझे और मेरे परिवार को मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ा। राजीव सिंह ने झांसी जीआरपी थाने में दो यात्रियों के खिलाफ एनसीआर (गैर-संज्ञेय रिपोर्ट) भी दर्ज कराई है।
  • अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकियों से परेशान पूर्व सरपंच ने लगाया फंदा

    अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकियों से परेशान पूर्व सरपंच ने लगाया फंदा

    हरियाणाः कुरुक्षेत्र जिले के एक पूर्व सरपंच बलजीत सिंह (53) ने पंजाब के पटियाला में अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकियों से तंग आकर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने अपनी मौत से पहले 9 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने एक महिला करनैलो देवी और उसके साथी रोहताश को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।

    पुलिस के अनुसार बलजीत सिंह 16 जून को अपनी कार से पंजाब के समाना में दोस्तों से मिलने निकला था। वह शाम तक घर नहीं लौटा। बलजीत ने अपने भाई राजेश कुमार को फोन कर बताया कि करनैलो देवी ने उसके साथ संबंध बनाए और धोखे से उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लिए। इसके बाद करनैलो ने इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे 5 लाख वसूल लिए। बाद में उसने 2 लाख रुपये और मांगे, जिसमें रोहताश ने भी उसका साथ दिया।

    बलजीत के भाई राजेश ने उसे समझाने की कोशिश की और घर लौटने को कहा, लेकिन मंगलवार सुबह पटियाला पुलिस ने सूचना दी कि बलजीत का शव संगम पैलेस, गुथमड़ा के पास एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस को बलजीत की जेब से 9 पन्नों का सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने करनैलो देवी और रोहताश पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया। थाना जुल्कां पुलिस ने राजेश की शिकायत पर करनैलो देवी (कुरुक्षेत्र के सिओसर गांव) और रोहताश (कैथल के भाणा गांव) के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपी महिला करनैलो देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है, और मामले की जांच जारी है।

  • रणभूमि बना Highway, NCC Cadets व युवकों के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

    रणभूमि बना Highway, NCC Cadets व युवकों के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

    बागपतः उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में नेशनल हाईवे पर 2 पक्षों में मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान हाईवे पर दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई। वहीं राहगीर ने इस घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दरअसल, 709-बी (दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे) पर यह नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्रल के छपरौली चुंगी के पास हुए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पक्षों के बीच काफी ज्यादा मारपीट हो रही है।

    जिसमें एक युवक को कार के बोनट पर गिराकर पीटा जाता है, फिर वह सड़क पर गिर पड़ता है। इसके बाद दोनों तरफ से जमकर लात-घूंसे चलाए जाते हैं। वहीं एनसीसी कैडेट्स और 2 अन्य युवकों के बीच इस झगड़े को देख हाइवे पर गाड़ियों की कतार लग गई। लोग तमाशबीन बने तमाम मंजर देखते रहे, लेकिन किसी ने रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। दूसरी ओर पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बड़ौत शहर कोतवाली पुलिस पूरे मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है। झगड़े के कारणों और शामिल युवकों की पहचान की जा रही है।

  • 15 दिन में घर पहुंचेगा Voter ID कार्ड, ऐसे करें Online आवेदन

    15 दिन में घर पहुंचेगा Voter ID कार्ड, ऐसे करें Online आवेदन

    टेकः वोटर आईडी कार्ड भारतीय नागरिक के लिए जरूरी दस्तावेजों में से एक है। अगर आपका भी वोटर कार्ड नहीं बना तो आप ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। अब इसे पाने के लिए आपको लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने घोषणा की है कि मतदाता सूची में अपडेट के 15 दिनों के भीतर अब मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPICs) भेज दिए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य सेवाओं के वितरण में सुविधा और रियल टाइम पर ट्रैकिंग को आसान बनाना है।

    भारत के चुनाव आयोग ने कहा है कि यह नया सिस्टम, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा EPIC तैयार करने से लेकर डाक विभाग (डीओपी) के जरिए मतदाता तक उसे पहुंचाने तक के एक-एक स्टेप को रियल टाइम पर ट्रैक करेगा। इतना ही नहीं, मतदाताओं को SMS के रूप में DoP के जरिए हर एक स्टेप की नोटिफिकेशन मिलेगी। इससे EPICs के स्टेटस की सारी अपडेट उनके पास होगी।

    बता दें कि हाल ही में EC ने एक नया प्लेटफॉर्म ECINet लॉन्च किया है। नए सिस्टम को लागू करने के लिए एक IT मॉड्यूल इस प्लेटफॉर्म पर पेश किया गया है। नया आईटी प्लेटफॉर्म मौजूदा सिस्टम को फिर से तैयार करके और वर्कफ्लो को मैनेज करके मौजूदा प्रोसेसर को बदल देगा।

    अगर आपने आवेदन किया है तो उसका स्टेटस जानने के लिए NVPS पर जाएं। अपने अकाउंट से लॉग इन करें। फिर आपको राइट साइड में Track Application Status में जाना होगा। अपना रेफरेंस नंबर डालना होगा। यह आपको फॉर्म 6 और 6ए भरने के बाद मिलेगा। अपना राज्य सिलेक्ट करें और सबमिट बटन पर क्लिक कर दें।

    वोटर आईडी कार्ड के लिए ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
    – अगर आपके पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है तो परेशान न हों। आप घर बैठे ही ऑनलाइन इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
    – सबसे पहले आपको NVPS पर जाना होगा। या आप सीधा यहां क्लिक करके भी पोर्टल पर जा सकते हैं।
    – इसके बाद आपको अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से लॉग इन करना होगा। साथ ही, कैप्चा कोड भी डलना होगा।
    – अब अपने नाम के साथ एक अकाउंट क्रिएट कर लें। फिर पासवर्ड डालें और कन्फर्म कर दें। अब आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा।
    – इसके बाद आपको अपनी डिटेल डालकर लॉग इन करना होगा। फिर कैप्चा कोड और OTP डालना होगा।
    फिर नए वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए आपको Fill Form 6 पर क्लिक करना होगा। अपनी पर्सनल डिटेल, कॉन्टैक्ट और पता आदि डिटेल पढ़ें।
    – मांगे जा रहे दस्तावेज अपलोड करें। अब अपने आवेदन का प्रीव्यू करें और सबमिट बटन पर क्लिक कर दें।

  • 2 वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, देखें वीडियो

    2 वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, देखें वीडियो

    फतेहपुर: उत्तर प्रदेश में फतेहपुर के सदर अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। खागा कोतवाली क्षेत्र के लाखीपुर गांव से आए एक गरीब पिता शाहरुख के नवजात बेटे की इलाज के अभाव में मौत हो गई।आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बावजूद डॉक्टरों ने समय रहते न जांच की, न ऑक्सीजन लगाया और न ही कोई प्राथमिक इलाज दिया। इस गंभीर घटना का वीडियो किसी शख्स ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। अब यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पिता ज़मीन पर बैठा, अपने मृत बेटे को गोद में लिए हुए फूट-फूट कर रोते हुए नजर आ रहा है।

    वीडियो में पिता रोते हुए बार-बार कह रहा है “मैं मर जाता लेकिन मेरे बच्चे को किसी ने हाथ नहीं लगाया…” परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आपात स्थिति में आने के बावजूद डॉक्टरों ने बच्चे को छूने तक से इनकार कर दिया और अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने बेहद बेरुखी से व्यवहार किया। ऑक्सीजन सिलेंडर तक नहीं दिया गया, जबकि बच्चे की हालत नाजुक थी।

    वहीं मामले की जानकारी देते हुए सीएमएस डॉक्टर पीके सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में आर्यन नामक बच्चे का मामला सामने आया था। उस बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं डॉक्टर ने ऑक्सीजन लगाकर चैक किया, जिसके बाद ईसीजी करवाया गया। बच्चे की धड़कन नहीं चल रही थी। वहीं डॉक्टर के मौजूद ना होने पर कहा कि डॉक्टर बीएम आर्य की सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक उनकी ड्यूटी है और वह ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान अन्य डॉक्टर की ड्यूटी भी 24 घंटे तैनात थे। डॉक्टर ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया।